छत्तीसगढ़ / कोरबा
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सेवा भारती में निवासरत बच्चों की ली जानकारी
कोरबा । प्रदेश की महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े आज एक दिवसीय कोरबा प्रवास पर रही। इस दौरान उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विशेषीकृत दत्तकग्रहण अभिकरण-सेवा भारती का अवलोकन किया और यहाँ निवासरत बच्चों के सम्बंध में जानकारी ली। उन्होंने यहाँ उपलब्ध सुविधाओं और बाल कल्याण समिति, जिला बाल संरक्षण इकाई से चर्चा कर बच्चों को मिल रही सुविधाओं से अवगत हुई। मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने उनके प्रयासों की सराहना की। मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने विभाग के गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि महतारी वंदन योजना से महिलाओं को लाभ मिला है। आर्थिक समृद्धि के साथ आत्मनिर्भर बनने की राह आसान हुई है और खुशहाली का वातावरण निर्मित हुआ है। इस दौरान विधायक कटघोरा प्रेमचंद पटेल, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, डीपीओ श्रीमती रेणु प्रकाश सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा विभाग के अधिकारी, प्रतिनिधि उपस्थित थे।
कोरबा में गौ तस्करी का बड़ा खुलासा: ट्रक में ठूँसी गई दर्जनों गायें, चालक फरार
गौ तस्करों पर शिकंजा कसने की मांग, ग्रामीण बोले: अब और बर्दाश्त नहीं!
कोरबा । जिले के पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम पंचायत घुंचापुर के आश्रित गांव भुजनकछार में गौ तस्करी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने एक ट्रक (CG 14 MF 1374) को पकड़ा, जिसमें 75 से अधिक गायों को ठूँस-ठूँसकर भरा गया था। इनमें से कई गायों की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि बाकी बुरी तरह घायल हो गईं।
ग्रामीणों ने पकड़ा ट्रक, चालक फरार
गाँव वालों ने बताया कि सरपंच पति शनिच राम के नेतृत्व में ग्रामीणों ने ट्रक को रोक लिया। हालांकि चालक मौका पाकर भाग निकला। ग्रामीणों ने किसी तरह गायों की जान बचाई और तुरंत प्रशासन को सूचना दी।
जंगल में भी मिले बंधे हुए मवेशी
ग्रामीणों ने आगे बताया कि पास के जंगल में भी करीब 75 मवेशी रस्सियों से बंधे हुए मिले थे। उन्हें न तो चारा मिला था और न ही पानी, जिससे कई की जान चली गई। मृत और घायल पशुओं को देखकर हर किसी की आँखें नम हो गईं।
प्रशासन की कार्रवाई
सूचना मिलते ही पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. इंद्र कुमार पटेल मौके पर पहुँचे और घायल मवेशियों का इलाज शुरू किया। वहीं कोरबी चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुँचे और जांच शुरू कर दी। ग्रामीणों ने एक और ट्रक भी पकड़ा, जिसमें 33 मवेशी भरे थे।
ग्रामीणों की मांग: तस्करों पर कड़ी कार्रवाई
ग्रामीणों ने मांग की है कि गौ तस्करों को तुरंत गिरफ्तार कर सख्त से सख्त सजा दी जाए। उनका कहना है कि यह घटना प्रशासन के लिए गंभीर चेतावनी है और अगर अभी कठोर कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में ऐसी अमानवीय घटनाएँ दोहराई जा सकती हैं।
मॉर्निंग वॉक पर निकले कपड़ा व्यवसायी की तालाब में डूबने से मौत
कोरबा । कटघोरा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में कपड़ा व्यवसायी जुगल अग्रवाल की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वे सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे, इसी दौरान राधासागर तालाब में हाथ-पैर धोने के दौरान फिसलकर पानी में गिर गए। मौके पर मौजूद बच्चों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
मृतक की पहचान कटघोरा निवासी जुगल अग्रवाल के रूप में हुई है, जो अंबिकापुर–कटघोरा मुख्य मार्ग पर ‘जुगल क्लॉथ स्टोर’ नामक कपड़े की दुकान संचालित करते थे। घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और आगे की जांच जारी है।
उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने सर्वमंगला मंदिर में की पूजा अर्चना, जिले और प्रदेशवासियों के खुशहाली और समृद्धि की कामना की
अग्रसेन जयंती शोभायात्रा में भी हुए शामिल, दी शुभकामनाए
22 सितंबर 2025

वाणिज्य, उद्योग,आबकारी श्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन आज सोमवार को शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन के अवसर पर कोरबा के मां सर्वमंगला मंदिर पहुंचकर मां सर्वमंगला की पूजा अर्चना कर जिले वासियों और प्रदेशवासियों के खुशहाली और समृद्धि की कामना की। साथ ही सभी श्रद्धालु को नवरात्रि की बधाई एवं शुभकामनाए दी।
इसी तरह श्री अग्रसेन जयंती के अवसर पर श्री अग्रवाल सभा कोरबा द्वारा आयोजित भव्य शोभायात्रा में भी मंत्री श्री देवांगन शामिल हुए। जहाँ श्री गोपाल मोदी और महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत के साथ श्री अग्रसेन जी महराज की पूजा अर्चना कर सभी को इस पावन अवसर की बधाई एवं शुभकामनाए दी।
दंतैल हाथी ने ग्रामीण को सूंड से पटका, मौत
कोरबा । खेत में काम कर घर लौट रहे ग्रामीण का सामना लोनर हाथी से हो गया. वह भागकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचता, इससे पहले दंतैल ने सूंड से पकड़कर ग्रामीण को जमीन पर पटक दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना कटघोरा वनमंडल के पसान वन परिक्षेत्र अंतर्गत तनेरा ग्राम के गोरिल्ला डांड़ की है।
जानकरी के मुताबिक, धन सिंह गोंड़ 45 वर्ष परिवार सहित निवास करता था। धनसिंह रविवार दोपहर करीब 2.30 बजे खेत के समीप जंगल से जलाऊ लकड़ी लेकर घर लौट रहा था. इसी दौरान उसका सामना लोनर हाथी से हो गया. धन सिंह दंतैल से अपनी जान बचाकर भाग रहा था. वह सुरक्षित स्थान पर पहुंचने की कोशिश कर रहा था, लेकिन इससे पहले ही दंतैल ने उसे सूंड से पकड़कर जमीन पर पटक दिया. इससे उसकी मौत हो गई. पसान रेंजर मनीष सिंह ने बताया कि हमला करने वाले हाथी को जंगल की ओर खदेड़ा गया है. ग्रामीणों से घटनाक्रम की जानकारी ली गई. आगे की कार्यवाही करते हुए ग्रामीणों को हाथी से दूर रहने की समझाइश दी गई है।
वन विभाग की ओर से नियमों के मुताबिक, पीड़ित परिवार को 25 हजार रुपए की तत्काल सहायता राशि दी गई है।
शिक्षिका को धोखे में रखा, दुष्कर्म कर शादी से मुकरा, युवक गिरफ्तार
कोरबा। मानिकपुर चौकी क्षेत्र में एक शिक्षिका ने युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि पीड़िता पारिवारिक विवाद के चलते पति से तलाक होने के बाद वह अपने दो बच्चों के साथ रह रही थी।
पीड़िता की मुलाकात एसईसीएल कॉलोनी सुभाष ब्लॉक निवासी अनिकेत श्रीवास्तव से हुई थी। अनिकेत एक निजी कंपनी में कार्यरत है और कार फाइनेंस के नाम पर शिक्षिका से मिला था। दोनों ने मोबाइल नंबर साझा किए और बातचीत शुरू की। इसी दौरान युवक ने शिक्षिका की निजी जानकारी हासिल कर उसे शादी का झांसा देना शुरू कर दिया।
युवक ने शिक्षिका को शादी करने और उसके दोनों बच्चों को भी साथ रखने का वादा किया, जिसके बाद उनके बीच शारीरिक संबंध बने। जब शिक्षिका ने शादी के लिए दबाव डाला, तो आरोपी ने शादी करने से इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने मानिकपुर चौकी में शिकायत दर्ज कराई। मानिकपुर चौकी पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आरोपी अनिकेत श्रीवास्तव को गिरफ्तार कर लिया। एएसआई सुदामा पाटले ने बताया कि अप्रैल 2023 में मुलाकात के बाद युवक ने पीड़िता को पत्नी बनाने और बच्चों को साथ रखने का झांसा देकर संबंध बनाए थे। आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
करैत के डसने से पिता-पुत्र की मौत...
