छत्तीसगढ़ / कोरबा
कलेक्ट्रेट में दी गई ईवीएम से वोटिंग की जानकारी
कोरबा। कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देशन में जिले में नगरीय निकाय चुनाव के पूर्व आमजनों को ईवीएम मशीन से मतदान के संबंध में जानकारी दी जा रही है। इसी कड़ी में आज जिला कार्यालय में प्रदर्शनी लगाकर कर्मचारियों एवं अपने कार्य से जिला कार्यालय आने वाले लोगों को ईवीएम मशीन से मतदान के सम्बंध में जानकारी दी गई।
जिला कार्यालय में कार्यरत सहायक ग्रेड 02 राजकुमार कंवर ने नगरीय निकाय निर्वाचन के दौरान ईवीएम मशीन से मतदान प्रक्रिया को गम्भीरता से अवलोकन किया एवं बटन दबाकर वोटिंग प्रकिया से अवगत हुए। इसी प्रकार अपने कार्य से कलेक्ट्रेट आने वाले वकीलगण एवं अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए कलेक्ट्रेट आने वाले ग्रामीणों ने भी ईवीएम से वोटिंग के सम्बंध में जानकारी लेकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
प्रयास आवासीय विद्यालय, 9वीं में प्रवेश आवेदन 14 तक
कोरबा । प्रयास आवासीय विद्यालयों में कक्षा 9 वीं में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन जारी है। ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 14 फरवरी 2025 निर्धारित है। भरे गए फॉर्म में त्रुटि सुधार की प्रक्रिया 17 फरवरी से 21 फरवरी तक किया जा सकता है। तथा प्रवेश परीक्षा की तिथि पृथक से दी जायेगी।
सहायक आयुक्त आदिवासी विकास से प्राप्त जानकारी अनुसार प्रवेश हेतु संबंधित विकासखण्ड के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय छुरीकला/लाफा पाली/पोड़ी उपरोड़ा, प्रयास आवासीय विद्यालय डिंगापुर में संपर्क कर निर्धारित समय अवधि में निःशुल्क ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। साथ ही प्रवेश हेतु नियमावली एवं प्रवेश नीति का अवलोकन तथा ऑनलाइन आवेदन पत्र भरने हेतु वेबसाइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डाट एकलव्य डाट सीजी डाट एनआईसी डाट इन/पीआरएसएमएस/स्टूडेन्ट-एडमिशन-डिटेल पर किया जा सकता है।
हसदेव नदी में डूबने से तीन की मौत
कोरबा । सोमवार 3 फरवरी को दोपहर से लापता हुए तीन छात्र मित्रों के शव हसदेव नदी से गुरुवार को निकाल लिये गये।
दो छात्रों के शव गुरुवार की सुबह व दोपहर में निकाले गये जबकि तीसरे छात्र का शव दर्री डेम के पास से रात को निकाला गया।
उल्लेखनीय है कि दर्री के सीएसईबी के पश्चिम क्षेत्र से 3 फरवरी की दोपहर से ये तीनों छात्र एक बाईक पर सवार होकर हसदेव नदी की ओर जाते हुए कैमरे में कैद हुए थे।इनके कपड़े सामान और बाइक नदी किनारे मिले थे ।उसी समय से इनकी तलाश की जा रही थी।
रेस्क एस में लगी एसडीआरएफ टीम को तीन में से दो छात्र सागर व बजरंग का शव गुरुवार को दोपहर में मिला। पहले सागर का शव जलकुंभी में फंसा हुआ मिला ।
बाद में बजरंग का शव नदी से निकाला। तीसरे छात्र आशुतोष का शव हसदेव डुबान क्षेत्र से मछुआरों की मदद से नाव में रेस्क्यू कर रात 9 बजे निकाला गया।
एसडीआरएफ टीम स्कूबा डाइविंग और नगरसेना की टीम ने लगातार दो दिन तक मोटर बोट से हसदेव डुबान क्षेत्र में पानी की गहराइयों में लापता छात्रों की तलाश कर रही थी, रेस्क्यू के दूसरे दिन 6 फरवरी की सुबह 10 : 30 बजे दिन टीम को एक युवक सागर चौधरी का शव पानी से निकालने में सफलता मिली।
टीम के सदस्यों ने बताया कि बीती रात से मौसम बदला जिससे तेज हवाएं चल रही थी, पूरी रात हवा चलने से शव बहकर घटना स्थल से तकरीबन एक किलोमीटर दूर नदी से गुजरी हाइटेंशन टॉवर के करीब पहुंच गया था, पानी में तैरते शव को रेस्क्यू टीम ने बाहर निकला।
जिसके बाद परिजनों ने शव को सागर चौधरी का होना बताया। तीन दोस्तों में से एक युवक का शव मिलने के बाद सागर के दो दोस्त बजरंग व आशुतोष की भी हसदेव नदी में सरगर्मी से तलाश की रफ्तार बढ़ा दी गई।
दोपहर दो बजे दूसरे युवक बजरंग का शव घटना स्थल से 4 किलोमीटर दूर डुबान क्षेत्र के जलकुंभी में फंसा हुआ था जिसे बरामद कर लिया गया है। शाम 5 बजे तक रेस्क्यू चलने के बाद भी तीसरे युवक आशुतोष का कोई पता नहीं चलने पर रेस्क्यू रोक दिया गया था।
