छत्तीसगढ़ / रायगढ़
वित्तमंत्री श्री ओ.पी.चौधरी ने किया रेंगालपाली में सर्वसुविधायुक्त उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भवन का लोकार्पण
300 से अधिक विद्यार्थियों को मिलेगा स्मार्ट क्लास की सुविधाओं से युक्त उन्नत शिक्षण वातावरण
रायपुर, 13 दिसम्बर 2025


वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने आज रायगढ जिले के पुसौर विकासखंड के ग्राम रेंगालपाली में निर्मित एक करोड़ 21 लाख 16 हजार रुपये की लागत वाले सर्वसुविधायुक्त शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि स्मार्ट क्लास एवं प्रयोगशालाओं का निरीक्षण किया तथा विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी की सराहना की।

नव निर्मित विद्यालय भवन को आधुनिक शैक्षणिक मानकों के अनुरूप डिजाइन किया गया है। इसमें 9 सुसज्जित कक्षाएँ, स्मार्ट क्लास, दो आधुनिक प्रयोगशालाएँ, समृद्ध लाइब्रेरी, प्रिंसिपल एवं स्टाफ कक्ष, बालक-बालिका प्रसाधन कक्ष जैसी प्रमुख सुविधाएँ शामिल हैं। यह भवन 300 से अधिक विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक, सुरक्षित और आधुनिक शिक्षा का वातावरण उपलब्ध कराएगा।
उच्च गुणवत्तापूर्ण शिक्षा विकसित भारत की मजबूत नींव- वित्त मंत्री
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि गुणवत्ता-सम्पन्न शिक्षा ही उन्नत समाज और विकसित भारत का आधार है। उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि हर बच्चे को आधुनिक, सुरक्षित और बेहतर शिक्षण सुविधाएँ उपलब्ध हों। रायगढ़ जिला शिक्षा, स्वास्थ्य और अधोसंरचना के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विद्यालय विकास में मिले एचडीएफसी बैंक के सीएसआर सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र में पिछले दो वर्षों में जितने शैक्षणिक और विकासात्मक कार्य हुए हैं, उतने एक साथ कई वर्षों में नहीं हो पाए थे। उन्होंने छात्र-छात्राओं से मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य निर्धारण के साथ अध्ययन करने का आह्वान किया और उन्हें कैरियर मार्गदर्शन भी प्रदान किया। लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री अमित कश्यप ने भवन निर्माण की लागत, संरचना और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी।
इस अवसर पर पूर्व विधायक श्री विजय अग्रवाल, जनपद अध्यक्ष पुसौर श्रीमती हेमलता चौहान, श्रीमती हेमालिनी गुप्ता, नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मानी सतपथी सहित विद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
बुजुर्गों को अब पेंशन राशि सीधे आश्रम में ही उपलब्ध होगी
आशा निकेतन के बुजुर्गों के लिए बड़ी राहत
रायपुर, 12 दिसंबर 2025

वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानजनक और सहज जीवन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से समाज कल्याण विभाग ने एक महत्वपूर्ण और संवेदनशील पहल की है। वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन के लिए अब वरिष्ठ नागरिकों को बैंक तक जाने की आवश्यकता नहीं होगी, बल्कि सीएससी प्रबंधक आश्रम आकर उन्हे पेंशन की राशि का भुगतान करेंगें। रायगढ़ जिले के राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित पेंशन योजनाओं का लाभ आशा निकेतन वृद्धाश्रम, कौहाकुण्डा में निवासरत पात्र बुजुर्गों को नियमित रूप से मिलता है, लेकिन पेंशन राशि प्राप्त करने के लिए उन्हें अब तक बैंक जाकर लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ता था। बढ़ती उम्र, स्वास्थ्य संबंधी समस्याएँ और आवागमन की कठिनाइयाँ इस प्रक्रिया को और अधिक चुनौतीपूर्ण बना रही थीं।
सीएससी प्रबंधक द्वारा आधार आधारित भुगतान व्यवस्था
वरिष्ठ नागरिकों के इन कठिनाइयों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर रायगढ़ के मार्गदर्शन में समाज कल्याण विभाग ने तत्काल पहल करते हुए सीएससी प्रबंधक को निर्देशित कर पत्र जारी किया कि प्रतिमाह 10 तारीख तक आधार प्रमाणीकरण के माध्यम से ही वृद्धाश्रम परिसर में पेंशन राशि का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। निर्देश मिलते ही सीएससी प्रबंधक एवं संबंधित वीएलई द्वारा आधार आधारित भुगतान व्यवस्था को सुचारू रूप से लागू कर दिया गया है।
आश्रम परिसर में ही उपलब्ध करा दी जाएगी पेंशन की राशि
नई व्यवस्था लागू होने के साथ ही अब वृद्धाश्रम के वरिष्ठ नागरिकों को पेंशन निकालने के लिए बैंक जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। हर माह निर्धारित तिथि पर पेंशन राशि सीधे आश्रम परिसर में ही उपलब्ध करा दी जाएगी। यह व्यवस्था न केवल समय और ऊर्जा की बचत करेगी, बल्कि वरिष्ठ नागरिकों की गरिमा और सुरक्षा को भी प्राथमिकता देगी।
समाज कल्याण विभाग के उप संचालक श्री शिवशंकर पांडे ने बताया कि विभाग का उद्देश्य वरिष्ठजनों को सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सरल, सुरक्षित और बिना किसी परेशानी के उपलब्ध कराना है। पेंशन भुगतान की यह नई व्यवस्था उसी दिशा में उठाया गया एक प्रभावी कदम है, जो बुजुर्गों के जीवन में राहत और सकारात्मक बदलाव सुनिश्चित होगी।
