छत्तीसगढ़ / कोंडागांव
कलेक्टर ने समय-सीमा की बैठक ली
धान खरीदी हेतु किसानों के पंजीयन शीघ्र पूर्ण करने के दिए निर्देश
कोंडागांव । कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने मंगलवार को समय सीमा की बैठक में धान खरीदी, राज्योत्सव और बस्तर ओलंपिक के तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। कलेक्टर ने बैठक में एग्रीस्टैक पोर्टल में धान खरीदी के लिए शेष किसानों का पंजीयन जल्द से जल्द पूर्ण कराने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने राज्योत्सव के तैयारियों की समीक्षा करते हुए कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाओं हेतु निर्देश देते हुए विभिन्न विभागों को विभागीय योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी की तैयारी हेतु निर्देशित किया। साथ ही बस्तर ओलंपिक के विकासखण्ड स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन हेतु सभी जनपद सीईओ को तिथि निर्धारित करते हुए अनिवार्य रूप से मेडिकल टीम की ड्यूटी लगाने सहित सभी आवश्यक तैयारी पूर्ण करने हेतु कहा गया।
कलेक्टर ने धान खरीदी के लिए किसानों के पंजीयन को पूरा कराने के साथ बारदाना की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए पीडीएस दुकानों से बारदाना संग्रहण में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजनान्तर्गत प्राप्त आवेदनों का निराकरण कर हितग्राहियों को लाभान्वित करने को कहा। कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिया कि हाई रिस्क वाले गर्भवती महिलाओं के निगरानी में लापरवाही न बरतें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गंभीरता के साथ दायित्वों का निर्वहन के निर्देश दिए और कहा कि ऐसे प्रकरणों की सतत निगरानी और समय पर आवश्यक स्वास्थ्य जांच कराएं।
कलेक्टर ने जिले के लखपति दीदियों के एफडी कराने, जीवन ज्योति योजना, आयुष्मान कार्ड योजना और सुकन्या समृद्धि जैसे योजनाओं से जोड़ने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। बैठक में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं के प्रगति और निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, डीएफओ चुड़ामणि सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
जनदर्शन में दिव्यांग मलसाय नेताम को तत्काल मिला राशन कार्ड
कोंडागांव। कलेक्टर जनदर्शन के दौरान ग्राम सोडमा निवासी मलसाय नेताम की समस्या का समाधान तत्काल कर दिया गया। मलसाय बचपन से ही दिव्यांग हैं, परंतु उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और कक्षा 10 तक की शिक्षा प्राप्त की। उनका परिवार मुख्यतः खेती पर निर्भर है। मलसाय अपने भाइयों के साथ घर के छोटे-मोटे कार्यों में सहयोग करते हैं। जनदर्शन के दौरान मलसाय ने राशन कार्ड न होने की समस्या कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना के समक्ष रखी। कलेक्टर ने तत्काल संज्ञान लेते हुए खाद्य विभाग के अधिकारी को निर्देश दिया कि उनका राशन कार्ड तुरंत तैयार कर उन्हें उपलब्ध कराएं। शासन की मंशा के अनुरूप त्वरित कार्रवाई करते हुए अधिकारियों ने मौके पर ही मलसाय नेताम को राशन कार्ड प्रदान किया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार आम नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही हैं। मुख्यमंत्री के मंशानुरूप आज मलसाय को कलेक्टर जनदर्शन में राशनकार्ड मिलने से राहत मिली है। मलसाय ने तत्काल राशन कार्ड मिलने पर प्रसन्नता शासन प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त की।
जनदर्शन में कुल 39 आवेदन प्राप्त
साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने मंगलवार को जिला मुख्यालय के सभा कक्ष में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने जनदर्शन में पहुंचे नागरिकों की बातों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का त्वरित और प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए। जनदर्शन में जिले के विभिन्न ग्रामों से आए ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और मांगें प्रस्तुत कीं।
जनदर्शन में ग्राम सोड़सिवनी निवासी रामसिंह शोढी ने हेण्ड पम्प खनन की मांग की, ग्राम बड़े ओड़ागांव निवासी सुकूराम नाग ने सीसी रोड़ की मांग की, ग्राम मगेदा निवासी बसमन नेताम ने नवीन आंगनबाड़ी केन्द्र की मांग की। इसके अलावा जनदर्शन में लगभग कुल 39 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर कलेक्टर ने विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ग्राम जड़कोंगा में पशु मेला एवं प्रदर्शनी का आयोजन
कोंडागांव, 23 अक्टूबर 2025
छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव अंतर्गत माकड़ी विकाखण्ड के ग्राम पंचायत उड़ेगा के आश्रित ग्राम जड़कोंगा में बुधवार को पशुधन विकास विभाग के तत्वावधान में पशु मेला एवं प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जनप्रतिनिधियों द्वारा गोवर्धन पूजा के साथ की गई, जिसमें गौवंश को खिचड़ी खिलाया गया तथा पारंपरिक राउत नाचा प्रस्तुति दी गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती जुगबती पोयाम, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती भगवती नेताम, जनपद सदस्य श्री पन्ना लाल नेताम, श्रीमती अनीता नेताम, श्री कृष्ण पोयाम तथा श्री अन्त जैन की गरिमामयी उपस्थिति रही।
मेला एवं प्रदर्शनी में क्षेत्र के पशुपालकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। विभाग की ओर से पशुओं की निःशुल्क जांच, टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान तथा पोषण एवं देखभाल संबंधी जानकारी प्रदान की गई। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण अंचलों में पशुपालन को प्रोत्साहित करना तथा पशुपालकों को नवीन तकनीकी जानकारी एवं व्यवसायिक मार्गदर्शन प्रदान करना रहा। कार्यक्रम के दौरान पशुपालन के महत्व पर भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का संचालन विभागीय अधिकारियों द्वारा किया गया तथा समापन अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने विभाग के कार्यों की सराहना करते हुए ग्रामीणों को पशुधन संवर्धन एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में अग्रसर होने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत उड़ेगा के सरपंच श्री सोनाराम सोरी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं पशुपालक सम्मिलित हुए। विभागीय प्रतिनिधियों में उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं, जिला कोंडागांव के डॉ. एमबी सिंह, वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी माकड़ी डॉ. सुदरन मरकाम, डॉ. पीएल ठाकुर (पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञ), डॉ. केके कोराम, डॉ. ढालेश्वरी साहू, मोबाइल पशु चिकित्सा यूनिट प्रभारी डॉ. श्याम सुंदर नाग, पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी श्री सियाराम नेताम एवं विभाग के समस्त परिचारक उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने ली समय-सीमा की बैठक
धान खरीदी और राज्योत्सव की तैयारी को लेकर दिए दिशा-निर्देश
कोंडागांव, 23 अक्टूबर 2025
कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने गुरूवार को समय सीमा की बैठक में धान खरीदी की तैयारी की विस्तृत समीक्षा की और राज्योत्सव के आयोजन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर भी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने 15 नवंबर से शुरू हो रहे धान खरीदी हेतु समुचित व्यवस्था के निर्देश देते हुए कहा कि बाहर से धान की खपत नहीं होनी चाहिए। उन्होंने धान की अवैध आवक को रोकने के लिए फील्ड स्तर पर कड़ी निगरानी हेतु समुचित तैयारी के निर्देश दिए। साथ ही राज्योत्सव के गरीमामयी आयोजन को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियों का गंभीरता के साथ निर्वहन हेतु निर्देशित किया।
कलेक्टर ने बैठक में एग्रीस्टैक पोर्टल में किसानों का पंजीयन 31 अक्टूबर तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी केन्द्रों में बारदाने की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। कलेक्टर नेे प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए योजनान्तर्गत प्राप्त आवेदनों के बैंकों को ऋण स्वीकृति हेतु लंबित प्रकरणों का जल्द से जल्द निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि हितग्राहियों को समय पर योजना का लाभ मिल सके। कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए छूटे हुए हितग्राहियों को पीएम किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाने, हितग्राहियों का आधार सीडिंग का कार्य पूर्ण करने को कहा। शिक्षा विभाग को स्कूलों में डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने हेतु पीएम ई विद्या पोर्टल से ऑनलाइन पढ़ाई पर जोर दिया। साथ शत प्रतिशत बच्चों का अपार आईडी बनाने के कार्य में प्रगति लाने हेतु सभी बीईओ को सख्त निर्देश दिए।
कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए आयुष्मान वय वंदन और आयुष्मान कार्ड में प्रगति लाने को कहा और आयुष्मान योजना अंतर्गत पंजीकृत नर्सिंग होम का नियमित निरीक्षण कर सभी आवश्यक सुविधाओं और गुणवत्ता की जांच करने के निर्देश सीएमएचओ को दिए ताकि आमजनों को निःशुल्क इलाज व्यवस्था का समुचित लाभ मिल सके। इसके अलावा राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत निःक्षय मित्र की संख्या बढ़ाने के भी निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री अविनाश भोई, अपर कलेक्टर श्री चित्रकांत चार्ली ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
प्राकृतिक आपदा पीड़ित के वारिसों को 12 लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि
कलेक्टर श्रीमती नुपुर राशि पन्ना द्वारा राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के अंतर्गत प्राकृतिक आपदा पीड़ित के 3 प्रकरणों में वारिसों को 12 लाख रुपये की आर्थिक सहायता अनुदान राशि प्रदान की गयी। कलेक्टर द्वारा माकड़ी तहसील के ग्राम सिवनी निवासी बनती की सर्पदंश से मृत्यु होने पर भाई सोनिया, सोनसाय, किर्तन, बहन खेमबती को 4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता राशि, बड़ेराजपुर तहसील के ग्राम हत्दा निवासी प्रभुलाल मरकाम की सर्पदंश से मृत्यु होने पर पत्नी रमुला मरकाम को 4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता राशि, माकड़ी तहसील के ग्राम छोटे सलना निवासी दीपक की पानी गाज गिरने से मृत्यु होने पर माता सुकली को 4 लाख रूपए आर्थिक सहायता राशि प्रदान की गयी है। उक्त स्वीकृत आर्थिक सहायता राशि सम्बन्धित वारिसों के बैंक खाते में हस्तांतरित करने के निर्देश सम्बन्धित तहसीलदारों को दिए गए हैं।
ग्रामीण व वनकर्मी की बाईक को भालू ने किया क्षतिग्रस्त