कोरबा । जिले में करैत सांप ने एक ही परिवार के तीन सदस्यों को डस लिया, जिससे बाप-बेटे की मौत हो गई। जबकि मां की हालत गंभीर है। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में एंटी-स्नेक वेनम न होने का हवाला देकर समय पर इलाज नहीं किया गया, जिससे दोनों की मौत हो गई। मामला बालको थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, चूड़ामणि भारद्वाज (52) बालको प्लांट में काम करता था। वह पत्नी रजनी (41) और 10 साल के बेटे प्रिंस के साथ दर्री थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर में रहता था। शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे चूड़ामणि को सांप ने डस लिया। कीड़ा समझकर वह दोबारा सो गया। जब बेटे को सांप से डसा तो वह रोते हुए उठा।
इसके बाद पति-पत्नी भी उठे, इस दौरान कम्बल में अंदर मौजूद सांप ने मां को भी डस लिया। जिसके बाद उन्होंने तत्काल परिजनों को जानकारी दी। मौके पर पहुंचे परिजन तीनों को लेकर गोपालपुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। चूड़ामणि के भाई द्वारिका का आरोप है कि वहां आधे घंटे तक आवाज लगाने के बाद ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी बाहर आई और इंजेक्शन न होने की बात कहकर इलाज से इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़ितों को ऑटो से जिला मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया।
मंदिरों में बढ़ेंगी सुविधाएं: सांस्कृतिक-धार्मिक स्थलों के विकास के लिए 2 करोड़ स्वीकृत
कोरबा । कोरबा जिला प्रशासन ने जिले के प्रसिद्ध सांस्कृतिक एवं धार्मिक स्थलों के विकास के लिए डीएमएफ मद से दो करोड़ 16 लाख 94 हजार 766 रूपये की राशि स्वीकृत की है।
कोरबा जिला प्रशासन द्वारा कनकेश्वर महादेव मंदिर, मां मड़वारानी मंदिर और मां मातिन दाई मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए पेयजल व्यवस्था, मंच, आर्च-शेड, सोलर पावर प्लांट आदि के लिए डीएमएफ से राशि मंजूर की गई है। इनमें करतला विकासखंड में मां मड़वारानी मंदिर परिसर में मंच निर्माण के लिए 19 लाख 92 हजार रुपए, आर्च-शेड निर्माण के लिए 25 लाख 97 हजार रुपए, पाइपलाइन बिछाकर पेयजल व्यवस्था के लिए 39 लाख 67 हजार रुपए शामिल हैं। इन कार्यों के लिए ग्रामीण यांत्रिकी सेवा तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को क्रियान्वयन एजेंसी नियुक्त किया गया है।
जिला प्रशासन द्वारा कनकेश्वर महादेव मंदिर कनकी में मंदिर परिसर में शेड निर्माण के लिए 45 लाख 50 हजार रुपए और 2.4 किलोवाट क्षमता के सोलर पावर प्लांट की स्थापना के लिए छह लाख 82 हजार 360 रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है। इन कार्यों के लिए ग्रामीण यांत्रिकी सेवा और क्रेडा को क्रियान्वयन एजेंसी नियुक्त किया गया है। पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम मातिन में स्थित मां मातिनदाई परिसर में पाइपलाइन बिछाकर पेयजल प्रदान करने के लिए 33 लाख नौ हजार रुपए तथा सीढ़ी निर्माण के लिए 30 लाख रुपए मंजूर किए गए हैं। इन कार्यों के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और पोंड़ी उपरोड़ा के जनपद पंचायत सीईओ को क्रियान्वयन एजेंसी बनाया गया है।
जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक 18 को
कोरबा । कलेक्टर अजीत वसंत की अध्यक्षता में जल जीवन एवं स्वच्छता मिशन की बैठक 18 सितंबर को शाम 05 बजे कलेक्ट्रेट सभाकक्ष कोरबा में आहूत की गई है। सर्व संबंधितों को बैठक में उपस्थित होने कहा गया है।
महिला सशक्तिकरण और बाल विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही राज्य सरकारः मंत्री -
