छत्तीसगढ़ / बलौदा बाजार
आयुष्मान कार्ड हेतु हर माह 10 एवं 25 तारीख को शिविर का होगा आयोजन
बलौदाबाजार। कलेक्टर दीपक सोनी की अध्यक्षता में आज संयुक्त जिला कार्यालय के सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक संपन्न हुई। जिसमें कलेक्टर सोनी ने स्वास्थ्य विभाग के काम काज की विस्तृत समीक्षा की है। इस दौरान कलेक्टर दीपक सोनी ने कसडोल एवं भाटापारा के कुछ क्षेत्रों में कुष्ठ के मरीज बढ़ने पर चिंता जाहिर की है।
जिसको लेकर कलेक्टर सोनी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को और अधिक बेहतर ढंग से कार्य करने के निर्देेश दिए है। साथ ही स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कर्मचारियों की मुख्यालय में नही रहने की शिकायतों को बड़ी गंभीरता से लेते हुए मुख्यालय में रहने की हिदायत दी गई है।
साथ ही कलेक्टर ने कहा की चिरायु टीम शत प्रतिशत आंगनवाड़ी केंद्रों तक जाए एवं बच्चों का कवरेज बढ़ाएं. कलेक्टर ने राष्ट्रीय गैर संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम में डेटा एंट्री जो पिछड़ी हुई थी उसमें निर्देश के बाद आये सुधार पर सन्तुष्टि ज़ाहिर करते हुए इसमें और तेज़ी लाने को कहा है।
आयुष्मान कार्ड जिनके अब तक पेंडिंग है उसमें समन्वय बना कर उस समस्या का निराकरण शीघ्र ही कराया जाना चाहिए एवं जिन कारणों से आयुष्मान कार्ड अब तक नहीं बन पाए है। उन्होंने प्रति सप्ताह आयुष्मान पंजीयन की जानकारी कलेक्टर कार्यालय को देने के निर्देश संबधित नोडल अधिकारी को दिए है। कार्ड बनाने के लिए शिविर और गृह भ्रमण ज़ारी रखने को कहा है। मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना में हितग्राहियों को जिला से समन्वय स्थापित कर प्रक्रिया में सहयोग के लिए भी कहा।
कलेक्टर ने सिकल सील की कम जांच सहित टीबी कार्यक्रम में लक्ष्य अनुरूप कार्य न होने पर नाराजगी जाहिर करते हुए जल्द से जल्द कार्य योजना बना कर पूर्ण करने को कहा। टीबी में पेंडिंग रूटीन डेथ ऑडिट को शीघ्र करने के निर्देश दिये। जिले में अधूरे भवन निर्माण कार्य पर सभी खण्ड चिकित्सा अधिकारी को सूची उपलब्ध करवाने को कहा जिससे समय सीमा की बैठक में इसे रख कर पूरा करवाया जा सके।
कई स्थानों पर सीजीएमएससी के पेंडिंग कार्य पर भी संबधित अधिकारी को कार्य में सुधार लाने के निर्देश दिए है। श्री सोनी ने सभी बीएमओ को अपने कार्यालय में सुझाव एवं शिकायत पेटी लगवा कर उसमें डाले गए पत्रों को निश्चित दिवस पर खोल निराकरण के भी निर्देश दिए। उक्त समीक्षा बैठक में समीक्षा बैठक में 108 तथा 102 वाहन के सम्बंध में भी शिकायत पाई गई। 108 में यह शिकायत पाई गई कि वाहन के ड्राइवर निजी अस्पतालों में मरीज को ले जाते हैं जबकि 102 में वाहन चालक की कमी है।
कलेक्टर ने 108 के प्रभारी को इसमे लिप्त वाहन चालक को हटाने को कहा साथ ही लापरवाही से हुई मृत्यु पर आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की भी चेतवानी दी है। 102 हेतु वाहन चालक की कमी को दूर करने हेतु राज्य स्तर से मांग करने को कहा गया है। बैठक में मातृ स्वास्थ्य, टीकाकरण, जननी सुरक्षा योजना,एएनसी पंजीयन, एफआर यू,स्वास्थ्य बीमा योजना सहित अन्य राष्ट्रीय कार्यक्रमों की समीक्षा की। इसके साथ ही आयुष्मान पंजीयन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले निजी तथा शासकीय स्वास्थ्य केंद्रों तथा एनक्यू ए एस प्रमाणित संस्थान को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
जिला कार्यालय को प्राप्त जानकारी के अनुसार अप्रैल से लेकर सितंबर तक विकासखण्ड बलौदाबाजार में 9 एवं पलारी 1 प्रसव घर में हुई है। जो पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर है। इसी तरह संस्थागत प्रसव बलौदाबाजार में 2 हजार 272, भाटापारा 1 हजार 757, कसडोल 2 हजार 209, पलारी 1 हजार 564 एवं सिमगा 1 हजार 841 है।
इस तरह कुल 9 हजार 643 संस्थागत प्रसव हुए है। इसी तरह कुष्ठ रोग के विकासखण्ड बलौदाबाजार में 12, भाटापारा 18 कसडोल 16, पलारी 9 एवं सिमगा 8 मरीज 1 अप्रैल 2024 से लेकर 30 सितंबर 2024 तक कुल 63 मरीज चिन्हांकित हुए है। इस बैठक में स्वास्थ्य विभाग से सीएचएमओ डॉ.राजेश अवस्थी, सिविल सर्जन डॉ टेंभुरने,डीपीएम सृष्टि मिश्रा,समस्त नोडल अधिकारी,जिला कार्यक्रम प्रबंधक समस्त खंड चिकित्सा अधिकारी, वकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक, जिला सलाहकार,ब्लॉक डाटा मैनेजर जिला मितानिन समन्वयक उपस्थित रहे।
संगोष्ठी में युवाओं को बताया गया नशे के दुष्परिणाम
बलौदाबाजार। कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देश में जिले के युवाओं को नशा से बचाने नशामुक्त भारत अभियान अंतर्गत नई दिशा कार्यक्रम के माध्यम से लगातार जागरूकता शिविर का आयोजन किए जा रहे हैं । इसी तारतम्य में बुधवार को शासकीय बृजलाल वर्मा महाविद्यालय पलारी में संगोष्ठी क़ा आयोजन कर छात्र -छात्राओं को नशे के दुष्प्रभाव के सम्बन्ध में जानकारी दी गई। संगोष्ठी में लगभग 177 छात्र -छात्राओं ने भाग लिया।
संगोष्ठी में बताया गया कि नशा एक ऐसी बुराई है जो हमारे सम्पूर्ण जीवन को नष्ट कर देती है। नशे की लत से पीड़ित व्यक्ति परिवार के साथ समाज पर बोझ बन जाता है। सरकार द्वारा इन पीड़ितों को नशे के चंगुल से छुड़ाने के लिए नशामुक्ति अभियान चलाती है, शराब और गुटखे पर रोक लगाने का प्रयास करती है। कुछ व्यक्ति ऐसे है जिनकी दिन की शुरुआत नशे से होती है एवं रात को नशा लेकर सोते है। ऐसे व्यक्ति नशे का आदि हो जाते हैं एवं उनका जीवन नशे में ही सिमट जाता है। बताया गया कि नशे से छुटकारा हेतु समाज कलयाण विभाग द्वारा जिले में नशामुक्ति केंद्र संचालित किया जा रहा है जिसमें रहने की व्यवस्था सहित दवा, मनोचिकित्सक की भी व्यवस्था है।
इस अवसर पर उपसंचालक समाज कल्याण अरविन्द गेडाम, महाविद्यालय के प्राचार्य सहित समाज कल्याण विभाग के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।