रात तकरीबन 8 बजे दर्री डेम के किनारे किसी मछुआरे ने पानी में शव देखा तो इसकी सूचना आसपास लोगों सहित पुलिस को दी गई, जिसके बाद एसडीआरएफ की टीम ने मछुआरों की मदद से नाव के सहारे शव को बाहर निकाला।
अभी तो मोहरा गया है, मुख्य गुनहगार भी जाएगा जेल : विष्णुदेव साय
कोरबा । नगरीय निकाय चुनावों के लेकर बीजेपी ने चुनाव अभियान तेज कर दिया है। बुधवार को सीएम साय ने रायगढ़ और कोरबा में जनसभा को संबोधित किया। सीएम साय ने कोरबा में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। सीएम साय ने कहा- कांग्रेस सरकार में छत्तीसगढ़ में हर तरफ भ्रष्टाचार था। शराब, कोयला, बालू, डीएमएफ, महादेव एप घोटाला ये सब कांग्रेस ने किया।
युवाओं का किया भविष्य खराब
सीएम साय ने कहा- कांग्रेस सरकार ने छत्तीसगढ़ के युवाओं के भविष्य को खराब किया। पीएससी जैसी संस्था को बदनाम किया। जिससे जनता का विश्वास कांग्रेस सरकार से उठ गया था। आज पीएससी घोटाले की जांच सीबीआई कर रही है, जिसके दोषी जेल के अंदर है, उनका बेल नहीं हो रहा। कोयला और शराब के घोटालेबाज भी जेल के अंदर हैं।
कवासी लखमा पर बोला हमला
सीएम साय ने शराब घोटाले को लेकर पूर्व मंत्री कवासी लखमा पर भी हमला बोला। सीएम ने कहा- अभी तो केवल मोहरा अंदर गए हैं, शराब घोटाला में पूर्व आदिवासी मंत्री अभी जेल में हैं, इसके मुख्य गुनहगार भी जेल में होंगे। बता दें कि शराब घोटाले में कांग्रेस सरकार के पूर्व मंत्री कवासी लखमा को ईडी ने गिरफ्तार किया है। ईडी की गिरफ्तारी के बाद कवासी लखमा जेल में हैं।
पीएससी सदस्य ने किया स्ट्रांग रूम और परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण
19 केन्द्रों में छः हजार से अधिक परीक्षार्थी होंगे शामिल
कोरबा । छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग रायपुर द्वारा आयोजित राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2024 रविवार 09 फरवरी को पूर्वान्ह 10 बजे से दोपहर 12 तक तथा अपरान्ह 03 से शाम 05 तक दो पालियों में होगी। इस परीक्षा में जिले में 6423 परीक्षार्थी शामिल होंगे। जिनके लिए 19 परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं। जिले में परीक्षा का सुचारू संचालन एवं आवष्यक व्यवस्था को परखने छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के सदस्य संत कुमार नेताम ने आज स्ट्रांग रूम सहित मिनीमाता गर्ल्स कालेज परीक्षा केन्द्र का निरीक्षण किया। उन्होंने नोडल अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों से पीएससी परीक्षा की तैयारी के संबंध में जानकारी ली और आवष्यक दिषा निर्देष दिए।
इस दौरान उपस्थित अपर कलेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि पीएससी परीक्षा की आवष्यक तैयारियां पूरी कर ली गई है। परीक्षा केन्द्रों में गोपनीय सामग्री पहुंचाने अधिकारियों और पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है। उड़नदस्ता टीम द्वारा परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया जायेगा। उड़नदस्ता में प्रयुक्त वाहनों में जीपीएस भी लगाया गया है ताकि लोकेषन ट्रेस की जा सके। परीक्षा हेतु कौषल प्रसाद तेन्दुलकर संयुक्त कलेक्टर को नोडल अधिकारी, शषीकांत कुर्रे डिप्टी कलेक्टर, एच.आर.मिरेन्द्र को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है। परीक्षार्थियों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए शासकीय ई.व्ही.पी.जी. महाविद्यालय रजगामार रोड कोरबा को मार्गदर्षन केंद्र बनाया गया है। जिसका दूरभाष क्रमांक 07759-221458 है।
ढीठ हो गए हैं हाथी: सायरन हो रहा बेअसर, केंदई रेंज में तोड़े घर
कोरबा । जिले के कटघोरा वन मंडल में 48 हाथी लंबे समय से विचरण कर रहे हैं। कई हाथी झुंड से बिछड़ कर जंगल से लगे गांव में पहुंच रहे हैं। जिससे ग्रामीण दहशत में हैं ग्रामीण रात को जगाने को मजबूर हैं। अब हाथियों पर सायरन कभी असर नहीं हो रहा है। केंदई रेंज में दंतैल हाथी ने रात ढ़ोढ़ाबहार में दो मकानों को तोड़ दिया।