रजत महोत्सव अंतर्गत कोरबा में महतारी सम्मेलन का हुआ आयोजन
कोरबा। छत्तीसगढ़ राज्य के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शासन के निर्देशानुसार रजत महोत्सव अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा इंदिरा स्टेडियम, टी.पी नगर, कोरबा में महतारी सम्मेलन कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग, श्रम एवं आबकारी मंत्री लखन लाल देवांगन शामिल हुए। उन्होंने महिला सशक्तिकरण एवं बालिकाओं की उन्नति के लिए चलाई जा रही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टॉलों का अवलोकन किया तथा बाल विवाह निषेध हेतु उपस्थितजनों को शपथ भी दिलाई।
अपने उद्बोधन में मंत्री देवांगन ने कहा कि राज्य सरकार महिला सशक्तिकरण और बाल विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि शासन का संकल्प है कि बेटियों को शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान प्राप्त हो तथा महिलाएँ आत्मनिर्भर बनकर समाज की रीढ़ बनें। उन्होंने यह भी कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संचालित गरीब कल्याण योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचना चाहिए। आज महिलाएँ और बेटियाँ कंधे से कंधा मिलाकर हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और प्रदेश व देश का नाम रोशन कर रही हैं।
कार्यक्रम में सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत ने भी संबोधित करते हुए कहा कि शासन की अनेक योजनाएँ महिलाओं और बेटियों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से चलाई जा रही हैं। आज महिलाएँ किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं और आत्मनिर्भरता के साथ समाज की दिशा तय कर रही हैं। सम्मेलन के दौरान उल्लेखनीय कार्य करने वाली माताओं एवं बहनों को सम्मानित किया गया। साथ ही जिले के मेधावी बच्चों को भी पुरस्कृत भी किया गया। इस दौरान महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, पार्षद नरेंद्र देवांगन सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, पदाधिकारी, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
रोजगार मेला हुआ आयोजित
कोरबा। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, कोरबा के द्वारा रजत जयंती के उपलक्ष्य में दिनांक 12 सितम्बर 2025 को शासकीय ई.व्ही पी.जी.कॉलेज कोरबा एवं 13 सितम्बर 2025 को कमला नेहरू कॉलेज कोरबा में जिला स्तरीय रोजगार मेला का आयोजन किया गया। रोजगार मेला में कुल 08 नियोजक सम्मिलित हुए जिसमें जिफसा कोरबा, वेक्टर फायनेंस प्राइवेट लिमिटेड रायपुर, आईसेक्ट पी.एम.के.के. कोसाबाड़ी कोरबा, टाटा.ए.आई.ए.लाईफ इंश्योरेंस कंपनी लिमि. वेदांता कोरबा, सोनी मल्टी सर्विसेस, स्पंदना स्फूर्ति फायनेंशियल लिमि0 जांजगीर, रिफ्लेक्शन मैनेजमेंट सर्विस कोरबा सम्मिलित हुए। कंपनियों द्वारा कुल 550 पद के लिए रोजगार मेला का आयोजन किया गया। साक्षात्कार हेतु 588 अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जिसमें नियोजकों द्वारा प्रारंभिक रूप से 212 अभ्यर्थियों काएवं अंतिम रूप से 97 अभ्यर्थियों का चयन किया गया।
कलेक्टर ने बाढ़ की स्थिति के नियंत्रण हेतु अधिकारी कर्मचारियों को सतर्क रहने के दिए निर्देश
बांध व नदी के समीपस्थ इलाकों में मुनादी कराने हेतु किया निर्देशित
कोरबा । कलेक्टर अजीत वसंत ने जिले में हो रही भारी बारिश को ध्यान में रखते हुए बाढ़ की स्थिति के नियंत्रण हेतु सभी एसडीएम को सतर्क रहने के निर्देश दिए है। साथ ही स्वास्थ्य, विद्युत एवं अन्य लाइन डिपार्टमेंटल अधिकारी कर्मचारियों को सक्रियता से कार्य करने निर्देशित किया है। उन्होंने बांध एवं नदी के समीपस्थ इलाकों से चल अचल परिसम्पत्तियों को हटाने हेतु ग्रामीण क्षेत्रो में मुनादी कराने के भी निर्देश दिए है।
