छत्तीसगढ़ / राजनांदगांव
आंगनबाड़ी सहायिका के रिक्त पद के संबंध में 19 तक दावा
राजनांदगांव । एकीकृत बाल विकास सेवा परियोजना राजनांदगांव (शहरी) अंतर्गत कौरिनभाठा वार्उ क्रमांक 44 के आंगनबाड़ी केन्द्र क्रमांक 1 में आंगनबाड़ी सहायिका के रिक्त पद के पूर्ति के लिए प्राप्त आवेदन पत्रों निरीक्षण व परीक्षण के पश्चात प्राविधिक मूल्यांकन पत्रक जारी किया गया है। जारी प्राविधिक मूल्यांकन पत्रक के संबंध में दावा-आपत्ति 19 मई 2025 तक कार्यालय परियोजना अधिकारी एकीकृत बाल विकास सेवा परियोजना राजनांदगांव (शहरी) में लिखित रूप में दर्ज करा सकते हंै। अंतिम तिथि के बाद प्राप्त होने वाले आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
दावा आपत्ति 16 तक
राजनांदगांव । राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2024-25 में मानव संसाधन की स्वीकृत कुल 37 प्रकार के संविदा पदों के लिए प्राप्त 184 आवेदनों की पात्र-अपात्र सूची जारी की गई है। जारी सूची के संबंध में दावा आपत्ति आवेदन 16 मई 2025 तक कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी शाखा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन पुराना अस्पताल गुरूद्वारा के सामने राजनांदगांव पिन 491441 छत्तीसगढ़ में बंद लिफाफे में स्पीड पोस्ट या पंजीकृत डाक से प्रस्तुत कर सकते हंै। इस संबंध में विस्तृत जानकारी कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।
श्रम पहचान संख्या प्राप्त करने, ऑनलाईन आवेदन
राजनांदगांव। राज्य में 13 फरवरी 2025 से पूर्व प्रचलित छत्तीसगढ़ दुकान एवं स्थापना अधिनियम 1958 निरसित हो चुका है एवं इसके स्थान पर नवीन अधिनियम छत्तीसगढ़ दुकान एवं स्थापना अधिनियम 2017 सपठित नियम 2021 अधिसूचना दिनांक से राज्य में प्रभावशील हो गया है। अधिसूचना प्रभावशील हो जाने से प्रदेश में स्थित सभी दुकान एवं स्थापनाओं के पंजीयन का कार्य श्रम विभाग के जिला कार्यालयों द्वारा श्रम विभाग के पोर्टल www.shramevjayate.cg.gov.in के माध्यम से ऑनलाईन आवेदन किया जा सकेगा। यह अधिनियम केवल 10 या अधिक श्रमिक-कर्मचारी नियोजित करने वाले दुकान और स्थापनाओं पर लागू होगा। इस अधिनियम के लागू होने के 6 माह की अवधि के भीतर दुकान एवं स्थापनाओं के पंजीयन हेतु श्रम विभाग के पोर्टल पर ऑनलाईन अपलोड किया जाना होगा।
छत्तीसगढ़ दुकान एवं स्थापना अधिनियम 1958 के तहत पूर्व से पंजीकृत दुकान स्थापनायें अधिनियम 2017 अंतर्गत पंजीकृत मानी जायेगी, किंतु उन्हें इस अधिनियम के प्रारंभ होने की तिथि से 6 माह के भीतर श्रम पहचान संख्या प्राप्त करने हेतु ऑनलाईन आवेदन करता होगा। जिसके लिए पंजीयन नि:शुल्क होगा। 6 माह की अवधि के पश्चात आवेदन पर नियमानुसार शुल्क देय होगा। नियोजकों को दुकान व स्थापना के पंजीयन व श्रम पहचान संख्या में संशोधन, बंदीकरण हेतु विभागीय पोर्टल पर ऑनलाईन आवेदन किया जाना होगा। दुकान एवं स्थापनाओं में कार्यरत कर्मचारियों को साप्ताहिक अवकाश का लाभ देते हुए स्थापनाओं को 24 घंटे संचालित किया जा सकेगा। इस संबंध में विस्तृत जानकारी के लिए विभाग के जिला कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।
समाधान शिविर विचारपुर नवागांव में 130 लोगों की हुई स्वास्थ्य जांच
ग्रामीणों को स्वास्थ्य विभाग में संचालित विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की दी गई जानकारी