केंदई रेंज में दंतैल हाथी के कहर से बचने के लिए ग्रामीण शंकर ने अपने परिवार के साथ भागकर जान बचाई। हाथी के मकान तोड़ने और हाथी मित्र दल के वाहन में सायरन बजाने का वीडियो सामने आया है। जहां वन विभाग की टीम सायरन बजा रही है। लेकिन हाथी को कोई असर नहीं हो रहा है, वह घर के बाहर खड़ा हुआ था। हाथी मित्र दल के कर्मचारी टॉर्च मारने के साथ सायरन बजाते रहे। लेकिन दंतैल पर कोई असर नहीं हुआ। हाथी मकान को तोड़ने के साथ ही अंदर से राशन सामान निकाल कर खाता रहा। काफी देर बाद दो मकानों को तोड़ने के बाद जंगल की ओर चला गया। इस क्षेत्र में अभी 28 हाथी घूम रहे हैं। जिसमें से दंतैल हाथी अलग से घूम रहा है। आसपास के ग्रामीणों को सतर्क कर दिया गया है।
ग्रामीणों की मानें तो हाथी गांव के आसपास में विचरण कर रहा है, जो अक्सर गांव के करीब आ जाता है। कई बार तो गांव के अंदर हाथी घुस जाता है और फसल को भी नुकसान पहुंचाता है जिससे लोग परेशान हैं और उन्हें आर्थिक क्षति भी हो रही है। हाथी से बचने के लिए उन्हें कई बार रात-रातभर जगना पड़ जाता है। वहीं, शाम होते ही लोगों को घर के अंदर रहना पड़ता है। डर हमेशा बना हुआ रहता है।
आम नागरिको को वार्डों में मिल रही ईवीएम संचालन की जानकारी
कोरबा । कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अजीत वसंत के निर्देशानुसार शहर के वार्डो में नगरीय निकाय निर्वाचन में ईवीएम के संचालन के संबंध में आमनागरिको को जागरूक किया जा रहा है। 3 और 4 फरवरी नगर पालिक निगम कोरबा अन्तर्गत कुल 18 वार्डों में प्रातः 10.30 बजे से 5 बजे तक आम नागरिकों को महापौर तथा वार्ड पार्षद के पदों पर वोट डालने की प्रक्रिया को बताया गया। आम नागरिकों को बताया गया कि उन्हें महापौर के लिये मतदान करने के पश्चात पार्षद पद के प्रत्याशी के लिये भी मतदान करना होगा। मतदाताओं को बताया जा रहा है कि मतदान केन्द्र में दो बैलेट यूनिट लगाई जायेगी। बैलेट यूनिट में सफेद रंग में महापौर पद और गुलाबी रंग में पार्षद पद के प्रत्याशियों का नाम, फोटो और चुनाव चिन्ह चस्पा होगा। बैलेट यूनिट में अपनी पसंद के उम्मीदवार को वोट देने के पश्चात वीप की आवाज आयेगी और लाल लाईट भी जलेगी।
मतदाताओं को इएनडी बटन, नोटा के बारे में भी विस्तार से बताया जा रहा है। वार्ड में लगने वाले शिविर में आम नागरिकों की शंकाओं / जिज्ञासाओं का निराकरण किया जा रहा है। बीते दो दिवस में नगर पालिक निगम कोरबा के वार्ड 34 दादरखुर्द के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय दादरखुर्द, वार्ड क्रमांक 32 पोड़ीबहार के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय पोड़ीबहार, वार्ड क्रमांक 28 एसईसीएल कालोनी क्र. 1 के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय एनसीडीसी कोरबा, वार्ड क्रमांक 30 एसईसीएल कालोनी 2 के शासकीय हाईस्कूल जे.पी.कालोनी, वार्ड क्रमांक 11 सीतामणी के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय सीतामढ़ी, वार्ड क्रमांक 1 रामसागर पारा के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोरबा (टीडब्ल्यूडी), वार्ड क्रमांक 15 परिवहन नगर के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय कन्या साडा कोरबा, वार्ड क्रमांक 16 पंप हाउस के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय पंप हाउस, वार्ड क्रमांक 37 रामपुर के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रामपुर (पीडब्ल्यूडी), वार्ड क्रमांक 42 बालको नगर के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय बालको, वार्ड क्रमांक 43 कैलाश नगर के शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला कन्या बालको, वार्ड क्रमांक 47 रूमगरा के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय रूमगरा, वार्ड क्रमांक 18 कोहड़िया के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय कोहड़िया, वार्ड क्रमांक 48 हसदेव क्रमांक एक के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय दर्री, वार्ड क्रमांक 54 जमनीपाली के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय जमनीपाली, वार्ड क्रमांक 51 स्याहीमुड़ी के शासकीय हाई स्कूल स्याहीमुड़ी, वार्ड क्रमांक 67 बल्गीखार के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बल्गीखार और वार्ड क्रमांक 63 विकासनगर के राजा गुरू बालकदास शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय आदर्शनगर कुसमुंडा में ईवीएम का प्रदर्शन कर मतदाताओं को ईवीएम मशीन से मतदान करने के संबंध में जानकारी दी गई।
