छत्तीसगढ़ / बलौदा बाजार
सुशासन तिहार : तृतीय चरण 5 मई से
जिले के 8 नगरीय निकायों में 48 स्थानों पर आयोजित होंगे समाधान शिविर
बलौदाबाजार । सुशासन तिहार 2025 अंतर्गत तृतीय चरण 5 मई 2025 से शुरू हो रहा है जिसमें जिले के 8 नगरीय निकायों में 48 स्थानों पर समाधान शिविर प्रातः 10 बजे से अपरान्ह 5 बजे तक आयोजित होंगे। कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देशानुसार समाधान शिविर आयोजन हेतु आवश्यक तैयारी की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 5 मई को नगर पालिका बलौदाबाजार में वार्ड क्रमांक 3 दुर्गा चौक, नगर पंचायत लवन मे स्वामी आत्मानन्द अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, नगर पंचायत पलारी में ठाकुर देव चौक, 6 मई को नगर पंचायत रोहांसी में आँगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 5 में समाधान शिविर आयोजित किये जाएंगे। इसीतरह 7 मई को नगर पालिका भाटापारा में शीतला मंदिर के पास, नगर पालिका सिमगा में शक्ति कान्वेंट स्कूल, नगर पंचायत पलारी में सरस्वती चौक, नगर पंचायत रोहांसी में ठाकुरदिया चौक, नगर पंचायत लवन में गुरूघासीदास सांस्कृतिक भवन लवन कलस्टर क्रमांक-2, नगर पंचायत कसडोल गुरूघासीदास भवन कलस्टर क्रमांक-1, 8 मई को नगर पंचायत रोहांसी में महामाया चौक, नगर पालिका बलौदाबाजार में शनि मंदिर गौरव पथ, 9 मई को नगर पालिका भाटापारा में इतवारी राम यादव शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल, नगर पालिका सिमगा में देवांगन पंचायत भवन, नगर पंचायत पलारी में रंगमंच क्लस्टर 3, नगर पंचायत रोहांसी में नीम चौक, नगर पंचायत लवन में किर्तन भवन कलस्टर क्रमांक-2, नगर पंचायत कार्यालय भवन कलस्टर क्रमांक-2, 10 मई को नगर पंचायत रोहांसी में घासीदास चौक, 11 मई को नगर पंचायत कसडोल में कर्मामाता साहू समाज भवन कलस्टर क्रमांक-3,12 मई को नगर पंचायत रोहांसी में सामुदायिक भवन बस स्टैण्ड, 13 मई को नगर पंचायत रोहांसी में दुर्गा चौक जोरा डबरी, नगर पालिका सिमगा शिव मंदिर वार्ड-5, 14 मई को नगर पालिका बलौदाबाजार में मौली चौक बलौदाबाजार, नगर पंचायत भाटापारा में नगर भवन, नगर पालिका सिमगा में सांस्कृतिक भवन, नगर पंचायत पलारी में नगर पंचायत कार्यालय, नगर पंचायत लवन में नगर पंचायत कार्यालय भवन कलस्टर क्रमांक-4, 15 मई को नगर पंचायत कसडोल में बजरंग चौक रंगमंच कलस्टर क्रमांक-4, नगर पंचायत लवन में नगर पंचायत कार्यालय भवन कलस्टर क्रमांक-5, 16 मई को नगर पालिका बलौदाबाजार में सामुदायिक भवन वार्ड क्रमांक 11, नगर पालिका भाटापारा में दुर्गा मंडप के पास, नगर पालिका सिमगा में सांस्कृतिक भवन वार्ड 8, नगर पंचायत कसडोल में महामाया मंदिर परिसर कलस्टर क्रमांक-5, 19 मई को नगर पालिका बलौदाबाजार में बालक शाला, नगर पालिका सिमगा में मंगल भवन वार्ड 13, 21 मई नगर पालिका सिमगा में निषाद भवन वार्ड-13, नगर पालिका भाटापारा में मयूर स्कूल, 22 मई को नगर पालिका बलौदाबाजार में सामुदायिक भवन रानीसागर तालाब के पास, 23 मई को नगर पालिका सिमगा में भैरव नंद विद्या मंदिर वार्ड-15,नगर पालिका भाटापारा में यदु धर्मशाला, 26 मई को नगर पालिका बलौदाबाजार में नगर भवन, 28 मई को नगर पालिका भाटापारा में गुरूनानक सिंधी धर्मशाला, 29 मई को नगर पालिका बलौदाबाजार में कार्यालय भवन, नगर पालिका भाटापारा में सर्कश मैदान में शिविर आयोजित होगा।
इसी तरह 5 मई से 31 मई तक नगर पंचायत टुण्डरा में चण्डी मंदिर चौक, पिलीपीर चौक, हाटबाजार, हटरी चौक, मंगल भवन, अम्बेडकर चौक, महामाया चौक, शीतला मंदिर चौक एवं शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला प्रांगण में समाधान शिविर संपन्न होगी।
श्रवण यंत्र पाकर चंद्रिका की दुनिया में लौटी आवाज़
सुशासन तिहार में दिए आवेदन का त्वरित मिला समाधान
