छत्तीसगढ़ / कोरबा
कोयला खदान धसने से 2 युवकों की मौत
कोरबा। एसईसीएल की गेवरा कोयला खदान में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई है। अवैध रूप से कोयला चोरी करने खदान में घुसे तीन युवकों में से दो की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतकों की पहचान 18 वर्षीय विशाल यादव और 24 वर्षीय धन सिंह कंवर के रूप में हुई है। घायल 19 वर्षीय साहिल धनवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना तब हुई जब तीनों युवक सुबह-सुबह खदान में कोयला बीनने घुसे। अचानक हुए मिट्टी धंसने या किसी अन्य कारण से वे दब गए। विशाल और धन सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साहिल किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आर्थिक तंगी के कारण ये युवक खतरनाक खदान में कोयला चोरी करने मजबूर हुए।
इस घटना ने एसईसीएल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल उठ रहे हैं कि कैसे बिना किसी रोक-टोक के लोग खदान में घुस जाते हैं? हादसे के बाद पुलिस ने मौका निरीक्षण किया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जांच जारी है।
कोरबा के 150 मेधावी विद्यार्थी नीट-जेईई कोचिंग के लिए रायपुर रवाना
मंत्री लखनलाल देवांगन ने दी शुभकामनाएं
कोरबा। कोरबा जिले के 150 मेधावी छात्र-छात्राएं आज नीट और जेईई जैसी राष्ट्रीय स्तरीय परीक्षाओं की मुफ्त तैयारी के लिए बस से रायपुर रवाना किए गए। इस अवसर पर वाणिज्य, उद्योग और श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने छात्रों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और कहा, “संघर्ष करने वालों को सफलता जरूर मिलती है, मेहनत कर जिले और माता-पिता का नाम रोशन करें।”
यह आयोजन कलेक्टोरेट सभाकक्ष, कोरबा में हुआ, जहां जिला प्रशासन द्वारा डीएमएफ मद से चयनित विद्यार्थियों के लिए प्रतिष्ठित कोचिंग संस्था एलेन, रायपुर में नीट और जेईई की निःशुल्क कोचिंग की व्यवस्था की गई है।
क्या है योजना
10वीं कक्षा के 100 और 12वीं के 50 मेधावी विद्यार्थियों का चयन किया गया है।
इन विद्यार्थियों को शैक्षणिक शुल्क, भोजन, आवास और अन्य सुविधाएं मुफ्त प्रदान की जाएंगी।
यह सभी खर्च जिला खनिज संस्थान निधि (DMF) से वहन किया जा रहा है।
मंत्री देवांगन ने क्या कहा
मंत्री ने विद्यार्थियों से कहा कि यह अवसर उनके जीवन की दिशा तय कर सकता है। “आप पूरी योजना बनाकर, आत्मविश्वास के साथ तैयारी करें, सफलता निश्चित है,” उन्होंने कहा। साथ ही उन्होंने डीएमएफ राशि से जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य और स्कूलों के विकास कार्यों का जिक्र किया।
अन्य जनप्रतिनिधियों की प्रतिक्रिया
विधायक कटघोरा पटेल ने कहा, “शिक्षा ही जीवन का असली आधार है, मेहनत ही सफलता की कुंजी है।” महापौर राजपूत ने कहा, “आपका सपना सिर्फ आपका नहीं, आपके परिजन और जिले का भी है—अब उसे पूरा करने की जिम्मेदारी आपकी है।” कलेक्टर वसंत ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा, “आज से आपकी सफलता की यात्रा शुरू हो रही है।”
हरी झंडी दिखाकर रवाना
कार्यक्रम के अंत में मंत्री देवांगन और अन्य जनप्रतिनिधियों ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। छात्रों और उनके अभिभावकों ने इसे गौरव का क्षण बताया और सरकार व प्रशासन का आभार जताया।
क्या बोले छात्र
विद्यार्थियों ने कहा कि उन्हें एलेन जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में पढ़ने का मौका मिलना उनके लिए सपने के सच होने जैसा है। वे इस अवसर को पूरी मेहनत से इस्तेमाल कर सफलता प्राप्त करने और जिले का नाम रोशन करने का संकल्प लेकर रवाना हुए।
एक मां की आंसू स्वास्थ्य विभाग पर कलंक, वीडियो
कोरबा। गरीबी से जूझ रही अमीषा धनवार को अपने बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए न केवल एक साल तक सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने पड़े, बल्कि जब प्रमाण पत्र में त्रुटि सामने आई, तो सुधार के लिए उसे 500 रुपए की रिश्वत का इंतजाम करना पड़ा। अमीषा के पास कोई नियमित आमदनी नहीं है। वह अपने परिवार का गुजारा सरकार की राशन योजना से मिलने वाले चावल पर ही करती है। लेकिन जब विकल्प नहीं बचा, तो उसने बच्चे की थाली से चावल निकालकर बाजार में बेच दिए, ताकि किसी तरह 500 रुपए इकट्ठा कर सके और अपने बेटे का जन्म प्रमाण पत्र हासिल कर सके।