ईवीएम संचालन के सम्बंध में 18 वार्डों में दी जायेगी जानकारी
कोरबा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अजीत वसंत के निर्देशानुसार शहर के वार्डो में नगरीय निकाय निर्वाचन में ईवीएम के संचालन के संबंध में आम नागरिको को जागरूक किया जायेगा। वार्ड में लगने वाले शिविर में आम नागरिकों की शंकाओं / जिज्ञासाओं का निराकरण करने हेतु प्रति वार्ड (शासकीय कार्यालय में) ई.व्ही.एम. प्रदर्शन / जानकारी केन्द्र बनाया गया है। कर्मचारियों की ड्यूटी लगायी गई है, जिसमें समय प्रातः 10.30 बजे से सायं 5.00 बजे तक निर्धारित दिवस / स्थल में ई.व्ही.एम. का प्रचार प्रसार करना सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित कर्मचारियों को दिए गये हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 3 एवं 4 फरवरी को नगर पालिक निगम कोरबा के वार्ड 34 दादरखुर्द के मतदाताओं के लिए स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय दादरखुर्द, वार्ड क्रमांक 32 पोड़ीबहार के लिए स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय पोड़ीबहार, वार्ड क्रमांक 28 एसईसीएल कालोनी क्र. 1 के लिए स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय एनसीडीसी कोरबा, वार्ड क्रमांक 30 एसईसीएल कालोनी 2 के लिए शासकीय हाईस्कूल जे.पी.कालोनी, वार्ड क्रमांक 11 सीतामणी के लिए स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय सीतामढ़ी, वार्ड क्रमांक 1 रामसागर पारा के लिए शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोरबा (टीडब्ल्यूडी), वार्ड क्रमांक 15 परिवहन नगर के लिए स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय कन्या साडा कोरबा, वार्ड क्रमांक 16 पंप हाउस के लिए स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय पंप हाउस, वार्ड क्रमांक 37 रामपुर के लिए शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रामपुर (पीडब्ल्यूडी), वार्ड क्रमांक 42 बालको नगर के लिए स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय बालको, वार्ड क्रमांक 43 कैलाश नगर के लिए शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला कन्या बालको, वार्ड क्रमांक 47 रूमगरा के लिए स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय रूमगरा, वार्ड क्रमांक 18 कोहड़िया के लिए स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय कोहड़िया, वार्ड क्रमांक 48 हसदेव क्रमांक एक के लिए स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय दर्री, वार्ड क्रमांक 54 जमनीपाली के लिए स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय जमनीपाली, वार्ड क्रमांक 51 स्याहीमुड़ी के लिए शासकीय हाई स्कूल स्याहीमुड़ी, वार्ड क्रमांक 67 बल्गीखार के लिए शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बल्गीखार और वार्ड क्रमांक 63 विकासनगर के मतदाताओं के लिए राजा गुरू बालकदास शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय आदर्शनगर कुसमुंडा को ईवीएम प्रदर्शन/जानकारी केन्द्र बनाया गया है। जहां मतदाताओं को ईवीएम मशीन से मतदान करने के संबंध में जानकारी दी जायेगी।
महापौर और पार्षद चुनने के लिए दो बार बटन दबाने होंगे
नगर पालिक निगम अंतर्गत 292 मतदान केंद्रों में रखी जाएंगी 2 बैलेट यूनिट
कोरबा। नगरीय निकाय निर्वाचन 2025 अंतर्गत नगर पालिक निगम कोरबा के 67 वार्डो में पार्षद पद सहित निगम के महापौर पद के लिए चुनाव होना है। इसके लिए 11 फरवरी को मतदान होगा। जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा इस सम्बंध में मतदाताओं को जागरूक करने और अपने मताधिकार का सही तरीके से ईवीएम में उपयोग करने के सम्बंध में राजनीतिक दलों के अभ्यर्थियों, मीडिया प्रतिनधियों सहित सेक्टर अधिकारियों को प्रशिक्षित किया गया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अजीत वसंत के निर्देशन में रिटर्निंग अधिकारी मनोज कुमार बंजारे की उपस्थिति में वरिष्ठ मास्टर्स ट्रेनर्स डॉ एम एम जोशी,जिला स्तरीय मास्टर्स ट्रेनर्स श्रीमती उपासना ओझा, श्रीमती लक्ष्मी राव ने इस चुनाव में प्रयुक्त हो रहे एम 2 मशीन के सम्बंध में विस्तार से