बलौदाबाजार। लवन तहसील के ग्राम खटियापाटी की 17 वर्षीय चंद्रिका साहू के लिए हाल ही में आयोजित सुशासन तिहार किसी वरदान से कम नहीं रहा। बचपन से ही 60 प्रतिशत तक सुनने में असमर्थ चंद्रिका ने ग्राम पंचायत में आयोजित चौपाल के दौरान अपनी परेशानी सामने रखी थी। उसके आवेदन का त्वरित निराकरण करते हुए समाज कल्याण विभाग द्वारा श्रवण यन्त्र उपलब्ध कराया गया। श्रवण यन्त्र से चन्द्रिका अब पूरी तरह सुन सकती है।
चंद्रिका ने बताया कि कान से सुनाई न देने के कारण पढ़ाई और दैनिक जीवन में अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। उसने चौपाल में समाजकल्याण विभाग से श्रवण यंत्र की मांग की थी ताकि वह सामान्य जीवन जी सके। शासन ने उसकी इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्यवाही की और समाजकल्याण विभाग के माध्यम से उसे श्रवण यंत्र प्रदान किया गया। श्रवण यंत्र मिलने के बाद चंद्रिका ने खुशी जताते हुए कहा कि अब वह पहले की तुलना में स्पष्ट और आसानी से सुन पा रही है। उसने सरकार और प्रशासन का आभार प्रकट करते हुए कहा कि सुशासन तिहार जैसी पहल से ग्रामीणों को सीधे लाभ मिल रहा है और उनकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान हो रहा है। यह घटना न सिर्फ शासन की संवेदनशीलता को दर्शाती है बल्कि यह भी साबित करती है कि यदि मंच और मौका मिले तो हर जरूरतमंद तक मदद पहुँचना संभव है।
गौवंश की संरक्षण व संवर्धन के लिए करें जरुरी उपाय : पटेल
छतीसगढ़ गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष ने ली समीक्षा बैठक
बलौदाबाजार। छतीसगढ़ गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष विशेषर सिंह पटेल की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में गौवंश की घटती संख्या पर चिंता व्यक्त की गई।
गौवंश को मनुष्य का महत्वपूर्ण सहायक प्राणी के रूप में निरुपित करते हुए गौपालन के लिए किसानों को प्रोत्साहित करने पर बल दिया गया।
आयोग के अध्यक्ष श्री पटेल ने कहा कि गौ को माता माना गया है और माता की रक्षा करना हम सबका कर्तव्य है। गौवंश एक चलता फिरता रसायन शास्त्र है जिसमें जीवन के सार समाहित है। गोबर और गोमूत्र में विशेष औषधीय गुण होने के कारण कई खतरनाक बीमारियों क़ा ईलाज भी संभव है। उन्होंने कहा कि आज गौवंश की संरक्षण और संवर्धन के लिए जरुरी उपाय के साथ सामूहिक प्रयास भी आवश्यक है। उन्होंने निराश्रित गौवंश की व्यवस्थापन के लिए पशु पालन विभाग के अधिकारियों को पहले निराश्रित गौवंश का सर्वे कर संख्या संकलित करने कहा। आगामी बारिश के मौसम में सड़कों पर विचरण करने वाले मवेशियों के आश्रय के लिए उपयुक्त स्थल का चिन्हांकन करने के निर्देश दिये। उन्होंने अवैध रूप से गोवंश के परिवहन पर कड़ी निगरानी एवं सम्बंधितो पर कार्यवाही हेतु पुलिस अधिकारी को निर्देशित किया।
श्री पटेल ने बताया कि राज्य शासन द्वारा गौवंश की संरक्षण व संवर्धन के लिए गौधाम योजना शुरू की जा रही है जिसमें प्रथम चरण में प्रत्येक विकासखंड में 10 -10 स्थानों में गोधाम शुरू किया जाएगा। इसके लिए उपयुक्त स्थल का चयन कर लिया जाए। उन्होंने चारे की व्यवस्था के लिए नेपियार रूट लागने के भी निर्देश दिये। इस दौरान गौशाला संचालकों ने सड़क दुर्घटना में घायल मवेशियों को तत्काल ईलाज हेतु अस्पताल ले जाने के लिए वाहन व्यवस्था एवं पशु शव को दफ़नाने के लिए भूमि चिन्हांकित करने के सुझाव दिये।
कलेक्टर दीपक सोनी ने बारिश के मौसम में गोवंश की समस्या का समाधान हेतु जिला कार्यालय में संचालित सम्पर्क केंद्र में पशु चिकित्सा विभाग से दो कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने तथा सम्पर्क केंद्र के फ़ोन नंबर पर सूचना आने पर सम्बधित को सूचित करने के निर्देश दिये। उन्होंने गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष द्वारा दिये गए निर्देशों का अनुपालन सभी को सुनिश्चित करने कहा।