कौशल पखवाड़ा के लिए मोबाईजेशन और काउंसलिंग कैम्प का आयोजन
बलौदाबाजार। जिले में संचालित केन्द्र तथा राज्य शासन की कौशल विकास योजनाओं यथा प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना,प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, प्रधानमंत्री जन मन योजना,नल जल मित्र कार्यक्रम,आजीविका विकास कार्यक्रम, योजना के तहत प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। कौशल प्रशिक्षण हेतु निर्धारित वार्षिक लक्ष्य की पूर्ति,प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रगति लाने तथा ग्रामीण स्तर के युवाओं तक कौशल प्रशिक्षण की पहुँच बनाने के उद्देश्य से जिले में दिनांक 14.10.2024 से 30.10.2024 तक कौशल पखवाड़ा का आयोजन किया जा रहा है।
जिसमें कौशल प्रशिक्षण हेतु युवाओं को कांउसिलिंग कर कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों में सम्मिलित कराकर उन्हे रोजगार/स्वरोजगार हेतु सक्षम बनाने का प्रयास किया जायेगा। जिस हेतु मोबाईजेशन एवं काउंसलिंग कैम्प आयोजन प्रत्येक विकासखण्ड में किया गया है। कार्यक्रम का आयोजन प्रातः 11:00 बजे से 4:00 बजे तक निम्न तिथि एवं कार्यस्थल में किया जायेगा।
जिसके तहत 17 अक्टूबर को लाईवलीहुड कॉलेज सकरी बलौदा बाजार, 18 अक्टूबर जनपद पंचायत भाटापारा,21 अक्टूबर जनपद पंचायत सिमगा, 22 अक्टूबर ग्राम पंचायत भवन हथबंद, 22 अक्टूबर जनपद पंचायत पलारी, 23 अक्टूबर ग्राम पंचायत सण्डी (मुड़पार), 24 अक्टूबर जनपद पंचाय उनत कसडोल, 25 अक्टूबर शासकीय आई.टी.आई.असनींद, 25 अक्टूबर जनपद पंचायत बलौदाबाजार एवं 28 अक्टूबर ग्राम पंचायत भवन तरेंगा में आयोजित की जायेगी।
राशन कार्ड लिए 31 अक्टूबर तक कराएं ई केवाईसी
बलौदाबाजार। एक राष्ट्र एक राशन कार्ड के लिए शत प्रतिशत ई केवाईसी अनिवार्य है। इसके तहत कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देश में राशन दुकान में 17 एवं 18 अक्टूबर को विशेष शिविर का आयोजन किया जाना है। कलेक्टर ने सभी जिला वासियों से 31 अक्टूबर तक ई केवाईसी कराने की अपील की है। वर्तमान में जिले में 3 लाख 67 हजार 7 राशनकार्ड प्रचलित है जिसमें 12 लाख 91 156 सदस्य दर्ज है जिसमें से 10 लाख 77 हजार 153 सदस्यों का ई केवाईसी पूर्ण हो चुका है।
अभी तक 2 लाख 14 हजार 3 सदस्यों का ई केवाईसी किया जाना शेष है। "एक राष्ट्र एक राशनकार्ड” योजनांतर्गत भारत सरकार के निर्देशानुसार राशनकार्ड में दर्ज सदस्यों का माह 31 अक्टुबर 2024 तक 100 प्रतिशत ई-केवायसी पूर्ण करने के निर्देश दिये गये है। ई-केवायसी नही होने के कारण राशनकार्ड नवीनीकरण नही हो रहा है साथ ही राशनकार्ड हितग्राहियों को खाद्यान्न वितरण व उठाव में समस्या हो रही है। विकासखण्ड वार शेष सदस्यों की सूची संलग्न है। 17 अक्टूबर 2024 एवं 18 अक्टूबर को शासकीय उचित मूल्य दुकान में विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा।
शेष सदस्य जिसका ई-केवायसी नही हुआ है ऐसे हितग्राहियों की सूची उचित मूल्य दुकान के सूचना पटल पर चस्पा हेतु विक्रेताओं को दिया जा चुका है। ई-केवायसी किये जाने हेतु पंचायत एवं वार्ड स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जावें साथ ही ग्राम स्तर एवं वार्ड के हितग्राहियों को मुनादी कराकर ई-केवायसी किया जाना अनिवार्य के संबंध में अवगत करावें, साथ ही 10 वर्ष से कम और 60 वर्ष से अधिक राशनकार्ड हितग्राहियों का आधार अपडेट नही हुआ है ऐसे हितग्राहियों को नजदीकी आधार केन्द्र से आधार अपडेट कराने हेतु मुनादी कराकर सूचित करें।
पति ने पत्नी की पत्थर से कुचलकर कर दी हत्या
बलौदाबाजार । बच्चे को संभालने की बात को लेकर उपजे विवाद के दौरान गुस्साए पति ने पत्थर से मारकर पत्नी की हत्या कर दी। घटना के एक घंटे बाद बलौदाबाजार पुलिस ने आरोपित पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में जेल भेज दिया। यह घटना बुधवार रात, आजाद चौक स्वीपर कालोनी बलौदाबाजार की है। बलौदाबाजार पुलिस के अनुसार आजाद चौक स्वीपर कालोनी निवासी विनय दुबे और उसकी पत्नी सरस्वती दुबे अपने आठ माह के बच्चे को लेकर बुधवार रात आठ बजे सामान खरीदने के लिए बाजार गए थे। रात आठ बजे सामान खरीदकर घर वापस आए उसी दौरान बच्चे को संभाल नहीं सकते हो कहकर दोनों के बीच विवाद हुआ। विनय दुबे ने अपनी पत्नी से गाली गलौज कर मारपीट किया।
इसी दौरान सरस्वती दुबे आंगन में गिर गई। इसके बाद विनय ने आंगन में रखे पत्थर को उठाया और सरस्वीर के सिर पर जोरदार मारते हुए उसकी हत्या कर दी। खून से लथपथ मृत पड़ी सरस्वती के शव को उसके पति ने सरस्वती मर गई है कहकर उसका हाथ पकड़कर घर के सामने नाली में सीढ़ी के पास फेंक दिया और एम्बुलेंश लाने जा रहा हूं कहकर घर से फरार हो गया। इधर, घटना की जानकारी मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और आसपास पतासाजी के बाद आरोपित पति विनय दुबे की तलाश जारी कर दी। एक घंटे बाद टीम ने फरार आरोपित विनय दुबे को टीम ने घेराबंदी कर गिरफ्तार किया।
महिला के साथ लिव इन रिलेशनशिप में था युवक, गाली देने पर कर दी हत्या, आरोपी गिरफ्तार
बलौदाबाजार. महिला की पिटाई के बाद पत्थर में पटककर उनकी हत्या करने वाले आरोपी को कोतवाली पुलिस ने चंद घंटों में गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी ने अपराध कबूल कर हत्या की बात स्वीकार कर लिया है.मामले का खुलासा करते हुए एसडीओपी निधि नाग ने बताया कि बीती रात बलौदाबाजार लोहिया नगर में सरस्वती कुर्रे नामक महिला की हत्या कर लाश को नाली में फेक दिया था, जिसके सिर पर काफी गहरे जख्म थे. पास ही पत्थर पड़ा था. घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने पकड़ लिया है. आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार कर लिया है.