कोंडागांव । जिले के वन परिक्षेत्र मर्दापाल के मलनार-नाहकानार-चेमा गांव के जंगल में वन्य प्राणी भालू के उत्पात से ग्रामीण और वनकर्मी दहशत में हैं। यह भालू अचानक जंगल मार्ग पर आ धमका और ग्रामीणों समेत वन विभाग की टीम के वाहनों पर हमला कर उन्हें क्षतिग्रस्त कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार, जब ग्रामीण और वनकर्मी नियमित निरीक्षण के लिए जंगल की ओर जा रहे थे, तभी रास्ते में भालू उनपर झपट पड़ा। हालांकि सभी लोग किसी तरह जान बचाकर भागने में सफल रहे, परंतु भालू ने उनके वाहनों को बुरी तरह नुकसान पहुंचाया। घटना के वीडियो में भालू गाडिय़ों पर झपटते और उग्र रूप में घूमते हुए दिख रहा है।
दावा आपत्ति हेतु 23 अक्टूबर तक आवेदन आमंत्रित
कोण्डागांव, 15 अक्टूबर 2025
अनुसूचित जनजाति एवं अन्य परंपरागत वन निवासी (वन अधिकारों की मान्यता) अधिनियम 2006 व 2007 यथा संशोधित नियम 2012 के तहत् जिला स्तर पर तथा चिन्हित अनुभाग स्तर पर वन अधिकार प्रकोष्ट में जिला स्तरीय समन्वयक-01 पद (समन्वयक वन अधिकार अधिनियम) एवं एमआईएस सहायक (सहायक वन अधिकार अधिनियम) अनुभाग कोण्डागांव-01 एवं फरसगांव-01 पद की नियुक्ति किया जाएगा।
आवेदनों का चयन समिति द्वारा परीक्षण उपरांत साक्षात्कार हेतु अभ्यार्थियों के आवेदन पत्र स्क्रूटनी किया गया है। उक्त आवेदन पत्रों की पात्र-अपात्र सूची सूचना पटल पर चस्पा किया गया है। 23 अक्टूबर 2025 तक अभ्यर्थी दावा आपत्ति हेतु कार्यालय में उपस्थित होकर दावा प्रस्तुत कर सकते हैं। निर्धारित अवधि तक अभ्यावेदन प्राप्त नहीं होने की स्थिति में उक्त सूची को अंतिम रूप से मान्य किया जावेगा।
सैनिक स्कूल में प्रवेश हेतु 30 अक्टूबर तक आवेदन आमंत्रित
कोण्डागांव, 15 अक्टूबर 2025
शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए सैनिक स्कूल अम्बिकापुर में कक्षा 6वीं एवं 9वीं में प्रवेश हेतु अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा आयोजित किया जा रहा है। सैनिक स्कूल अम्बिकापुर में प्रवेश हेतु आनलाईन आवेदन, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की आधिकारिक वेबसाईट'www.nta.ac.in'या https://exams.nta.ac.in/sainik-school-society पर 30 अक्टूबर 2025 शाम 05 बजे तक आवदेन कर सकते हैं।
रजत महोत्सव पर ग्राम पंचायत सितली में आयोजन
कोंडागांव, 15 अक्टूबर 2025
ग्राम पंचायत सितली जनपद पंचायत कोंडागांव में ’त्रिस्तरीय पंचायत पदाधिकारियों का सम्मलेन एवं कार्यशाला और छत्तीसगढ़ रजत जयंती महोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें कोंडागांव विधान सभा विधायक बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सुश्री लता उसेंडी मुख्य आर्थिक रूप में शामिल हुई। कार्यक्रम में मनरेगा हितग्राही का ई केवायसी एवं बस्तर ओलम्पिक के लिए खिलाड़ियों का पंजीयन किया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्री नंदकुमार राठौर, जनपद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व पंचायतों के जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित थे। विधायक ने बस्तर ओलम्पिक में भाग लेने हेतु ग्रामवासियों को प्रोत्साहित किया और अधिक से अधिक आवेदन करने की अपील की। कार्यक्रम में सीतली, पल्ली, चिलपुटी, भोगड़ी,लेमड़ी, चिपावंड, बीरगांव अ, डोंगरीगुड़ा और पलारी से बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे, जिनको ब्लॉक स्तर अधिकारियों द्वारा शासकीय योजनाओं की जानकारी दी गई।
कोंडागांव जिला को नीति आयोग द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम पुरस्कार
“गर्भवती महिलाओं में एनीमिया की कमी लाने” विषय पर नवाचार को मिली पहचान
रायपुर, 11 अक्टूबर 2025