वित्तमंत्री श्री चौधरी ने स्मार्ट क्लासरूम एवं आधुनिक लाइब्रेरी का किया लोकार्पण
रायगढ़ शिक्षा के उन्नयन की दिशा में सशक्त कदम
रायपुर, 12 दिसंबर 2012



वित्तमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि स्मार्ट क्लासरूम और आधुनिक लाइब्रेरी शिक्षा के भविष्य हैं, जहाँ स्मार्ट क्लासरूम इंटरैक्टिव व्हाइटबोर्ड, प्रोजेक्टर और डिजिटल कंटेंट का उपयोग करके सीखने को दिलचस्प बनाते हैं। वहीं आधुनिक लाइब्रेरी किताबों के साथ-साथ ई-बुक्स, डेटाबेस और हाई-स्पीड इंटरनेट जैसी डिजिटल सुविधाओं से लैस ज्ञान केंद्र बन गए हैं, जो छात्रों को 21 वीं सदी के कौशल और व्यक्तिगत सीखने के अनुभव प्रदान करते हैं।

विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक युक्त शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराना है
केवड़ाबाड़ी स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में शुक्रवार को आयोजित “स्मार्ट स्कूल हैंडओवर सेरेमनी” में वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी ने नव-निर्मित आधुनिक लाइब्रेरी एवं स्मार्ट क्लासरूम का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि रायगढ़ जिले में शिक्षा अधोसंरचना के उन्नयन को सरकार प्राथमिकता दे रही है, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर, आधुनिक और तकनीक-सक्षम शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

विद्यार्थियों की अध्ययन-अभिरुचि में होगी वृद्धि
जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. राव ने बताया कि नई लाइब्रेरी में विषयवार पुस्तकों, संदर्भ सामग्री और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु समृद्ध साहित्य उपलब्ध कराया गया है, जिससे विद्यार्थियों की अध्ययन-अभिरुचि में वृद्धि होगी और उन्हें उच्चस्तरीय ज्ञान-संसाधन स्कूल परिसर में ही सुलभ हो सकेंगे। उन्होंने कहा कि स्मार्ट क्लासरूम में स्थापित इंटरैक्टिव स्क्रीन, डिजिटल मॉड्यूल, प्रोजेक्टर एवं हाई-स्पीड इंटरनेट विद्यार्थियों को कठिन विषयों को दृश्यात्मक माध्यमों से समझने में अत्यधिक सहायक सिद्ध होंगे।
डिजिटल माध्यम से अध्यापन अधिक रोचक हो गया
नई सुविधाओं को लेकर विद्यार्थियों में उत्साह देखा गया। छात्रों ने बताया कि डिजिटल माध्यम से अध्यापन अब अधिक रोचक हो गया है और जटिल अध्याय भी एनिमेशन, ग्राफिक्स और वीडियो लेक्चर के माध्यम से तेजी से समझ आ रहे हैं। इससे न केवल अध्ययन क्षमता में सुधार होगा बल्कि आत्मविश्वास भी बढ़ेगा। कार्यक्रम के पश्चात वित्त मंत्री श्री चौधरी ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण कर विकास कार्यों की सराहना की तथा भविष्य में भी शिक्षा से जुड़े संसाधनों को मजबूत करने हेतु आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में महापौर श्री जीवर्धन चौहान, जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. के. व्ही. राव, विभागीय अधिकारी, शिक्षक-कर्मचारी एवं अभिभावक उपस्थित थे। केवड़ाबाड़ी विद्यालय में आयोजित यह कार्यक्रम जिले में शिक्षा उन्नयन और तकनीकी नवाचार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
तनाव मुक्त होकर स्वस्थ मन से पढ़ाई करें - वित्तमंत्री श्री ओ.पी.चौधरी
परीक्षा तैयारी पर दिए महत्वपूर्ण टिप्स कक्षा 10 वीं-12 वीं के विद्यार्थियों से किया संवाद
शासकीय हाई स्कूल झलमला में स्मार्ट क्लासरूम का किया लोकार्पण
रायपुर, 12 दिसम्बर 2025


रायगढ़ विधायक एवं वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने कहा कि विद्यार्थी तनाव मुक्त होकर स्वस्थ मन से पढ़ाई करें। उन्होंने कहा कि “परीक्षा कभी भी जीवन से बड़ी नहीं होती, इसलिए घबराएं नहीं, बल्कि सही समय पर मेहनत शुरू करें। वित्त मंत्री ने रायगढ जिले के पुसौर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम झलमला स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कक्षा 10 वीं और 12 वीं के “बच्चों से चर्चा 2025” कार्यक्रम में संवाद कर रहे थे। इस अवसर पर श्री चौधरी ने विद्यालय में अत्याधुनिक स्मार्ट क्लासरूम का उद्घाटन कर विद्यार्थियों को तकनीकी व नवीन शिक्षण संसाधनों का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान आत्मविश्वास और अनुशासन की दी सलाह
वित्त मंत्री ने विद्यार्थियों से कहा कि दिसंबर से परीक्षा तक के आगामी तीन महीने सफलता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि नियमित रूप से प्रतिदिन 7 से 8 घंटे पढ़ाई करें और छुट्टी के दिनों में 10 घंटे अध्ययन का लक्ष्य रखें। उन्होंने कहा कि एक भी दिन खराब नहीं करना है। यदि आप आने वाले तीन महीनों तक ईमानदारी और संकल्प के साथ पढ़ाई करेंगे तो बेहतर तैयारी और उत्कृष्ट परिणाम निश्चित हैं। उन्होंने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें आत्मविश्वास, अनुशासन और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने की सलाह दी।
सफलता का मूल मंत्र अनुशासन, निरंतर प्रयास और सकारात्मक सोच