एसडीओपी ने बताया, आरोपी महिला के साथ आरोपी लिव इन रिलेशनशिप के तहत रहता था. उससे एक आठ माह की छोटी बच्ची भी है. आरोपी के विरुद्ध धारा 302 के तहत हत्या का मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है. आरोपी ने बताया कि वह तीन वर्षों से महिला के साथ रहता था. उसके अन्य लोगों से भी संबंध थे और नशे का सेवन करती थी. कल उसने नशा किया और उसके बाद गाली दी, जिससे गुस्से में आकर पत्थर मारकर हत्या कर दी. इस पूरी घटना को सुलझाने में थाना प्रभारी अजय झा सहित स्टाफ का प्रमुख योगदान रहा.
चुनाव कार्य में लापरवाही: दो अधिकारी व एक कर्मचारी को नोटिस...
बलौदाबाजार, कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के एल चौहान ने चुनावी कामकाज में लापरवाही बरतने के चलते दो अधिकारी सहित एक कर्मचारी को कारण बताओं नोटिस जारी करते हुए 24 घंटे के भीतर जवाब तलब करने के आदेश दिए हैं। जिसमें जनपद पंचायत सीईओ एमएल मंडावी,बलौदाबाजार नायब तहसीलदार अक्षय तिवारी, नगर पालिका परिषद राजस्व निरीक्षक सुरेंद्र कुमार सोनी शामिल है।
उप जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी अनुसार जनपद पंचायत सीईओ एमएल मंडावी द्वारा एसएसटी टीम के लिए मूलभूत व्यवस्था नही करने, बलौदाबाजार नायब तहसीलदार अक्षय तिवारी निर्धारित ड्यूटी स्थल स्ट्रांग रूम में नही पहुंचने,रिर्पाेट नही देने एवं नगर पालिका परिषद राजस्व निरीक्षक सुरेंद्र कुमार सोनी ड्यूटी स्थान में उपस्थित होकर भी कार्य नही करने पर सख्त चेतावनी देते हुए नोटिस जारी किया गया है। उक्त सभी नोटिस लोकसभा व्यय प्रेक्षक के निर्देश पर कलेक्टर द्वारा जारी किया है।
लोकसभा निर्वाचन 2024 अंतर्गत स्थैतिक निगरानी दल का गठन किया गया है। उक्त दल के द्वारा लोकसभा निर्वाचन के अनुक्रम में जिले के विभिन्न चेक पोस्ट पर वाहनों एवं अन्य माध्यमों से हो रहे अवैध परिवहन की जांच की जाती है। स्थैतिक निगरानी दलों के लिए चेक पोस्ट पर आवश्यक व्यवस्था करने की जिम्मेदारी जनपद सीईओ की थी। पर व्यय प्रेक्षक लोकसभा क्षेत्र कमांक 08-रायपुर द्वारा भ्रमण के दौरान डोटोपार में स्थैतिक निगरानी दल को पेड़ की छाया में बैठकर ड्यूटी करते पाया गया। निर्देशित किये जाने के उपरांत भी आज दिनांक तक जनपद सीईओ मंडावी द्वारा स्थैतिक निगरानी दल के लिए छाया,पानी, स्टॉपर इत्यादि की व्यवस्था नहीं की गई। जिस व्यय प्रेक्षक द्वारा उक्त अव्यवस्था हेतु गंभीर नाराजगी व्यक्त की गई। इसी तरह राजस्व निरीक्षक सुरेंद्र कुमार की डोटोपार चेक पोस्ट के स्थैतिक निगरानी दल में आपकी ड्यूटी लगाई थी। निरीक्षण के दौरान सुरेंद्र कुमार को डोटोपार में पेड़ की छाया में बैठकर ड्यूटी करते पाया गया तथा उसके द्वारा किसी भी वाहन की जांच नहीं किया गया। इससे स्पष्ट होता है कि उनके द्वारा कर्तव्य का पालन न करते हुए निर्वाचन कार्य में गंभीर लापरवाही बरती जा रही है। इसी तरह लोकसभा निर्वाचन 2024 हेतु कृषि उपज मंडी बलौदाबाजार में ईवीएम एवं वीवीपीएटी मशीनों को रखने के लिए स्ट्रांग रूम बनाया गया है। जिसमें आयोग के निर्देशानुसार प्रतिदिवस स्ट्रांग रूम का निरीक्षण कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने हेतु अधिकारियों की रूटीन में ड्यूटी लगाई है। लेकिन नायब तहसीलदार अक्षय तिवारी द्वारा उक्त आदेश के अवहेलना करते हुए चयनित स्ट्रांग रूम का निरीक्षण प्रतिवेदन प्रस्तुत नहीं किया गया है। तीनों के द्वारा निर्वाचन कार्य को गंभीरता से न लेते हुए गंभीर लापरवाही बरती गई है,जो लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 28-क के तहत भी दण्डनीय है।
बारनवापारा अभ्यारण्य में 21 से 23 अक्टूबर को बटरफ्लाई मीट का होगा आयोजन
तितलियों को जानने और पहचानने का मिलेगा मौका
रायपुर : वन विभाग एवं बारनवापारा अभ्यारण्य के संयुक्त तत्वाधान में 21 से 23 अक्टूबर 2024 को अभ्यारण्य में बटरफ्लाई मीट का आयोजन किया जाएगा। जिसके माध्यम को प्रकृति प्रेमियों को तितलियों को करीब से जानने और पहचानने का मौका मिलेगा। साथ ही विषय विशेषज्ञों द्वारा तितलियों के पर्यावास एवं उनके महत्त्व के संबध में महत्वपूर्ण जानकारियां प्रतिभागियों के साथ साझा की जाएंगी। उक्त आयोजन की तीसरी कड़ी है। इसके पूर्व 2022 एवं 2023 में यह आयोजन किया गया था। विभाग द्वारा बटरफ्लाई मीट की तैयारी पूरी कर ली गई है। आयोजन में भाग लेने एवं जानकारी प्राप्त करने के लिए क्यू आर कोड भी जनरेट किया गया है जिसके माध्यम से आसानी से पंजीयन कराया जा सकता है। मीट में प्रतिभागी स्टूडेंट के 15 सौ रूपये एवं अन्य व्यक्तियों के लिए 2 हजार रूपये पंजीयन शुल्क रखा गया है। इसके साथ ही भाग लेने के लिए 18 वर्ष से 60 वर्ष की आयु निर्धारित की गई है।
गौरतलब है कि बारनवापारा अभ्यारण्य में 150 प्रजाति के तितली एवं मोथ पायी जाती हैं। जिसमे से वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की शेड्यूल वन की क्रिमसन रोज (पैचीलौप्टा हेक्टर) डनाइड इगली (हाइपो सिलिमस मिसीपस) शेड्यूल दो की सिपोरा निरिसा,होगारा एनेक्स, यूक्रीशॉप्स सीनेजस, जेनेलिया लेपीडिया रपेला वरुणा,लैंपिडर्स बोइहन, तजुना शिप्स आदि पाई जाती है। शेड्यूल छह के भी बहुत से प्रजातियां पाई जाती हैं। विगत तीन वर्षों से बारनवापारा अभ्यारण्य में 14-16 हाथियों का दल निवास कर रहा है। साथ ही साथ विगत 8 माह से एक बाघ लगातार अभ्यारण्य में विचरण कर रहा है। बारनवापारा नाम बार और नवापारा गाँव से मिलकर बना है। बारनवापारा अभ्यारण्य अपनी स्थापना के बाद से ही देश के हर हिस्से से पर्यटकों को आकर्षित करता रहा है। बारनवापारा वन्यजीव अभ्यारण्य छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार भाटापारा जिले में स्थित है। अभ्यारण्य का कुल क्षेत्रफल 244.66 वर्ग किमी है। अभ्यारण्य की स्थलाकृति समतल और लहरदार इलाका है। ऊँचाई 640 मीटर समुद्र तल तक है। बालमदेही,जोंक और महानदी नदियाँ अभयारण्य की जीवन रेखा हैं जो अभयारण्य की जल कमी को पूरा करने के लिए अभयारण्य के साथ बहती हैं। वार्षिक वर्षा 1200 मिमी है इस अभ्यारण्य में सागौन, साल और मिश्रित वन की मुख्य वनस्पति है। पारिस्थितिकी तंत्र को बनाए रखने के लिए इसमें शिकार और शिकारियों का अच्छा घनत्व है। अभ्यारण्य के अंदर स्थित बलार जलाशय में कई आर्द्रभूमि पक्षी और मछलियाँ पाई जाती हैं। यह अभ्यारण्य लोगों में जागरूकता पैदा करने के लिए इकोटूरिज्म को बढ़ावा देता है।
