शिक्षा

बोर्ड एग्जाम में अब आप भी ला सकते हैं 90 से ज्यादा नंबर, जानिए कैसे?

 रायपुर । बोर्ड परीक्षाएं नजदीक हैं और इस समय छात्र जमकर तैयारी कर रहे हैं। बोर्ड परीक्षा को लेकर छात्र हमेशा तनाव में रहते हैं, लेकिन चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है। थोड़ी सी योजना और रणनीति से आप बोर्ड परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त कर सकते हैं।
छत्तीसगढ़ माध्यिमक शिक्षा मंडल की बोर्ड परीक्षाएं 1 मार्च से शुरू होंगी। बोर्ड एग्जाम के लिए 5 लाख 97 हजार 420 छात्रों ने पंजीयन कराया है। इनमें 10वीं के छात्रों की संख्या 3,42,514 और 12वीं के छात्रों की संख्या 2,54,906 है। 2475 केंद्रों में परीक्षा होगी। नकल रोकने के लिए ऑफलाइन-ऑनलाइन निगरानी होगी। इसके लिए 160 से ज्यादा टीमें गठित की जाएंगी।

बोर्ड एग्जाम में अच्छे मार्क्स लाना इतना मुश्किल भी नहीं, जितना हम समझ लेते हैं। बस तैयारी से लेकर एग्जाम हॉल तक, आपको कुछ बातों का खास ध्यान रखना है। खास तौर से क्लास 10 के छात्र जो पहली बार बोर्ड एग्जाम दे रहे हैं, उन्हें डर लगना एक नॉर्मल सी बात है। इस वजह से वो कई बार एग्जाम में उतना अच्छा परफॉर्म नहीं कर पाते, जितना कि कर सकते हैं। सब कुछ आते हुए भी या तो सवाल छूट जाते हैं, या फिर उत्तर सही से नहीं लिख पाते। नतीजा.. मार्क्स कट जाते हैं। जबकि वो 90+ स्कोर कर सकते हैं।


नॉलेज के बावजूद बोर्ड एग्जाम में मार्क्स न कटें और आप हर विषय में ज्यादा से ज्यादा अंक हासिल कर सकें, इसके लिए आपको अपने बोर्ड टाइम में क्या करना चाहिए, बता रहे हैं एक्सपर्ट।

बोर्ड परीक्षा में 90 से ज्यादा मार्क्स कैसे लाएं?

1. टाइम टेबल:
अगर आप एग्जाम में अच्छे मार्क्स लाना चाहते हैं तो सबसे पहले एक टाइम टेबल बनाएं। कितनी देर पढ़ाई करनी है, कब ब्रेक लेना है, कब खाना है, कब आराम करना है, ये सब जरूरी है। नींद पूरी करनी भी जरूरी है, ताकि आप अगले पूरे दिन फ्रेश रहें और जो पढ़ें वो दिमाग में समा सके।

2. क्लीयर कॉन्सेप्ट:
किसी भी टॉपिक को रटने के बजाय, उसे समझने की कोशिश करनी चाहिए। जब हमें कॉन्सेप्ट की अच्छी समझ होती है तो उससे संबंधित किसी भी तरह का सवाल क्यों न पूछ लिया जाए, हम उसका उत्तर सही से लिख पाते हैं।

3. किस विषय को कितना टाइम:
हर सब्जेक्ट को उसके वेटेज और टफनेस लेवल के अनुसार टाइम दें। जो ज्यादा मुश्किल लगता है, उसे ज्यादा समय दें। बोर्ड की डेटशीट/ टाइम टेबल के हिसाब से तय कर लें कि किस सब्जेक्ट के टॉपिक को पहले पढ़ना है और किसे बाद में।

4. नोट्स बनाएं:
कुछ नया पढ़ रहे हों या रिवीजन कर रहे हों, नोट्स बहुत जरूरी है। इससे न सिर्फ आपको लास्ट मिनट के लिए जरूरी प्वाइंट्स मिल जाते हैं, बल्कि लिखने की अच्छी प्रैक्टिस भी होती है। साथ ही साथ टॉपिक बेहतर समझ आता है और ज्यादा समय तक याद रहता है।

5. रिवीजन:
आपने जो कुछ भी पढ़ा है उसको समय-समय पर रिवाइज करते रहें। रिवीजन करने से हमारी मेमोरी अच्छी होती है और एग्जाम देते समय सवाल देखकर पढ़ी हुई चीजें रीकॉल करने में आसानी होती है।

6. पुराने क्वेश्चन पेपर:
पहले के एग्जाम्स के क्वेश्चन पेपर्स सॉल्व करना परीक्षा की तैयारी के सबसे महत्वपूर्ण हिस्सों में से एक है। पेपर्स को सॉल्व करने से हमें एग्जाम पैटर्न, सवाल और मार्क्स के वेटेज के बारे में जानकारी मिलती है। जिससे हम अपने बोर्ड एग्जाम प्रिपरेशन की स्ट्रैटजी को बेहतर कर सकते हैं।

7. मॉक टेस्ट प्रैक्टिस:
बीच-बीच में घर पर खुद वैसे ही परीक्षा दें जैसे की आप बोर्ड में बैठे हों। जैसे एक विषय का पिछले साल का प्रश्न पत्र ले लें। जैसे बोर्ड एग्जाम में 15 मिनट पेपर पढ़ने के लिए और 3 घंटे उत्तर लिखने के लिए मिलते हैं, वैसे ही घर पर बिना किसी डिस्टर्बेंस के टेस्ट प्रैक्टिस करें। एग्जाम का समय भी वही चुनें। इससे आपको दिन के उन घंटों में एक्टिव रहने की आदत पड़ जाएगी और एग्जाम देते समय आपको नींद या आलस का सामना नहीं करना पड़ेगा।

8. पॉजिटिव थिंकिंग:
हमारे जीवन में क्या होता है, इसमें हमारी सोच की बड़ी भूमिका होती है। आप जैसा सोचेंगे, वैसी ऊर्जा आकर्षित करेंगे। इसलिए कहते हैं कि हमेशा अच्छा सोचो, पॉजिटिव सोचो। इससे न सिर्फ आपको अपनी तैयारी पर फोकस करने में मदद मिलती है, बल्कि कॉन्फिडेंस भी बढ़ता है।

9. हेल्दी फूड:
एग्जाम के दौरान आपकी डायट में प्रोटीन अधिक होना चाहिए। आप हरी सब्जियां और ताजा फल खाएं। कुछ दिनों तक जंक फूड से बिल्कुल दूर रहें। खाना थोड़ी थोड़ी देर पर खाएं लेकिन कम-कम ही खाएं। एक बार में ज्यादा खाने से नींद आएगी।

10. गैजेट को बोलो नो:
मोबाइल, कम्प्यूटर, टीवी से जितना हो सके दूर रहें। अगर आप ऑनलाइन पढ़ाई कर रहे हैं, सिर्फ तभी लैपटॉप या मोबाइल फोन का इस्तेमाल करें। ऑनलाइन गेमिंग या सोशल मीडिया ब्राउज करने में समय बर्बाद न करें।

 

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image