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चे प्रतिभा से भरपूर होते हैं। उन्हें केवल बेहतर मार्गदर्शन, संसाधन और सुरक्षित वातावरण की जरूरत है। उन्होंने शिक्षकों व अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों की रुचि और क्षमता के अनुसार अवसर प्रदान करें। वित्त मंत्री ने सफलता के लिए अनुशासन, निरंतर प्रयास और सकारात्मक सोच को मूल मंत्र बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
मेधावी छात्रों को एक लाख का पुरस्कार
वित्त मंत्री ने कहा कि राज्य की मेरिट सूची में यदि जिले का कोई विद्यार्थी स्थान प्राप्त करता है, तो उसे एक लाख रुपए पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। उन्होनं कहा कि आने वाली पीढ़ी को स्वस्थ और बेहतर भविष्य देना सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। कार्यक्रम में पूर्व विधायक श्री विजय अग्रवाल, श्री उमेश अग्रवाल, जिला पंचायत सदस्य बृजेश गुप्ता, जनपद अध्यक्ष पुसौर श्रीमती हेमलता चौहान, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती भाग्यवती नायक, सीईओ जिला पंचायत श्री अभिजीत बबन पठारे, एसडीएम रायगढ़ श्री महेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, छात्र एवं शिक्षक उपस्थित रहे।
रायगढ़ मेडिकल कॉलेज में विशेषज्ञ चिकित्सक देंगे सेवा, मरीजों को मिलेगा लाभ
रायगढ़। स्व. लखीराम अग्रवाल स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध संत बाबा गुरु घासीदास स्मृति शासकीय चिकित्सालय रायगढ़ में दिवंगत अधिष्ठाता डॉ विनीत जैन के द्वारा किए गए प्रयासो के उपरांत शहर के सुप्रसिद्ध न्यूरोसर्जन डॉ नितीश नायक ,यूरोसर्जन डॉ के.डी. खरे एवं नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. मीना पटेल सप्ताह में एक दिन चिकित्सा परामर्श देकर इलाज करेंगे।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपस्थिति को रायगढ़ मेडिकल कालेज में आने वाले मरीजों के लिए लाभदायक बताया है। उन्होंने कहा कि शासन का प्रयास है कि लोगों को उनके शहरों और गांवों के आसपास ही बेहतर और उच्च चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हों ताकि उन्हें इलाज के लिए लंबी दूरी न तय करनी पड़े और त्वरित तथा बेहतर इलाज से उन्हें स्वास्थ्य लाभ मिले।
अस्पताल अधीक्षक डॉ एम. के. मिंज ने बताया कि न्यूरोसर्जन डॉ. नितीश नायक (मस्तिष्क/रीढ़ की हड्डी के सर्जन),प्रत्येक मंगलवार प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक , यूरो सर्जन डॉ के.डी. खरे (मूत्ररोग विशेषज्ञ )शुक्रवार को चिकित्सालय के भूतल में सर्जरी विभाग की ओ.पी .डी .कक्ष क्रमांक 01 में और नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ मीना पटेल (किडनी / गुर्दा रोग विशेषज्ञ ) चिकित्सालय के प्रथम तल में मेडिसिन विभाग के ओ. पी.डी. कक्ष क्रमांक 01 में सप्ताह के प्रत्येक शुक्रवार प्रातः (सुबह )10:00 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक चिकित्सा परामर्श के लिए उपलब्ध रहेगे । इसका लाभ रायगढ़ अंचल सहित आसपास के क्षेत्रों के संबंधित मरीजों को मिलेगा। इससे इलाज के लिए बड़े शहरों पर निर्भरता कम होगी ।
डॉ. नितीश नायक न्यूरोसर्जन (मस्तिष्क/रीढ़ की हड्डी के सर्जन "मस्तिष्क की गांठ, ब्रेन ट्यूमर,स्पाइनल इंज्यूरी,साईटिका, मस्तिष्क की गंभीर चोट, दिमाग का इन्फेक्शन होना, रक्त का थक्का (स्ट्रोक), कमर दर्द, लकवा की बीमारी, रीढ़ की हड्डी का दर्द, मांसपेशी (नसों) के दर्द चलने में कठिनाई, मांसपेशी का कमजोर होना, सिरदर्द, हाथ पांव में दर्द, उठने-बैठने में परेशानी होना और मिर्गी चक्कर आना आदि गंभीर बीमारियों का परामर्श देकर इलाज करेंगे।
डॉ के.डी. खरे यूरो सर्जन (मूत्ररोग विशेषज्ञ ) पुरुषों और महिलाओं की मूत्र प्रणाली (गुर्दे, मूत्राशय, मूत्रवाहिनी, मूत्रमार्ग) और पुरुषों के प्रजनन अंगों (प्रोस्टेट, लिंग, अंडकोश, वृषण) से जुड़ी बीमारियों का इलाज जैसे कि गुर्दे की पथरी, मूत्र मार्ग संक्रमण (UTI), प्रोस्टेट की समस्याएँ, मूत्र असंयम, बांझपन, कैंसर (मूत्राशय, किडनी, प्रोस्टेट), और स्तंभन दोष (इरेक्टाइल डिसफंक्शन). इत्यादि गंभीर बीमारियों का परामर्श देकर इलाज करेंगे।
इसी तरह से डॉ.मीना पटेल नेफ्रोलॉजिस्ट (किडनी / गुर्दा रोग विशेषज्ञ) गुर्दे से जुड़ी बीमारियों, जैसे क्रोनिक किडनी डिजीज (CKD), किडनी फेलियर, किडनी स्टोन, किडनी इन्फेक्शन, हाई ब्लड प्रेशर,डायलिसिस और मधुमेह और उच्च रक्तचाप से होने वाली किडनी समस्याओं से संबंधित गंभीर बीमारियों का परामर्श देकर इलाज करेंगी।
धान बेचने और रकबा समर्पण में रायगढ़ जिला अव्वल, किसानों ने धान खरीदी की पारदर्शिता पर जताया भरोसा
रायगढ़ जिले में रकबा समर्पण बना धान खरीदी व्यवस्था की सबसे बड़ी ताकत, अब तक 184.14 हैक्टेयर रकबा समर्पित
धान खरीदी में किसानों का अभूतपूर्व उत्साह 7,181 किसानों से 3.92 लाख क्विंटल धान की खरीदी
92.04 करोड़ रुपए का भुगतान, 1522.19 लाख रुपए की ऋण वसूली
रायपुर, 07 दिसंबर 2025




खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में रायगढ़ जिले में राज्य शासन द्वारा समर्थन मूल्य पर की जा रही धान खरीदी एक महापर्व के रूप में नजर आने लगी है। जिले के किसानों में इस वर्ष धान विक्रय को लेकर भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। किसानों को उनके वास्तविक धान उपज की खरीदी में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन ने संपूर्ण प्रक्रिया को पारदर्शी, सुचारू और किसान हितैषी बनाया है। जिले के सभी 105 धान उपार्जन केंद्रों में खरीदी व्यवस्थित रूप से जारी है।
धान खरीदी व्यवस्था की निगरानी स्वयं कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी द्वारा की जा रही है। वे लगातार उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित कर रहे हैं, कि तौल प्रक्रिया पारदर्शी रहे, किसानों को प्रतीक्षा न करनी पड़े, टोकन प्रणाली सुचारू रूप से चले, और केंद्रों में बोरे, तौल मशीनें, छाया, पानी आदि की समुचित व्यवस्था उपलब्ध रहे।
कलेक्टर द्वारा धान के अवैध परिवहन, भंडारण और बिचौलियों द्वारा अमानक धान बेचने जैसी गतिविधियों पर कड़ाई से निगरानी रखी जा रही है। वे प्रतिदिन खरीदी की समीक्षा कर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दे रहे हैं कि खरीदी प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
धान खरीदी के दौरान एक महत्वपूर्ण प्रवृत्ति इस वर्ष विशेष रूप से उभरकर सामने आई है। जिले के किसान स्वयं प्रेरित होकर अपना शेष रकबा समर्पित कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि राज्य शासन द्वारा प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है तथा केंद्र सरकार के एमएसपी के अतिरिक्त राज्य शासन की कृषक उन्नति योजना के तहत दी जाने वाली अंतर राशि को मिलाकर प्रति क्विंटल 3,100 रुपए समर्थन मूल्य तय किया गया है।
किसानों ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि यदि वास्तविक उपज बेचने के बाद वे अपने शेष रकबे का समर्पण नहीं करेंगे, तो उनके खातों में उपलब्ध शेष स्थान का दुरुपयोग होने की आशंका बनी रहती है। इसलिए पारदर्शिता बनाए रखने के लिए किसान स्वयं आगे आकर अपना रकबा समर्पित कर रहे हैं।
धान खरीदी शुरू होने से लेकर अब तक जिले में पारदर्शिता की मिसाल पेश करते हुए रायगढ़ जिले में शुक्रवार की अद्यतन स्थिति के अनुसार कुल 184.14 हैक्टेयर रकबा समर्पण दर्ज किया जा चुका है। रकबा समर्पण की दृष्टि से रायगढ़ जिला प्रदेश के सर्वाधिक समर्पण करने वाले जिलों में शामिल हो चुका है।
जिले में अब तक 3457 सीमांत किसान, 1987 लघु किसान और 1737 बड़े किसान धान विक्रय कर चुके हैं। कुल मिलाकर 7181 किसानों से 3,92,113.60 क्विंटल धान खरीदा जा चुका है। भुगतान की स्थिति भी संतोषजनक है। राज्य शासन द्वारा धान बेच चुके किसानों को 9,204.90 लाख रुपए का भुगतान उनके खातों में अंतरित किया चुका है। इसके साथ ही सहकारी समितियों द्वारा 1,522.19 लाख रुपए की ऋण वसूली भी की गई है।
बाक्स समाचार
धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता लाने किसान के रहे रकबा समर्पण
रायगढ़ में इस वर्ष धान खरीदी महापर्व ने नई पहचान बनाई है। किसानों ने अपने वास्तविक उपज की खरीदी के बाद स्वयं आगे आकर 184.14 हैक्टेयर रकबा का समर्पण किया है, जिससे खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता का स्तर और भी मजबूत हुआ है। जिले के 7,181 किसानों से अब तक 3.92 लाख क्विंटल से अधिक धान खरीदा जा चुका है। किसानों को 92.04 करोड़ रुपए का भुगतान तथा 1,522.19 लाख रुपए की ऋण वसूली की गई है। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी की सतत मॉनिटरिंग और सख्त निर्देशों के चलते उपार्जन केंद्रों में व्यवस्था सुचारू, पारदर्शी बन रही है।
पी.एम. सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत रायगढ़ का एक ग्राम बनेगा ‘सोलर मॉडल विलेज’
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने अघोर गुरुपीठ में की पूजा-अर्चना, प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए की प्रार्थना
रायगढ़, 5 दिसंबर 2025
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज रायगढ़ जिले के ग्राम बनोरा स्थित अघोर गुरुपीठ पहुंचे, जहाँ उन्होंने अघोरेश्वर अवधूत भगवान राम जी की प्रतिमा के समक्ष प्रदेश की सुख, समृद्धि और खुशहाली की मंगल कामना की। उन्होंने गुरुपीठ में विधिवत पूजा-अर्चना कर छत्तीसगढ़ की शांति, समृद्धि और जनकल्याण के लिए आशीर्वाद प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने अघोरेश्वर अवधूत जी के कृपापात्र शिष्य प्रियदर्शी भगवान राम जी से आशीर्वाद ग्रहण किया और कहा कि उनका स्नेह, मार्गदर्शन एवं आध्यात्मिक स्पर्श सदैव ऊर्जा, प्रेरणा और सकारात्मकता प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक मार्गदर्शन ही समाज को सही दिशा देता है और जनसेवा के कार्यों को अधिक संवेदनशीलता और समर्पण के साथ आगे बढ़ाने में सहायक होता है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति, आध्यात्मिक परंपरा और सामाजिक सौहार्द हमारी सबसे बड़ी शक्ति है। इन्हीं मूल्यों के आधार पर राज्य सरकार जनकल्याण, विकास और सुशासन के संकल्प को निरंतर आगे बढ़ा रही है। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं क्षेत्रवासी उपस्थित थे।
