छत्तीसगढ़ / कांकेर
मतदाता जागरूकता हेतु महाविद्यालयों में आयोजित की जाएंगी विविध गतिविधियां
उतर बस्तर कांकेर, 01 अक्टूबर 2025
भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली के निर्देशानुसार स्वीप कार्ययोजना के तहत जिले में मतदाता जागरूकता लाने एवं युवाओं को मतदान प्रक्रिया से जोड़ने के उद्देश्य से जिले के सभी उच्च शैक्षणिक सस्थानों में विविध अकादमिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने उच्च शैक्षणिक संस्थानों के प्राचार्यों को पत्र लिखकर मतदाता जागरूकता के लिए अलग-अलग विषयों पर गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।
जारी पत्र में उल्लेख किया गया है कि स्वीप गतिविधियों के पहले भाग में परिचर्चा, निबंध प्रतियोगिता, नुक्कड़ और अन्य प्रतियोगिताएं कराने हेतु निर्देशित किया गया है। इसी तरह भाग दो नारा लेखन एवं वीडियो प्रस्तुति प्रतियोगिता, विद्यार्थियों द्वारा मतदान एवं भयमुक्त वातावरण में लोकतंत्र के अधिकार पर आधारित मौलिक स्वलिखित नारे तैयार करने तथा विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म में उपर्युक्त गतिविधियों को अपलोड व पोस्ट कराने के निर्देश सभी संस्था प्रमुख को दिए गए हैं।
उक्त प्रतियोगिता 01 से 15 अक्टूबर तक आयोजित की जाएगी। विद्यार्थियों को वीडियो को पोस्ट करते समय #GoRegister#GoVerfiy का उपयोग करना होगा तथा वीडियो को अपलोड करते हुए @CEOChhattisgarh को टैग करना होगा। श्रेष्ठ प्रविष्टियों को सम्मानित किया जाएगा एवं मतदाता जागरूकता अभियानों में प्रदर्शित किया जाएगा। राज्यभर से सर्वश्रेष्ठ वीडियो अपलोड करने वाले प्रतिभागी को डिजिटल सर्टिफिकेट भी प्रदाय किया जाएगा। इसके तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के सफल आयोजन हेतु प्रत्येक महाविद्यालय में नियुक्त कैम्पस एम्बेसेडर एवं प्रोफेसर नोडल अधिकारी स्वीप की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश कलेक्टर ने दिए हैं।
बस्तर विकास प्राधिकरण के तहत स्वीकृत निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा करें : कलेक्टर
कांकेर । कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने आज समय-सीमा की साप्ताहिक बैठक लेकर विभिन्न विभागों में लंबित, अपूर्ण एवं अप्रारंभ निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने बस्तर विकास प्राधिकरण के तहत स्वीकृत कार्यों का निर्माण अब तक अपूर्ण एवं लंबित होने पर नाराजगी जाहिर करते हुए इन्हें शीघ्रता से पूरा करने हेतु निर्देशित किया।
जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आज सुबह 10.30 बजे से आयोजित समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि ऐसे निर्माण कार्य जो काफी समय से लंबित हैं, उन्हें निरस्त करने की कार्यवाही तत्काल करें। उन्होंने आंगनबाड़ी भवन और पीडीएस सेंटर निर्माण कार्यों में भी उपरोक्तानुसार कार्यवाही करने हेतु संबंधित जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया। इसके अलावा डीएमएफ मद के तहत निर्माण कार्यों की भी क्रमवार समीक्षा करते हुए जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। बैठक में कलेक्टर ने एग्रीस्टैक और गिरदावरी की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने आगामी 02 अक्टूबर को सभी ग्राम पंचायतों में आयोजित होने वाली ग्रामसभा में गिरदावरी का वाचन रकबा सहित राजस्व अमलों की उपस्थिति में कराने के निर्देश दिए, ताकि किसानों द्वारा दी गई फसल का वास्तविक रकबे की जानकारी सभी को मिल सके। इस दौरान आदि कर्मयोगी अभियान के तहत सभी संबंधित विभागों को शासन के निर्देशानुसार कार्यवाही करते हुए पोर्टल में ऑनलाइन एंट्री करने के भी निर्देश दिए। इसके अलावा ई-ऑफिस के माध्यम से सभी फाईलों को मूवमेंट स्वयं करने और अधीनस्थ कार्यालयों को इस आशय के निर्देश जारी करने के लिए कहा। इसी तरह उन्होंने एलडब्ल्यूई सर्वे, नियद नेल्लानार योजनांतर्गत सर्वे, सामाजिक अंकेक्षण, पीएम किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना के अलावा पोषण पुनर्वास केन्द्र की स्थिति और अंधत्व निवारण कार्यक्रम के अलावा विभिन्न एजेण्डों की प्रगति की भी साप्ताहिक समीक्षा की। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर द्वय श्री जितेन्द्र कुमार कुर्रे एवं श्री ए.एस. पैकरा सहित अनुविभागीय अधिकारी तथा जिला स्तर के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने आज समय-सीमा की साप्ताहिक बैठक लेकर विभिन्न विभागों में लंबित, अपूर्ण एवं अप्रारंभ निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने बस्तर विकास प्राधिकरण के तहत स्वीकृत कार्यों का निर्माण अब तक अपूर्ण एवं लंबित होने पर नाराजगी जाहिर करते हुए इन्हें शीघ्रता से पूरा करने हेतु निर्देशित किया।
जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आज सुबह 10.30 बजे से आयोजित समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि ऐसे निर्माण कार्य जो काफी समय से लंबित हैं, उन्हें निरस्त करने की कार्यवाही तत्काल करें। उन्होंने आंगनबाड़ी भवन और पीडीएस सेंटर निर्माण कार्यों में भी उपरोक्तानुसार कार्यवाही करने हेतु संबंधित जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया। इसके अलावा डीएमएफ मद के तहत निर्माण कार्यों की भी क्रमवार समीक्षा करते हुए जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। बैठक में कलेक्टर ने एग्रीस्टैक और गिरदावरी की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने आगामी 02 अक्टूबर को सभी ग्राम पंचायतों में आयोजित होने वाली ग्रामसभा में गिरदावरी का वाचन रकबा सहित राजस्व अमलों की उपस्थिति में कराने के निर्देश दिए, ताकि किसानों द्वारा दी गई फसल का वास्तविक रकबे की जानकारी सभी को मिल सके। इस दौरान आदि कर्मयोगी अभियान के तहत सभी संबंधित विभागों को शासन के निर्देशानुसार कार्यवाही करते हुए पोर्टल में ऑनलाइन एंट्री करने के भी निर्देश दिए। इसके अलावा ई-ऑफिस के माध्यम से सभी फाईलों को मूवमेंट स्वयं करने और अधीनस्थ कार्यालयों को इस आशय के निर्देश जारी करने के लिए कहा। इसी तरह उन्होंने एलडब्ल्यूई सर्वे, नियद नेल्लानार योजनांतर्गत सर्वे, सामाजिक अंकेक्षण, पीएम किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना के अलावा पोषण पुनर्वास केन्द्र की स्थिति और अंधत्व निवारण कार्यक्रम के अलावा विभिन्न एजेण्डों की प्रगति की भी साप्ताहिक समीक्षा की। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर द्वय श्री जितेन्द्र कुमार कुर्रे एवं श्री ए.एस. पैकरा सहित अनुविभागीय अधिकारी तथा जिला स्तर के अधिकारी उपस्थित रहे।
दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने कार्यपालिक दण्डाधिकारी नियुक्त
कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने विजयादशमी दशहरा पर्व पर रावण दहन पश्चात मॉ दुर्गा प्रतिमा, ज्योत कलश और जंवारा विसर्जन के अवसर पर यथोचित कानून एवं लोक शांति सुरक्षा व्यवस्था बनाये रखने के लिए कार्यपालिक दण्डाधिकारियों की ड्यूटी लगाई है।
जारी आदेशानुसार आदर्श नगर, शीतलापारा, शिवनगर, भण्डारीपारा, संजय नगर, श्रीरामनगर, आमापारा, बीटीआई मार्ग की दुर्गा प्रतिमाओं एवं मरादेव तालाब मार्ग की झांकी शोभायात्रा सहित नरहरदेव हाईस्कूल खेल मैदान एवं अलबेलापारा तालाब विसर्जन स्थल के लिए नायब तहसीलदार कांकेर श्री अभिषेक देवांगन की ड्यूटी लगाई गई है। इसी प्रकार सिंगारभाठ, बरदेभाठा, कोदाभाठ, लट्टीपारा, शांति नगर, एमजी वार्ड टिकरापारा, नया बस स्टैण्ड, मेलाभाठा के मॉ दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन हेतु निकलने वाले झांकियों के साथ व मेलाभाठा में रावण दहन स्थल हेतु तहसीलदार कांकेर श्री पुष्पराज पात्र की ड्यूटी लगाई गई है।
अलबेलापारा तालाब में विसर्जित होने वाली समस्त दुर्गा प्रतिमाओं, शोभा यात्रा के साथ पुराना बस स्टैण्ड, मस्जिद चौक, राजापारा, सुभाष वार्ड, सिंधी धर्मशाला मार्ग, मांझापारा आदि मुख्य मार्ग सहित कोमलदेव अस्पताल से मस्जिद चौक तक के लिए तहसीलदार सरोना श्री मोहित कुमार साहू तथा अलबेलापारा तालाब में विसर्जित होने वाली समस्त दुर्गा प्रतिमाओं, शोभा यात्रा के साथ घड़ी चौक, अलबेलापारा, सेन चौक, माहुरबंदपारा, जवाहर वार्ड, अन्नपूर्णापारा, ऊपर-नीचे रोड आदि मुख्य मार्ग सहित अलबेलापारा तालाब मस्जिद चौक के पास से कलेक्टर बंगला घड़ी चौक तक के लिए नायब तहसीलदार कांकेर श्रीमती दुर्गावती कूजूर और घड़ी चौक से गोविन्दपुर एवं मुख्य मार्ग रावण दहन एवं समारोह स्थल नरहरदेव हाईस्कूल खेल मैदान तक नायब तहसीलदार सरोना श्री संजय राय की ड्यूटी लगाई गई है।
अपर कलेक्टर एवं अनुविभागीय दण्डाधिकारी श्री अरूण कुमार वर्मा सम्पूर्ण कानून व्यवस्था के प्रभार पर रहेंगे।
अग्निवीर थल सेना भर्ती हेतु निःशुल्क शारीरिक दक्षता प्रशिक्षण हेतु पंजीयन 01 अक्टूबर तक
उतर बस्तर कांकेर 29 सितंबर 2025
भारतीय थल सेना में अग्निवीर भर्ती लिखित परीक्षा उत्तीर्ण आवेदकों को जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र कोड़ेजुंगा कांकेर में शारीरिक दक्षता की तैयारी हेतु निःशुल्क प्रशिक्षण का आयोजन किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि जिले के आवेदक जिन्हांने लिखित परीक्षा उत्तीर्ण किया है, वे 01 अक्टूबर तक जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र में कार्यालयीन समय में उपस्थित होकर अपना पंजीयन करा सकते हैं, ताकि निःशुल्क प्रशिक्षण का आयोजन जल्द से जल्द प्रारंभ किया जा सके। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र से संपर्क कर अथवा मोबाईल नंबर +91-9425516268, +91-6265087948, +91-9407761305, +91-7587183056 पर कॉल करके अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।