जानकारी देते हुए मतदान के दौरान अपने पसंद के उम्मीदवार को बैलेट यूनिट में मतदान करने के तरीकों को बताया। उन्होंने बताया कि वार्ड क्रमांक 18 को छोड़कर 292 मतदान केंद्रों में दो बैलेट यूनिट होगी। जिसमे से एक महापौर पद के लिए और एक पार्षद के लिए होगी। पहले वाले बैलेट यूनिट में बटन के बाजू में सफेद रंग के कागज में महापौर पद के प्रत्याशी के नाम,फ़ोटो,चिन्ह चस्पा होगा तथा दूसरे बीयू में गुलाबी रंग में पार्षद की पहचान उनके चुनाव चिन्ह के साथ चस्पा होगी। दोनों को वोट देने के लिए अलग-अलग मशीनों में अलग-अलग बटन दबाने होंगे। इस दौरान बीप की आवाजें भी सुनाई देंगी।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित प्रशिक्षण में बताया गया कि मतदाताओं को मतदान केंद्र में अपना पहचान पत्र लाना होगा। मतदान केंद्रों में मतदान दलों के अधिकारियों द्वारा नाम एंट्री करने, तर्जनी उंगली में स्याही लगाने और स्लीप देने के पश्चात क्रमवार मतदाताओं को बूथ में लगी ईवीएम मशीनों में वोट डालना है। उन्होंने बताया कि ईवीएम में पारदर्शिता के साथ चुनाव प्रक्रिया सम्पन्न कराई जाएगी। मतदान केंद्रों में दो बैलेट यूनिट लगेंगी। जिसमे से एक महापौर के लिए और दूसरा पार्षद पद के लिए होगा। दोनो बैलेट यूनिट एक कंट्रोल यूनिट से जुड़ी रहेगी। बैलेट यूनिट में बटन दबाने के दौरान प्रत्याशी के नाम व बटन के बाजू में लाल लाइट जलेगी। जो मतदान होने की पुष्टि करेगा। बैलेट यूनिट में नोटा और इंड का विकल्प भी होगा। मास्टर्स ट्रेनर्स डॉ जोशी ने प्रशिक्षण के दौरान सभी प्रकार के शंकाओं का समाधान भी किया। अपर कलेक्टर व रिटर्निंग अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि नगर निगम कोरबा में कुल 67 वार्ड है। जिसमे से वार्ड क्रमांक 18 में पार्षद के निर्विरोध निर्वाचन होने के पश्चात कुल 66 वार्ड में पार्षद के लिए वोट डाले जाएंगे, जबकि महापौर पद के लिए सभी 67 वार्ड में वोट डाले जाएंगे। उन्होंने बताया कि 297 मतदान केंद्र है। जिसमे से 292 में दो बैलेट यूनिट रखी जायेगी। निर्वाचन के दौरान मशीन में किसी तरह की खराबी आने पर तत्काल बदलने की कार्यवाही की जाएगी। इसके लिए अतिरिक्त मशीन भी रिजर्व रखा जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभी सभी को प्रशिक्षित किया जा रहा है। आम नागरिको को भी ईवीएम से वोट डालने के सम्बंध में वार्ड स्तर पर जागरूक किया जा रहा है।
प्रशिक्षण में बताया गया कि बीयू में एक को वोट देने के बाद दूसरे बीयू में वोट नहीं देने तथा इएनडी बटन नहीं दबाने पर प्रक्रिया पूर्ण करने हेतु मतदान अधिकारी 3 द्वारा मशीन को बंद करके पुनः चालू किया जायेगा ताकि अगले मतदाता को मत जारी किया जा सके।
किसी मतदान केंद्र में मतदाता द्वारा यदि एक बैलेट यूनिट में अपनी पसंद के उम्मीदवार को वोट दिया जाता है और दूसरे बैलेट यूनिट में वोट नहीं डाला जाता है तब मौके पर उपस्थित मतदान अधिकारी द्वारा उन्हें बटन दबाकर वोट डालने के लिए कहा जायेगा। इसके बावजूद भी यदि मतदाता एक बीयू में वोट नहीं देता है तो मतदान अधिकारी को कंट्रोल यूनिट बन्द करके पुनः चालू करनी होगी। कंट्रोल यूनिट बन्द करके चालू करने की इस प्रक्रिया में कुछ समय लगेंगे और इस दौरान जो भी वोट डाले गए होंगे वह सीयू में सुरक्षित रहेंगे। सेक्टर अधिकारियों की बैठक में रिटर्निंग अधिकारी ने मतदान केन्द्रों में उपलब्ध सुविधाएं और कमियों की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
मोबाइल ले जाने और फ़ोटो/वीडियो लेने पर होगी कार्यवाही
प्रशिक्षण में बताया गया कि मतदान केंद्र में मोबाइल ले जाना प्रतिबंधित है। मतदान के दौरान अपना परिचय पत्र हार्ड कॉपी में ले जाना होगा। किसी मतदाता के दौरान वोट डालने का फोटो/वीडियो की गोपनीयता उजागार किए जाने पर आयोग के नियमों के तहत कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
राजनैतिक दलों को प्रशिक्षण दिया गया