कार्यपालन अभियंता मिनीमाता बांगो बांगों बांध संभाग क्र. 3 माचाडोली ने सर्व साधारण एवं कार्य संबंधितों से बांध से नीचे एवं हसदेव नदी के किनारे, बाढ़ क्षेत्र में स्थापित चल-अचल सम्पत्ति सुरक्षित स्थानों पर ले जाने का आग्रह किया है। साथ ही बाढ़ क्षेत्र में स्थापित खनिज खदान ठेकेदार, औद्योगिक इकाईयां, संस्थानों आदि को भी सूचित किया गया है कि वे अपनी परिसम्पत्तियों को बाढ़ क्षेत्र से बाहर निकालना सुनिश्चित कर लें। अकस्मात बाढ़ से होने वाली किसी भी प्रकार की क्षति के लिए जल संसाधन विभाग उत्तरदायी नहीं होगा। कार्यपालन अभियंता मिनीमाता बांगो बांध एवं हसदेव बराज जल प्रबंध संभाग को बाढ़ क्षेत्र में आने वाले गांवों में बाढ़ चेतावनी की मुनादी करवाने की अपील की गई है।
बाढ़ क्षेत्र में आने वाले संभावित गांवो में बांगो, चर्रा, पोड़ी-उपरोड़ा, कोनकोना, लेपरा, टुनियाकछार, पाथा, गाड़ाघाट, छिनमेर, कछार, कल्मीपारा, सिलयारीपारा, जुनापारा, तिलाईडांड, डुगुपारा, टुंगुमाड़ा, छिर्रापारा, मछलीबाटा, कोरियाघाट, धनगांव, डोंगाघाट, नरमदा, औराकछार, सोनगुड़ा, जेल गांव, झाबू, नवांगांव, तिलसाभाटा, लोतलोता, स्याहीमुड़ी, कोडा, हथमार, झोरा, सिरकीकला आदि शामिल हैं।
CAF जवान ने साली और चाचा ससुर को गोलियों से भूना
कोरबा। मुख्यमंत्री के कोरबा प्रवास के बीच जिले से एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। हरदीबाजार थाना क्षेत्र में CAF की 13वीं बटालियन के जवान शेषराम बिंझवार ने ड्यूटी से लौटते ही अपनी साली और चाचा ससुर को सर्विस रायफल से गोली मार दी। घटना में दोनों की मौत हो गई।
ड्यूटी के बाद सीधे गांव पहुंचा जवान
सूत्रों के मुताबिक, जवान शेषराम की ड्यूटी मुख्यमंत्री और मंत्रियों की सुरक्षा में लगी थी। उसने बाकायदा हाजिरी लगाई और औपचारिक ड्यूटी पूरी करने के बाद अचानक अपने गांव छिंदपुर पहुंच गया। यहां उसने छिंदपुर नदी के पुल पर मंदिर के पास अपनी सर्विस रायफल से सुबह करीब 11:50 बजे दो लोगों पर गोली दाग दी। प्रारंभिक सूचनाओं के मुताबिक इसमें से एक उसकी साली और दूसरा चाचा ससुर है।
बताया गया कि ग्राम रलिया निवासी टेकराम बिंझवार आज अपने ससुराल ग्राम महुआडीह पहुंचा। यहां उसने अपने सर्विस रायफल से चाचा ससुर की बेटी मंदासा पर गोली चला दी जिसकी मौके पर ही मौत हो गयी। इसी दौरान आरोपी का उसके चाचा ससुर राजेश बिंझवार से सामना हो गया और बीच सड़क चाचा ससुर पर भी ताबड़तोड़ फायरिंग कर उसे भी मौत के घाट उतार दिया। उसके सिर पर खून इस कदर सवार था कि ससुराल पक्ष का जो भी सामने आता, उसे मार देता लेकिन उसे दबोच लिया गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक़ खबर है कि उसने अपने साले पर भी गोली चलाई है जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं है लेकिन मानसिक व पारिवारिक तनाव को कारण बताया जा रहा है। आरोपी जवान का निवास ग्राम महुआडीह बताया जा रहा है। दिन दहाड़े बीच सड़क पर हुए इस घटनाक्रम से हरदी बाजार क्षेत्र व महकमे में सनसनी फैल गई है। स्थानिय ग्रामीणों ने हमलावर जवान को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है।
मानसिक तनाव और पारिवारिक विवाद की आशंका
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, घटना के पीछे पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने कहा कि पूरे मामले की विस्तृत जांच की जाएगी।
ग्रामीणों ने पकड़ा, पुलिस को सौंपा
घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी जवान को काबू किया और पुलिस के हवाले कर दिया। इस खौफनाक वारदात से हरदीबाजार इलाके में सनसनी फैल गई है।