राजनांदगांव। कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे के मार्गदर्शन में सुशासन तिहार अंतर्गत समाधान शिविर में नागरिकों का स्वास्थ्य जांच किया जा रहा है। आज विचारपुर नवागांव समाधान शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा 130 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। शिविर में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अंतर्गत संचालित विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। स्वास्थ्य जांच में 110 लोगों का ब्लड प्रेशर जांच, 98 नागरिकों का मधुमेह की जांच एवं 90 से अधिक लोगों का हीमोग्लोबिन जांच किया गया। 20 लोगों की नेत्र जांच व 14 लोगों की सिकल सेल स्क्रीनिंग भी की गई तथा 3 हितग्राहियों के त्वरित रूप से आयुष्मान कार्ड बनाकर लाभान्वित किया गया।
विचारपुर नवागांव में आयोजित सुशासन तिहार अंतर्गत समाधान शिविर में मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन एवं विकासखंड स्तरीय टीम तथा पैरामेडिकल स्टाफ उपस्थित होकर स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी तथा स्वस्थ जीवन शैली के बारे में बताया गया। उल्लेखनीय है कि लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग अंतर्गत सुशासन तिहार 2025 में आवेदनों निराकरण के लिए टीम का गठन किया गया है। जिससे आवेदनों का त्वरित और प्रभावी निराकरण किया जा रहा हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ नवरतन ने बताया कि जिले में 94 प्रतिशत लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाया जा चुका है शेष 6 प्रतिशत लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने की कार्रवाई तेजी से की जा रही है। आयुष्मान वय वंदना कार्ड भी 70 वर्ष आयु व 70 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों का भी निरंतर बनाये जाने का कार्य निरंतर किया जा रहा है। समाधान शिविरों में जिनके कार्ड नहीं बने हैं वह उपस्थित होकर भी अपना कार्ड बनवा सकते हैं एवं विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य जांच का लाभ समाधान शिविरों में आकर ले सकते हैं।
तत्काल लर्निंग लाईसेंस मिलने पर लालाराम साहू एवं योगेश्वर कंवर के चेहरे पर दिखाई दी खुशी
गांव की आम जनता की समस्याओं का आसानी से हो रहा निराकरण
राजनांदगांव। सुशासन तिहार अंतर्गत आज डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम विचारपुर नवागांव में आयोजित समाधान शिविर में परिवहन विभाग के स्टाल में तत्काल लर्निंग लाईसेंस मिलने पर ग्राम विचारपुर नवागांव निवासी लालाराम साहू के चेहरे पर उत्साह एवं खुशी दिखाई दी। उन्होंने बताया कि बहुत दिनों से वे वाहन चलाने के लिए लाईसेंस नहीं बना पा रहे थे। सुशासन तिहार पर उन्होंने लर्निंग लाईसेंस के लिए आवेदन पेश किया था। उन्होंने कहा कि तत्काल ही समाधान शिविर में लर्निंग लाईसेंस बनाकर प्रदान किया गया। जिससे वे बहुत खुशी और अच्छा महसूस कर रहे है। उन्होंने कहा कि शासन की यह पहल बहुत अच्छी है, जिससे गांव की आम जनता की समस्याओं का निराकरण आसानी से हो रहा है। उन्होंने लर्निंग लाईसेंस मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शासन प्रशासन को धन्यवाद दिया। इसी तरह ग्राम ग्राम विचारपुर नवागांव निवासी श्री योगेश्वर कंवर को भी आज लर्निंग लाईसेंस मिला। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार उनकी समस्या का आसानी से समाधान हो गया है। उन्होंने कहा कि सरकार आम जनता के द्वार तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रही है।
जल संरक्षण के लिए 1000 इंजेक्शन वेल बनाने की कार्य योजना
कलेक्टर ने जिले में जल संरक्षण को गति देने मिशन जल रक्षा के तहत निर्मित संरचनाओं का किया निरीक्षण
