छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा बम्पर भर्ती घोषित, 440 खाली पदों पर होगी भर्ती
छत्तीसगढ़ सरकार ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देशानुसार युवाओं की भर्ती के लिए एक बड़ी संख्या में शासकीय नौकरियों की घोषणा की है। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ राज्य सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पर्यवेक्षक (सुपरवाइजर) के 440 खाली पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। ये रिक्त पद छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल, रायपुर द्वारा आयोजित प्रतियोगी परीक्षा के माध्यम से भरे जाएंगे।
पर्यवेक्षक भर्ती परीक्षा के लिए केवल छत्तीसगढ़ की मूल निवासी महिला उम्मीदवार ही पात्र होंगी। इस परीक्षा को खुली सीधी भर्ती और परिसीमित सीधी भर्ती के माध्यम से आयोजित किया जाएगा। खुली सीधी भर्ती के लिए कुल 220 पद हैं, जिसमें सभी वर्गों की महिलाएं आवेदन कर सकेंगी। इसी तरह परिसीमित सीधी भर्ती में भी 220 पद हैं, जिसमें कार्यरत पात्र आंगनबाड़ी कार्यकर्ताएं आवेदन कर सकेंगी।