कोरबा। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में रविवार को नगरीय निकाय आम निर्वाचन के लिए उपयोग होने वाली ईवीएम इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन की जानकारी देने हेतु विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान वरिष्ठ मास्टर ट्रेनर एम. एम. जोशी ने बताया कि कोरबा के 67 वार्डों में 297 मतदान केंद्रों पर निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न होगी। 292 मतदान केंद्र पर 2 बैलेट यूनिट और 1 सेंट्रल यूनिट का उपयोग किया जाएगा। महापौर पद के लिए सफेद रंग की पर्ची, जबकि पार्षद पद के लिए गुलाबी रंग की पर्ची बैलेट यूनिट पर लगी होगी। मतदाता दो मत - महापौर और पार्षद डाल सकेंगे। वार्ड क्रमांक 18 में पार्षद के निर्विरोध विजयी होने पर वहां के 5 मतदान केंद्रों पर एक बैलेट यूनिट और एक कंट्रोल यूनिट मशीन से महापौर के लिए मतदान कराया जायेगा।
11फरवरी को प्रातः 8 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान किया जाएगा। मतदान के लिए शासन द्वारा अधिकृत 17 दस्तावेजों में से किसी एक की हार्ड कॉपी मतदान केंद्र पर लाना अनिवार्य होगा। मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से यह अपील की गई कि वे अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ मतदान के दिन केंद्र पर पहुंचे। मास्टर ट्रेनर श्री जोशी ने बैलेट यूनिट और सेंट्रल यूनिट का डेमो प्रस्तुत कर निर्वाचन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर रिटर्निंग अधिकारी मनोज कुमार बंजारे, जिला उप निर्वाचन अधिकारी ऋचा सिंह, तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
पीएम आवास योजना घोटाला: कोरबा में 6 लोगों पर FIR, दो रोजगार सहायक बर्खास्त
कोरबा। प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि गबन करने के आरोप में कोरबा जिले में छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। इनमें तीन ठेकेदार, दो पूर्व रोजगार सहायक और एक पूर्व आवास मित्र शामिल हैं। कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई के तहत पूर्व रोजगार सहायक प्रकाश चौहान और किरण महंत को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।
शिकायत के अनुसार, जनपद पंचायत कोरबा की ग्राम पंचायत श्यांग, सिमकेदा और सोल्वा में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत 72 आवास अधूरे पड़े हैं, जबकि 86 लाख रुपये निकाल लिए गए। जिला स्तरीय जांच समिति की रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि संबंधित ठेकेदारों और अधिकारियों ने बिना निर्माण कार्य पूरा किए आवास की राशि गबन कर ली।
इस अनियमितता में विकासखंड समन्वयक लम्बोदर कौशिक, कलेश्वर चौहान और तकनीकी सहायक नरेंद्र साहू की संलिप्तता भी सामने आई, जिन्होंने बिना भौतिक सत्यापन के जियो टैग कर पूर्ण भुगतान कराया।
सीईओ जिला पंचायत के निर्देश पर जनपद पंचायत सीईओ देवानंद श्रीवास ने संबंधित छह लोगों पर शासकीय राशि के गबन की FIR दर्ज कराई है। पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 409, 120-बी और 34 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोरबा कलेक्टर ने कलेक्टोरेट में फहराया तिरंगा
कोरबा। कलेक्टर अजीत वसंत ने गणतंत्र दिवस पर कलेक्टोरेट में राष्ट्रध्वज फहराया। इस अवसर पर उन्होंने एकता में अनेकता के प्रतीक गुब्बारे भी छोड़े। उन्होंने सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी व अपने शासकीय उत्तरदायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए राष्ट्र की प्रगति में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
वसंत ने देश के संविधान में उल्लेखित नियमों और प्रावधानों को आधार मानकर राज्य में बने नियमों तथा कानूनों से ही शासकीय कार्यों के निष्पादन पर जोर दिया और जन कल्याण की भावना को बनाये रखने की अपील की। उन्होंने जिले में टीम भावना से कार्य करते हुए विकास के कार्यों को आगे बढ़ाते हुए सभी लोगों तक शासन की योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन की बात कही।
ध्वजारोहण के पश्चात् कलेक्टोरेट सभाकक्ष में मौजूद अधिकारी-कर्मचारियों ने भी गणतंत्र दिवस की शुभकामना संदेश सबके साथ साझा किये। इस दौरान निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय अपर कलेक्टर मनोज कुमार बंजारे सहित अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