बारनवापारा तक पहुँचने के लिए रायपुर से सड़क मार्ग से दो घंटे का सफर करना पड़ता है। यह रायपुर से NH53 पर 78वें किलोमीटर पर 106 किलोमीटर दूर है। पटेवा एक छोटा शहर है जहाँ बारनवापारा से 28 किलोमीटर की दूरी पर मौसम अनुकूल सड़क पर गाड़ी चलाकर पहुँचा जा सकता है।
पति को पसंद नहीं था पत्नी का REEL बनाना तो कर दी हत्या, वारदात के बाद लाश के पास बैठा रहा आरोपी
बलौदाबाजार। सेल्फी लेना और इंस्टाग्राम रील्स बनाना हर किसी को पसंद है। लेकिन रील्स बनाना क्या किसी हत्या की वजह बन सकता है। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में ऐसी ही एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसमें पति ने अपनी पत्नी की हत्या सिर्फ इस वजह से कर दी, क्योंकि वह सोशल मीडिया पर इंस्टाग्राम रील्स बनाती थी। आरोपी पति को अपनी पत्नी का रील्स बनाना और सोशल मीडिया पर एक्टिव रहना बिल्कुल पसंद नहीं था, और इसी कारण उसका गुस्सा इस हद तक बढ़ गया कि उसने पत्नी की हत्या कर दी।
यह दिल दहला देने वाली घटना गिधपुरी थाना क्षेत्र के जुनवानी पत्थर खदान के पास घटित हुई, जो थाने से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित है। जैसे ही पुलिस को इस घटना की जानकारी मिली, वे तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था पति
जानकारी के अनुसार, आरोपी धीरज रात्रे, जो ग्राम तेलासी का निवासी है, अपनी 32 वर्षीय पत्नी ज्योति को मोटरसाइकिल पर लेकर उसके मायके बलौदाबाजार जा रहा था। सुबह लगभग 10 बजे, रास्ते में जुनवानी पत्थर खदान के पास किसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हो गया। धीरज पहले से ही अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था और उसे रील्स बनाने पर भी आपत्ति थी। इसी दौरान, उसने पास में रखी हथौड़ी और कैंची से पत्नी पर हमला कर दिया और उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद घटनास्थल पर ही बैठा रहा आरोपी
हत्या के बाद आरोपी धीरज घटनास्थल पर ही पत्नी के शव के पास बैठा रहा। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो उसने भागने की भी कोशिश नहीं की। घटनास्थल पर खून बिखरा हुआ था और एक बड़े पत्थर पर भी खून के धब्बे मिले। पुलिस को वहां एक बैग, महिला की चप्पल, स्कार्फ और मोटरसाइकिल भी मिली। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए, जबकि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गर्भवती महिलाओं की सुरक्षित प्रसव के लिए बेहतर सुविधा - स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल
बलौदाबाजार के जिला अस्पताल में 9 महीने में हुए 462 सिजेरियन सहित 1 हजार 800 से अधिक प्रसव
रायपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य सुविधाओं एवं संसाधनों में लगातार इजाफा हो रहा है। स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल के निर्देश पर स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाने का प्रयास सतत रूप से जारी है। इसी कड़ी में बलौदाबाजार में कलेक्टर श्री दीपक सोनी के मार्गदर्शन में जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। जिला अस्पताल बलौदाबाजार में इस वर्ष जनवरी 2024 से माह सितंबर तक 9 माह में कुल 1816 सफल प्रसव कराए गए हैं। उक्त प्रसव में से 1354 सामान्य प्रसव तथा 462 सिजेरियन शामिल है। सिजेरियन में आकस्मिक और पूर्व नियोजित दोनों ही सम्मिलित हैं।
जिला अस्पताल बलौदाबाजार के सिविल सर्जन डॉक्टर के. के. टेम्भूरने ने बताया कि अस्पताल में तीन स्त्री रोग विशेषज्ञों के साथ कुशल प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ अपनी सेवाएं देते हैं। यहाँ आधुनिक सुविधाओं से युक्त प्रसव कक्ष स्थापित है। प्रसव के बाद नवजात शिशु के देखभाल हेतु विशेष एस.एन.सी.यू. भी स्थापित है। उक्त कुल प्रसव में 161 बच्चों को उक्त एस.एन.सी.यू. में भर्ती कर उनकी विशेष देखभाल भी की गई।
ग्राम खैरा से माह सितंबर में अपनी 23 वर्षीय पत्नी को प्रसव पीड़ा पर जिला अस्पताल लेकर आएं नोहर पटेल ने बताया कि अस्पताल में आने पर उन्हे बताया गया कि फीटल डिस्ट्रेस की स्थिति है जिसमें भ्रुण तक ऑक्सीजन पहुँचने में दिक्कत होती है और बच्चे की धड़कन बढ़ती है। ऐसे में ऑपेरशन के माध्यम से प्रसव हुआ जिसमें मां और बच्चे दोनों ही स्वस्थ हैं। इसी प्रकार प्रोलांग लेबर (देर तक प्रसव पीड़ा) की स्थिति में आये हुए गिरौदपुरी के पास स्थित ग्राम खोसड़ा के रहने वाले महेंद्र पैकरा ने बताया कि 28 वर्षीय उनकी पत्नी को प्रसव पीड़ा काफी देर से हो रही थी जिस कारण जिला अस्पताल लेकर आया तथा यहाँ ऑपेरशन के माध्यम से प्रसव हुआ। अस्पताल में दवाई और अन्य सुविधाएं निःशुल्क प्राप्त हुई। इस प्रकार के ऑपेरशन का निजी अस्पताल में काफी पैसा खर्च होता, जो बच गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी बलौदाबाजार डॉ. राजेश कुमार अवस्थी के अनुसार जिला अस्पताल एन.क्यू.ए.एस. प्रमाण पत्र धारी संस्था है। यह प्रमाण पत्र उच्च गुणवत्त्तापूर्ण सेवाएँ प्रदान करने के कारण राष्ट्रीय स्तर के मूल्यांकन के बाद प्राप्त हुआ है। अस्पताल में प्रसव की इस सुविधा को लगातार बेहतर से और बेहतर करने का प्रयास जारी है, जिससे आम जनता को इसका लाभ प्राप्त हो सके।