इस घटना के बारे में बताते हुए मीडिया कर्मियों के सामने रो पड़ी। वह कह रही है कि एएनएम ने कहा है कि जब तक 500 रुपये नहीं लाओगी, जन्म प्रमाण पत्र नहीं दूंगी। मेरे पास खाने का इंतजाम नहीं है, पैसे का क्या इंतजाम करती। 500 रुपये की व्यवस्था मैंने चावल बेचकर की है।
वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं में रोष है। उनका कहना है कि दोषी एएनएम को तत्काल निलंबित कर कठोर कार्रवाई की जाए, और अमीषा को आर्थिक सहायता देकर न्याय दिलाया जाए।
समाज हित में कार्य करने के लिए कलार समाज को सदैव आगे रहना होगा : स्वास्थ्य मंत्री
कोरबा। कलचुरी समाज की अपनी गौरवशाली इतिहास है, समाज ने देश व प्रदेश के विकास में अपना अतुलनीय योगदान दिया है। जायसवाल कलार समाज सदैव सर्वहित की बात करता रहा है और यह एक अच्छी सोच है। स्वजातीय बंधुओं को अपने संस्कृति और इतिहास पर गर्व करने के साथ-साथ भगवान सहस्त्रबाहु के आदर्शों को आत्मसात करने की जरूरत है। स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक हित में कार्य करने के लिए कलार समाज को सदैव आगे रहना होगा। प्रदेश के लोक स्वास्थ्य परिवार कल्याण व चिकित्सा शिक्षा मामलों के मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने कोरबा के मिशन रोड स्थित कलचुरी भवन में जायसवाल कलार समाज के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि खुशी होती है कि समाज जब भी आयोजन करता है व्यापक हित के मुद्दे सामने लाता है।
बीते महिनों कटघोरा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मुख्य आतिथ्य में आयोजित सम्मेलन के दौरान कटघोरा में 100 बिस्तर अस्पताल की मांग की। जिसे पूरा करने के साथ-साथ बजट में शामिल किया गया और इस पर कार्य प्रारंभ कर दिया गया। श्रम, उद्योग व वाणिज्य मंत्री लखनलाल देवांगन ने संबोधित करते हुए कलार समाज के द्वारा दिए गए निरंतर सहयोग के लिए समाज का आभार जताते हुए कहा कि कलार समाज की ओर से जब भी किसी प्रकार की मांग पत्र सामने आई है उसे सहर्ष पूरा करने संकल्पित हूं। कलार समाज ने उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन द्वारा समाज को दिए गए सौगात के लिए आभार जताया। महापौर संजूदेवी राजपूत ने समाज के द्वारा समय-समय पर किए जा रहे सामाजिक हित के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि कलचुरी जायसवाल भवन में निर्धन कन्याओं के विवाह में निरंतर दिए जा रहे रियायत और सहयोग के लिए कलार समाज के कार्यों को सराहा है।
राष्ट्रीय कलचुरी राजवंश विकास एवं पुरातत्व शोध समिति के संयोजक कौन्तेय जायसवाल ने समाज के इतिहास और पुरातत्व के बारे में उपस्थित जनों को विस्तार से तथ्यात्मक और दस्तावेजी जानकारी के साथ अनेकोनेक बिन्दुओं पर अवगत कराया। कार्यक्रम को नगर पालिका कटघोरा के अध्यक्ष राज जायसवाल, नपं पाली के अध्यक्ष अजय जायसवाल, जिला पंचायत कोरबा के उपाध्यक्ष निकिता मुकेश जायसवाल, छत्तीसगढ़ हैहय क्षत्रिय कलचुरी समाज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज राय, प्रगतिशील जायसवाल (कन्नौ.) कलार समाज के अध्यक्ष जितेन्द्र जायसवाल ने भी संबोधित किया।
कोरबा जिले से नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधि पार्षद अनुज जायसवाल, भानुमति, चंद्रकली, सुनीता, दीपक डिक्सेना, उप सरपंच व पंच रमेश, अनुराग, रेखा रामू, विक्की, प्रियंका, हिमांशु, प्रियेश, सरस्वती, बीता जायसवाल, विकास डिक्सेना, अंकित राय, नरेन्द्र डिक्सेना सहित देवेश कुमार जायसवाल, मॉडल प्रिशिखा और खेल के क्षेत्र में दिशा जायसवाल को शॉल, श्रीफल व प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। कार्यक्रम से पहले भगवान सहस्त्रबाहु की पूजा-अर्चना की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता समाज के अध्यक्ष रामगोपाल डिक्सेना ने की। कार्यक्रम में मंचस्थ अतिथि के रूप में जिला भाजपाध्यक्ष गोपाल मोदी, पूर्व अध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह, समाज के महामंत्री आनंद प्रसाद जायसवाल, कोषाध्यक्ष आनंद जायसवाल, मनोज पराशर, सुरेन्द्र प्रताप जायसवाल, विनोद जायसवाल, युवा सभा के अध्यक्ष संजय जायसवाल, कार्य. अध्यक्ष आशीष जायसवाल, मनीष जायसवाल, विरेन्द्र जायसवाल, रोशन जायसवाल, राजेश जायसवाल, जीवन जायसवाल, भास्कर जायसवाल उपस्थित थे। कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन महिला सभा की अध्यक्ष पल्लवी जायसवाल ने किया।