कोंडागांव जिले ने राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम पुरस्कार प्राप्त कर प्रदेश का मान बढ़ाया है। नीति आयोग, भारत सरकार द्वारा आयोजित “नीति फॉर स्टेपट्स’ - ‘यूज केस चैलेंज अवॉर्ड्स’ में कोंडागांव जिले को ‘स्वास्थ्य एवं पोषण’ श्रेणी में देशभर में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।
यह सम्मान जिला कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना को एलबीएसएनएए मसूरी में आयोजित समारोह में नीति आयोग के सीईओ श्री बी. वी. आर. सुब्रमण्यम और लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी के डायरेक्टर श्री श्रीराम तरणीकांति द्वारा प्रदान किया गया। यह पुरस्कार जिले द्वारा प्रस्तुत “Reducing Anaemia in Pregnant Women” (गर्भवती महिलाओं में एनीमिया की कमी लाने) संबंधी पहल के लिए दिया गया, जिसमें डेटा-आधारित विश्लेषण, नवीन हस्तक्षेप, सतत निगरानी और सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से उल्लेखनीय परिणाम प्राप्त किए गए हैं।
जिले में संचालित इस पहल के अंतर्गत गर्भवती महिलाओं में रक्ताल्पता की दर में कमी लाने के लिए स्वास्थ्य विभाग, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों का समन्वित रूप से संचालन किया गया। इस नवाचार के परिणामस्वरूप जिले में स्वास्थ्य एवं पोषण के क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया है। नीति आयोग द्वारा इस उपलब्धि को आकांक्षी जिला एवं ब्लॉक कार्यक्रम के तहत एक उत्कृष्ट उदाहरण के रूप में चयनित किया गया है।
कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने इस सम्मान को जिले की संपूर्ण टीम, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं और समुदाय के सहयोग को समर्पित करते हुए कहा कि “यह उपलब्धि कोंडागांव की टीम भावना और सामुदायिक सहभागिता का परिणाम है। हमारा उद्देश्य मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सतत सुधार लाना है।” यह सम्मान न केवल कोंडागांव जिले के लिए, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ राज्य के लिए गौरव का विषय है।
मछली पालन हेतु 30 मत्स्य कृषकों को दिया गया तकनीकी उन्नयन प्रशिक्षण
झींगा पालक कृषकों को मछली बीज वितरित की गई
कोण्डागांव, 10 अक्टूबर 2025
कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना के मार्गदर्शन में शासकीय मत्स्य बीज प्रक्षेत्र कोपाबेड़ा में तीन दिवसीय मछली पालन तकनीकी उन्नयन प्रशिक्षण दिया गया और झींगा पालक मत्स्य कृषकों को मछली बीज का वितरण किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में कृषकों को मछली पालन से संबंधित तकनीकी ज्ञान, तालाब की तैयारी, मछली बीज का चुनाव, संचयन विधि और मत्स्य आहार का उपयोग तथा प्रबंधन तकनीक के बारे में श्री योगेश कुमार देवांगन ने कृषकों को विस्तार से बताया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्वेश्य कृषकों को आधुनिक विधि से मछली पालन हेतु प्रेरित करना, उनकी आय में वृद्वि करना तथा ग्रामीण आजीविका में सुधार लाना है।
उल्लेखनीय कि छत्तीसगढ़ शासन मछली पालन विभाग द्वारा बस्तर संभाग में झींगा पालन को बढ़ावा देने के लिए झींगा पालन कार्यक्रम लागु किया गया है, जिसे पायलेट प्रोजेक्ट के रूप में संभाग के 07 जिले में लागु की गई है। इसी परिप्रेक्ष्य में कोंडागांव जिले में प्रथम चरण में चयनित 30 कृषकों को दिनांक 07 अक्टूबर से 09 अक्टूबर तक 03 दिवसीय मछली पालन तकनीकी उन्नयन प्रशिक्षण देकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में मछली बीज का वितरण किया गया।
क्या है झींगाः- झींगा जिसे सामान्य रूप से फ्रेश वाटर झींगा या चिंगड़ी या प्रान्स के नाम से जाना जाता है। अधिक कीमत और अधिक प्रोटीन होने के कारण इसका बाजार भाव औसतन अधिक 400 से 500 रू. प्रति किलो है।