बैठक में सी ई ओ जिला पंचायत दिव्या अग्रवाल, उप संचालक पशु चिकित्सा डॉ नरेन्द्र सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं जिले के गौशाला संचालक उपस्थित थे।
टीबी मुक्त भारत अभियान : बलौदाबाजार जिले को मिला राज्य स्तरीय पुरस्कार
बलौदाबाजार । देश भर में प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान ज़ारी है जिसके तहत टीबी रोग की पहचान, उसकी जांच ,उपचार के संबंध में न केवल सुविधाओं में इजाफा किया जा रहा है अपितु आम जनजीवन में जागरूकता के साथ-साथ समुदाय की सहभागिता इस क्षय उन्मूलन कार्यक्रम में भी ली जा रही है।
बलौदाबाजार-भाटापारा जिले को प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान अंतर्गत 100 दिवसीय निक्षय निरामय अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए राज्य स्तर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया है। रायपुर के मेडिकल कॉलेज ऑडिटोरियम में राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ,स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया, आयुक्त सहसंचालक डॉ प्रियंका शुक्ला की उपस्थिति में बलौदाबाजार-भाटापारा जिले को प्रशस्ति पत्र सी.एम.एच.ओ डॉ. राजेश कुमार अवस्थी के नेतृत्व में सभी स्टाफ ने प्राप्त किया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ राजेश कुमार अवस्थी ने बताया कि जिले में प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान अंतर्गत विभिन्न प्रकार के घटक सम्मिलित हैं। जिसमें मरीज के लिए जांच की सुविधा जिले में निःशुल्क उपलब्ध है इसमें सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में एक्स-रे एवं जीन एक्सपर्ट मशीन ट्रु नाट का उपयोग किया जाता है जबकि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में माइक्रोस्कोपिक जाँच सुविधा उपलब्ध है। इलाज के लिए मरीज को छः माह का डॉट्स का उपचार दिया जाता है जो निःशुल्क है। मरीज को निक्षय पोषण योजना अंतर्गत इलाज अवधि के दौरान एक हज़ार की नकद सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से शासन द्वारा प्रदान की जाती है। इस वर्ष जनवरी से लेकर अप्रैल तक 367 मरीज पहचाने गए हैं जो उपचार ले रहे हैं।
टीबी मुक्त भारत अंतर्गत जिले में एक सौ दिवसीय निक्षय निरामय अभियान 7 दिसम्बर 2024 से 23 मार्च 2025 तक चलाया गया जिसमें जिले की 94 प्रतिशत जनसँख्या की सर्वे के माध्यम से टीबी स्क्रीनिंग की गई। ऐसे ही बलौदा बाज़ार जिले में वर्ष 2024 में 182 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त किया गया है जबकि 2023 में यह आकंड़ा 12 ही था।
आम जन समुदाय से अभियान में सहयोग हेतु निक्ष्य मित्र भी बनाये गए हैं जो टीबी के मरीज को गोद लेकर अतिरिक्त पोषण सहयोग देते हैं। जिले में महामहिम राज्यपाल रमेन डेका, जिला रेडक्रॉस सोसायटी सहित कई डॉक्टर, स्वास्थ्य कर्मी, जनप्रतिनिधि, कर्मचारी, व्यापारी, निक्षय मित्र बन टीबी के मरीजों को फ़ूड बास्केट प्रदान कर रहे हैं। जिले में अब तक 686 निक्षय मित्र पंजीकृत हुए हैं। इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ अशोक कुमार वर्मा, डीपीएम सृष्टि मिश्रा, डीपीसी आलोक दुबे, अस्पताल सलाहकार रीना सलूजा सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहे।
संवाद कार्यक्रम का चौथा चरण प्रारंभ
बलौदाबाजार। ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन बलौदाबाजार-भाटापारा की विशेष पहल ’’संवाद कार्यक्रम’’ का चौथा चरण आज 2 मई से प्रारंभ हो गया। यह कार्यक्रम 16 जुलाई तक चलेगा।जिले की सभी पाँच जनपद पंचायतों की 10 ग्राम पंचायतों के नागरिकों ने अपनी समस्या विभागीय अधिकारियों के समक्ष रखी। इस दौरान अपर कलेक्टर मिथिलेश डोंडे ने ग्रामीणों को स्वामित्व योजना और किसान पंजीयन की जानकारी भी दी।इसके अलावा विभागीय अधिकारियों द्वारा राजस्व एवं सहकारिता विभाग से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया गया।
कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देशानुसार प्रतिदिन जिले की प्रत्येक जनपद पंचायत की 02 इस प्रकार कुल 10 ग्राम पंचायतों के लोगों की समस्या का समाधान किया जाता है। संपर्क केन्द्र द्वारा जारी रोस्टर के अनुसार प्रत्येक ग्राम पंचायत में कोटवार के माध्यम से मुनादी करवाकर ग्रामीणों को पहले से सूचित कर दिया जाता है। इसके बाद संबंधित पंचायत में ग्रामीण अपनी मांगे, शिकायतें और समस्याएं लेकर ग्राम पंचायत भवन में एकत्रित हो जाते है जहां सरपंच, पंच, पंचायत सचिव सहित मैदानी अमला मौजूद रहता है और जिला मुख्यालय से विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी जुड़ते है।
उल्लेखनीय है कि कलेक्ट्रेट परिसर स्थित संपर्क केन्द्र के माध्यम से 21 अगस्त 2024 से संवाद कार्यक्रम की शुरूआत की गई जिसके तहत बलौदाबाजार-भाटापारा जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों मे रहने वाले नागरिकों की समस्याओं का समाधान किया जाता है। संवाद कार्यक्रम का उद्देश्य जिले के दूर-दराज क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों की समस्याओं का निराकरण वर्चुअल माध्यम से किया जाता है। इसके लिए ग्रामीणों को जिला कार्यालय आने की आवश्यकता नहीं हैं जिससे उनके समय और धन की बचत तो होती ही है साथ ही विभागीय अधिकारियों से सीधा संवाद हो जाता है। संवाद कार्यक्रम के तहत विभिन्न विभागों के अधिकारी दो पालियों में विडियों कान्फ्रेसिंग के माध्यम से आम नागरिकों से जुड़ते है। प्रथम पाली सुबह 11 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक और द्वितीय पाली दोपहर 2.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक आयोजित की जाती है। जिला प्रशासन द्वारा 48 घंटे के भीतर समस्याओं का समाधान किया जाता है। अगस्त 2024 से लेकर अब तक जिले की 519 ग्राम पंचायतों के 500 से अधिक प्रकरणों का निराकरण किया जा चुका है।
आम नागरिकों की सुविधा के लिए संपर्क केंद्र द्वारा हेल्प लाइन नंबर 9201899925 भी जारी किया गया है। जिस पर कार्यालयीन दिवसों सोमवार से शुक्रवार सुबह 10 बजे से 5.30 तक संपर्क किया का सकता है।
कलेक्टर सोनी ने स्वयं आवेदक से की बात,निराकरण से आवेदक हुआ संतुष्ट
बलौदाबाजार । कलेक्टर दीपक सोनी ने सोमवार को सुशासन तिहार 2025 अंतर्गत विभिन्न विभागों को प्राप्त आवेदनों के निराकरण की समीक्षा की। इस दौरान कलेक्टर ने मछली पालन विभाग द्वारा किये गए निराकरण की समीक्षा करते हुए आवेदक भटगांव निवासी हुलस राम से स्वयं फ़ोन पर बात की और आवेदन के संबंध में पूछ ताछ करते हुए निराकरण की जानकारी दी जिस पर आवेदक हुलस राम ने संतुष्टि जाहिर की।
हुलस राम ने अपने आवेदन में मछली पालन हेतु शेड निर्माण की मांग की थी लेकिन मछली पालन विभाग में शेड निर्माण सम्बधित कोई योजना संचालित नहीं है। मछली पालन के लिए प्रोत्साहित करने हेतु आवेदक को जानकारी दी गई कि विभाग में मछली पालन हेतु डबरी निर्माण की योजना संचालित है जिसमें हितग्राही को 40 से 60 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाता है। मछली पालन के लिए डबरी निर्माण के लिए इच्छुक होने पर इसका लाभ दिया जाएगा।
कलेक्टर ने इस दौरान क़ृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, आदिम जाति कल्याण, खाद्य, नागरिक आपूर्ति, सहकारिता, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास एवं नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा किये गए आवेदनों के निराकरण की समीक्षा की। उन्होंने सभी जिला अधिकारियो को तेजी से एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। इसके साथ ही निराकरण की जानकारी आवेदको को अवश्य देने के भी निर्देश दिये।
शिविर में 799 आवेदकों का बना लर्निंग लायसेंस