प्रतिमा विसर्जन एवं दशहरा उत्सव के आयोजन को लेकर शांति समिति की बैठक हुई
कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने की गई अपील
उतर बस्तर कांकेर 29 सितंबर 2025
नवरात्रि पर्व उपरांत मॉ दुर्गा का प्रतिमा विसर्जन तथा दशहरा पर्व के सफल आयोजन को लेकर आज जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई, जिसमें कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में चर्चा की गई। बैठक में नगरपालिका परिषद के अध्यक्ष श्री अरूण कौशिक तथा अपर कलेक्टर श्री जितेन्द्र कुमार कुर्रे उपस्थित थे।
जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आज दोपहर आहूत बैठक में मूर्ति विसर्जन के स्थल चयन एवं रूट चार्ट की जानकारी दी गई। अपर कलेक्टर ने सभी आयोजन समिति के पदाधिकारियों की सूची उपलब्ध कराने के लिए कहा। साथ ही ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग उच्चतम न्यायालय और नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल द्वारा निर्धारित मापदंड अनुसार किए जाने के बारे जानकारी दी। बैठक में एडिशनल एसपी श्री दिनेश कुमार सिन्हा ने बताया कि शहर में इस दौरान पुलिस के उच्चाधिकारियों की तैनाती चिन्हांकित चौक-चौराहों पर की जाएगी तथा छोटे-बड़े वाहनों के आवागमन हेतु रूट चार्ट एवं वाहन पार्किंग का निर्धारण प्रशासन एवं पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से किया जाएगा। इसके अलावा मूर्ति विसर्जन के दौरान विद्युत विभाग, परिवहन, लोक निर्माण सहित अन्य विभागों के परस्पर सहयोग से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ नागरिकों ने भी अपने सुझाव देते हुए नगर की ऐतिहासिक गरिमा के अनुरूप मूर्ति विसर्जन और दशहरा उत्सव आयोजित करने के संबंध में चर्चा की। शहर के विभिन्न मार्गों में बारिश के दौरान बन चुके गड्ढों की फिलिंग कराने कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया गया। एसडीएम कांकेर श्री अरूण वर्मा ने डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्र का उपयोग करने के लिए दुर्गोत्सव समितियों को निर्धारित प्रारूप में अनुमति लेने की बात कही तथा नियमों का पालन करने पर जोर दिया। बताया गया कि रावण पुतला दहन कांकेर शहर के शासकीय नरहरदेव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के मैदान और मेलाभाठा में किया जाएगा। पुतला दहन निर्धारित समयानुसार सम्पन्न कराने की समझाइश आयोजकों को दी गई। इसके अलावा अन्य बिंदुओं पर सकारात्मक चर्चा की गई। बैठक में विभिन्न आयोजन समिति के पदाधिकारी, पार्षदगण तथा वरिष्ठ नागरिकगण मौजूद थे।
कांकेर में मुठभेड़: 3 नक्सली ढेर, ऑपरेशन जारी...
कांकेर । कांकेर जिले में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच रविवार सुबह भीषण मुठभेड़ हुई। यह मुठभेड़ छत्तीसगढ़ के कांकेर, धमतरी और ओडिशा की सीमा से सटे जंगल में चल रही है। पुलिस को नक्सलियों की गतिविधियों की गुप्त सूचना मिली थी जिसके आधार पर सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम सर्च ऑपरेशन के लिए रवाना हुई थी।
इस दौरान जंगल में घात लगाए बैठे नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी जिसका सुरक्षाबलों ने मुंहतोड़ जवाब दिया। मुठभेड़ में अब तक तीन नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं जिनके पास से हथियार और अन्य नक्सली सामग्री भी जब्त की गई है। कांकेर के पुलिस अधीक्षक ने मुठभेड़ और नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि की है।
रेडक्रॉस सोसाइटी से मरीज को मिली 15 हजार रुपए की आर्थिक सहायता
उतर बस्तर कांकेर । इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी कांकेर द्वारा कलेक्टर एवं अध्यक्ष निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा पदेन सचिव डॉ. आर.सी. ठाकुर के मार्गदर्शन पर आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
प्राप्त जानकारी अनुसार संजयनगर कांकेर निवासी सुरेन्द्र निर्मलकर जो गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करते हैं और विगत दो वर्षों से स्लीप डिस्क की बीमारी से पीड़ित हैं, ने उपचार हेतु आर्थिक सहायता की मांग की थी। इलाज के खर्च वहन करने में असमर्थ होने पर उन्होंने रेडक्रॉस सोसाइटी से मदद की गुहार लगाई थी। कलेक्टर एवं अध्यक्ष श्री क्षीरसागर ने सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें 15 हजार रुपए की सहायता राशि जारी करने के निर्देश दिए। स्वीकृति पश्चात यह राशि रेडक्रॉस जिला संगठक पवन सेन को जारी की गई। इस दौरान श्री राज भारती, अनुपम जोफर आदि की मौजूदगी में सहायता राशि का चेक मरीज श्री सुरेन्द्र निर्मलकर को सौंपा गया।