राजनांदगांव । कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने आज ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण की दिशा में चल रहे मिशन जल रक्षा एवं मोर गांव मोर पानी अभियान के तहत विभिन्न ग्रामों में निर्मित एवं निर्माणाधीन जल संरचनाओं और अपशिष्ट प्रबंधन इकाइयों का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुरूचि सिंह उपस्थित रही। कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम पंचायत बरगा में परकोलेशन टैंक एवं उसमें निर्मित इंजेक्शन वेल का अवलोकन किया। उन्होंने भू-जल संवर्धन के तकनीकी विशेषताओं के संबंध में चर्चा की तथा पास में ही बने बोरवेल रिचार्ज सॉफ्ट सैंड फिल्टर के निर्माण कार्य को भी देखा। उन्होंने जिले में जल संरक्षण के लिए युद्ध स्तर पर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में डीएमएफ, सीएसआर के सहयोग से 1000 इंजेक्शन वेल लगवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बोरवेल रिचार्ज साफ्ट सेंटर एक अच्छी तकनीक है, जिसके माध्यम से असफल बोरवेल पर तकनीकी संरचनाओं से पुनर्भरण कर भू-जल स्तर को बेहतर बनाया जा सकता है। उन्होंने जल संरक्षण के लिए जिले में नवीन तकनीक को विस्तार देने के निर्देश दिए।
कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने ग्राम बरगा में ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन इकाई का निरीक्षण किया तथा महिला स्वच्छता दीदीयों से चर्चा कर उनकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली। दीदियों ने बताया कि वह ग्राम पंचायत क्षेत्र में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण करती हैं तथा योजना को स्वावलंबी बनाने के लिए घरों से 20 रूपए और दुकानों से 50 रूपए यूजर चार्ज एकत्रित करती हैं। कलेक्टर ने निर्माणाधीन ग्रे वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का भी अवलोकन किया। ग्रे वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट के माध्यम से ग्राम पंचायत के नालियों के पानी को शुद्ध कर तालाब में प्रवाहित किया जाएगा। इस तरह की योजना से ग्रामीणों को जलजनित बीमारियों से सुरक्षा मिलेगी और जल स्रोत संरक्षित रहेंगे।
कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने जनपद पंचायत डोंगरगांव के ग्राम पंचायत टप्पा स्थित उड़ारबांध टप्पा जलाशय का निरीक्षण किया, जहां वे स्थानीय ग्रामीणों से रूबरू हुए। ग्रामीणों ने उड़ारबांध टप्पा जलाशय को संभावित पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किए जाने हेतु अनुरोध किया। कलेक्टर ने स्थल के इतिहास एवं स्थानीय महत्व के संबंध में ग्रामीणों से चर्चा की। उन्होंने डोंगरगढ़ जनपद पंचायत के ग्राम गिधवा में निर्मित स्टैगर्ड ट्रेंच एवं पर्कोलेशन टैंक जैसी संरचनाओं को देखकर जिले में अधिक से अधिक जलसंरक्षण कार्यों को प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने ग्राम गिधवा में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित आवासों का जायजा लिया और हितग्राहियों से आवास निमर्पाण के संबंध में जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें पहली किश्त मिल चुकी है और वे बारिश से पहले निर्माण कार्य पूर्ण करने हेतु प्रयासरत हैं।
जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुरूचि सिंह ने उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत बनाए जा रहे आवास, जिले में जल संरक्षण की नवीन तकनीक, जल संरक्षण के विभिन्न संरचनाओं, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन इकाई के संबंध में जानकारी दी। इस अवसर पर वन विभाग के उपवन मंडल अधिकारी अभिषेक अग्रवाल, जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता निलेश रामटेके तथा संबंधित जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
दो सचिव निलंबित एवं तीन अधिकारी को कारण बताओ नोटिस
सुशासन तिहार के कार्यों में लापरवाही बरतने पर की गई कार्रवाई