यह घटना एक बार फिर सुरक्षा बलों के जवानों में मानसिक स्वास्थ्य और तनाव प्रबंधन से जुड़े गंभीर सवाल खड़े करती है।
युक्तियुक्तकरण से योग्य शिक्षक सुदूर अंचलों में बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का पथ कर रहे प्रशस्त
विशेषज्ञ शिक्षक की नियुक्ति ने मांचाडोली विद्यालय के शैक्षिक परिवेश को दी नई दिशा, छात्रों में विषय की प्रति बढ़ी रुचि
कोरबा। कोरबा जिले के पोड़ी-उपरोड़ा ब्लॉक के घने वनांचल में बसा छोटा सा गांव मांचाडोली, जहां कभी शिक्षा के नाम पर सिर्फ बुनियादी ढांचा था, पर गुणवत्ता का गहरा अभाव था। यहां का हायर सेकंडरी स्कूल वर्षों तक विषय विशेषज्ञ शिक्षकों की कमी से जूझता रहा। लालपुर, पाथा, कछार, बुल्लर साइड जैसे आसपास के गांवों से बच्चे पढ़ाई के लिए इसी स्कूल में आते हैं। परंतु दसवीं के बाद, जब संकाय चयन की बारी आती, तो अधिकांश विद्यार्थी सही मार्गदर्शन और विषय विशेषज्ञ न होने की वजह से अपनी रुचि के विपरीत विषय चुनने को मजबूर होते। कला संकाय में शिक्षक के अभाव में कई बच्चों को मनचाहा विषय त्याग कर अन्य संकाय चुनना पड़ता था जिससे छात्रों के लिए पढ़ाई बोझ बन जाती थी, और उनका आत्मविश्वास डगमगाने लगता था।
युक्तियुक्तकरण प्रक्रिया से आया बदलाव का दौर-
राज्य सरकार की शिक्षकों की युक्तियुक्त करण प्रक्रिया के अंतर्गत मांचाडोली के हायर सेकेंडरी स्कूल में कला, गणित, विज्ञान व अन्य विषयों के योग्य एवं प्रशिक्षित शिक्षकों की पदस्थापना हुई हैं। प्रक्रिया के तहत मांचाडोली में राजनीति विज्ञान विषय के लिए आर. के. चन्द्रा जैसे विशेषज्ञ शिक्षक की नियुक्ति ने विद्यालय के शैक्षिक परिवेश को नई दिशा दी है। शिक्षक चन्द्रा ने विषय को सिर्फ पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं रखा, बल्कि जीवन और समाज से जोड़ते हुए पढ़ाना शुरू किया। पूर्व में विद्यालय में राजनीति विज्ञान जैसे जटिल विषय में बच्चों की समझ कमजोर थी, रुचि कम होने से छात्र विषय को समझने के बजाय रटा मारकर याद करने की कोशिश करते थे जिससे कक्षा का परिणाम भी औसत ही रहते थे।
शिक्षक श्री चन्द्रा ने आते ही कक्षा में पढ़ाई के तरीके को बदला। किताबों से आगे बढ़कर उन्होंने राजनीति विज्ञान को जीवन से जोड़ दिया। उनकी गहराईपूर्ण विषय-ज्ञान और व्यावहारिक शिक्षण शैली ने छात्रों को विषय की जटिलताओं से उबारकर एक नई सोच और समझ की ओर अग्रसर किया है। अब छात्र राजनीति विज्ञान को सिर्फ एक पाठ्यक्रम नहीं, बल्कि समाज, शासन और नागरिक जिम्मेदारी के रूप में देखने लगे हैं। कक्षा 12वीं कला संकाय की संजना यादव, साक्षी चौहान, युवराज यादव, आयुष जगत, लक्ष्मी नारायण केवर्त सहित अन्य छात्रों में अब विषय को लेकर रुचि और आत्मविश्वास बढ़ा है। बच्चों में विषय के प्रति जो रुचि, उत्साह और प्रश्न पूछने की प्रवृत्ति देखने को मिली है, वह पहले नहीं थी। अब छात्र छात्राएं राजनीति विज्ञान विषय में न केवल आगे बढ़ रहे हैं, बल्कि विषय में उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ ही अपने विचारों को स्पष्टता से रख पा रहे हैं। अब वे सिर्फ परीक्षा पास करने के लिए नहीं, बल्कि समाज को समझने और बेहतर नागरिक बनने के लिए पढ़ रहे हैं।
प्रदेश सरकार की युक्तियुक्त करण नीति से योग्य शिक्षक सुदूर अंचलों तक पहुंच रहे है एवं बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का पथ प्रदर्शित कर रहे है। मांचाडोली विद्यालय में अब कला, विज्ञान , गणित जैसी संकायों की पढ़ाई सुचारू रूप से हो रही है। बच्चों को अब भविष्य निर्माण के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी मिल रहा है। विद्यालय प्रबंधन, अभिभावकों और छात्रों ने युक्तियुक्त करण योजना की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा सुधार की दिशा में एक बड़ा कदम माना है। अब स्कूल का शैक्षणिक माहौल अधिक सक्रिय और गुणवत्तायुक्त हो गया है।