स्ट्रीट फूड वेंडर्स व खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, खाद्य सुरक्षा को लेकर दी समझाइश
उतर बस्तर कांकेर । लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग छत्तीसगढ़ एवं नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार जिले में विशेष जांच एवं जागरूकता अभियान चलाकर कांकेर व अंतागढ़ क्षेत्र में स्थित स्ट्रीट फूड वेंडर्स, खाद्य परोसने वाले संस्थान, रेस्टोरेंट, ढाबा एवं होटलों का निरीक्षण किया गया।
खाद्य नियंत्रक एवं औषधि प्रशासन से प्राप्त जानकारी अनुसार खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों को समझाइश दी गई। इनमें अखबारी कागज का उपयोग, बासी खाद्य पदार्थों का उपयोग, परोसे जाने वाले पानी की गुणवत्ता, वेज-नॉन वेज को एक ही कंटेनर में रखना तथा खाद्य पदार्थों की अस्वच्छ हैंडलिंग जैसी गड़बड़ियां इस दौरान मिलीं।
इसके अलावा आम जनता को सुरक्षित खाद्य पदार्थों के उपयोग एवं अस्वच्छ खाद्य के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। अभियान के तहत 10 खाद्य नमूने जांच हेतु लिए गए तथा 40 से अधिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
उन्होंने बताया कि चलित प्रयोगशाला वाहन के माध्यम से जिले के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों में निरीक्षण कर आम जनता व खाद्य कारोबारियों को जागरूक भी किया जा रहा है। मौके पर 97 से अधिक खाद्य नमूनों की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान कुछ फर्मों से अवमानक खाद्य पदार्थों को नष्ट कराया गया तथा जिन प्रतिष्ठानों में कमियां पाई गईं उन्हें सुधार हेतु सख्त निर्देश दिए गए। विभाग द्वारा यह अभियान आगामी दिनों में भी जारी रहेगा, जिससे जिले में खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
नक्सल पीड़ित प्रकरणों में सहायता राशि की स्वीकृति
उत्तर बस्तर कांकेर। कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला स्तरीय नक्सल पीड़ित पुनर्वास कमेटी की बैठक आयोजित की गई, जिसमें नक्सली हत्या के प्रकरणों में आश्रितों को अनुकम्पा नियुक्ति, नक्सली आगजनी में संपत्ति नुकसान पर क्षतिपूर्ति, आत्म समर्पित नक्सलियों को प्रोत्साहन राशि जैसे प्रकरणों पर विचार किया गया एवं कार्योत्तर स्वीकृति दी गई।
नक्सली आगजनी में आवेदक देवदास पिता श्री चीर सिंह साहू ग्राम कुरूद जिला दुर्ग भिलाई के वाहन एजाक्स मिक्चर मशीन सीजी 07 सीजी 0112 को जो थाना परतापुर अंतर्गत ग्राम गोटॉज गट्टाकाल रोड निर्माण में लगा हुआ था, जिसे नक्सलियों द्वारा जला दिया गया था, जिसकी क्षतिपूर्ति राशि 06 लाख रूपए की कार्योत्तर स्वीकृति का अनुमोदन किया गया। इसी प्रकार नक्सली आगजनी में आवेदक लाल सिंह यादव पिता हरिसिंह यादव निवासी बसन्तपुर जिला राजनांदगांव का वाहन क्रमांक शिप्टर ट्रक सीजी 07 एमबी 7788 जो थाना छोटेबेठिया अंतर्गत सितरम पहुंच रोड निर्माण में लगा था, को जलाये जाने के कारण क्षतिपूर्ति राशि 06 लाख रूपए की कार्योत्तर स्वीकृति का अनुमोदन किया गया ।
नक्सल पीड़ित पुनर्वास समिति की बैठक में नक्सली हत्या के 14 प्रकरणों में 12 आवेदकों को अनुकम्पा नियुक्ति के लिए पात्र पाए गए, एक प्रकरण में अर्हताधारी को नाबालिग और एक प्रकरण में शैक्षणिक योग्यता में छूट से संबंधित आवेदन करना पाया गया, जिस पर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। आत्म समर्पित नक्सलियों के प्रोत्साहन राशि अंतर्गत 03 आत्म समर्पित नक्सलियों को घोषित ईनाम की कुल राशि 11 लाख रूपए के लिए बजट आबंटन की मांग की गई तथा 13 आत्म समर्पित नक्सलियों को तत्काल 06 लाख 50 हजार रूपए की प्रोत्साहन राशि भुगतान किए जाने के कारण उक्त राशि के समायोजन के लिए पत्र प्रेषित किया गया। इसके अलावा 04 आत्म समर्पित नक्सलियों को घोषित ईनाम की राशि 08 लाख रूपए के लिए बजट की मांग हेतु शासन को पत्र प्रेषित करने का निर्णय लिया गया। बैठक में नक्सली हत्या के लंबित 17 प्रकरणों में 08 नाबालिग मुख्य आश्रितों एवं विधिक वारिसों को छोड़कर शेष 09 प्रकरणों का प्राथमिकता के साथ निराकरण हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
नशामुक्त भारत अभियान : मैराथन दौड़ को विधायक नेताम ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
उत्तर बस्तर कांकेर। सेवा पखवाड़ा 2025 के तहत नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत आज नरहरदेव शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय प्रांगण में मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कांकेर विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री आशाराम नेताम ने हरी झंडी दिखाकर धावकों को रवाना किया, जिसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