राजनांदगांव। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुरूचि सिंह ने सीईओ जनपद पंचायत छुरिया से प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर ग्राम पंचायत अरजकुंड के सचिव भुवाल सिंह उईके तथा सीईओ जनपद पंचायत डोंगरगांव से प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर ग्राम पंचायत सांगिनकछार के सचिव नरेन्द्र कुमार वर्मा को सुशासन तिहार अंतर्गत प्राप्त आवेदनों के निराकरण कार्य में लापरवाही बरतने के कारण तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
प्रतिवेदन में कहा गया है कि ग्राम पंचायत अरजकुंड के सचिव भुवाल सिंह उईके द्वारा सुशासन तिहार अंतर्गत प्रथम चरण में ग्राम पंचायत में प्राप्त आवेदनों का निराकरण नहीं किया जा रहा था। इस संबंध में सीईओ जनपद पंचायत छुरिया द्वारा सचिव भुवाल सिंह उईके को बार-बार निर्देश दिया गया, लेकिन सचिव द्वारा लगातार लापरवाही बरती जा रही थी। साथ ही जनपद पंचायत के समीक्षा बैठक में भी बिना सूचना के अनुपस्थित पाए गए थे। इस तरह ग्राम पंचायत सांगिनकछार के सचिव नरेन्द्र कुमार वर्मा द्वारा सुशासन तिहार के आवेदनों का निराकरण में लापरवाही बरतने एवं बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित रहने के कारण तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
सीईओ जिला पंचायत सुरूचि सिंह ने सुशासन तिहार के कार्य मे लापरवाही एवं उदासीनता बरतने के कारण जनपद पंचायत डोंगरगांव अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत बोदेला के सचिव कृष्ण कुमार साहू, सहायक विकास विस्तार अधिकारी जनपद पंचायत डोंगरगढ़ गायत्री डेकाटे एवं सहायक आंतरिक लेखा परीक्षण एवं करारोपण अधिकारी जनपद पंचायत डोंगरगढ़ सी. कुजूर को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
कलेक्टर ने सुशासन तिहार के संबंध में ली पत्रकार-वार्ता
सुशासन की स्थापना को लेकर सरकार लगातार प्रतिबद्धता के साथ कर रही कार्य
राजनांदगांव । कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में सुशासन तिहार 2025 के संबंध में पत्रकार-वार्ता ली। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार राज्य में सुशासन की स्थापना को लेकर लगातार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। शासन-प्रशासन के हर स्तर पर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि शासकीय कार्यों में पारदर्शिता आए, योजनाओं और कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन हो और इनका लाभ उन जरूरतमंद वर्गों तक समयबद्ध ढंग से पहुंचे, जिनके लिए योजनाएं बनाई गई हैं। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी की मंशा के अनुरूप राज्य में सुशासन तिहार-2025 का आयोजन किया जा रहा है। सुशासन तिहार का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान, शासकीय योजनाओं की समीक्षा और निगरानी, विकास कार्यों में तेजी लाना और जनता, जनप्रतिनिधियों व सामाजिक संगठनों के साथ सीधा संवाद स्थापित करना है। सुशासन तिहार-2025 का आयोजन तीन चरणों में किया जा रहा है। पहला चरण 8 अप्रैल से 11 अप्रैल तक आयोजित हुआ। जिसमें आम जनता से उनकी समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन प्राप्त किए गए हैं। आवेदन समाधान पेटी, शिविर और ऑनलाईन पोर्टल के माध्यम से लिए गए हैं। आवेदन प्राप्त करने के लिए समाधान पेटी की व्यवस्था जिला और विकासखण्ड मुख्यालय स्तर पर की गई थी। हाट बाजारों में भी आवेदनों का संग्रह किया गया है। राजनांदगांव जिले कुल 1 लाख 27 हजार 659 आवेदन प्राप्त हुए हैं। जिसमें मांग के संबंधित 1 लाख 24 हजार 202 एवं शिकायत से संबंधित 3 हजार 357 है। इसमें कुल 84 हजार 129 आवेदनों का निराकरण किया गया है।
कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने कहा कि सुशासन तिहार के दूसरे चरण में प्राप्त आवेदनों को स्कैन कर सॉफ्टवेयर में अपलोड कर संबंधित विभाग, जनपद और नगरीय निकाय के अधिकारियों को ऑनलाइन व भौतिक रूप से भेजकर उनके गुणवत्तापूर्ण निराकरण की कार्रवाई की जा रही है। मांग से संबंधित आवेदनों को बजट की उपलब्धता के आधार पर निराकृत किया जा रहा है। आवेदनों के निराकरण की गुणवत्ता की समीक्षा जिला और राज्य स्तर पर की जा रही है। तीसरे एवं अंतिम चरण की शुरूआत 5 मई 2025 से हो रही है, जो 30 मई 2025 तक चलेगी। इस दौरान जिले के 8 से 15 ग्राम पंचायतों के बीच एक समाधान शिविर का आयोजन किया जाएगा। नगरीय निकायों में भी शिविर लगाए जाएंगे। जिले में कुल 68 समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में आवेदकों को उनके आवेदनों पर की गई विभागीय अधिकारियों द्वारा की गई कार्रवाई की जानकारी दी जाएगी। शिविरों में नए आवेदन भी लिए जाएंगे और जिन मामलों का समाधान वहीं संभव होगा, उनका मौके पर ही निराकरण किया जाएगा। विभागीय अधिकारी समाधान शिविरों में विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देंगे। साथ ही हितग्राहीमूलक योजनाओं के आवेदन पत्र व प्रपत्र भी उपलब्ध कराए जाएगें। समाधान शिविरों में विकासखंड एवं अनुभाग स्तर के सभी अधिकारी उपस्थित रहेंगे। जिला स्तर से भी कुछ अधिकारी उपस्थित रहेंगे। इसी तरह की व्यवस्था नगरीय निकायों के शिविरों में भी रहेगी।
कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने कहा कि सुशासन तिहार के तीसरे चरण के दौरान मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्रीगण, मंत्रीगण, मुख्य सचिव, प्रभारी सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी कुछ समाधान शिविरों में शामिल होंगे और आम जनता से सीधा संवाद करेंगे। मुख्यमंत्री विकास कार्यों और योजनाओं का औचक निरीक्षण भी करेंगे और योजनाओं के जमीनी लाभ के बारे में फीडबैक लेंगे। मुख्यमंत्री जिला मुख्यालय पर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी करेंगे। जिसमें शिविरों में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की स्थिति, विभिन्न योजनाओं की प्रगति और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की जाएगी। मुख्यमंत्री अपने प्रवास के दौरान प्रेस वार्ता को संबोधित करेंगे और विभिन्न संगठनों एवं नागरिकों से भेंट भी करेंगे। कलेक्टर ने पत्रकार साथियों से सुशासन तिहार 2025 अंतर्गत आयोजित समाधान शिविरों के प्रचार-प्रसार में सहभागी बनने की अपील की, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों लाभ ले सकें। इस अवसर पर अपर कलेक्टर प्रेम प्रकाश शर्मा, नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, एसडीएम राजनांदगांव खेमलाल वर्मा, डिप्टी कलेक्टर अभिषेक तिवारी एवं अन्य अधिकारी व प्रेम व मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
भटगांव में बार-बार गलत नियुक्ति का खेल: कब सख्त होगा प्रशासन?
निजी स्वार्थ, भ्रष्टाचार और पात्र महिलाओं के हक पर डाका: अब सवाल जवाब मांगता है
भटगांव । महिला एवं बाल विकास विभाग, भटगांव परियोजना में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका पद पर लगातार हो रही गलत नियुक्तियों ने शासन-प्रशासन की गंभीरता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्राम पंचायत घोघरा में हाल ही में सामने आए मामले में पात्र महिला को दरकिनार कर अपात्र महिला की नियुक्ति कर दी गई। यह कोई पहला मामला नहीं है – विभाग की कार्यशैली पर पहले भी उंगलियां उठ चुकी हैं।
इस बार मामला मीडिया की सुर्खियों में आने के बाद अपात्र नियुक्त महिला संजना खूंटे को हटाकर सोनिया टंडन को नियुक्त किया गया। लेकिन बड़ा सवाल यह है कि जिम्मेदार अधिकारियों पर कब कार्रवाई होगी?