बलौदाबाजार पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 532 पेटी अवैध शराब जब्त
बलौदाबाजार। बलौदाबाजार जिले में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 532 पेटी अवैध शराब बरामद की है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत 33 लाख रुपये बताई जा रही है। यह शराब दशहरा के बाद त्योहारी सीजन में बेचे जाने की योजना थी।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हथबंद थाना क्षेत्र के ग्राम केसदा में एक सुनसान मकान में भारी मात्रा में अवैध शराब छिपाई गई है। पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के निर्देश पर पुलिस टीम ने मकान पर छापा मारा और शराब जब्त की।
शराब की मात्रा और आरोपी की गिरफ्तारी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह ने बताया कि जब्त शराब में 504 पेटी गोवा ब्रांड और 28 पेटी देशी शराब शामिल है। मौके से एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है, जिससे पूछताछ जारी है।
इस कार्रवाई को त्योहारी सीजन में अवैध शराब की बिक्री को रोकने की दिशा में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस ने कहा कि इस मामले की जांच जारी है और शराब के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
घर बना जुए का अड्डा, 24 जुआरियों को किया गिरफ्तार, 10 लाख से ज्यादा नगद जब्त
बलौदाबाजार. पुलिस ने शनिवार को सिमगा के एक मकान में चल रहे जुआ फड़ को पकड़ने में सफलता मिली है. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दीपक झा की विशेष टीम ने निरीक्षक अजय झा के नेतृत्व में मकान में दबिश देकर जुआ खेल रहे 24 लोगों को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने आरोपियों से 10 लाख 87 हजार 62 रुपये नगद सहित दो कार और बाइक सहित 26 मोबाइल जब्त किया. सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है.

बताया जा रहा है कि जहां जुआफड़ चल रहा था वह भाजपा के नेता अनिल पांडेय का घर है. जो ब्राम्हणपारा में है. फिलहाल भाजपा नेता अनिल पांडेय से इस बारे में पूछताछ नहीं हो पाई है कि उस घर में कौन रहता था और किस काम से उपयोग किया जाता था. पकड़े गए आरोपी नामी गिरामी लोग हैं जो जनप्रतिनिधि भी हैं और बडे़ व्यवसायी भी हैं.
आरोपी जुआड़ियों के नाम
- पंकज धीरानी पिता दीपक उम्र 30 वर्ष निवासी सिंधी कॉलोनी बेमेतरा थाना व जिला बेमेतरा
- विष्णु मांडले पिता संतराम उम्र 35 साल निवासी वार्ड नंबर 01 खम्हरिया थाना खम्हरिया जिला बेमेतरा
- हंसराम साहू पिता काशीराम उम्र 39 साल निवासी ग्राम पेंडरी थाना भाटापारा ग्रामीण
- प्रदीप मोटवानी पिता साजन दास उम्र 40 साल निवासी दीनदयाल कॉलोनी भिलाई थाना स्मृति नगर जिला दुर्ग
- पवन किंगरानी पिता पन्नुमल उम्र 48 साल निवासी ग्राम खोखली थाना भाटापारा ग्रामीण
- भीषम साहू पिता रूप राम साहू उम्र 25 साल निवासी ग्राम पेंडारी थाना भाटापारा ग्रामीण
- योगेश कुमार पिता बादल कुमार खिलवाड़े उम्र 32 साल निवासी ग्राम दुलदुला थाना सिमगा
- कौशल कुमार पिता विदेशी साव उम्र 40 साल निवासी कैलाश नगर मठपारा थाना उरला जिला रायपुर
- सुनील कुमार पिता हरूमत विधानी उम्र 43 साल निवासी तिल्दा कैंप नेवरा जिला रायपुर
- सुशील कुमार पिता प्यारेलाल देशलहरे उम्र 27 साल निवासी ग्राम खम्हरिया थाना खम्हरिया जिला बेमेतरा
- सहदेव चेलक पिता तिहारू राम उम्र 30 साल निवासी ग्राम खंडुवा थाना सिमगा
- देवेंद्र वर्मा पिता रामकुमार वर्मा उम्र 35 साल निवासी ग्राम सुमा थाना भाटापारा ग्रामीण
- दया दास बारले पिता बगश उम्र 57 साल निवासी ग्राम हीरापुर थाना पिपरिया जिला कवर्धा
- इंदर शर्मा पिता रामूलाल शर्मा उम्र 45 साल निवासी शंकर वार्ड भाटापारा थाना भाटापारा शहर
- श्रीकांत तिवारी पिता शिव तिवारी उम्र 35 साल निवासी मंगला चौक वार्ड नंबर 07 बिलासपुर थाना सिविल लाइन, बिलासपुर
- अश्वनी पटेल पिता कृष्ण पटेल उम्र 31 साल निवासी रगरा थाना सहसपुर लोहारा जिला कबीरधाम
- मनीष रात्रि पिता अशोक रात्रि उम्र 24 साल निवासी वार्ड नंबर 01 सतनामी पारा खम्हरिया थाना खम्हरिया जिला बेमेतरा
- घनश्याम चंद्राकर पिता शत्रुघ्न उम्र 45 साल निवासी जय स्तंभ चौक खम्हरिया थाना खमरिया जिला बेमेतरा
- अजय शर्मा पिता मनीशंकर उम्र 27 साल निवासी ग्राम टीहूपारा सिमगा थाना सिमगा
- मोहनलाल पिता रामलाल साहू उम्र 45 साल निवासी ग्राम खारती थाना खम्हरिया जिला बेमेतरा
- विनोद चंद्राकर पिता गया राम उम्र 28 साल निवासी ग्राम बैत्री थाना पिपरिया जिला कबीरधाम
- गोपाल यदू पिता रामदयाल यदू उम्र 28 साल निवासी ग्राम तरेंगा थाना भाटापारा ग्रामीण
- हरप्रीत सिंह उर्फ रिंकू भाटिया पिता गुरविंदर सिंह उम्र 40 साल निवासी ब्राह्मणपारा सिमगा
- अनिकेत पांडे पिता अनिल पांडेय उम्र 26 साल निवासी वार्ड नंबर 8 सिमगा थाना सिमगा |
एक दिन के लिए बंद रहेंगी शराब दुकानें, कलेक्टर ने जारी किया आदेश…
बलौदाबाजार. मदिरा प्रेमियों के लिए बुरी खबर है. बलौदाबाजार जिले में एक दिन के लिए सभी शराब दुकानें बंद रहेंगी. इसका आदेश कलेक्टर ने जारी कर दिया है. बता दें कि 18 दिसंबर को गुरुघासीदास की जयंती मनाई जाएगी. इसके चलते जिले की सभी शराब दुकानें बंद रहेंगी.