दौड़ दो वर्गों में आयोजित हुई पुरुष वर्ग की दौड़ नरहरदेव विद्यालय से प्रारंभ होकर घड़ी चौक, नया बस स्टैंड, मस्जिद चौक होते हुए पुनः विद्यालय प्रांगण में समाप्त हुई। बालिका वर्ग की दौड़ विद्यालय से प्रारंभ होकर मस्जिद चौक, पुराना बस स्टैंड होकर पुनः विद्यालय प्रांगण में संपन्न हुई।
इस अवसर पर कांकेर विधायक श्री नेताम ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए युवाओं को नशा त्यागने और इस सामाजिक बुराई से दूर रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि नशा किसी भी रूप में कैंसर से भी अधिक खतरनाक है। इससे दूर रहकर शिक्षा, खेल और रोजगार की दिशा में भविष्य संवारने आगे आना होगा। उन्होंने मैराथन में शामिल सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और विजेताओं को शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष श्री भरत मटियारा ने युवाओं को नशे से दूर रहकर देश के विकास में योगदान देने की बात कही। नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरुण कौशिक ने भी अपने संबोधन में नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए सभी को प्रेरित किया।
ये रहे मैराथन के विजेता :
पुरुष वर्ग प्रथम स्थान – चम्पेश मरकाम (पुरस्कार ₹2001, मेडल व प्रशस्ति पत्र),द्वितीय स्थान – गुलाब मरकाम (₹1001, मेडल व प्रशस्ति पत्र), तृतीय स्थान – दसी राम (₹501, मेडल व प्रशस्ति पत्र) इसी तरह महिला में वर्ग प्रथम स्थान – निकेश्वरी तारम (₹2001, मेडल व प्रशस्ति पत्र), द्वितीय स्थान – अनिशा तेता (₹1001, मेडल व प्रशस्ति पत्र), तृतीय स्थान – सनीमा नुरेटी (₹501, मेडल व प्रशस्ति पत्र) शेष 7-7 छात्रों को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
कार्यक्रम में नगरपालिका उपाध्यक्ष श्री उत्तम यादव, नागरिक श्री महेश जैन, एसडीएम कांकेर श्री अरुण वर्मा, समाज कल्याण विभाग की उपसंचालक श्रीमती क्षमा शर्मा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी श्री आर. सी. ठाकुर, जिला शिक्षा अधिकारी श्री रमेश निषाद, क्रीड़ा अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे ।
गेंदा फूल की खुशबू से महक रहा महिलाओं का जीवन
उत्तर बस्तर कांकेर। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के स्व-सहायता समूह की महिलाएं गेंदा फूल की खेती कर आजीविका संवर्धन कर आय अर्जन कर रही हैं। कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेश मण्डावी के मार्गदर्शन में जिले के महिला स्व-सहायता समूह को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत बैंक लिंकेज कर लोन के रूप में राशि प्राप्त कर गेंदा फूल की खेती करने का कार्य प्रारंभ किया है। इस संबंध में बताया गया कि उन्नत खेती करने हेतु माह मई-जून में उद्यानिकी विभाग से समन्वय कर 50 से 55 महिलाओं को प्रशिक्षण प्रदाय किया।
कांकेर विकासखंड के ग्राम पीढ़ापाल से रामरहीम स्व-सहायता समूह, भीरावाही से जय अम्बे , ग्राम कोकपुर से मां दंतेश्वरी समूह, मुरडोगरी से पूजा समूह, किरगोली से सरस्वती समूह एवं बारदेवरी से जय अम्बे स्व-सहायता समूह की महिलाएं बाड़ी में 10-20 डिसमिल करके कुल 01 एकड़ में 17600 पौधे लगाए गए हैं। वहीं अब 2700 पौधा 50 डिसमिल में अतिरिक्त पौधे रोपित किए गए हैं।
मुरडोगरी से पूजा स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष श्रीमती जगबती ने बताया कि 20 से 30 डिसमिल में गेंदा फूल की खेती प्रारंभ की है, जिसमें फूल की 69 किलो उपज प्राप्त हुई, जिसे 60-70 रूपये प्रति किलो विक्रय कर अनुमानित 4000-5000 रूपये विक्रय कर महिलाओं ने आय अर्जित की। इस तरह आजीविका गतिविधि प्रारंभ कर वे स्वयं से आर्थिक मजबूत बन रही हैं और अन्य महिलाओं को रोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बना रहीं हैं। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के स्व-सहायता समूह की महिलाओं की यह पहल अन्य ग्रामीण महिलाओं के लिए एक मिसाल बनकर उभर रही है। वे गृह कार्य के साथ-साथ रोजगार उन्मूलन कर परिवार को आर्थिक रूप से सशक्त बना रही हैं।
जिला सीईओ श्री मंडावी ने बताया कि 18 सितम्बर से 35 महिलाओं को गेंदा फूल की खेती करने का आरसेटी में प्रशिक्षण दिया जाएगा जिससे वे नयी तकनीकी को अपनाकर उन्नत खेती कर सकेंगी और भविष्य में अन्य जिलों में विक्रय करने उत्पादन को बढ़ाने प्रयास किए जाएंगे।
नियद नेल्लानार योजना के तहत ग्रामों में मूलभूत सुविधाओं में विस्तार करें : कलेक्टर
उत्तर बस्तर कांकेर । कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर की अध्यक्षता में आज समय-सीमा की साप्ताहिक बैठक आयोजित की गई, जिसमें उन्होंने लंबित प्रकरणों की विभागवार प्रगति की समीक्षा की। बैठक में कलेक्टर ने नियद नेल्लानार योजना तथा एलडब्ल्यूई सर्वे के तहत आने वाले ग्रामों में शत-प्रतिशत मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने इन गांवों में निवासरत परिवारों को मनरेगा जॉब कार्ड, प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत बैंक खाते खोलने, पीएम किसान योजना के तहत पंजीयन कराने तथा सभी के आधार, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड आदि की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