इस कार्यक्रम में जिला पंचायत के उपाध्यक्ष श्री हीरासिंह नेताम, जिला पंचायत सदस्य श्री नंदलाल राठौर, जनपद अध्यक्ष कोंडागांव श्रीमती अनीता कोर्राम, जनपद उपाध्यक्ष कोंडागांव श्री टोमेन्द्र सिंह ठाकुर, जनपद सदस्य एवं कृषि सभापति कोंडागांव श्रीमती बिमला बघेल, मछली पालन विभाग के उप संचालक श्री एम0एल0 राणा, सहायक मत्स्य अधिकारी श्री योगेश कुमार देवांगन और मत्स्य निरीक्षक सुश्री अस्मिता मत्स्य निरीक्षक, सुश्री नोमेश्वरी दीवान उपस्थित रहे।
सीपीआर जागरूकता सप्ताह 13 से 17 अक्टूबर तक
जीवन रक्षक कौशल के लिए दिया जाएगा प्रशिक्षण
कोण्डागांव, 10 अक्टूबर 2025
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के सहयोग से स्वास्थ्य कर्मियों, छात्रों, सुरक्षा सेवाओं और आम जनता के बीच जीवन रक्षक कौशल के रूप में सीपीआर के महत्व एवं जागरूकता के लिए 13 से 17 अक्टूबर तक पूरे देश में सीपीआर जागरूकता सप्ताह मनाने का निर्णय लिया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी व पदेन सचिव भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी जिला कोण्डागांव से प्राप्त जानकारी के अनुसार भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा के प्रशिक्षक द्वारा भी सीपीआर का प्रशिक्षण दिया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम अनुसार 14 अक्टूबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मर्दापाल में प्रातः 12 बजे से, 15 अक्टूबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र फरसगांव में दोपहर 02 बजे से और 16 अक्टूबर को पुलिस विभाग कोण्डागांव, पुलिस लाईन में प्रातः 11 बजे से प्रशिक्षण दिया जाएगा।
राज्यपाल श्री डेका को मड़ानार स्कूल के बच्चों ने काष्ठ कला से निर्मित पोट्रेट भेंट की
काष्ठ कला प्रशिक्षण के लिए राज्यपाल ने दिए 50 हजार अनुदान
रायपुर, 10 अक्टूबर 2025
राज्यपाल श्री रमेन डेका से आज राजभवन में शासकीय उच्च प्राथमिक शाला मड़ानार जिला कोण्डागांव के शिक्षकों एवं बच्चों ने काष्ठ कला से निर्मित पोट्रेट भेंट की। विद्यालय के शिक्षक श्री शिवचरण साहू ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप उनके विद्यालय में विद्यार्थियों के कौशल उनयन के लिए काष्ठ कला का प्रशिक्षण दिया जा रहा है जिससे वे मूर्तियां एवं अन्य उपयोगी सामग्री तैयार करते है।
श्री डेका ने इसकी सराहना करते हुए बच्चों को प्रोत्साहित किया और प्रशिक्षण के सुचारू संचालन के लिए 50 हजार रूपए अनुदान राशि प्रदान करने की घोषणा की। इस अवसर पर शासकीय प्राथमिक शाला मड़ानार की प्रधानपाठिका श्रीमती हिना साहू एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।
कुम्हारपारा आंगनबाड़ी का निरीक्षण, नए भवन हेतु भेजा गया प्रस्ताव
कोंडागांव । केशकाल विकासखंड के ग्राम पंचायत गारावंडी के कुम्हारपारा आंगनबाड़ी केंद्र में एक बच्चे का आंगनबाड़ी में खेल खेल में कई सवालों के जवाब देते हुए और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता द्वारा दिए जा रहे शिक्षा का प्रदर्शन करते वीडियो एवं जर्जर भवन की जानकारी मिलने पर कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना के निर्देश पर एसडीएम केशकाल आकांक्षा नायक द्वारा उक्त केंद्र का निरीक्षण किया गया। एसडीएम नायक ने बताया कि निरीक्षण उपरांत नए भवन हेतु प्रस्ताव निर्माण शाखा जिला कार्यालय भेजा गया और जर्जर भवन के डिस्मेंटल हेतु आरईएस से त्वरित प्रतिवेदन मंगाया गया है। साथ ही कुपोषित पाए 3 बच्चों को एनआरसी भेजने पालकों को समझाया गया।