0 कोरबा में जल्द खुलेगा नर्सिंग कॉलेज
सर्ववर्गीय जायसवाल सभा के निर्वाचित प्रतिनिधियों के सम्मान समारोह के दौरान उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन की मांग पर स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने घोषणा करते हुए कहा कि कोरबा में जल्द ही सर्वसुविधायुक्त शासकीय नर्सिंग कॉलेज खोला जाएगा। मंत्री की घोषणा का उपस्थित लोगों ने करतल ध्वनि के साथ स्वागत किया।
0 दीक्षा जायसवाल का हुआ अभिनंदन
छत्तीसगढ़, हिन्दी और भोजपुरी फिल्मों की स्टार और छइया-भुइया-3 सहित दर्जनों छत्तीसगढ़ी फिल्म की अभिनेत्री दीक्षा जायसवाल का आयोजन के दौरान समाज की ओर से मंत्री द्वय के द्वारा अभिनंदन करते हुए छत्तीसगढ़ी फिल्मों में छत्तीसगढ़ की संस्कृति को बढ़ावा देने की अपेक्षा जताते हुए छत्तीसगढ़ का नाम देश में रौशन करने के लिए दीक्षा जायसवाल के अभिनय को सराहा।
आकाशीय बिजली गिरने से दो भाई झुलसे, एक की हालत गंभीर
कोरबा । जिले के कुदमुदा वन मंडल के डोमाडीह गांव में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में आकाशीय बिजली गिरने से दो सगे भाई गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों तालाब में मछली पकड़ रहे थे, तभी अचानक बदले मौसम के बीच यह हादसा हो गया।
झुलसे भाईयों की पहचान राम सिंह बिंझवार (52) और धरम सिंह बिंझवार (49) के रूप में हुई है। घटना के समय दोनों तालाब से निकलकर एक पेड़ के नीचे खड़े हुए थे, जब उन पर बिजली गिर गई। हादसे के बाद दोनों ने परिजनों को फोन कर सूचना दी, जो तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए। हालत गंभीर होने पर राम सिंह को जिला मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है।
राम सिंह के दामाद रामनारायण ने बताया कि बीते दो दिनों से इलाके में मौसम लगातार खराब है, तेज बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं हो रही हैं। स्थानीय किसान अजीत दास महंत ने बताया कि खराब मौसम से फसलों को भी भारी नुकसान हो रहा है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।
प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों में न रहने की अपील की है।
आमजन की समस्यओं का निराकरण करना ही सुशासन तिहार का उद्देश्य : कलेक्टर
पेंशन, वन अधिकर पत्र के मांगों पर समिति के अनुमोदन पश्चात लाभान्वित करने के दिए निर्देश
कोरबा । छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रदेशभर में आयोजित सुशासन तिहार 2025 के अंतर्गत आज कोरबा ब्लॉक के दूरस्थ ग्राम पंचायत गुरमा में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शासन द्वारा निर्धारित तीन चरणों की प्रक्रिया के अंतर्गत अंतिम चरण के रूप में आयोजित इस शिविर में कलेक्टर अजीत वसंत शामिल हुए। उन्होंने कहा कि आमजनों को शासन की योजनाओं से लाभान्वित करना और उनकी समस्याओं का निराकरण करना ही सुशासन तिहार का प्रमुख उद्देश्य है। कलेक्टर श्री वसंत ने कहा कि सुशासन तिहार में प्राप्त सभी आवेदनों की जांच की गई है। आवेदन का परीक्षण कर जो भी मांग जितनी जल्दी पूरी हो सकती है, उस दिशा में ही कार्यवाही की जा रही है। जिला स्तर पर जो संभव है उन मांगों को यहां से ही पूरा कर दिया गया है और शासन स्तर के मांगों को पूरा करने के लिए शासन को प्रेषित किया गया है। कलेक्टर ने ग्रामीणों से संवाद कर बताया कि शासन द्वारा अनेक योजनाएं संचालित की जाती है। आप अपनी जरूरत के अनुसार कभी भी आवेदन दे सकते हैं। जो भी समस्या या शिकायत है, आप सोमवार व गुरूवार के दिन कलेक्टर कार्यालय आकर बता सकते हैं।