बलौदाबाजार । राज्य शासन द्वारा सुशासन तिहार 2025 के तहत आमजन द्वारा ड्रायविंग लायसेंस से संबंधित मांग के त्वरित निराकरण हेतु जिला परिवहन कार्यालय बलौदाबाजार-भाटापारा द्वारा 26 एवं 27 अप्रैल 2025 को परिवहन सुविधा केन्द्र के माध्यम से लर्निंग लायसेंस बनाने हेतु शिविर आयोजित किया गया था। शिविर में कुल 799 लोगों को लर्निंग लायसेंस जारी किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कसडोल विकासखण्ड के ग्राम पिपरछेड़ी एवं रिकोकला, विकासखण्ड पलारी में ग्राम सरसेनी, बलौदाबाजार विकासखण्ड के ग्राम पंचायत कोरदा एवं ग्राम चितावर, भाटापारा विकासखण्ड के ग्राम पंचायत देवरी एवं कोनी, सिमगा विकासखण्ड के ग्राम पंचायत बुचीपार एवं चण्डी, बिलाईगढ़ अंतर्गत गाताडीह एवं बलौदी में आयोजित किया गया।
पंजीकृत निर्माण श्रमिकों का होगा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण
बलौदाबाजार । छतीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल द्वारा पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के फेफड़े, बहरापन, आंख संबंधी समस्याओं का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर्मचारी राज्य बीमा सेवाएं के माध्यम से कराये जाने का निर्णय लिया गया हैं। जिले में ऐसे पंजीकृत निर्माण श्रमिक जिनकों फेफड़े, बहरापन, आंख संबंधी समस्याएं हैं वे कार्यालय श्रम पदाधिकारी संयुक्त कार्यालय कलेक्टर परिसर कक्ष क्रमांक-117, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा में उपस्थित होकर अपनी जानकारी दर्ज करा सकते है। जानकारी के आधार पर श्रमिकों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा।
ड्रायविंग लायसेंस बनवाने शिविर आज और कल
बलौदाबाजार । राज्य शासन के निर्देश पर जिले में सुशासन तिहार 2025 के तहत आम नागरिकों द्वारा ड्रायविंग लायसेंस से संबंधित मांग का त्वरित निराकरण हेतु परिवहन सुविधा केन्द्र में 26 व 27 अप्रैल 2025 को प्रातः 9 बजे संबंधित ग्राम पंचायत में परिवहन सुविधा केन्द्र के माध्यम से लर्निंग लायसेंस बनाने शिविर लगायी जायेगी।
प्राप्त जानकारी अनुसार कसडोल विकासखण्ड के ग्राम पिपरछेड़ी एवं रिकोकला विकासखंड पलारी में ग्राम सरसेनी, बलौदाबाजार विकासखण्ड के ग्राम पंचायत कोरदा एवं ग्राम चितावर, भाटापारा विकासखण्ड के ग्राम पंचायत देवरी एवं ग्राम पंचायत कोनी, सिमगा विकासखण्ड के ग्राम पंचायत बुचीपार एवं ग्राम पंचायत चण्डी में परिवहन सुविधा केन्द्र के माध्यम से लर्निंग लायसेंस बनाने हेतु शिविर लगायी जायेगी।
कलेक्टर ने ली नोडल अधिकारियों की ऑनलाइन बैठक
ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व निस्तारी व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
बलौदाबाजार । कलेक्टर दीपक सोनी ने शुक्रवार को ग्राम पंचायतों में नियुक्त जल संसाधन एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के नोडल अधिकारियो की ऑनलाइन बैठक ली।उन्होंने नोडल अधिकारियो को निर्देशित किया कि अपने कलस्टर पंचायत एवं क्लस्टर अंतर्गत पंचायतों में पेयजल एवं निस्तारी में कोई समस्या नहीं आनी चाहिए। कलस्टर ग्राम पंचायतों का प्रतिदिन दौरा कर निर्धारित कार्य सम्पादित करें और हर दो दिन में तय प्रारूप में रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
कलेक्टर ने कहा कि जल संसाधन विभाग जल संरचनाओं में गेट मरम्मत का लक्ष्य, तालाब जलाशय का भराव, नहर लाइनिंग मरम्मत कार्य एवं ग्रामीणों के साथ नहर का निरीक्षण करें। इसमके साथ ही वर्षा जल संरक्षण के लिए आवश्यक संरचना निर्माण हेतु उपयुक्त स्थल का चिन्हांकन करें। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग जल जीवन मिशन सहित, हैंड पंप, सिंगल फेज पंप, निजी नलकूप, स्कूल के बोर एवं टैंकर की व्यवस्था से पेयजल की समस्या दूर करें।