वार्ड नंबर 12 में भी दोहराया गया घोटाला
ताजा शिकायत नगर पंचायत भटगांव के वार्ड क्रमांक 12 से आई है, जहां पार्वती बंजारे ने भी गलत नियुक्ति का आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई है। शिकायत में विभागीय अधिकारियों पर सांठगांठ और भ्रष्टाचार के आरोप हैं। अब पार्वती बंजारे ने न्यायालय में याचिका दाखिल की है।
कब तक चलता रहेगा यह खेल?
क्यों पात्र महिलाओं को उनके हक के लिए अदालत की शरण लेनी पड़ रही है?
क्यों विभाग में एक ही पैटर्न पर गड़बड़ी की पुनरावृत्ति हो रही है?
क्यों अब तक सिर्फ नियुक्तियां बदली जा रही हैं, पर भ्रष्ट अधिकारी बचे हुए हैं?
घोघरा का मामला बना मिसाल, पर क्या होगी असली कार्रवाई?
घोघरा पंचायत में गड़बड़ी उजागर होने के बाद जिला कार्यक्रम अधिकारी विजेंद्र ठाकुर ने जांच का आश्वासन दिया है और कहा है कि दोषियों पर कार्रवाई होगी। लेकिन अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जांच के दायरे में सिर्फ नीचे के कर्मचारी आएंगे या ऊंचे स्तर के अफसरों पर भी गाज गिरेगी?
छत्तीसगढ़ सरकार जहां एक ओर भ्रष्टाचार मुक्त शासन की बात कर रही है, वहीं दूसरी ओर भटगांव परियोजना कार्यालय बार-बार विवादों में घिरता जा रहा है। यह विभाग, सरकार की नीतियों और छवि को नुकसान पहुंचा रहा है।
अब देखना यह है कि भटगांव में चल रहे इस नियुक्ति घोटाले में शासन-प्रशासन कितनी पारदर्शिता और सख्ती दिखाता है। क्या इस बार सिर्फ खानापूर्ति होगी या फिर वास्तविक दोषियों पर भी कार्रवाई होगी? यह आने वाला समय बताएगा।
10.440 बल्क लीटर महाराष्ट्र निर्मित देशी मदिरा संत्री जब्त
राजनांदगांव । कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब विक्रेताओं एवं परिवहनकर्ताओं के विरूद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। सहायक आयुक्त आबकारी यदुनंदन राठौर ने बताया कि आबकारी उप निरीक्षक वृत्त डोंगरगढ़ अनिल सिंह, आबकारी मुख्य आरक्षक लाल सिंह राजपूत, आबकारी आरक्षक भोजराज के दल द्वारा ग्राम कोठीटोला सीतागोटा रोड पर सुनील कुमार निषाद के कब्जे से 40 पाव कुल मात्रा 7.200 बल्क लीटर महाराष्ट्र निर्मित देशी मदिरा संत्री जप्त की गई।
आरोपी को आबकारी अधिनियम के तहत दण्डनीय अजमानतीय अपराध में गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल दाखिल किया गया है। इसी तरह ग्राम सीतागोटा में आरोपी घनश्याम गायधने के कब्जे से 18 पाव कुल मात्रा 3.240 बल्क लीटर महाराष्ट्र देशी मदिरा संत्री जप्त की गई। आरोपी पर आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार किया गया और नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई। अवैध मदिरा विक्रय की रोकथाम हेतु होटल ढाबों एवं मदिरा दुकानों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। सहायक आयुक्त आबकारी द्वारा सभी वृत्त प्रभारियों को होटल ढाबों की नियमित जांच और अवैध मदिरा विक्रय के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिये गये हैं।
शासकीय उचित मूल्य दुकान संचालन, 14 तक आवेदन
राजनांदगांव । राजनांदगांव विकासखंड क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत परमालकसा में नवीन शासकीय उचित मूल्य दुकान संचालन हेतु 14 मई 2025 तक कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी राजस्व राजनांदगांव में आवेदन आमंत्रित की गई है। नवीन शासकीय उचित मूल्य दुकान संचालन हेतु इच्छुक जिले में स्थित वृहत्तकार आदिम जाति बहुउद्देशिय सहकारी समिति (लेम्पस), प्राथमिक कृषि शाख समिति, वन सुरक्षा समिति, महिला स्वसहायता समूह, अन्य उपभोक्ता सहकारी समिति से विहित प्रारूप एक में आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन पत्र निर्धारित तिथि तक कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी राजस्व राजनांदगांव में प्रस्तुत कर सकते है। शासकीय उचित मूल्य दुकान आबंटन की प्रक्रिया छत्तीसगढ़ सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश 2016 के तहत की जाएगी।