CM विष्णुदेव साय आज कंवर समाज को देंगे बड़ी सौगात
रायगढ़ । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रायगढ़ जिले के दौरे पर रहेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार सीएम दोपहर डेढ़ बजे बोईरदादर स्थित गोवर्धनपुर रोड शालिनी स्कूल के पास स्थित कंवर सामाजिक भवन में आयोजित अखिल भारतीय कंवर समाज के वार्षिक सम्मेलन कार्यक्रम में शामिल होंगे।
इस दौरान मुख्यमंत्री कंवर समाज प्रमुखों की मांग पर 30 लाख रुपए की लागत से बने सामुदायिक भवन का लोकार्पण करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय अनुसूचित जनजातीय आयोग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. नंदकुमार साय करेंगे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में कौशल्या साय, भरत साय, अनंत राम पैंकरा, स्वधा साय, शांता साय शामिल होंगे।
इसके अलावा सरगुजा, बलरामपुर, जशपुर, बिलासपुर, रायपुर, ओडिसा के सुंदरगढ़ जिले के कंवर समाज के राष्ट्रीय-राज्य और जिला स्तरीय पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में आम नागरिक इस आयोजन में शामिल होंगे।
धान के अवैध परिवहन और भण्डारण पर कार्यवाही तेज
रायगढ़ जिले में अब तक 2.26 करोड़ के 7300 क्विंटल धान जब्त
रायपुर, 26 नवम्बर 2025

रायगढ़ जिले में धान खरीदी की महाभियान के तहत खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी सुचारू रूप से जारी है। राज्य शासन के निर्देश पर जिले में अवैध धान परिवहन एवं भंडारण पर जिला प्रशासन की कार्रवाई लगातार तेज गति से जारी है। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर रायगढ़ जिले में अब तक 43 प्रकरणों में 7300 क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ 26 लाख रुपए से अधिक है। वहीं पिछले 5 दिनों में 12 प्रकरणों में 3986 क्विंटल धान जब्त किया है, जिसकी 3100 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से कीमत 1 करोड़ 23 लाख 55 हजार रुपए से अधिक है। इन कार्रवाईयों में अंतर्राज्यीय बेरियर रेंगालपाली, जमुना और पुसौर के लारा बेरियर शामिल है। साथ ही 40 कोचियों पर कार्रवाई की गई। सभी प्रकरणों को छत्तीसगढ़ कृषि उपज मंडी अधिनियम के अंतर्गत दर्ज किया गया है।

कलेक्टर ने धान के अवैध परिवहन और भण्डारण पर लगातार कार्रवाई करने के लिए जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार और संबंधित संयुक्त टीम को दिए है। साथ ही उपार्जन केन्द्र पर नियुक्त नोडल अधिकारियों को भी सतत् मॉनिटरिंग करने और उसकी सूचना उच्चाधिकारियों को देने के निर्देश दिए है।
खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले के सभी उपार्जन केंद्रों में कोचियों व बिचौलियों द्वारा अवैध धान खपाने के किसी भी प्रयास को विफल करने के लिए कड़ी निगरानी की व्यवस्था की गई है। अंतर्राज्यीय व आंतरिक चेकपोस्टों पर अधिकारी-कर्मचारियों को तैनात किया गया है।
राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग की संयुक्त टीमें लगातार फील्ड में सक्रिय है। उपार्जन केंद्रों में सीसीटीवी निगरानी से रीयल-टाइम मॉनिटरिंग और संदेहास्पद वाहनों की अनिवार्य जांच की जा रही। कलेक्टर ने कहा कि धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए जिले में सख्त कार्रवाई अनवरत जारी रहेगी।
रायगढ़ जिला खाद्य अधिकारी ने बताया कि जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में संयुक्त जांच दल द्वारा बड़ी मात्रा में अवैध धान जब्त किया गया। पिछले 5 दिनों में 12 प्रकरण धान के अवैध भण्डारण एवं परिवहन के प्रकरण दर्ज किया गया है। इनमें घरघोड़ा विकासखंड के ग्राम-कुर्मीभौना में दुर्गेश बेहरा के पास 8 क्विंटल धान जब्त किया गया। इसी तरह धरमजयगढ़ विकासखंड के ग्राम पुरुंगा में रतनलाल साहू से 150 क्विंटल, ग्राम बायसी में नरेश निषाद के पास से 52 क्विंटल धान जब्त किया गया। रायगढ़ विकासखंड के ग्राम कछार में रोहित पटेल के पास 160 क्विंटल, ग्राम लोइंग के नोहर पटेल के पास 100 क्विंटल, विद्यानंद पटेल-120 क्विंटल एवं सूरत पटेल से 200 क्विंटल, ग्राम बालमगोडा में कन्हैया पटेल के पास 40 क्विंटल, ग्राम महापल्ली में मनीष अग्रवाल के गोदाम से 2600 क्विंटल धान जब्त किया गया। खरसिया विकासखंड के ग्राम-साजापाली में धरणीधर गबेल, के पास 20 क्विंटल, पुसौर विकासखंड के ग्राम नेतनागर में मंगल साहू के पास 500 क्विंटल, तमनार विकासखंड के ग्राम केसरचुआ में रामप्रसाद राठिया के पास 34.80 क्विंटल धान जब्त किया गया। जिला खाद्य अधिकारी ने बताया कि सभी मामलों में छत्तीसगढ़ कृषि उपज मंडी अधिनियम के प्रावधानों के अंतर्गत कार्रवाई की गई है। किसानों के हितों की रक्षा और अवैध व्यापार पर रोक लगाने के लिए यह सख्त अभियान इसी तरह जारी रहेगा।
खेल मैदान के लिए 1.86 करोड़ स्वीकृत : उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा मंजूरी आदेश जारी
रायगढ़. 18 नवम्बर 2025