समाधान शिविर में कलेक्टर अजीत वसंत ने मौके पर प्राप्त आवेदनों पर की गई कार्यवाही की विभागीय समीक्षाओं की जानकारी भी ली। उन्होंने पेंशन के पात्र आवेदनों को जनपद पंचायत की सामान्य सभा की विशेष समिति से अनुमोदन पश्चात आगामी 15 दिवस में जारी करने एवं राशन कार्ड के सभी पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने हेतु निर्देशित किया। कलेक्टर श्री वसंत ने ग्रामीणों को बीमार होने पर नजदीक के स्वास्थ्य केंद्र में जाकर उपचार कराने की अपील करते हुए बताया कि किसी भी प्रकार की गंभीर बीमारियों के इलाज हेतु शासन-जिला प्रशासन की ओर से भी सहयोग प्रदान किये जाने की व्यवस्था है। उन्होंने जिन ग्रामों में मितानिन भवन की मांग है एवं सामुदायिक भवन उपलब्ध नहीं है वहां मितानिन भवन की स्वीकृति दिए जाने, जर्जर प्राथमिक शाला, माध्यमिक शाला एवं आंगनबाड़ी की स्वीकृति डीएमएफ मद से करने, वन अधिकार पत्र के पात्र आवेदनों को ग्रामसभा के अनुमोदन पश्चात नियमानुसार ग्राम वन समिति से अनुमोदन उपरांत वन अधिकार पत्र वितरण करने, ग्राम पंचायत गुरमा में बाजार शेड भूमि उपलब्ध होने पर स्वीकृत करने, चिर्रा से श्यांग रोड स्वीकृत करने की बात कही। उन्होंने अभिभावकों को अपने बच्चों को आंगनबाड़ी एवं स्कूल भेजने की अपील करते हुए बताया कि जिला प्रशासन द्वारा अच्छे नंबरों से उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और डाक्टर, इंजीनियर की पढ़ाई के लिए भी पूरा सहयोग किया जाता है। आप सभी अपने बच्चों को स्कूल जरूर भेजे और उन्हें शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करें।
शिविर में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रेणुका राठिया ने कहा कि “शिक्षा एक शेरनी का दूध है जो पियेगा वो दहाड़ेगा”। उन्होंने समस्त ग्रामीणजनों को शिक्षा पर जोर देते हुए पढ़ने व आगे बढ़ने की बात कही।
इससे पूर्व समाधान शिविर में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रेणुका राठिया, श्रीमती बिजमोती राठिया अध्यक्ष जनपद पंचायत, जनपद सदस्य बलेन्दर राठिया, गुरमा कलस्टर में सम्मिलित 11 ग्राम पंचायत, अमलडीहा, बासीन, चिर्रा, फूलसरी, गिरारी, गुरमा, कोलगा, लबेद, श्यांग, सिमकेंदा, सोलवां के समस्त सरपंच, उपसरंपच एवं पंच, शिविर के नोडल अधिकारी सरोज महिलांगे, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), सहायक नोडल श्रीमती कौशाम्बी गबेल, जनपद कोरबा की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजनों की गरिमामय उपस्थित में छत्तीसगढ़ महतारी व महारानी अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्जवलित कर साथ ही राज्य गीत “अरपा पैरी के धार“ से कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
सीईओ श्रीमती गबेल ने सुशासन तिहार के सभी चरणों की जानकारी देते हुए गुरमा कलस्टर में प्राप्त आवेदन की निराकरण की जानकारी ददी। उन्होंने बताया कि कलस्टर में प्राप्त कुल 5306 आवेदन में 5217 आवेदनों का निराकरण कर लिया गया है। शिविर में ग्राम पंचायत गिरारी, सोलवां, लबेद, सिमकेंदा, गुरमा के सरपंचों को स्वास्थ्य विभाग द्वारा टीबी मुक्त ग्राम पंचायत का प्रमाण पत्र जारी किया गया। साथ ही मनरेगा कार्ड 09, राशनकार्ड 23, पेंशन 146, आवास स्वीकृति 07, वन अधिकार पत्र पुस्तिका 11, किसान किताब 01, पेट्रोल पंप 01, मिनी राइस मिल 01, हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया। महारानी अहिल्याबाई होल्कर के 300वीं जयंती पर उनके अमूल्य योगदान का महोत्सव भारत सरकार द्वारा एक अभियान के रूप में चलाया जा रहा है। जिसके अंतर्गत ग्राम पंचायत गुरमा की स्वच्छता दीदियों को साड़ी वितरण कर सम्मानित किया।
जिला प्रशासन महिलाओं की सुरक्षा एवं सरंक्षण के लिए सजग
कलेक्टर ने कार्यालयों, संस्थानों, संगठन, संस्था, प्रतिष्ठानों में आंतरिक शिकायत समिति गठन करने के दिए निर्देश
कोरबा । जिला प्रशासन कोरबा कार्यस्थलों पर महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मानजनक कार्य वातावरण सुनिश्चित करने हेतु सतर्क एवं सजग है। “महिलाओं का कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न (निवारण, प्रतिषेध और प्रतितोष) अधिनियम 2013“ के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी संबंधित कार्यालयों व संस्थानों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