भाजयुमो नेता ने तलवार से काटा केक, पुलिस ने दर्ज किया मामला
कोरबा । कोरबा में भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बद्री अग्रवाल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में अग्रवाल अपने जन्मदिन के मौके पर कार के बोनट पर रखे केक को तलवार से काटते नजर आ रहे हैं। उनके साथ मौजूद समर्थक तालियां बजाते और जश्न मनाते दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि भाजपा एक ओर अनुशासन और कानून व्यवस्था की दुहाई देती है, जबकि दूसरी ओर उसके नेता खुलेआम गैर-जिम्मेदाराना हरकतें कर रहे हैं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने बद्री अग्रवाल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। कोरबा के सीएसपी भूषण एक्का ने इसकी पुष्टि की है। घटना के बाद जिले का राजनीतिक माहौल गरमा गया है। कांग्रेस जहां सख्त कार्रवाई की मांग कर रही है, वहीं भाजपा नेताओं की चुप्पी पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
चयन सूची व प्रतीक्षा सूची जारी
कोरबा । प्रयास बालक/कन्या आवासी विद्यालय कोरबा में कक्षा 11 वीं में रिक्त 20 सीटों पर प्रवेश हेतु प्रवेश प्राक्चयन परीक्षा 24 अगस्त को आयोजित किया गया था। जिसमें कृल 66 में से 55 विद्यार्थी उपस्थित हुए थे। पेपर जांच पश्चात परीक्षा परिणाम, चयन सूची व प्रतीक्षा सूची जारी कर दी गई है। सूची का अवलोकन कार्यालय सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कोरबा व प्रयास आवासीय विद्यालय में किया जा सकता है। चयनित विद्यार्थियों को आवश्यक दस्तावेज के साथ 30 अगस्त तक प्रयास आवासीय विद्यालय डिंगापुर कोरबा में उपस्थित होने निर्देशित किया गया है।
अपनी जिम्मेदारी समझते हुए विकास के कार्यों को प्राथमिकता दें अधिकारी : सांसद
सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत ने की योजनाओं की समीक्षा
कोरबा । जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक लोकसभा सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में सांसद श्रीमती महंत ने कहा कि जिले के अधिकारी जनहित के कार्यो को प्राथमिकता दें और जनप्रतिनिधियों से समन्वय बनाकर जिले के विकास से जुड़ी हुई कार्यां को समय पर करायें ताकि संबंधित क्षेत्र के लोग उसका लाभ उठा सकें। उन्होंने का कि जो भी महत्वपूर्ण कार्य है, उन कार्यों के संबंध में संबंधित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को भी सूची दें और जनता जरूरत वाले कार्यों एवं मांग को अवगत कराये। सांसद श्रीमती महंत ने लोगो को बेहतर स्वास्थ्य, बच्चों को अच्छी शिक्षा,, पेयजल उपलब्धता के लिए जल जीवन मिशन के कार्यों को प्राथमिकता से करने और दुर्घटनाओं को रोकने की दिशा में आवगमन के लिए बेहतर सड़क, आंगनबाड़ी केंद्रों में स्वच्छता और उपस्थिति, मनरेगा के कार्यों को समय पर पूर्ण करने, प्रधानमंत्री आवास योजना में जरूरतमंद हितग्राहियों को लाभान्वित करने की दिशा में सभी को समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए।