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने रायगढ़ जिले के किरोड़ीमलनगर नगर पंचायत में उन्मुक्त खेल मैदान के निर्माण के लिए एक करोड़ 86 लाख 29 हजार रुपए स्वीकृत किए हैं। उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन मंत्री श्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद विभाग ने संचालनालय से इसकी मंजूरी के आदेश जारी कर दिए हैं। श्री साव ने गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए समय-सीमा में काम पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
देश के ख्यातिप्राप्त मोटिवेशनल स्पीकर एवं कैरियर गुरु आनंद कुमार देंगे युवाओं को सफलता का मंत्र
वित्त मंत्री श्री चौधरी की पहल से जिले के युवाओं को मिलेगा अभूतपूर्व कैरियर मार्गदर्शन
रायगढ़ में 21 और पुसौर में 22 नबम्बर को भव्य कैरियर गाइडेंस महोत्सव
रायगढ़, 17 नवम्बर 2025


प्रदेश के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और बेहतर कैरियर निर्माण की दिशा में राज्य शासन द्वारा लगातार प्रभावी पहल की जा रही हैं। देश के ख्यातिप्राप्त मोटिवेशनल स्पीकर एवं कैरियर गुरु श्री आनंद कुमार जिले के हजारों विद्यार्थियों और युवाओं से रूबरू होंगे। यह आयोजन प्रदेश के वित्तमंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओपी चौधरी के विशेष पहल से आयोजित किया जा रहा है। विशाल कैरियर गाइडेंस सेशन 21 नंवबर को रायगढ़ के रामलीला मैदान में और 22 नंवबर को पुसौर के इंद्रप्रस्थ स्टेडियम में होने जा रहा है। आयोजन स्थल पर प्रवेश पूर्ण निःशुल्क है।
कलेक्टर के निर्देश में दोनों आयोजनों की तैयारियाँ युद्धस्तर पर जारी हैं। उन्होंने आज समय सीमा की बैठक में आयोजन की तैयारियों के लेकर जिला स्तरीय अधिकरियो को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। रामलीला मैदान और इंद्रप्रस्थ स्टेडियम में विशाल मंच, विद्यार्थियों और युवाओं के बैठने की बेहतर व्यवस्था, साउंड सिस्टम, पार्किंग, यातायात प्रबंधन और अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को भव्य और गरिमापूर्ण स्वरूप देने के लिए प्रशासन के अमले पूरी तत्परता से लगे हुए है। कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने विभागों को अलग अलग दायित्व सौपा कर प्राथमिकता में सभी तैयारियां पूरा करने के निर्देश दिए है।
21 नंवबर को रायगढ के रामलीला मैदान में विशाल कैरियर गाइडेंस सेशन
देश के ख्यातिप्राप्त मोटिवेशनल स्पीकर एवं कैरियर गुरु श्री आनंद कुमार 21 नवंबर, शुक्रवार को रायगढ़ के रामलीला मैदान में दोपहर 3रू30 बजे से रात्रि तक जिले के युवाओं को कैरियर गाइडेंस देंगे। इस विशाल कार्यक्रम में रायगढ़, लैलूंगा, धरमजयगढ़, तमनार और घरघोड़ा क्षेत्र के 93 हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों तथा 17 महाविद्यालयों के लगभग 10 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे युवा शामिल होंगे। युवा अपने प्रश्न पूछ सकेंगे, कैरियर से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव ले सकेंगे और जीवन को सकारात्मक दिशा देने वाले उनके अनुभवों से नई ऊर्जा प्राप्त करेंगे।
22 नवंबर को पुसौर के इंद्रप्रस्थ स्टेडियम में कैरियर युवा महासम्मेलन
22 नवंबर शनिवार को सुबह 8 बजे से विकासखंड मुख्यालय पुसौर के इंद्रप्रस्थ स्टेडियम में क्षेत्र के हजारों युवाओं का अभिनव कैरियर मार्गदर्शन सत्र आयोजन होगा। पुसौर और खरसिया विकासखंड के 40 स्कूलों और 3 महाविद्यालयों के विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवा इसमें सम्मिलित होंगे। पुसौर क्षेत्र में इस तरह का विशाल कैरियर गाइडेंस आयोजन पहली बार हो रहा है, जिसे लेकर युवाओं में उत्साह चरम पर है। इस आयोजन में जिले के प्रतिभाशाली युवा-युवतियाँ देश के सबसे लोकप्रिय मोटिवेशनल आइकॉन श्री आनंद कुमार से सीधे संवाद कर सकेंगे। आयोजन स्थल पर प्रतियोगी परीक्षाओं, कैरियर चयन एवं समसामयिक विषयों पर आधारित एक क्विज प्रतियोगिता भी कराई जाएगी, जिसमें छात्र-छात्राएं अपनी प्रतिभा दिखा सकेंगे।
कैरियर मार्गदर्शन-भविष्य संवारने का अवसर
कक्षा 11 वीं और 12 वीं हर विद्यार्थी के जीवन का निर्णायक पड़ाव होता है। यही समय होता है जब युवा अपनी रुचियों, क्षमताओं और सपनों को पहचानकर सही दिशा में आगे बढ़ते हैं। यह कार्यक्रम युवाओं को उनके बेहतर कैरियर के लिए आत्मचिंतन, सही करियर चयन, और भविष्य की ठोस योजना बनाने में मदद मिलने जा रहा है।
कार्यक्रम की विशेषताएँ
पंजीकृत विद्यार्थियों के लिए पूर्णतः प्रवेश निःशुल्क, अध्ययन योजना, अभ्यास तकनीक और परीक्षा रणनीति पर विशेषज्ञ मार्गदर्शन, इंटरएक्टिव प्रश्नोत्तर एवं संशय समाधान सत्र, विज्ञान, वाणिज्य, कला आदि सभी क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों की पहचान करना, सिर्फ ट्रेंड नहीं, बल्कि योग्यता आधारित करियर चयन पर फोकस किया जाएगा।
बिजली पर निर्भरता घट गई और सौर ऊर्जा से रौशन हुआ घर-रविंद्र नाथ गोपाल
रायगढ़ , 11 नवम्बर 2025