रिक्त पदों पर भर्ती के लिए 30 मई तक आवेदन
राजनांदगांव । नगर सेना, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं तथा एसडीआरएफ विभाग अंतर्गत महिला नगर सैनिक (छात्रावास ड्यूटी) 1715 एवं नगर सैनिक के 500 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) द्वारा लिखित परीक्षा का आयोजन रविवार 22 जून 2025 को रायपुर, बिलासपुर, जगदलपुर एवं अम्बिकापुर में आयोजित की जाएगी। रिक्त पदों पर भर्ती के लिए इच्छुक व पात्र आवेदक लिखित परीक्षा में शामिल होने के लिए 30 मई 2025 शाम 5 बजे तक व्यापम के वेबसाईट में जाकर रजिस्ट्रेशन एवं ऑनलाईन आवेदन प्रस्तुत कर सकते है।
कलेक्टर ने जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के साथ निराकरण करने के दिए निर्देश
राजनांदगांव । कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने आज कलेक्टोरेट शक्ति कक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम में जिले के दूरस्थ स्थानों से आए नागरिकों से मुलाकात कर उनकी शिकायतों एवं समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना। कलेक्टर डॉ. भुरे ने जनदर्शन में नागरिकों से प्राप्त मांगों एवं समस्याओं के आवेदन पत्र का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम में आज डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम केसला निवासी भीखमदास ने मकान क्षतिग्रस्त होने पर क्षतिपूर्ति के लिए राशि प्रदान करने आवेदन किया। कलेक्टर डॉ. भुरे संबंधित आवेदन पर संज्ञान लेते हुए तत्काल एसडीएम डोंगरगांव को नियमानुसार आरबीसी 6-4 के अंतर्गत निराकरण करने निर्देशित किया। इसी तरह डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम पेण्डरी निवासी योगदास साहू ने अपने पिता स्वर्गीय बसंत साहू का मृत्यु प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने के लिए आवेदन किया। ग्राम पेण्ड्री के ग्रामीणों ने मनरेगा योजना अंतर्गत निर्माण कार्य स्वीकृति के लिए आवेदन किया। घुमका तहसील के ग्राम बहेराभांठा निवासी शंभूराम वर्मा ने नल कनेक्शन, शौचालय और आवास प्रदान करने के लिए आवेदन किया। डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम केसला निवासी ओदन साहू ने वृद्धा पेशन के लिए आवेदन किया। जनदर्शन में नक्शा त्रुटि सुधार, प्रधानमंत्री आवास योजना से लाभान्वित करने, मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजनांतर्गत लाभान्वित करने जैसी मूलभूत आवश्यकताओं एवं गांव के विकास के लिए तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित करने आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर डॉ. भुरे ने जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के साथ निराकरण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर वनमंडलाधिकारी आयुष जैन, सीईओ जिला पंचायत सुश्री सुरूचि सिंह, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, आयुक्त नगर निगम अतुल विश्वकर्मा सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने अक्षय तृतीया पर बाल विवाह रोकने में सहयोग की अपील की
राजनांदगांव । कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन तथा जिले में अक्षय तृतीया पर संभावित बाल विवाह को रोकने के लिए जनप्रतिनिधियों, समाज प्रमुखों, वैवाहिक अनुष्ठानकर्ताओं, बैण्ड पार्टियों व टेन्ट हाऊस संचालकों सहित अन्य विवाह से संबंधित कार्यों में लगे प्रतिष्ठानों एवं व्यक्तियों से, जहां कही भी कम उम्र में विवाह हो रहा हो उसे रोकने में सहयोग करने की अपील की है। साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग के बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारियों को जिले में अक्षय तृतीया पर संभावित बाल विवाह को रोकने के आवश्यक निर्देश दिए हंै। किसी भी व्यक्ति को बाल विवाह की सूचना मिलने पर तथा बाल विवाह को समय पर रोकने के लिए चाईल्ड हेल्पलाईन 1098 एवं महिला हेल्पलाईन 181 तथा 112 पर सूचित किया जा सकता है।