दूधमुहे बच्चे समेत एक ही परिवार के 4 लोगों की निर्मम हत्या...
बलौदाबाजार। टोनही का संदेह जताते हुए गुरुवार शाम को एक ही परिवार के चार लोगों की निर्मम हत्या कर दी गई। मामला बलौदाबाजार जिले के कसडोल विकासखंड का है। मृतकों में दो बहन, एक भाई और एक बच्चा है।
आरोपियों ने 45 वर्षीय भाई चेतराम केवट, यशोदा बाई, जमुना व उसके 11 माह के बच्चे को मार डाला। कसडोल पुलिस ने तीन संदेहियों रामनाथ पाटले व उनके बेटों दीपक व दिल कुमार को हिरासत में लिया है। सभी मृतक परिवार के पड़ोसी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम छरछेद में रामनाथ की बेटी की एक माह से तबीयत खराब चल रही है। इस मामले में केवट परिवार पर जादू-टोना करने का आरोप लगाया गया था। इसी के चलते संदेहियों ने जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया। अधिकारियों ने बताया कि तीनों आरोपी चैतराम के घर में घुसे और उन्होंने उन पर धारदार हथियार एवं हथौड़े से हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि हमले के दौरान चैतराम की मां घर पर नहीं थीं, अपने दूसरे बेटे के साथ कहीं गई हुई थीं।
पुलिस आरोपियों के साथ ही स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर रही है।
पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल भी पुलिस टीम के साथ पहुंचे। इस मामले में पुलिस ने तीन संदेहियों को पकड़ा है। फोरेंसिक की टीम बलौदाबाजार से रवाना हो गई है। इसके बाद शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। स्थिति को काबू करने के लिए गांव में पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
बलौदाबाजार एसपी विजय अग्रवाल ने कहा, पुलिस ने तीन संदेहियों को हिरासत में लिया है, जो एक ही परिवार से हैं। जांच के बाद आगे कार्रवाई होगी।
राज्य की बिगड़ती कानून व्यवस्था तथा बलौदाबाजार मामले में निर्दोषों की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा
बलौदाबाजार आगजनी एवं लचर व बदहाल कानून व्यवस्था, महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अत्याचार पर ध्यानाकर्षण करने के लिये कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में राज्यपाल से मिलकर ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि सरकार की अकर्मण्यता के कारण प्रदेश की कानून व्यवस्था बदहाल हो चुकी है, वहीं अपनी नाकामी को छिपाने लगातार सरकार प्रशासन का दुरूपयोग कर विपक्षी पार्टी को निशाना बना रही है, तत्संबंध में निम्न बिंदुओं पर कार्यवाही हेतु आपका ध्यानाकार्षण करना चाहते हैं :-
1. बलौदाबाजार जिले में घटित पूज्य जैतखाम को काटे जाने मामले में सतनामी समाज को आज तक न्याय नहीं मिला है, जो कि अत्यंत गंभीर विषय है, साथ ही कलेक्टर परिसर में घटित आगजनी की भयावह घटना घोर प्रशासनिक चूक व सरकार के उदासीनता का नतीजा था। कांग्रेस के विधायक श्री देवेन्द्र यादव, युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष श्री शैलेन्द्र बंजारे, एनएसयूआई के विधानसभा अध्यक्ष श्री सूर्यकांत वर्मा एवं अन्य कांग्रेस से जुड़े कार्यकर्ताओं के खिलाफ बिना किसी साक्ष्य विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर द्वेषपूर्वक जेल भेज दिया गया, जिसके बाद पुलिस द्वारा ना ही कार्यवाही आगे बढ़ाई गई, ना आज पर्यन्त कांग्रेसजनों एवं सतनामी समाज के निर्दोष गिरफ्तार किये गये लोगों का चालान पेश किया गया है।
जबकि सभा स्थल पर दोनों राजनैतिक दल सहित सतनामी समाज के नेता उपस्थित थे, लेकिन भाजपा समर्थित पीएचई ठेकेदार अजगल्ले एवं भाजपा के बलौदाबाजार जिला अध्यक्ष श्री सनम जांगड़े एवं अन्य भाजपा पदाधिकारी, नेताओं की भूमिका संदिग्ध रही है, पूज्य जैतखाम को काटे जाने को लेकर, सभा स्थल में भोजन व्यवस्था, टेंट व्यवस्था इनके द्वारा की गई, लेकिन पुलिस द्वारा अब तक इस दिशा को दबाए रखने का काम किया गया है।
2. वर्तमान में प्रदेश में महिलाओं से जुड़े अपराध, सामूहिक दुष्कर्म, अनाचार, स्कूली छात्राओं के साथ छेड़छाड़, नाबालिग बच्चियों का लैंगिक शोषण, जैसी घटनाए लगातार बढ़ रही है, जिससे प्रदेश की महिलाएं स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। वहीं ऐसे भी प्रकरण सामने आ रहे हैं, जहां पीड़िता को न्याय दिलाने के बजाय पुलिस मामले में लीपापोती करती है, बल्कि घटना को दबाए जाने दबाव बनाया जा रहा है। प्रदेश के सरकारी हॉस्टल, छात्रावास भी बच्चियों के लिए सुरक्षित नहीं है।
3. प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से लचर व बदहाल हो चुकी है, सरकार के संरक्षण में रेत माफिया, शराब कोचिया, प्रदेश भर में सक्रिय हैं, जिससे ग्रामीण व वनांचलों में भी दहशत का माहौल है, प्रदेश में चैन-स्नेचिंग, डकैती, चाकू-बाजी, गोलीबारी, हत्या, मारपीट की घटनाएं लगातार सामने आ रही है। प्रदेश में अंतरराज्यीय गिरोह अपना पैर पसार रहे हैं, जिसे रोकने के लिए सरकार पूरी तरह नाकाम है।