उल्लेखनीय है कि बच्चों के अच्छे भविष्य के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने जिस निष्ठा से कर्तव्य का निर्वहन किया वह भी प्रशंसनीय है, सभी आंगनबाड़ी केंद्र कार्यकर्ता को प्रेरणा लेनी चाहिए और स्वेच्छा से बच्चों के हित में कार्य करना चाहिए।
जिला पंचायत अध्यक्ष रीता सोरी द्वारा ग्राम पंचायत कुएमांरी का किया निरीक्षण
कोण्डागांव। विकासखंड केशकाल ग्राम पंचायत कुएमारी के जलप्रपात में बीते दिनों में हुए हादसे में बटराली के 13 वर्षीय बालक की मृत्यु की खबर सुनते ही जिला पंचायत अध्यक्ष रीता सोरी स्थल का निरीक्षण करने पहुंचे।
कुएंमारी जलप्रपात में निरीक्षण के दौरान ग्राम समिति एवं वन विभाग के कर्मी, कुएंमारी चौंकी के पुलिस कर्मियों से चर्चा की गई, जिसमें सुरक्षा की कड़ी इंतजाम करने हेतु जिला पंचायत अध्यक्ष रीता सोरी के द्वारा निर्देश दिया गया। ग्राम वासियों के द्वारा जलप्रपात में पर्यटकों की सुरक्षा हेतु मांग पत्र दिया गया।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष रीता सोरी के साथ ग्राम कुएंमारी सरपंच गणेश कुमेटी एवं उप सरपंच उपस्तिथ थे।
हीरामांदला में खुलेगा उचित मूल्य की दुकान
संचालन हेतु 23 अक्टूबर तक आवेदन आमंत्रित
कोण्डागांव, 09 अक्टूबर 2025
कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना के निर्देशानुसार जनपद पंचायत कोण्डागांव अंतर्गत ग्राम पंचायत करनपुर के आश्रित ग्राम हीरामांदला में ग्रामीणों और हितग्राहियों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए नवीन शासकीय उचित मूल्य दुकान खोले जाने हेतु छत्तीसगढ़ सार्वजनिक वितरण प्रणाली नियंत्रण आदेश 2016 की कण्डिका 9 के प्रावधान अनुसार ग्राम हीरामांदला में नवीन शासकीय उचित मूल्य दुकान खोलने की अनुमति दी गई है। उक्त उचित मूल्य दुकान के संचालन हेतु ग्राम पंचायत, महिला स्व सहायता समूह, प्राथमिक सहकारी शाख समितियां, लेम्प्स समितियां, वन सुरक्षा समितियां, भूतपूर्व सैनिकों द्वारा गठित सहकारी समितियां हो एवं अन्य सहकारी समिति जो छ०ग० सहकारिता अधिनियम 1960 अथवा छ०ग० स्वायत्त सहाकारी अधिनियम 1999 के तहत पंजीकृत होना आवश्यक है। साथ ही इच्छुक एजेंसी का कार्यक्षेत्र ग्राम पंचायत बम्हनी का होना अनिवार्य है। पात्र समिति या समूह अनुविभागीय अधिकारी (रा.) कार्यालय कोण्डागांव में 23 अक्टूबर 2025 तक उचित मूल्य दुकान संचालन के लिए आवेदन पत्र प्रस्तुत कर सकते हैं।
पलारी में अमानक कीटनाशक औषधि के भण्डारण तथा बिक्री पर लगा प्रतिबंध
कोण्डागांव, 07 अक्टूबर 2025
कार्यलय उप संचालक कृषि विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार वर्ष 2025-26 के दौरान अधोहस्ताक्षरी एवं कीटनाशक निरीक्षक द्वारा कीटनाशक अधिनियम 1968 के अंतर्गत विकासखण्ड कोण्डागांव के ग्राम पलारी में स्थित मेसर्स सीताराम कृषि केन्द्र तथा मेसर्स सानवी ट्रेडर्स पलारी से कीटनाशक औषधि के नमूने लेकर विश्लेषण हेतु राज्य कीटनाशी गुण नियंत्रण प्रयोगशाला ठेलकाडीह राजनांदगांव भेजा गया था। विश्लेषण उपरांत अमानक पाये जाने के फलस्वरूप कीटनाशी अधिनियम 1968 की धारा 14 में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुये धारा 3 के उल्लंघन के फलस्वरूप 18 (1) (सी) के अंतर्गत मेसर्स माँ सीताराम कृषि केन्द्र से श्रीकर बायोटेक प्राइवेट लिमिटेड मलकानगिरी हैदराबाद कम्पनी के अमानक कीटनाशक Bispyribac Sodium 10 % SC तथा मेसर्स सानवी ट्रेडर्स पलारी से शिवशक्ति एग्रीटेक लिमिटेड संगारेड्डी कम्पनी के अमानक कीटनाशक Profenophos 40% + Cypermethrin 4% का भण्डारण तथा विक्रय तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित किया गया है।