आज सुबह 10.30 बजे कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने कहा कि नियद नेल्लानार योजना तथा एलडब्ल्यूई के तहत आने वाले ग्रामीणों को प्राथमिकता से योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। इसके लिए संबंधित विभागीय जिला अधिकारी और जनपद पंचायत के सीईओ इसे गंभीरता से लें। उन्होंने इन क्षेत्रों में भवनविहीन 16 प्राथमिक शालाओं के लिए भवन डीएमएफ मद से स्वीकृत करने हेतु जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया। कलेक्टर ने ‘लक्ष्य’ अभियान के तहत जिले के विद्यार्थियों को जोड़ते हुए उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाने और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता दिलाने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया। इसके अलावा स्कूलों में विद्यार्थियों के जाति प्रमाण पत्र बनवाने में तेजी लाने के निर्देश डीईओ एवं सभी एसडीएम को दिए। इसी तरह उत्कृष्ट शालाओं को उनकी गरिमा के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए विशेष प्रयास करने हेतु निर्देशित किया। कलेक्टर ने भानुप्रतापपुर तथा पखांजूर क्षेत्र के सभी संवेदनशील ग्रामों में विद्युतीकरण के लिए कार्यपालन अभियंता विद्युत को निर्देशित किया। साथ ही इन गांवों में कैम्प लगाकर ग्रामीणों के खाते खोलने के निर्देश लीड बैंक मैनेजर को दिए।
बैठक में कलेक्टर ने आंगनबाड़ी भवन निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि जिन भवनों का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है, उनका पूर्णता प्रमाण पत्र प्राप्त कर वहां आंगनबाड़ी संचालित करें तथा स्वीकृति के बावजूद 4-5 साल से लंबित निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हुआ ऐसे कार्यों को तत्काल निरस्त करने के निर्देश जिला पंचायत सीईओ और जिला कार्यक्रम अधिकारी को दिए। कलेक्टर ने जिले के सभी स्वास्थ्य केन्द्रों में स्टॉफ समय पर पहुंचे, इसके लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को लगातार मॉनिटरिंग करने और जीवनदीप समिति की राशि का उपयोग अस्पताल की सुविधाओं में विस्तार करने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने सभी विभाग के अधिकारियों को योजनावार एक ही खाता संधारित करने के लिए निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने ई-ऑफिस के तहत सभी कार्यालयों में पत्राचार और नोटशीट ऑनलाइन माध्यम से ही प्रस्तुत करने तथा सभी अधीनस्थ कार्यालयों को इसका कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने विभागवार लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए शीघ्रता से गुणवत्तापूर्ण ढंग से उनका निराकरण करने हेतु निर्देशित किया। इस अवसर पर डीएफओ भानुप्रतापपुर हेमचंद पहारे, जिला पंचायत के सीईओ हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर द्वय जितेन्द्र कुमार कुर्रे एवं ए.एस. पैकरा सहित सभी अनुविभागीय अधिकारी और जिला स्तर के अधिकारीगण मौजूद थे।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की नई पहल : ‘दीदी के गोठ’ रेडियो कार्यक्रम प्रारंभ
दीदी के गोठ रेडियो कार्यक्रम सरकार की अभिनव पहल, दीदीयों को मिलेगी प्रेरणा - श्री नेताम
उत्तर बस्तर कांकेर, 31 अगस्त 2025
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘‘बिहान’’ के अंतर्गत विशेष रेडियो कार्यक्रम ‘‘दीदी के गोठ’’ का प्रसारण आज से शुरू हो गया है। यह कार्यक्रम आकाशवाणी रायपुर केन्द्र सहित प्रदेश के सभी आकाशवाणी केन्द्रों से एक साथ प्रसारित किया गया। ‘‘दीदी के गोठ’’ रेडियो कार्यक्रम में केन्द्रीय पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा का शुभकामना संदेश के साथ ‘‘बिहान’’ योजना के दीदीयों की सफलता की कहानी उन्हीं के जुबानी में सुनाई गई। नारायणपुर जिले के ओरछा विकासखण्ड के ग्राम पंचायत कच्चापाल के आश्रित ग्राम इरकभट्टी के लखपति दीदी श्रीमती संताय पोटाई और बस्तर जिले दरभा के लखपति दीदी बनकला कश्यप ने बिहान योजना के अंतर्गत स्वसहायता समूह से जुड़ने के बाद आजीविका संवर्धन में मिली उपलब्धि की कहानी अपनी जुबानी बताई। स्वसहायता समूह से जुड़ने के बाद अपनी आर्थिक आमदनी को विस्तार से बताया। दीदी के गोठ रेडियो कार्यक्रम प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को दोपहर 12.15 बजे नियमित रूप से प्रसारित की जाएगी।