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विजन “ऊर्जा आत्मनिर्भर भारत” को साकार करने की दिशा में भारत सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना रायगढ़ जिले में जन-जन तक पहुँच रही है। इसी क्रम में रायगढ़ जिले के रियापारा निवासी श्री रविंद्र नाथ गोपाल ने जुलाई माह में अपने घर की छत पर सौर ऊर्जा प्रणाली लगवाकर आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश की है। उन्होंने बताया कि बिजली पर निर्भरता काफी घट गई और हमारा घर सौर ऊर्जा से रौशन हुआ है।
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत आवेदन के तत्काल बाद मिली स्वीकृति
श्री गोपाल ने बताया कि पहले जहां उन्हें हर महीने लगभग 3 हजार रूपये तक का बिजली बिल देना पड़ता था, वहीं अब उनका बिजली खर्च लगभग समाप्त हो गया है। वह एक मध्यमवर्गीय परिवार से आता है, गर्मी के दिनों में बढ़ते बिजली खर्च से काफी परेशान रहता था। इसी दौरान उन्हें केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के बारे में जानकारी मिली। योजना की शर्तें और लाभ जानने के बाद उन्होंने आवेदन किया, और कुछ ही समय में स्वीकृति मिलने पर जुलाई महीने में उनके घर की छत पर सोलर पैनल स्थापित कर दिए गए।
बिजली बिल की चिंता से मिली मुक्ति
तेज धूप वाले जुलाई माह से ही यह सोलर सिस्टम सक्रिय हो गया और उनके घर की अधिकांश विद्युत आवश्यकताएं सौर ऊर्जा से पूरी होने लगीं, इससे उनकी ग्रिड बिजली पर निर्भरता काफी घट गई और बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आई। श्री गोपाल बताते हैं कि जुलाई में सोलर सिस्टम लगवाना मेरे जीवन का सबसे सही निर्णय था। अब हर महीने बिजली बिल की चिंता नहीं रहती। सूरज की रोशनी से अपनी बिजली बनाना गर्व और आत्मनिर्भरता दोनों का अनुभव देता है। उनका यह अनुभव दर्शाता है कि यदि नागरिक सरकारी योजनाओं की सही जानकारी प्राप्त कर समय पर पहल करें तो न केवल आर्थिक रूप से सशक्त बन सकते हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
3 किलोवॉट तक 1 लाख 08 हजार रुपये की सब्सिडी
रियापारा के श्री रविंद्र नाथ गोपाल की यह पहल अन्य परिवारों के लिए प्रेरणा बन गई है कि सूर्य की ऊर्जा अपनाकर स्वच्छ, सस्ती और टिकाऊ बिजली का लाभ लिया जा सकता है। बता दे कि इस योजना के तहत 03 किलोवाट क्षमता के सोलर प्लांट पर केंद्र और राज्य सरकार मिलकर 1 लाख 08 हजार रुपये की सब्सिडी प्रदान कर रही हैं। शेष राशि के लिए बैंकों द्वारा शून्य प्रोसेसिंग शुल्क और 6 प्रतिशत ब्याज दर पर आसानी से ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। इस योजना का लाभ उठाने के लिए नागरिकों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। रायगढ़ के अधिकांश मोहल्लों में अब घरों की छतें सोलर पैनलों से चमक रही हैं।
शासकीय हाईस्कूल सिथरा की 24 छात्राओं को मिली साइकिलें
सांसद द्वारा विद्यालय परिसर में साइकिल स्टैण्ड निर्माण के लिए 3 लाख रुपये देने की घोषणा
छात्राओं की स्कूल की राह होगी आसान
रायगढ, 11 नवम्बर 2025
शासन की महत्वाकांक्षी निःशुल्क सरस्वती सायकल योजना अंतर्गत विकासखण्ड धरमजयगढ़ के शासकीय हाईस्कूल सिथरा में लोकसभा सांसद रायगढ श्री राधेश्याम राठिया ने विद्यालय की 24 छात्राओं को साइकिल का वितरण किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह साधन है जो ग्रामीण अंचल की बेटियों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाता है।
इस अवसर पर सांसद श्री राठिया ने छात्राओं को मेहनत, निष्ठा और ईमानदारी के साथ अध्ययन करते हुए जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह साधन है जो ग्रामीण अंचल की बेटियों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाता है। उन्होंने उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे मेहनत कर अध्ययन कर समाज और देश का नाम रोशन करें। विद्यालय परिवार और विद्यार्थियों की मांग पर सांसद श्री राठिया ने विद्यालय परिसर में साइकिल स्टैण्ड निर्माण के लिए 3 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की। बालिकाओं ने साइकिल प्राप्त होने पर सांसद का आभार व्यक्त किया और बेहतर भविष्य के सपनों को साकार करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक, अभिभावक, प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
भूमिगत खनन से धरती की सेहत, खेती और वन्य जीवन- सबको एक साथ संरक्षण
राज्य निर्माण के बाद छत्तीसगढ़ तेजी से विकास के पथ पर है अग्रसर-वित्त मंत्री श्री ओ.पी.चौधरी
शिक्षा, स्वास्थ्य सहित बुनियादी सुविधाओं में लगातार हो रहे विकास
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने रायगढ़ में किया जिला स्तरीय राज्योत्सव का विधिवत शुभारंभ, रजत जयंती की दी बधाई
स्कूली बच्चों ने दी मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति
रायपुर, 3 नवम्बर 2025

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के रजत जयंती वर्ष पर रायगढ़ जिला मुख्यालय स्थित शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में आयोजित राज्योत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के वित्त मंत्री श्री ओ.पी.चौधरी ने भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने सभी को रजत जयंती की हार्दिक बधाई दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि यह हमारे प्रदेश के लिए गर्व और आत्मगौरव का क्षण है कि छत्तीसगढ़ ने अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण कर लिए हैं। उन्होंने कहा कि इस राज्य की स्थापना का श्रेय श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की दूरदृष्टि और संकल्प को जाता है, जिनके प्रयासों से छत्तीसगढ़ एक समृद्ध और प्रगतिशील राज्य के रूप में उभर सका है। यह रजत जयंती वर्ष प्रदेश की विकास यात्रा का प्रतीक है।