कलेक्टर निवास में भी फहराया गया राष्ट्रध्वज- कलेक्टर अजीत वसंत ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर कलेक्टर निवास में भी राष्ट्रध्वज फहराया और उपस्थित कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी।
कोरबा में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने किया ध्वजारोहण
आकर्षक मार्च पास्ट सहित सांस्कृतिक कार्यक्रम का हुआ आयोजन
कोरबा । कोरबा जिला मुख्यालय में 76वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। कोरबा के सीएसईबी फुटबॉल ग्राउंड में जिला स्तरीय मुख्य समारोह का आयोजन किया गया। जिला मुख्यालय में आयोजित मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि आवासन एवं शहरी कार्य केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू उपस्थित थे। साहू ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। मुख्य अतिथि ने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का छत्तीसगढ़ वासियों के नाम संदेश का वाचन किया। इस अवसर पर अनेकता में एकता के प्रतीक गुब्बारे आकाश में छोड़े गये। गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिले के शहीदों के परिजनों को शॉल, श्रीफल भेंट कर विशेष सम्मान किया गया और वीर सेनानियों की शहादत के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।
मुख्य कार्यक्रम में परेड कमांडर सुबेदार अनंत राम पैंकरा के नेतृत्व में आकर्षक मार्च पास्ट किया गया। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, छत्तीसगढ़ सशस्त्रबल, जिला पुलिस बल पुरूष, छत्तीसगढ़ नगर सेना महिला, छत्तीसगढ़ नगर सेना पुरूष, एनसीसी पुरूष और एनसीसी महिला, स्काउट-गाईड की टीम ने मार्च पास्ट में हिस्सा लिया। हर्ष फायर कर पुलिस बैंड द्वारा राष्ट्रगान की धुन बजाई गई।
परेड में जिला पुलिस बल को मिला प्रथम स्थान - मार्च पास्ट में आठ टुकड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रोफेशनल वर्ग में जिला पुलिस बल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, द्वितीय तथा जिला पुलिस बल महिला को तृतीय स्थान मिला। सांत्वना पुरस्कार नगर सेना को दिया गया। परेड नॉन प्रोफेशनल वर्ग में प्रथम स्थान एनसीसी सीनियर डिवीजन महिला, द्वितीय स्थान एनसीसी सीनियर डिवीजन पुरूष और तृतीय स्थान स्काउट गाइड सीनियर डिवीजन, स्काउट दल सीनियर डिवीजन की टीम को सांत्वना पुरस्कार प्राप्त हुआ।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में दिव्य ज्योति विशेष विद्यालय रामपुर को मिला प्रथम पुरस्कार- गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में स्कूली छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर माहौल में समा बांध दिया। दिव्य ज्योति विषेश विद्यालय रामपुर कोरबा को प्रथम स्थान, सेंट जेवियर स्कूल कोरबा को द्वितीय स्थान, न्यू एरा विद्यालय को तृतीय पुरस्कार और सेंट पैलोटी विद्यालय को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
झांकी में आदिवासी विकास विभाग रहा प्रथम - गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में आज 14 शासकीय विभागों द्वारा आकर्षक झांकियों का प्रदर्शन किया गया। आदिवासी विकास विभाग की झांकी को प्रथम स्थान, महिला एवं बाल विकास विभाग की झांकी को द्वितीय स्थान, स्वास्थ्य विभाग की झांकी को तृतीय पुरस्कार प्राप्त हुआ। शिक्षा विभाग की झांकी को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। स्वर्गीय प्रदीप महतो के द्वारा देहदान दिये जाने पर उनके परिवार के सदस्यों को सम्मानित किया गया। राज्य स्तरीय पेंटिंग में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर अनुष्का को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में कलेक्टर अजीत वसंत, एसपी सिद्धार्थ तिवारी, निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दिनेश कुमार नाग सहित जिला तथा पुलिस प्रशासन के अन्य अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं आम जन उपस्थित रहे।
शनिवार 25 जनवरी को भी होगा नामांकन कार्य
छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग ने दिए निर्देश