वहीं सरकार द्वारा हर मुद्दे को राजनीतिक रंग देने और अपनी नाकामी छुपाने के लिए कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर द्वेषपूर्वक कार्यवाही करने हेतु फर्जी एफआईआर दर्ज किए जा रहे हैं। अतः उपरोक्त विषयों पर कांग्रेस पार्टी आपका ध्यानाकर्षित करते हुए निर्दोषजनों की निःशर्त रिहाई एवं प्रदेश के बदहाल कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने की मांग करते है। साथ ही, हम आपसे आग्रह करते हैं कि, बलौदाबाजार मामले की हाईकोर्ट जज की देखरेख में निष्पक्ष जांच करायी जाये अथवा सतनामी समाज के मंशानुरूप पूरे घटनाक्रम की सी.बी.आई. जांच कराये जाने की मांग करते हैं।
प्रतिनिधिमंडल में पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज के साथ पूर्व प्रदेश अध्यक्ष धनेंद्र साहू, पूर्व कार्य. प्रदेश अध्यक्ष सत्यनारायण शर्मा, पूर्व मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया, पूर्व मंत्री अमितेष शुक्ल, विधायक लखेश्वर बघेल, प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, खादी ग्रामोद्योग के पूर्व अध्यक्ष राजेन्द्र तिवारी, प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, प्रदेश उपाध्यक्ष पी.आर. खुंटे, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रेमचंद जायसी, प्रदेश महामंत्री कन्हैया अग्रवाल, प्रदेश महामंत्री सकलेन कामदार, प्रदेश महामंत्री सुबोध हरितवाल, युवा कांग्रेस अध्यक्ष आकाश शर्मा, सेवादल अध्यक्ष अरुण ताम्रकार, रायपुर ग्रामीण जिला अध्यक्ष उधोराम वर्मा, रायपुर महापौर एजाज ढेबर, रायपुर सभापति प्रमोद दुबे उपस्थित थे।
बलौदाबाजार हिंसा : 60 गिरफ्तार, 200 हिरासत में, 500 की तलाश...
बलौदाबाजार। जिला मुख्यालय में सोमवार को हुई हिंसा के बाद सरकार ने उपद्रवियों पर सख्ती शुरू की है। उपद्रव करने वाले, कलेक्टर और एसपी दफ्तर को आग लगाने वालों को चुन-चुनकर पकड़ा जा रहा है। बुधवार को 60 लोगों को जेल भेजा गया। उनकी पहचान वीडियो फुटेज के आधार पर की गई। पूछताछ और जांच के बाद 200 लोगों को हिरासत में लिया गया है। साथ ही करीब 500 की तलाश की जा रही है।
पकड़े गए 60 लोगों में जिन 20 को मोस्ट वांटेड बताया गया है उनमें ये नाम शामिल हैं-
1 नाम हेमंत, सतनामी समाज जिला अध्यक्ष गरियाबंद
2 टीकम बंजारे, सतनामी सेवा समिति खैरागढ़
3 अजय कुमार बघेल, भीम रेजीमेंट जिला कवर्धा पूर्व जिला उपाध्यक्ष
4 कुलदीप जांगड़े, भीम रेजीमेंट कार्यकारिणी सदस्य जिला मुंगेली
5 अजय टंडन, इंडियन सतनामी समाज ऑर्गेनाइजेशन में कार्यकारिणी जिला यूथ जांजगीर चांपा
6 कमलेश दास लहरे, भीम रेजीमेंट पूर्व जिला अध्यक्ष कवर्धा
7 विजय कुमार धृतलहरे, करही बाजार चौकी जिला बलौदा बाजार सतनामी समाज के सभी व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ना एवं लोगों को एकत्रित करने के लिए प्रेरित करना
8 अनिल प्रबल, पूर्व में आम आम आदमी पार्टी जिला प्रभारी सतनाम महासंघ जिला मुंगेली
9 सोमनाथ टांडेकर, प्रगतिशील सतनामी समाज जिला मीडिया प्रभारी थाना खल्लारी
10 हीरालाल जोगी, महासमुंद छत्तीसगढ़ सतनामी मुक्ति केंद्र जिला उपाध्यक्ष थाना पटेवा
11 बृजेश रात्रे, इंडियन सतनामी समाज ऑर्गेनाइजेशन जांजगीर
12 फ्लैश मधुकर, मीडिया प्रभारी बेमेतरा फेसबुक और लाइव करना यूट्यूब पर भड़काऊ भाषण को उकसाना प्रसारित करना
13 हेमंत कुमार चंदेल, सतनामी समाज अध्यक्ष बिरला जिला बेमेतरा
14 संतोष बंजारे, सतनाम युवा प्रगति संगठन जांजगीर चांपा नवागढ़
15 देव जोशी, प्रगतिशील सतनामी समाज कोमल दहाड़े सतनामी समाज व्हाट्सएप ग्रुप एससी एसटी बजट योजना युवा सतनामी समाज कुरूद धमतरी
16 हेमराज ढीढी, भीम आर्मी सदस्य डिक्सन भीम आर्मी ग्रुप सदस्य भीम आर्मी समस्त ब्लॉक जिला धमतरी
17 रमेश कुमार बंजारे, छत्तीसगढ़ प्रगतिशील सतनामी समाज रायपुर का उपाध्यक्ष
18 दीपक कुमार मनहर, भीम रेजीमेंट अध्यक्ष कारण भी रेजीमेंट सतनामी समाज भी रेजीमेंट जिला जांजगीर चांपा
19 मनीष चंद्रवंशी, छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना
20 दिगेश्वर घृतलहरे, भीम क्रांतिवीर कार्यकारिणी अध्यक्ष जिला बलौदा बाजार
इस बीच, गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा है कि सुनियोजित तरीके से हिंसा की गई। एक सुंदर बिल्डिंग जला दी गई, इससे क्या हासिल हुआ। उन्होंने कहा कि उपद्रवियों से नुकसान की भरपाई की जाएगी। राजस्व रिकार्ड नहीं जले लेकिन पुलिस रिकार्ड खाक हो गया है। गुंडों की हिस्ट्री राख हो गई है। इसमें 12 साल का रोजनामचा भी है। वहीं जांच के लिए कांग्रेस का जांच दल आज बलौदाबाजार जाएगा।
बलौदाबाजार पुलिस के मुताबिक आगजनी की घटना में एसपी कार्यालय के रीडर रूम के साथ डीएसबी, डीआरबी शाखा, स्टेनो रूम तथा ओएम शाखा में रखे दस्तावेज आग से जलकर खाक हो गए। इसके साथ स्टेनो, रीडर रूम में रखे कंप्यूटर जलकर राख हो गए।
पुलिस के अनुसार, आग की चपेट में आने से जो दस्तावेज जले हैं, उनमें से जितने दस्तावेज आग से जले हैं, उतने ही दस्तावेज आग बुझाने के दौरान पानी से खराब हुए हैं। पुलिस के अनुसार जो दस्तावेज नहीं जले हैं, केवल पानी से भीगे हैं उन दस्तावेजों की छंटनी की जा रही है। छंटनी के बाद जो दस्तावेज खराब नहीं हुए हैं, उन्हें रखा जाएगा। इसके साथ ही जले हुए कम्प्यूटर के हार्ड डिस्क की पड़ताल की जा रही है।