कलेक्टर ने कहा कि जल संचयन को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा मोर गांव,मोर पानी महाभियान का शुभारम्भ किया गया है। जिले में चल रहे जल संचयन महाभियान को भी उक्त अभियान में समाहित करते हुए कार्य करना है। नल कूपों के पास सोखता गड्ढा निर्माण के साथ ही पक्के घरों में वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम बनवाने लोगों को प्रोत्साहित करें। इस दौरान सम्पर्क केंद्र में सीईओ जिला पंचायत दिव्या अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
भारत माता सैनिक फिजिकल एकेडमी द्वारा निःशुल्क प्रशिक्षण
जिला प्रशासन के सहयोग से एकेडमी को मिला कई ट्रेनिंग सामग्री
बलौदाबाजार। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद जिला बलौदा बाजार -भाटापारा द्वारा भारत माता सैनिक फिजिकल एकेडमी निः शुल्क प्रशिक्षण केंद्र का संचालन किया जा रहा है। भाटापारा के रावणभाठा दशहरा मैदान में संचालित यह प्रशिक्षण केंद्र जिले क़ा एक मात्र निःशुल्क फिजिकल ट्रेनिंग सेंटर है जहां पूर्व सैनिकों द्वारा अग्निवीर, नेवी, एयर फोर्स, पुलिस, एसएससी और रेलवे में भर्ती के लिए ट्रेनिंग दिया जाता है। कलेक्टर दीपक सोनी से एकेडमी के संरक्षक सूबेदार सुनील कुमार वर्मा एवं जिला अध्यक्ष सुनील तिवारी ने गुरुवार को मुलाक़ात कर मोमेंटो भेंट की और केंद्र के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। कलेक्टर श्री सोनी ने एकेडमी को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
संरक्षक सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि क्षेत्र में लम्बे समय से पूर्व सैनिको द्वारा पुलिस, फारेस्ट गार्ड, अग्निवीर भर्ती के लिए फिजिकल ट्रेनिंग दिया जा रहा है। एकेडमी में ट्रेनिंग सामग्री की कमी थी जिस पर संज्ञान लेते हुए कलेक्टर दीपक सोनी ने एकेडमी को ट्रेनिंग सामग्री व हाई जम्प मेट दिलवाया।एकेडमी में ट्रेनिंग लेने आस -पास के जिले से भी अभ्यर्थी आते है।
अब तक 4 सब -इंस्पेक्टर, 4 अग्निवीर एवं 80 फारेस्ट गार्ड एवं कंस्टेबल चयनित हुए हैं।
ग्राम पंचायतों में जल संचयन के लिए ली गई शपथ
जल संचयन वाहिनी लोगों को कर रहे प्रोत्साहित
बलौदाबाजार । जल संचयन महाअभियान के तहत शुक्रवार को जिले के समस्त ग्राम पंचायतों में जल संचयन वाहिनी एवं स्वच्छता दीदियों द्वारा जल संरक्षण शपथ समारोह का आयोजन किया गया। इसमें जल संचयन वाहिनी एवं स्वच्छता दीदियों सहित ग्रामवासियो ने जल संचयन की शपथ ली।
कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देशानुसार जिले में जल संचयन महाभियान चलाया जा रहा है जिसके तहत जल के सदुपयोग और जल संचयन के प्रति लोगों का जागरूक करने के साथ ही अधिकारी, कर्मचारी, स्व सहायता समूह एवं आमजनों की सहभागिता से विभिन्न कार्य किये जा रहे है। समूह की महिलाओ को जल संचयन वाहिनी की जिम्मेदारी दी गई है जो दीवाल लेखन, रैली, संगोष्ठी के माध्यम से ग्रामवासियों को महाभियान के प्रति जागरूक कर रहे हैं।
बलौदाबाजार जिले में मनाया गया मलेरिया दिवस
साफ-सफाई और बचाव का दिया गया संदेश
बलौदाबाजार । कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देश पर जिले में 25 अप्रैल को विश्व मलेरिया दिवस मनाया गया। सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में आमजन को मलेरिया रोग के प्रति रैली, परिचर्चा के माध्यम से जागरूक करते हुए रोग से बचाव का संदेश दिया गया।
विकासखंड कसडोल में मलेरिया केस की अधिकता को देखते हुए जिला तथा ब्लॉक कार्यालय के समन्वय से वनांचल ग्राम बलदाकछार में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मलेरिया, टीबी, कुष्ठ, बीपी, शुगर, सिकलिन, एच बी तथा नेत्र जांच की गई तथा आयुष्मान कार्ड भी बनाये गए।इसके साथ ही समुदाय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें रैली के माध्यम से मितानिनों द्वारा ग्रामीणों को रोग के सम्बंध में बताते हुए आसपास साफ-सफाई रखने, मच्छर दानी लगाने की अपील की गई।