‘‘दीदी के गोठ’’ रेडियो कार्यक्रम को सुनने के लिए जिला पंचायत कांकेर के सभाकक्ष में विशेष व्यवस्था की गई थी। क्षेत्रीय विधायक श्री आशाराम नेताम, जिला पंचायत के उपाध्यक्ष श्रीमती तारा ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य सुश्री मृदुला भास्कर, जिला पंचायत सीईओ श्री हरेश मंडावी सहित जनप्रतिनिधि व स्व-सहायता समूह की दीदींयां बड़ी संख्या में मौजूद थीं। स्व-सहायता समूह की दीदीयों को संबोधित करते हुए विधायक श्री नेताम ने कहा कि सरकार द्वारा शुरू की गई दीदी के गोठ रेडियो कार्यक्रम अभिनव पहल है, इससे स्व-सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को नई दिशा व प्रेरणा मिलेगी। वे अपने कार्य को नई ऊर्जा के साथ करते हुए आत्मनिर्भर बनेंगे। लखपति दीदी उससे भी आगे की आमदनी को प्राप्त करने के बारे में मेहनत करें। विभिन्न व्यवसाय जैसे-मछली पालन, बकरी पालन, मुर्गी पालन के साथ ही अन्य लाभकारी व्यवसाय और आधुनिक खेती में भी सामूहिक रूप से कार्य करते हुए लाभ कमाया जा सकता है। महिलाएं जब आत्मनिर्भर होती हैं तो परिवार को भी एक नया ताकत मिलता है। ईर्ष्या-द्वेष से दूर रहकर सामूहिक भावना से साथ कार्य करते हुए अपनी मंजिल को प्राप्त करें और कांकेर जिले का नाम रोशन करें। श्री नेताम ने गांव को स्वच्छ और सुन्दर बनाने की अपील भी किया। कार्यक्रम को जिला पंचायत के उपाध्यक्ष श्रीमती तारा ठाकुर और सीईओ हरेश मंडावी ने भी संबोधित किया।
फिट इंडिया के तहत नगर में निकाली गई सायकल रैली
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी हुए सम्मानित
उत्तर बस्तर कांकेर, 31 अगस्त 2025
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के फिट इंडिया मूवमेंट और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशानुसार स्वस्थ एवं फिट समाज की दिशा में हो रहे प्रयासों के तहत आज जिला मुख्यालय कांकेर में फिट इंडिया साइकिल रैली का आयोजन खेल एवं युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में किया गया। रैली नरहरदेव पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कांकेर से प्रारंभ होकर पुराने बस स्टैण्ड होते हुए पुनः विद्यालय के खेल मैदान में सम्पन्न हुई। रैली को जिला शिक्षा अधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस तरह तीन दिवसीय कार्यक्रम का आज समापन हुआ।
इस दौरान पहले दिन आउटडोर प्रतियोगिताएं (रिले-रेस, फुटबॉल, हॉकी एवं वॉलीबॉल), दूसरे दिन इनडोर खेल (कैरम, शतरंज, फुगड़ी, बैडमिंटन, रस्साखीच एवं कुर्सी दौड़) तथा तीसरे और अंतिम दिन सद्भावना साइकिल रैली का आयोजन किया गया। नरहरदेव स्कूल प्रांगण के डोम में समापन अवसर पर विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मेडल और मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रभारी खेल अधिकारी श्री संजय जैन सहित स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारी कर्मचारी, खिलाड़ी , एनसीसी, स्काउट कैडेट्स सहित विभिन्न विद्यालय, महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने काफी संख्या में सायकल रैली में हिस्सा लिया।
कांकेर जिले में नया पर्यटन केन्द्र बनकर उभर रहा ‘धारपारूम’
रायपुर, अगस्त 2025


प्राकृतिक सौंदर्य और नैसर्गिक खूबसूरती से परिपूर्ण कांकेर जिले में पर्यटन के क्षेत्र में अपार संभावनाएं विद्यमान हैं। जिले की पहाड़ियों और वनों के बीच अनेक ऐसे स्थान स्थित हैं, जो अपनी अनूठी प्राकृतिक विशेषताओं से सैलानियों को आकर्षित करने की क्षमता रखते हैं। इन्हीं स्थलों में से एक नया पर्यटन स्थल ‘धारपारूम’ है, जो अपनी मनोरम घाटियों, व्यू प्वॉइंट, प्राकृतिक झरने और गुफाओं के कारण पर्यटकों की पहली पसंद बनता जा रहा है।
कांकेर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पीढ़ापाल के समीप स्थित धारपारूम, जिला मुख्यालय से लगभग 25 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। पहाड़ियों से घिरा यह क्षेत्र प्राकृतिक छटा से परिपूर्ण है। यहां घाटीनुमा संरचना के साथ-साथ प्राकृतिक झरना, गुफा तथा पुरातात्विक महत्व के शैलचित्र भी देखने को मिलते हैं। वर्तमान में इस स्थल का संचालन एवं प्रबंधन सामुदायिक स्तर पर ग्रामीणों द्वारा किया जा रहा है। ग्रामीणों की सहभागिता से यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में सैलानी पहुंच रहे हैं।
कलेक्टर श्री निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेश मंडावी ने धारपारूम क्षेत्र का अवलोकन करने के बाद इसे नवीन पर्यटन केन्द्र के रूप में विकसित करने की दिशा में पहल करने की बात कही है। उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा कर क्षेत्र की पृष्ठभूमि एवं ऐतिहासिक महत्व की जानकारी भी प्राप्त की।