उक्त अधिनियम के अंतर्गत प्रत्येक शासकीय, अर्द्धशासकीय, अशासकीय, निजी संस्था, संगठन, कार्यालय, उपक्रम, उद्यम, सोसायटी, ट्रस्ट, गैर-शासकीय संगठन आदि में जहाँ 10 या उससे अधिक अधिकारी/कर्मचारी कार्यरत हैं, वहाँ आंतरिक शिकायत समिति का गठन अनिवार्य है। समिति गठन न करने पर संबंधित संस्था पर 50 हजार रूपए तक का जुर्माना अधिरोपित किया जा सकता है। समिति में एक वरिष्ठ महिला अधिकारी को पीठासीन अधिकारी के रूप में नियुक्त किया जाएगा। इसके अतिरिक्त दो महिला सदस्य जो सामाजिक कार्यों में अनुभव या महिला अधिकारों के प्रति प्रतिबद्ध हों, तथा एक सदस्य किसी गैर शासकीय संगठन से शामिल होंगी। समिति में आधे से अधिक सदस्य महिलाएं होंगी और इसका कार्यकाल तीन वर्षों का होगा। गठन उपरांत समिति के नाम संस्था के सूचना पट्ट/बोर्ड/फ्लेक्स में प्रदर्शित करना अनिवार्य है।
गौरतलब है कि उक्त अधिनियम के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है। जिला कलेक्टर द्वारा जिले के सभी शासकीय, अर्धशासकीय, अशासकीय कार्यालयों/ संस्थाओं, संगठनों को जहां 10 या उससे अधिक कार्मिक कार्यरत हैं, आंतरिक शिकायत समिति का गठन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
लेमरू, रामपुर, दीपका और सपलवा, में वयोवृद्ध स्वास्थ्य शिविर का आयोजन 26 को
कोरबा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि वयोवृद्ध देखभाल कार्यक्रम के तहत 26 मई सोमवार को कोरबा ब्लाक के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र लेमरू, करतला ब्लाक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर, कटघोरा ब्लाक के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दीपका, और पाली ब्लाक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सपलवा में वयोवृद्ध स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जायेगा। इन शिविरों में 60 वर्ष से अधिक उम्र के व्यक्तियों का निःशुल्क स्वास्थ्य जांच कर दवाईयों का वितरण किया जायेगा।
बरपाली, जवाली, और सिंघिया में समाधान शिविर 26 को
कोरबा। सुशासन तिहार 2025 के तृतीय चरण अन्तर्गत 26 मई सोमवार को विकासखंड करतला के ग्राम बरपाली कलस्टर अंतर्गत समिल्लित ग्राम पंचायत बरपाली, भैंसामुड़ा, ढनढनी, गुमिया, जोगीपाली(क), कनकी, कथरीमाल, सलिहाभाठा, सण्डेल और सरगबुंदिया के लिए हायर सेकेण्डरी स्कूल बरपाली में समाधान शिविर का आयोजन होगा। इसी तरह विकासखंड कटघोरा के ग्राम जवाली कलस्टर अंतर्गत सम्मिलित ग्राम पंचायत देवरी, सिंघाली, विजयपुर, जवाली, कसईपाली, चाकाबुड़ा, कोलिहामुड़ा और देवगांव के लिए हाईस्कूल प्रांगण जवाली और विकासखंड पोंड़ीउपरोड़ा के ग्राम सिंघिया कलस्टर अंतर्गत ग्राम पंचायत सिंघिया, लखनपुर, सुतर्रा, कोरबी सिं., कापूबहरा, मल्दा, नगोईबछेरा, बिंझरा, भांवर और बरतराई हेतु शासकीय हाईस्कूल सिंघिया में समाधान शिविर का आयोजन किया जायेगा।
जल जीवन एवं स्वच्छता मिशन की बैठक आज
कोरबा । कलेक्टर अजीत वसंत की अध्यक्षता में जल जीवन एवं स्वच्छता मिशन जिला कोरबा की बैठक 23 मई को शाम 05 बजे कलेक्टोरेट सभाकक्ष कोरबा में आहूत की गई है। सर्व संबंधितों को अनिवार्य रूप से बैठक में उपस्थित होने कहा गया है।
सियान सदन में वृहद स्वास्थ्य शिविर 30 को
कोरबा । कलेक्टर अजीत वसंत के मार्गदर्शन में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.एस.एन.केशरी के नेतृत्व में वयोवृद्ध देखभाल कार्यक्रम के अंतर्गत 30 मई को सियान सदन कोरबा में वृहद स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जायेगा। इस शिविर में 60 वर्ष से अधिक उम्र के व्यक्तियों तथा पेंशनर्स का विशेषज्ञ चिकित्सकों (मेडिसिन, नेत्र, नाक, कान, गला रोग, अस्थि रोग, स्त्री रोग विशेषज्ञ, दंत चिकित्सक, फिजियोथेरेपिस्ट, मानसिक रोग विशेषज्ञ आयुर्वेद चिकित्सक) के द्वारा निःशुल्क परामर्श एवं गुणवत्ता पूर्ण उपचार प्रदान किया जायेगा। निःशुल्क दवाएं जायेगी तथा स्वस्थ्य जीवन शैला, व्यायाम, योग के संबंध में विशेषज्ञ सलाह दी जायेगी। आवश्यकता पड़ने पर सहायक उपकरण जैसे वाकर, स्टीक, हियरिंग एड, व्हील चेयर समाज कल्याण विभाग द्वारा वितरित किये जायेंगे इस स्वास्थ्य शिविर में वय वंदन कार्ड, आभा आईडी भी बनाया जायेगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि 01 मई से 31 मई तक राष्ट्रीय वयोवृद्ध स्वास्थ्य देखभाल कार्यक्रम के तहत नगरपालिक निगम, पंचायत विभाग, समाज कल्याण विभाग, तथा आयुष विभाग के सहयोग से जिले के शहरी तथा ग्रामीण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में विभिन्न तिथियों विभिन्न बिमारियों की स्क्रीनिंग हेतु शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें 60 वर्ष से अधिक उम्र के वयोवृद्ध व्यक्तियों का शत प्रतिशत स्क्रीनिंग कर बिमारियों या परेशानियों को चिन्हित कर उपचार तथा सहायक उपकरण प्रदान किया गया है। जांच में विभिन्न बिमारियों से ग्रस्त मरीजों का निःशुल्क उपचार किया गया एवं उन्हें निःशुल्क दवाईयॉं दी गई। डॉ.केशरी ने बताया कि वृद्धावस्था जीवन की एक कठिन अवस्था होता है। सामान्य रूप से 60 वर्ष के बाद शारीरिक शक्ति कम होने लगती है। रोगग्रस्त होने का खतरा बढ़ जाता है। इसमें आंखों की रोशनी कम होना, सुनाई कम देना, डायबिटीज, ब्लड प्रेशर, आंख कमजोर होना, नाक, कान, गला से संबंधित परेशानी, गठिया, हृदय रोग, पार्किंसन्स, मनोभ्रम जैसी बिमारी शामिल है। इसके बचाव के लिए बुजुर्गों को योग प्राणायाम व उचित खानपान सहित नियमित अंतराल पर स्वास्थ्य जांच जरूरी होता है।
गुरमा, पोंड़ीउपरोड़ा और बतरा में समाधान शिविर
कोरबा । सुशासन तिहार 2025 के तृतीय चरण अन्तर्गत 23 मई शुक्रवार को विकासखंड कोरबा के ग्राम गुरमा कलस्टर अंतर्गत समिल्लित ग्राम पंचायत गुरमा, चिर्रा, लबेद, सिमकेंदा, श्यांग, गिरारी, बासीन, फुलसरी, कोल्गा, सोल्वां और अमलडीहा हेतु गुरमा में बाजार के पास समाधान शिविर आयोजित की जायेगी। इसी तरह विकासखंड पोंड़ीउपरोड़ा के ग्राम पोंड़ीउपरोड़ा कलस्टर अंतर्गत सम्मिलित ग्राम पंचायत पोंड़ीउपरोड़ा, कोनकोना, बांगो, तानाखार, रामपुर ता., बांझीबन, घरीपखना, गुडरूमुड़ा और दर्राभाठा हेतु मरखी माता के पास पोंड़ीउपरोड़ा और विकासखंड पाली के ग्राम बतरा कलस्टर अंतर्गत ग्राम पंचायत बतरा, कर्रानवापारा, कोडार, शिवपुर, सिल्ली, निरधी, परसदा़ और पोलमी हेतु ग्राम पंचायत भवन परिसर बतरा में समाधान शिविर का आयोजन किया जायेगा।
रायपुर-अंबिकापुर हाईवे पर रफ्तार का कहर, दो हाइवा वाहन भिड़े
कोरबा । रायपुर-अंबिकापुर हाइवे पर शुक्रवार को दो हाइवा वाहनों के बीच भीषण हादसा हुआ. छुरी से बिलासपुर जा रही हाइवा सड़क किनारे खड़ी दूसरी हाइवा से टकरा गई. हादसे में घायल चालक अनीश पटेल केबिन के अंदर फंस गया, जिसे गैस कटर की मदद से बाहर निकाला गया।
जानकारी के मुताबिक, घटना सुबह तकरीबन 5 बजे के आसपास की बताई जा रही है. राखड़ से लोड ट्रेलर छुरी से बिलासपुर की ओर जा रही थी. इसी दौरान वह सड़क किनारे खड़ी हाइवा से जा भिड़ी. हादसे में ट्रेलर के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया. वाहन चालक केबिन के भीतर ही फंस गया. वाहन चालक को चोटें आई है।
दुर्घटना के बाद सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लगने से सड़क जाम हो गया. सूचना मिलते ही जिला प्रशासन की टीम और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया. कैबिन में फंसे चालक को गैस कटर की मदद से बाहर निकाला गया।
मछुआ सहकारी समितियों एवं समूहों की बैठक आयोजित
कोरबा। अध्यक्ष छत्तीसगढ़ मछुआरा कल्याण बोर्ड भरत मटियारा की अध्यक्षता में आज कोरबा जिले के मछुआ सहकारी समितियों एवं समूहों की बैठक जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में कोरबा जिले के समितियों एवं समूहों के 200 से अधिक सदस्य उपस्थित हुए।
अध्यक्ष श्री मटियारा द्वारा उपस्थित मछुआरों से मछली पालन से मछुआरों की आय में वृद्धि के लिए उनसे सुझाव एवं होने वाली कठिनाई के संबंध में सीधी चर्चा की गई। उन्होंने मछुआ सहकारी समितियों एवं समूहों को मछुआरों के कल्याण के लिए शासन द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए कहा ताकि आय में वृद्धि एवं जीवन स्तर में सुधार आये। श्री मटियारा ने बैठक में उपस्थित सदस्यों द्वारा की गई मांग एवं सुझाव के संबंध में शासन स्तर से आवश्यक कार्यवाही के लिए आश्वासन दिया। उन्होंने इस क्षेत्र में आगे बढने के लिए निरंतर एक जुट होकर प्रयास करने की बात कही।