सांसद श्रीमती महंत ने पूर्व बैठकों में दिए गए निर्देशों के पालन प्रतिवेदन की समीक्षा की। सांसद श्रीमती महंत ने कोरबा जिले में मनरेगा के कार्यों, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण योजना, जल जीवन मिशन के कार्यों की जानकारी तथा स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत दूरस्थ क्षेत्रों में चिकित्सक तथा मरीजों के उपचार के लिए एंबुलेंस की तैनाती सहित अन्य आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सांसद ने दिए गए लक्ष्य के अनुरूप मनरेगा के कार्यो को समय पर पूर्ण करने, पीएम आवास योजना में वंचित परिवारों के नाम जोड़ने, समय पर मजदूरी भुगतान के संबंध में निर्देश दिए। उन्होंने बारिश में क्षतिग्रस्त हुए सड़को के मरम्मत कराने, पात्र हितग्राहियों के नाम पेंशन योजना में जोड़ने, गांव में जल उपलब्ध कराने से पूर्व स्रोत का पता लगाकर टंकी का निर्माण कार्य करने, नगर पांचायत पाली में पेयजल आपूर्ति हेतु सैला डेम एवं खदान क्षेत्र में उपलब्ध पानी का उपयोग करने के संबंध में निर्देश दिए। बैठक में स्वास्थ्य विभाग को मौसमी बीमारियों के रोकथाम के लिए सभी स्वास्थ्य केंद्रो में दवाइयों की उपलब्धता, रेबीज, सर्पदंश के उपचार के लिए एण्टी स्नेक, घायलों और पीड़ितों की आवश्यकताओं को देखते हुए जरूरत के समय एम्बुलेंस, पोस्टमार्टम की व्यवस्था के संबंध में निर्देश दिए गए। सांसद श्रीमती महंत ने कोरबा जिले में गंभीर दुर्घटनाओं के दौरान सिटी स्कैन और एमआरआई की आवश्यकताओं को देखते हुए जल्द प्रारंभ करने के निर्देश दिए। बैठक में पीमएश्री विद्यालयों में अधूरे पड़े निर्माण कार्यों को पूर्ण कराने, सभी विद्यालयों में विद्यार्थियों के अनुपात में शिक्षक की व्यवस्था, किसानों को खाद तथा पीडीएस दुकानों में चना सहित अन्य खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में सांसद श्रीमती महंत ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, ई-श्रम, राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल कार्यक्रम, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और कृषि सिंचाई योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य योजना, राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम, एकीकृत बाल विकास योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, भू-अभिलेख आधुनिकीकरण, दीनदयाल उपाध्याय विद्युतीकरण योजना, प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना, स्कूल शिक्षा विभाग, जिला व्यापार एवं उद्योग, सांख्यिकी विभाग, नगर पालिक निगम, डीएमएफ अंतर्गत स्वीकृत कार्यों, डिजीटल इण्डिया, प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में विधायक रामपुर फूलसिंह राठिया, विधायक पाली तुलेश्वर सिंह मरकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ पवन सिह कवंर, ने जिले के विकास कार्यों में सभी की सहभागिता को महत्वपूर्ण बताते हुए स्वीकृत कार्यां को पूर्ण कराने में रूचि लेकर क्षेत्र में होने वाले कार्यों की जानकारी उपलब्ध कराने की बात रखी। इस दौरान प्रभारी कलेक्टर आशुतोष पाण्डेय ने दिए गए निर्देशों का पालन करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने जिले में शासन की योजनाओं का क्रियान्वयन तथा डीएमएफ के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पोषण के लिये किये गये कार्यों की जानकारी दी।
बैठक में अध्यक्ष जनपद पंचायत कटघोरा - श्रीमती झूलबाई कंवर, पोंड़ीउपरोड़ा- श्रीमती माधुरी देवी, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद दीपका- राजेन्द्र राजपूत, कटघोरा- राज जायसवाल, अध्यक्ष नगर पंचायत छुरी- श्रीमती पद्मिनी देवांगन, पाली- अजय जायसवाल, प्रतिष्ठित स्वशासी संस्था प्रतिनिधि मुरली दास संत, अनुसूचित जाति प्रतिनिधि मनीष कुमार अनंत, महिला प्रतिनिधि श्रीमती ममता यादव, जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारीगण और जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।