छत्तीसगढ़ / बस्तर

जगदलपुर : हर घर नल से जल : बस्तर के बेसरापाल में साकार हुआ जल जीवन मिशन

 जल जीवन मिशन के अंतर्गत बस्तर ब्लॉक की ग्राम पंचायत सेमलनार के आश्रित ग्राम बेसरापाल ने ग्रामीण विकास और जनसुविधा की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कुल तीन वार्डों में फैले इस गांव के सभी घरों तक नल के जरिए शुद्ध और सुरक्षित पेयजल पहुंचाकर ग्रामीणों को जल संकट से पूरी तरह मुक्ति दिला दी गई है।

योजना के तहत गांव के सभी 111 परिवारों को फंक्शनल हाउसहोल्ड टैप कनेक्शन से जोड़ा गया है। जलापूर्ति को नियमित और बिना किसी बाधा के जारी रखने के लिए यहां 40 हजार लीटर क्षमता की विशाल पानी टंकी स्थापित की गई है, जिसका संचालन पंप ऑपरेटर रमेश मौर्य पूरी तत्परता से संभाल रहे हैं। आपातकालीन स्थितियों को ध्यान में रखते हुए गांव में दो हैंडपंप भी पूरी तरह कार्यशील रखे गए हैं।

घरों के साथ-साथ गांव के दोनों आंगनबाड़ी केंद्रों में भी नल कनेक्शन देकर बच्चों के लिए स्वच्छ जल का प्रबंध किया गया है। जल की गुणवत्ता और शुद्धता पर पैनी नजर रखने के लिए गांव की सक्रिय महिलाओंकृमिटकी कश्यप, उर्मिला कश्यप और सुमनी मौर्य को निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो फील्ड टेस्ट किट के माध्यम से समय-समय पर पानी के नमूनों की जांच करती हैं।

सरपंच उर्मिला कश्यप ने इस पर प्रसन्नता व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को अब पानी के लिए कहीं जाना नहीं पड़ेगा और लाइन नहीं लगानी पड़ेगी। उन्हें घर में ही पीने का साफ पानी मिल जाएगा। इससे विशेषकर महिलाओं को अब दूर-दराज से पानी ढोने की मशक्कत से राहत मिल गई है, जिससे पूरे गांव में स्वास्थ्य, स्वच्छता और जीवन स्तर में एक सकारात्मक बदलाव साफ दिखाई दे रहा है।

Leave Your Comment

Click to reload image