सीएमएचओ डॉ.राजेश कुमार अवस्थी ने बताया कि प्रतिवर्ष की भाँति इस वर्ष भी 25 अप्रैल को विश्व मलेरिया दिवस मनाया गया। इस वर्ष का थीम मलेरिया हमारे साथ समाप्त हो जाए-पुनः निवेश करें, पुनः कल्पना करें, पुनः प्रज्वलित करें है।
राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी डॉ अभिजीत बैनर्जी ने जानकारी देते हुए बताया कि बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में वर्ष 2024 में कुल 219 मलेरिया के प्रकरण मिले हैं जिसमें कसडोल में 189, बलौदा बाजार में 14, पलारी में 11, भाटापारा में 5 तथा सिमगा में शून्य केस दर्ज किए गए। विकासखण्ड कसडोल के वनांचल क्षेत्र मलेरिया के लिए ज्यादा संवेदनशील है। जिले का कुल वार्षिक परजीवी सूचकांक 0.15 है। कसडोल का कुल वार्षिक परजीवी सूचकांक 0.67 है।
इस अवसर पर बीएमओ डॉ. रवि शंकर अजगल्ले, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सृष्टि मिश्रा, विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक मनोज मिश्रा, सरोजिनी साहू, एम.एल.टी. ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक, मितानिन प्रशिक्षिका सहित मितानिन उपस्थित रहे।
जन्मजात विकृति से पीड़ित बच्चों के लिए चिरायु बना वरदान
बलौदाबाजार जिले में राष्ट्रीय बाल सुरक्षा कार्यक्रम के तहत स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में स्वास्थ्य परीक्षण कर चिरायु की टीम के द्वारा बच्चों का बेहतर इलाज कराया जा रहा है। बेहतर ईलाज होने से जन्मजात विकृति से पीड़ित बच्चों के लिए चिरायु योजना वरदान साबित हो रहा है।
भाटापारा खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेन्द्र माहेश्वरी ने बताया कि विकासखण्ड भाटापारा के ग्राम तरेंगा की 13 वर्षीय बालिका भारती यदु को जन्म से ही क्लेफ्ट पैलेट की समस्या थी। बच्ची के पिता रजवा यदु जो मजदूरी करते हैं उन्होंने बताया कि, इस जन्मजात रोग के कारण बच्ची के मुँह के तालू में छिद्र था जिसके कारण बच्ची को खाने, बोलने में असुविधा होती थी। डॉक्टर ने बताया कि बच्ची को देखने के बाद उसे रायपुर के निजी अस्पताल भेजा गया जहाँ ऑपरेशन के माध्यम से उपचार हुआ। यह उपचार पूरी तरह से निःशुल्क हुआ है।
इसी तरह पलारी खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी.एस. ध्रुव ने बताया कि पलारी विकासखण्ड के ग्राम कोसमंदा के 12 वर्षीय बालक मोरध्वज कन्नौजे को जन्म से ही हृदय दोष था। जिसके तहत हृदय में संरचनात्मक असमानताएं विकसित हो जाती हैं जो हृदय की दीवारों ,वाहिकाओं ,वाल्वों को प्रभावित करता है जिससे सामान्य रक्त परिवहन बाधित हो जाता है। मोरध्वज को समय -समय पर तबियत खराब होने, सांस लेने में तकलीफ, खेलने कूदने के दौरान जल्दी थकान हो जाना,वजन न बढ़ना जैसी समस्या होती थी। डॉ. ध्रुव के ने बताया कि चिरायु टीम द्वारा सभी आवश्यक जाँच के पश्चात बालक को रायपुर के एक निजी अस्पताल में ले जा कर हृदय का सफल उपचार कराया गया। जिसका ऑपरेशन निःशुल्क किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.राजेश कुमार अवस्थी ने बताया कि चिरायु योजना के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों एवं स्कूलों में मेडिकल टीम द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण किया जाता है।इसके तहत किसी प्रकार के रोग पाए जाने की स्थिति में उसके निःशुल्क उपचार की भी व्यवस्था की जाती है।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में स्वास्थ्य परीक्षण कर चिरायु की टीम के द्वारा बच्चों का बेहतर इलाज कराया जा रहा है। चिरायु की टीम के द्वारा कटे-फटे होंठ, जन्म जात मोतियाबिंद, टेढ़े-मेढ़े हाथ पैर, श्रवण बाधा सहित 44 प्रकार की बीमारी तथा विकृति पर कार्य किया जाता है। जरूरत पड़ने पर बच्चों को अच्छे हॉस्पिटल रेफर भी कराया जाता है।