गौरतलब है कि, थानों में जो एफआईआर दर्ज होती है या किसी अन्य तरह से रिकॉर्ड तैयार किए जाते हैं, उसकी एक कॉपी थाना में रखने के साथ एसपी कार्यालय तथा आईजी कार्यालय भेजी जाती है। आग तथा पानी की चपेट में आकर जो दस्तावेज जले तथा खराब हुए हैं, उन दस्तावेज तथा रिकॉर्ड को संबधित थानों से रिकवर करने के साथ आईजी कार्यलय से संपर्क किया जाएगा।
फोरेंसिक टीम जांच कर लौटी
आगजनी की घटना की जांच करने रायपुर से फोरेंसिंक एक्सपर्ट की टीम मंगलवार को बलौदाबाजार पहुंची थी। फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कलेक्टोरेट, एसपी बिल्डिंग में आग लगाने के लिए उत्पातियों ने पेट्रोल के साथ और किस तरह के ज्वलनशील पदाथों का उपयोग किया है। इसके साथ ही बिल्डिंग में आग फैलने की वजह की फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम पता लगाने की कोशिश कर रही है।
नए कलेक्टर-एसपी ने किया ज्वाइन
मंगलवार देर रात सरकार ने एक्शन लेते हुए बलौदाबाजार के कलेक्टर एवं एसपी को हटाने का आदेश जारी कर दिया था। साथ ही दीपक सोनी को कलेक्टर और विजय अग्रवाल को एसपी बनाकर भेजा गया था। दोनों ने ही आदेश जारी होने के दूसरे दिन ही ज्वाइन कर लिया। साथ ही कामकाज भी शुरू कर दिया।
निर्माण कार्याे के साथ सांस्कृतिक विकास भी जरुरी - राजस्व मंत्री श्री वर्मा
नगर की पहचान नागरिकों के विलक्षण गुणों से हो - सांसद श्री अग्रवाल
कैबिनेट मंत्री व सांसद ने किया 10 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन-लोकार्पण
76 लाख रुपये के विकास कार्यों की मिली मंजूरी
रायपुर : राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा एवं रायपुर सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने बुधवार को बलौदाबाजार जिला मुख्यालय स्थित नगर भवन में आयोजित भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने 10 करोड़ 34 हजार रूपये लागत के विकास कार्यों क़ा भूमिपूजन व लोकार्पण किया। इसमें नगर पालिका परिषद बलौदाबाजार में 7 करोड़ 3 लाख 98 हजार रुपये के विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन एवं 2 करोड़ 96 लाख 36 हजार रुपये के निर्माण कार्यों का लोकार्पण शामिल है। कार्यक्रम में राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन अंतर्गत स्व-सहायता समूह की महिलाओं को पंजीयन प्रमाण पत्र एवं प्रधानमंत्री स्व-निधि योजना के तहत 50 हजार रुपये का चेक वितरित किया गया। सांसद श्री अग्रवाल ने नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष श्री चित्तावर जायसवाल की मांग पर लगभग एक करोड़ 26 लाख रूपये के विभिन्न निर्माण कार्याें का स्वीकृति प्रदान की।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि नगरपालिका को सुंदर, स्वच्छ बनाने में हम सबकी भागीदारी होनी चाहिए। आपसी भाई-चारा के साथ खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए भी सामूहिक जिम्मेदारी लेनी होगी। निर्माण सम्बन्धी विकास कायों के साथ ही सांस्कृतिक विकास पर भी ध्यान देना होगा।
सांसद श्री अग्रवाल ने कहा कि शहरों में निर्माण कार्य लगातार बढ़ रहे हैं। निर्माण के साथ उसका संरक्षण करना भी नागरिकों का कर्तव्य है। नगर की पहचान केवल अच्छी सड़कें, बिजली, पानी की सतत् आपूर्ति ही नहीं बल्कि वहां के नागरिकों के प्रतिभा एवं गुणों से भी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शहर को सुन्दर बनाने में नागरिकों को जिम्मेदारी लेनी होगी। कार्यक्रम को पूर्व विधायक भाटापारा श्री शिवरतन शर्मा एवं नगर पालिका अध्यक्ष श्री चित्तावर जायसवाल ने भी सम्बोधित किया।
विकास कार्याे क़ा हुआ भूमिपूजन व लोकार्पण
अधोसंरचना मद अंतर्गत विभिन्न सी.सी. रोड एवं आर.सी.सी. नाली निर्माण कार्य लागत राशि 5 करोड़, वार्ड क्रमांक 18 एवं 19 में गार्डन चौक से मणिकंचन केंद्र होते हुए रिस्दा रोड तक सीसी रोड निर्माण लागत राशि 98.34 लाख, 15वें वित्त आयोग मद अंतर्गत विभिन्न सी.सी. रोड एवं नाली निर्माण कार्य लागत राशि 45.90 लाख रुपये, षष्ठी देवी मंदिर के पास सौंदर्यीकरण कार्य 35 लाख रूपये, अधोसंरचना मद अंतर्गत वार्ड क्र.-2 तहसील ऑफिस के सामने सौंदर्यीकरण कार्य 24.74 लाख रूपये क़ा भूमिपूजन तथा वार्ड क्र.-10 मण्डी कॉम्प्लेक्स के पास बाह्य विकास कार्य 79.26 लाख रूपये, हाट बाजार निर्माण कार्य 45 लाख रुपए, नगर भवन जीणोद्धार कार्य 92.10 लाख रुपए, राज्य प्रवर्तित योजना अंतर्गत पौनी-पसारी निर्माण कार्य 60 लाख रुपए एवं अम्बेडकर चौक के पास सौंदर्यीकरण कार्य हेतु 20 लाख रूपये के कार्यों का लोकार्पण शामिल हैं।
इन कार्याें की मिली स्वीकृति
स्ट्रीट लाईट के लिए 50 लाख रुपये, आर.सी.सी. रोड निर्माण के लिए 66 लाख रूपये एवं सामुदायिक भवन निर्माण हेतु 10 लाख रुपये शामिल हैं।
इस अवसर पर पूर्व संसदीय सचिव डॉ.सनम जांगड़े, पूर्व विधायक श्रीमती लक्ष्मी बघेल, कलेक्टर श्री दीपक सोनी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती अदिति बघमार सहित जनप्रतिनिधिगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।