कोरबा । छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 25 जनवरी को जिले सभी नगरीय निकायों के निर्वाचन के लिए नाम निर्देशन पत्र जमा करने की प्रक्रिया सामान्य रूप से की जाएगी। उल्लेखनीय है कि सामान्य प्रशासन विभाग मंत्रालय महानदी भवन नवा रायपुर की ओर से 25 जनवरी 2025 को कोई सार्वजनिक अवकाश घोषित नहीं किया गया है।
26 जनवरी को केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू करेंगे ध्वजारोहण
गणतंत्र दिवस पर आकर्षक झांकियां का होगा प्रदर्शन
कोरबा । गणतंत्र दिवस 26 जनवरी को जिला मुख्यालय में आयोजित मुख्य समारोह में आवासन एवं शहरी कार्य केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के कोरबा जिले में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे। इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक एवं जीवंत झांकियों का प्रदर्शन किया जाएगा।
गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह फुटबॉल ग्राउंड सीएसईबी कोरबा (पूर्व) में आयोजित होगा। प्रातः 08.59 बजे मुख्य अतिथि का समारोह स्थल पर आगमन होगा। प्रातः 09.00 बजे मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण, प्रातः 09.01 बजे सलामी एवं राष्ट्रगान, प्रातः 09.03 बजे मुख्य अतिथि द्वारा परेड का निरीक्षण एवं हर्ष फायर, 09.12 बजे परेड का मार्च पास्ट, 09.30 बजे परेड की समीक्षा एवं सलामी, 09.32 बजे मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन, 09.47 बजे रंगीन गुब्बारा उड़ाना, 09.50 बजे परेड का प्रस्थान एवं परेड कमाण्डरों का परिचय, 10.05 बजे मुख्य अतिथि के साथ परेड कमाण्डरों की छायाचित्र, 10.10 बजे शहीद परिवारों का सम्मान, 10.20 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन, प्रातः 10.45 बजे विभागीय झांकी प्रदर्शन, 11.00 बजे सम्मान/पुरस्कार वितरण एवं प्रातः 11.10 बजे आभार प्रदर्शन एवं कार्यक्रम का समापन होगा।
विभागीय झांकियों में पुलिस विभाग, जिला पंचायत, नगर पालिका निगम, वन विभाग, पीएचई, रेशम विभाग, उद्यानिकी विभाग, जल संसाधन, पशुपालन, कृषि, मछली पालन विभाग, आदिवासी विकास विभाग, शिक्षा विभाग, क्रेडा, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला खनिज न्यास संस्थान, एनटीपीसी कोरबा, भारत एल्युमिनियम कंपनी लिमिटेड बालको, छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मण्डल कोरबा पूर्व और एसईसीएल कोरबा की झांकियां प्रदर्शित की जाएंगी।
स्वामी आत्मानंद महाविद्यालय में होगा राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम
कोरबा । 15वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी अजीत वसंत की अध्यक्षता में कोरबा के स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम आदर्श महाविद्यालय, विद्युत गृह क्रमांक-01 में जिला स्तरीय समारोह कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में आयुक्त नगर निगम आशुतोष पाण्डेय, सीईओ जिला पंचायत दिनेश नाग शामिल होंगें। कार्यक्रम में सांस्कृतिक कार्यक्रम सहित मतदाता जागरूकता से संबंधित उद्बोधन भी आयोजित किए जाएंगे।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर कलेक्ट्रेट के अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली शपथ
कोरबा । जिले के सभी कार्यालयों में आज 15वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अजीत वसंत के निर्देशन में निष्ठापूर्वक शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को बनाए रखने और लोकतांत्रिक कर्तव्यों के पालन करने की शपथ ली।
इस दौरान सभी ने लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए देश की लोकतांत्रिक परम्पराओं की मर्यादा को बनाए रखते हुए स्वतंत्र निष्पक्ष एवं निर्भीक होकर धर्म वर्ग जाति समुदाय भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करने की शपथ ली।
कलेक्टर श्री वसंत ने अपने संदेश में कहा कि मजबूत लोकतंत्र के निर्माण में मतदाताओं की भागीदारी आवश्यक है। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के माध्यम से हम सभी अधिकारी-कर्मचारी का भी दायित्व है कि हम स्वयं भी मतदान करते हुए अन्य नये मतदाताओं को अपने लोकतांत्रिक कर्तव्यों का पालन करने के लिए प्रेरित करें। इस दौरान कलेक्ट्रेट के सभी अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।