दिव्यांग रतन लाल को मिला मोटराइज्ड ट्राईसिकल
बलौदाबाजार। कलेक्टर दीपक सोनी ने मंगलवार को समाज कल्याण विभाग के माध्यम से दिव्यांग रतन लाल टंडन को मोटराईज्ड ट्राई सिकल प्रदान किया। रतन लाल ने ट्राईसिकल मिलने पर कलेक्टर व शासन - प्रशासन को धन्यवाद दिया।
विकासखंड पलारी अंतर्गत ग्राम सेम्हराडीह निवासी 35 वर्षीय रतन लाल टंडन पिता भावदास टंडन लगभग 80 प्रतिशत दिव्यांग है जिससे उसे चलने- फिरने में बहुत कठिनाई का सामना करना पड़ता है।रतन लाल ने बताया कि मोटराइज्ड ट्राईसिकल नहीं होने से आने -जाने एवं सामान्य दिनचर्या के कार्यो में रोजाना काफी दिक्क़त होती थी लेकिन अब मोटराइज्ड ट्राईसिकल मिल जाने से आने -जाने की समस्या दूर हो जाएगी। इस दौरान उप संचालक समाज कल्याण अरविन्द गेडाम एवं विभाग के कर्मचारी उपस्थित थे।
नशे की लत से बच्चों को बचाने नशा मुक्ति अभियान शुरू
बलौदाबाजार । कलेक्टर दीपक सोनी के मार्गदर्शन में एक युद्ध, नशे के विरूद्ध अभियान को जिले में सघन रूप से एक सुरक्षित, स्वच्छ और शिक्षित भविष्य देने की मंशा से अप्रैल माह में विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसमें हॉट- स्पाट स्थलों पर नशावृत्ति में लिप्त बालकों को चिन्हांकन एवं उन्हें नशे से दूर रहने की समझाईश दी जा रही है।
इसी तारतम्य में जिला कार्यक्रम अधिकारी टिक्वेन्द्र जाटवार के नेतृत्व में 15 अप्रैल से 30 अप्रैल 2025 तक चलने वाले अभियान के प्रारंभिक चरण में जिला बाल संरक्षण इकाई, श्रम विभाग, खाद्य एवं औषधि विभाग तथा पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा भाटापारा परिक्षेत्र में सघन भ्रमण कर जनसमुदाय को नशावृत्ति के दुष्परिणामों के बारे में जानकारी प्रदान की गई। बालकों में ड्रग्स और अन्य मादक पदार्थों के उपयोग की बढ़ती प्रवृत्ति एवं उससे पूरे परिवार-समाज पर होने वाले दूरगामी दुष्प्रभावों के प्रति समुदाय को टीम के द्वारा आगाह किया गया। संयुक्त अभियान टीम के द्वारा भाटापारा परिक्षेत्र में 2 बालिकाओं एवं 1 बालक को भिक्षावृत्ति एवं अपशिष्ट संग्रहण में संलिप्त पाया। बच्चों की सुरक्षा और पुनर्वास को ध्यान में रखते हुए, उन्हें बाल कल्याण समिति में प्रस्तुत किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला बाल संरक्षण अधिकारी प्रकाश दास ने शासन द्वारा संचालित नशामुक्ति केन्द्र का व्यापक प्रचार प्रसार करते हुए नशा करने वाले बालकों के संबंध में जिला बाल संरक्षण इकाई को चाईल्ड हेल्पलाईन के टोल फ्री नंबर 1098 एवं कार्यालयीन फोन नंबर 07727-299137 में देने की अपील की जिससे जिला बाल संरक्षण इकाई द्वारा बालकों के पुनर्वास की समुचित कार्यवाही की जा सकें।
उक्त कार्रवाई में संरक्षण अधिकारी दीपक राय, श्रम निरीक्षक, औषधि निरीक्षक, बीआरसी समन्वयक एवं पुलिस विभाग के अधिकारी गण उपस्थित रहे।
अवैध रूप से शराब बेचने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार
बलौदाबाजार । ऑपरेशन विश्वास” के तहत जिला बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस पुलिस द्वारा अवैध रूप से शराब बिक्री करने वाले शराब कोचियों की धरपकड़ कार्यवाही लगातार जारी है। इसी क्रम में आज दिनांक 11.04.2025 को थाना सिमगा एवं चौकी बया की पुलिस टीमों द्वारा घेराबंदी कर, अवैध रूप से शराब बिक्री करने वाले 02 आरोपी शराब कोचियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों से ₹6300 कीमत मूल्य का 30 पाव देशी मसाला शराब 15 लीटर महुआ शराब जप्त किया गया है। इसके अतिरिक्त अवैध रूप से शराब परिवहन में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी जप्त किया गया है। आरोपियों के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्घ कर, आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।