गौरतलब है कि हाल ही में कुछ मीडिया प्रतिनिधियों द्वारा इस क्षेत्र का भ्रमण कर इसके दृश्य सोशल मीडिया पर साझा किए गए, जिसके बाद यहां पर्यटकों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। सैलानियों का मानना है कि धारपारूम को केशकाल के टाटामारी से भी बड़ा हिल प्लेस के रूप में विकसित किया जा सकता है। धारपारूम का प्राकृतिक वैभव और इसकी अनुपम भौगोलिक संरचना इसे कांकेर जिले का उभरता हुआ पर्यटन स्थल बना रही है। प्रशासनिक सहयोग और ग्रामीणों की भागीदारी से यह क्षेत्र निकट भविष्य में जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों में अपनी विशिष्ट पहचान बनायेगा।
आदि कर्मयोगी अभियान’’ के संबंध में मीडिया को दी जानकारी
कांकेर । कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने आज प्रेसवार्ता लेकर शासन द्वारा शुरू की गई ‘आदि कर्मयोगी अभियान’ के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान के अंतर्गत जिले के 552 जनजातीय बाहुल्य ग्राम शामिल हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 02 अक्टूबर 2024 को धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान का शुभारंभ किया था, इसका प्रमुख उद्देश्य अनुसूचित जनजातियों के विकास एवं कल्याण से जुड़े विभिन्न योजनाओं की संतृप्ति सुनिश्चित करना है। इसी क्रम में भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा 10 जुलाई 2025 को ’आदि कर्मयोगी अभियान का शुभारंभ किया गया है। जिसकी परिकल्पना विश्व के सबसे बड़े जनजाति नेतृत्व आंदोलन के रूप में की गई है। यह अभियान बहु-विभागीय समन्वय और सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से लागू किया जा रहा है।
कलेक्टर ने बताया कि आदि कर्मयोगी अभियान के अंतर्गत कांकेर जिले के 552 जनजातीय बाहुल्य ग्राम शामिल किए गए हैं। अभियान के तहत् जिला स्तर एवं ब्लॉक स्तर पर ट्रेनर तथा ग्राम स्तर पर कैडर जैसे- अशासकीय संस्थाएं, स्व-सहायता समूह, पंचायत सचिव, युवा, पंच, फ्रंटलाईन कर्मचारी एवं सेवाभावी संगठन एवं स्वयंसेवक तैयार किए जाएंगे।
ये सभी जिले के आदिवासी बाहुल्य ग्रामों में विभिन्न योजनाओं जैसे- धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, पीएम जनमन योजना, मूलभूत सुविधाएं जैसे- आवास, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार आदि के क्रियान्वयन, उपलब्धता एवं संतृप्तिकरण तथा भविष्य में आदिवासी ग्रामों के विकास हेतु ग्राम स्तर पर योजना तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेंगे।
इस अभियान के तहत् लाइन विभागों- वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, स्कूल शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग इत्यादि के साथ आदि कर्मयोगी अभियान पर उन्मुखीकरण एवं क्रियान्वयन हेतु आवश्यक पहल की जा रही है। अभियान अंतर्गत चिन्हांकित प्रत्येक ग्राम में ’आदि सेवा केन्द्र’ की स्थापना किया जाना है, इस सेवा केन्द्र से विभिन्न शासकीय सेवाओं को प्रदान किया जाएगा एवं विचार-विमर्श हेतु ग्राम सभा की बैठक भी आयोजित की जाएगी।
अभियान के अंतर्गत ’सेवा पर्व एवं आदि कर्मयोगी सेवा अभियान का आयोजन 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर 2025 तक किया जाएगा, जिसका उद्देश्य ’सेवा, समर्पण एवं सुशासन’ की भावना के साथ जमीनी स्तर के अधिकारियों-कर्मचारियों को सशक्त कर नेतृत्व क्षमता को बढ़ाना तथा ग्राम स्तर पर शासकीय सेवाओं की प्रदायगी को सशक्त करना है।
इस सोलह दिवसीय अभियान के अंतर्गत प्रत्येक चयनित ग्राम के लिए 02 अक्टूबर के पूर्व ट्रायबल विलेज विजन-2030 का निर्माण, जनभागीदारी के तहत विशेष जागरूकता अभियान, शिकायत निवारण एवं सेवा प्रदाय हेतु शिविरों का आयोजन, प्रत्येक पखवाड़े में ‘आदिवासी सेवा दिवस’ एवं प्रत्येक सप्ताह (सोमवार) ’आदिवासी सेवा हेतु निश्चय समय’ का आयोजन किया जाएगा। यह अभियान "Whole of Government Approach" पर आधारित है।
इस अभियान के लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को जिला स्तरीय नोडल अधिकारी बनाया गया है तथा प्रशिक्षण के लिए प्रभारी मंडल संयोजक कपिल भट्ट, सहायक वन संरक्षक किशोरीलाल साहू, जेंडर विशेषज्ञ खुलेश साहू, व्याख्याता संजय वस्त्राकार, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से संकाय सदस्य पंकज कुमार सिन्हा और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से राजेश हिरकने को जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स बनाया गया है। कलेक्टर क्षीरसागर ने कहा कि हम सबकी सक्रिय भागीदारी, नेतृत्व एवं समन्वय से ही इस अभियान का ध्येय ’सेवा, समर्पण एवं संकल्प प्राप्त किया जा सकेगा।
क्रेडा सी.ई.ओ. ने किया बस्तर संभाग के जिलों में स्थापित सौर संयंत्रों का औचक निरीक्षण
क्रेडा सी.ई.ओ. ने किया बस्तर संभाग के जिलों में स्थापित सौर संयंत्रों का औचक निरीक्षण, जल जीवन मिशन, सौर सुजला योजना एवं सोलर हाई मास्ट अंतर्गत स्थापित/स्थापनाधीन संयंत्रों की गुणवत्ता का किया परीक्षण“