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने प्रदेशवासियों से विजन 2047 के लक्ष्य की प्राप्ति हेतु एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जब भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में अग्रसर है, तब छत्तीसगढ़ भी उसी संकल्प के साथ विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। श्री चौधरी ने बताया कि विगत दिवस प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान सात घंटे प्रदेश में व्यतीत कर अनेक विकास कार्यों की सौगात दी, जो हमारे लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण से पहले छत्तीसगढ़ की स्थिति चुनौतीपूर्ण थी, हमारे लौह अयस्क और वन संपदा का लाभ हमें नहीं मिल पाता था। आज स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। राज्य निर्माण के बाद छत्तीसगढ़ ने शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग और अधोसंरचना के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। वित्त मंत्री श्री चौधरी ने बताया कि जब छत्तीसगढ़ का गठन हुआ तब प्रदेश में एकमात्र शासकीय मेडिकल कालेल था, आज यह संख्या बढ़कर 14 हो चुकी है और जल्द ही 20 से अधिक होने जा रही है। एमबीबीएस सीटें 100 से बढ़कर 2000 तक पहुंचने वाली हैं।

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि आज प्रदेश में आईआईटी, आईआईएम, एनआईटी, आईआईआईटी जैसे राष्ट्रीय स्तर के अनेक संस्थान संचालित हैं, जो छत्तीसगढ़ की शैक्षणिक प्रगति के प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में रायगढ़ जिला लगातार विकास की ओर अग्रसर है। रायगढ़ में उद्योग के साथ-साथ शिक्षा और संस्कृति के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण प्रगति हो रही है। नालंदा परिसर का निर्माण लगभग 40 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। संस्कृत महाविद्यालय, नर्सिंग कॉलेज, उद्यानिकी महाविद्यालय और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण कार्य तेजी से चल रहे हैं। वित्त मंत्री श्री चौधरी ने बताया कि रायगढ़ में ऑक्सीजोन पार्क, एथलेटिक ट्रैक, स्विमिंग पूल, क्रिकेट व फुटबॉल ग्राउंड सहित नया स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाया जा रहा है। सड़क चौड़ीकरण एवं नगरीय विकास के कार्य भी तीव्र गति से प्रगति पर हैं।
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री दीपक सिदार, सभापति श्री डिग्रीलाल साहू, नगर पालिका अध्यक्ष सहित जनप्रतिनिधि, प्रशानिक अधिकारी कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
स्कूली बच्चों ने दी सांस्कृतिक कार्यक्रम की मनमोहक प्रस्तुति
राज्योत्सव समारोह के प्रथम दिन आज शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में स्कूली बच्चों ने शानदार मनमोहक प्रस्तुति दी। जिसमें श्रीमती सोमादास एवं ग्रुप द्वारा गणेश वंदना, डॉ.दीपिका सरकार एवं ग्रुप द्वारा शिव स्त्रोत नृत्य, कुमारी मानवी अग्रवाल द्वारा कथक, कार्मेल कन्या स्कूल के विद्यार्थियों ने मराठी लोकनृत्य सहित अन्य स्कूली बच्चों ने कार्यक्रम की प्रस्तुति दी।
तालाब में डूबने से हाथी शावक की मौत, झुंड के हाथियों ने साथी को दी 'विदाई'
धरमजयगढ़ । रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ वनमंडल में एक हाथी शावक की दर्दनाक मौत से वन विभाग में हड़कंप मच गया। घटना छाल रेंज के बनहर सर्किल के औरानारा परिसर की है, जहाँ बीती शाम लगभग सात माह के शावक हाथी की तालाब के गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई।
वन विभाग के अनुसार, हाथियों का एक झुंड मंगलवार शाम औरानारा क्षेत्र के जंगल में विचरण कर रहा था। इस दौरान एक शावक पास के तालाब में पानी पीने और खेलने के लिए उतरा, लेकिन फिसलन भरे किनारे से फिसलकर गहरे पानी में चला गया और डूब गया। बताया गया कि झुंड में मौजूद वयस्क हाथियों ने उसे बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन असफल रहे।
साथियों का भावुक व्यवहार
ग्रामीणों के अनुसार, यह दृश्य अत्यंत मार्मिक था। मृत शावक को झुंड के अन्य हाथियों ने तालाब किनारे तक खींच लाकर रखा, मानो अपने साथी को अंतिम विदाई दे रहे हों। गांववालों ने बताया कि देर रात तक हाथियों का झुंड तालाब के आसपास मंडराता रहा।
वन विभाग ने की कार्यवाही प्रारंभ
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुँची और शावक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा और कानूनी कार्यवाही शुरू की गई। अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में डूबने से मृत्यु की पुष्टि हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।