बैठक में क्रांति कुमार बघेल सहायक संचालक, रामचरण कोर्राम, श्रीमती कुसुमलता कैवर्त, श्रीमती मंजु ठाकुर, श्रीमती पूनम कैवर्त, लक्ष्मीनारायण कैवर्त, श्रीमती कीर्तन कंवर, श्रीमती इन्दिरा बरेठ, विजय ध्रुव, अशोक जलतारे उपस्थित थे।
स्वास्थ्य मंत्री एक दिवसीय प्रवास पर पहुंचे कोरबा
कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण
कोरबा । छत्तीसगढ़ शासन के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल आज एक दिवसीय प्रवास पर कोरबा पहुंचे। प्रवास के दौरान उन्होंने कटघोरा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। मंत्री श्री जायसवाल ने अस्पताल परिसर का गहन निरीक्षण करते हुए मरीजों की समस्याएं नजदीक से जानीं और मौके पर उपस्थित चिकित्सक,अधिकारियों को आवश्यक दिशा- निर्देश दिए।
उन्होंने विशेष रूप से अस्पताल में गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए भर्ती मरीजों को राहत पहुंचाने के लिए वार्डों में एयर कंडीशनर की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि किसी भी मरीज को गर्मी या अन्य सुविधाओं के अभाव में कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान मंत्री श्री जायसवाल ने बताया कि कटघोरा सीएचसी को अब 50 बेड से बढ़ाकर 100 बेड के आधुनिक अस्पताल में परिवर्तित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए आवश्यक बजट स्वीकृत हो चुका है और विस्तृत परियोजना प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। जैसे ही वित्तीय स्वीकृति प्राप्त होगी, निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। अस्पताल को जिला अस्पताल की तर्ज पर विकसित किया जाएगा, जिससे यहां के मरीजों को बेहतर और समग्र स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि इस अपग्रेडेशन से न केवल कटघोरा,बल्कि आसपास के ग्रामीण अंचलोंकृजैसे कि पसान,पाली आदि के लोगों को भी लाभ मिलेगा। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से मुलाकात कर उनकी स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित समस्याएं और सुझाव भी सुने। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अस्पताल भवन की मरम्मत, परिसर की साफ-सफाई, पेयजल की नियमित आपूर्ति तथा आवश्यक दवाओं की उपलब्धता की भी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने सभी चिकित्सकों, स्टाफ नर्सों व कर्मचारियों को निर्देशित किया कि मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और सभी सेवाएं समयबद्ध व संवेदनशील तरीके से उपलब्ध कराई जाएं।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया, कलेक्टर अजीत वसंत, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. केशरी सहित अधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी उपस्थित थे।
अवैध उत्खनन रोकने के लिए सख्त कार्यवाही करें : कलेक्टर
टास्क फोर्स समिति की बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश
कोरबा । जिले में अवैध उत्खनन कार्य को रोकने के लिए कलेक्टर अजीत कुमार वसंत ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में टास्क फोर्स समिति की बैठक लेकर संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि राजस्व और पुलिस विभाग समन्वित रूप से कार्रवाई करें और खनन क्षेत्रों में सक्रिय अपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने को कहा। उन्होंने कहा कि खनिज विभाग, राजस्व विभाग, परिवहन विभाग, वन विभाग और पर्यावरण विभाग मिलकर जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन,परिवहन और भण्डारण की जांच करें और कार्रवाई करें।
कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पर्यावरण प्रदूषण रोकने एवं आम नागरिकों की सुविधा की दृष्टि से राखड़ परिवहन करने वाले वाहनों में राखड़ को त्रिपाल,तारपोलिन,पन्नी से ढक कर ही नियमानुसार परिवहन किया किया जाए।खनिज विभाग से प्राप्त आवेदनों की स्थल जांच रिपोर्ट समय-सीमा में राजस्व और वन विभाग द्वारा भेजी जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि एसईसीएल की खदानों से कोयला निकासी वाहन क्षमता के अनुसार हो, साथ ही डम्प क्षेत्रों में कोयला चोरी पर केन्द्रीय सुरक्षा बल और एसईसीएल प्रबंधन मिलकर प्रभावी नियंत्रण रखें। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि निर्माण एजेंसियों को रॉयल्टी क्लीयरेंस प्रमाणपत्र के बिना भुगतान न किया जाए। निर्माणाधीन कार्यों में प्रयोग होने वाली खनिज की संभावित मात्रा की जानकारी संबंधित विभागों से प्राप्त की जाए। कोयला परिवहन हेतु प्रतिबंधित सड़कों पर भारी वाहनों की आवाजाही पर पूर्ण निगरानी रखी जाए। खनिज परिवहन में लगे वाहनों के ड्राइवरों की आयु और वैध लाइसेंस की जांच कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिले में कानून व्यवस्था और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए सभी संबंधित विभागों को कड़ी और संयुक्त कार्रवाई करनी होगी।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत दिनेश कुमार नाग,अपर कलेक्टर अनुपम तिवारी, मनोज कुमार बंजारे,सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, 479 ग्रामों का हुआ चयन
कोरबा । भारत सरकार जनजातीय कार्य मंत्रालय नई दिल्ली द्वारा ’’धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’’ का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 02 अक्टूबर 2024 को किया गया था। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जनजातीय गांवों तथा आकांक्षी जिलों मे निवासरत् जनजातीय परिवारों का सामाजिक तथा आर्थिक स्थिति में उत्तरोत्तर सुधार करना है, ताकि जनजातीय परिवारों का त्वरित गति से विकास सुनिश्चित किया जा सके। इसमें सामुदायिक अधोसंरचना में सुधार के साथ-साथ सामाजिक और आर्थिक स्तर में उन्नयन व प्रत्येक परिवारों को सभी शासकीय योजनाओं का लाभ मिल सके। इस अभियान में 17 मंत्रालयों द्वारा क्रियान्वित किए जाने वाले 25 हस्तक्षेप शामिल है। भारत सरकार जनजातीय कार्य मंत्रालय नई दिल्ली द्वारा कोरबा जिला अंतर्गत ’’धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’’ के तहत् कुल 479 ग्रामों का चयन किया गया है, जिसमें विकासखंड कोरबा के 122 ग्राम, विकास खण्ड कटघोरा के 28 ग्राम, विकास खण्ड करतला के 60 ग्राम, विकास खण्ड पाली के 73 एवं विकासखंड पोंड़ी उपरोड़ा के 196 ग्राम शामिल हैं। इन 479 ग्रामों के कल्याण एवं संवर्धन के लिए अजीत वसंत कलेक्टर कोरबा के मार्गदर्शन एवं निर्देशानुसार कार्ययोजना बनाई जा रही है।
सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्रीकांत कसेर के द्वारा बताया गया कि जिले में निवासरत जनजातीय वर्ग के लोगो के उत्थान हेतु विभिन्न विभागों द्वारा धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत भारत सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से बुनयादी ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा, आजीविका, आंगनबाड़ी, आवास इत्यादि गैप की पहचान कर अंतराल को भरना है ताकि अभिसरण और संतृप्तिकरण के माध्यम से आदिवासी क्षेत्रों और समुदायों का समग्र और सतत् विकास सुनिश्चित किया जा सके।
इस अभियान के माध्यम से ग्राम स्तर एवं कलस्टर स्तर के शिविरों के माध्यम से दीर्घकालिक एवं तात्कालिक गतिविधियों के अंतर्गत आधार कार्ड, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, किसान क्रेडिट कार्ड, पीएम- किसान सम्मान निधि, जन-धन खाता, बीमा कवरेज, सामाजिक सुरक्षा (वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन), रोजगार और आजीविका योजनाएं (एमजीएनआरईजीए, पीएम विश्वकर्मा, मुद्रा ऋण), महिला एवं बाल कल्याण (पीएमएमवीवाई, आईसीडीएस लाभ, टीकाकरण) जनजातीय परिवारों को पक्का घर, गांवों में सड़क, बिजली, पानी, मोबाईल मेडिकल यूनिट््स, आवासीय विद्यालयों व छात्रावास/आश्रमों के उन्नयन तथा कौशल विकास और रोजगार के अवसर की उपलब्धता इत्यादि गतिविधियों के माध्यम से जनजातीय बाहुल्य ग्रामों को संतृप्तिकरण किया जाना है।
इस योजना के सफल क्रियान्वयन हेतु 15 जून से 30 जून 2025 तक धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान जागरूकता और लाभ संतृप्ति शिविर का आयोजन जिलें में संचालित किया जायेगा। ग्रामीणों से अपील की गई है कि उक्त शिविरां में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर शासकीय योजनाओं का लाभ लें।