कलेक्टर ने कहा कि जिले में अक्षय तृतीया के अवसर पर अधिकाधिक संख्या में विवाह का आयोजन किया जाता है। इस दौरान अनेक बार कम उम्र में विवाह होने की संभावना रहती है, जिसे रोकथाम करना जरूरी है। 18 वर्ष से कम उम्र की बालिकाओं एवं 21 वर्ष से कम उम्र के बालकों का शारीरिक एवं मानसिक विकास नहीं होने के कारण उनके जीवन में बाधाएं उत्पन्न होती है। जिसके कारण इनकी शिक्षा अवरूद्ध होने व कैरियर प्रभावित होने के खतरे बढ़ जाते हैं।
हर वर्ग के विकास के लिए कार्य कर रही सरकार : अरूण साव
उप मुख्यमंत्री नगर पंचायत घुमका में आयोजित सामूहिक आदर्श विवाह तथा भूमिपूजन कार्यक्रम में हुए शामिल
राजनांदगांव । उप मुख्यमंत्री अरूण साव राजनांदगांव विकासखंड के शासकीय कन्या विद्यालय घुमका में आयोजित सामूहिक आदर्श विवाह तथा भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने नगर पंचायत घुमका में 1 करोड़ 49 लाख 10 हजार रूपए के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। उन्होंने विद्युतीकरण के लिए नगर पंचायत घुमका हेतु 9 लाख 85 हजार रूपए, सड़क में बोर्ड लगाने के लिए 9 लाख 83 हजार रूपए, तीन द्वार के लिए 10-10 लाख रूपए, इस तरह कुल 50 लाख रूपए देने की घोषणा की।
उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज यहां मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह योजना अंतर्गत 20 जोड़े का विवाह हो रहा है तथा 40 परिवारों में खुशियां आ रही है। आज का यह दिन ऐतिहासिक है, जिसमें सामूहिक विवाह के साथ ही 1 करोड़ 49 लाख 10 हजार रूपए की लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार हर व्यक्ति के विकास के लिए कार्य कर रही है। किसी भी व्यक्ति के लिए तीन तरह की चिंता होती है, एक तो बच्चे का विवाह, बीमारी पडऩे पर ईलाज तथा अपना पक्का मकान। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जरूरतमंदों के लिए पक्का मकान बनाने के लिए कार्य कर रही है। जिससे जनसामान्य के पक्के आवास का सपना पूरा हो रहा है। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत आवास प्लस 2.0 मोबाईल एप्लीकेशन के माध्यम से सर्वेक्षण का कार्य चल रहा है। इसमें कोई भी जरूरतमंद हितग्राही पक्के आवास के लिए सर्वे में नहीं छूटे। आयुष्मान भारत योजना के तहत नि:शुल्क ईलाज मरीजों को मिल रहा है। माता-पिता की चिंता को दूर करने में मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह योजना कारगर साबित हुई है। गरीब माता-पिता के लिए अपने बच्चों का विवाह करना आसान हो गया है। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह पुण्य का कार्य है और विष्णु का सुशासन कल्याणकारी है। उन्होंने कहा कि सभी माता-बहनों को महतारी वंदन योजना के तहत उनके बैंक खाते में प्रतिमाह 1000 रूपए की राशि प्राप्त हो रही है। जहां माता का सम्मान होता है, वहां लक्ष्मी, सुख-समृद्धि एवं शांति आती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जनसामान्य को नि:शुल्क चावल दे रहे हंै, जिससे गरीब एवं जरूरतमंदों के जीवन का उन्नयन हुआ है।
सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि आज यहां खुशी के अवसर पर सामूहिक विवाह में 20 दम्पति परिणय सूत्र में बंधे है। उनके जीवन में कृपा और समृद्धि आए। उन्होंने लाल बहादुर नगर में भी 1-1 करोड़ रूपए के कार्य उप मुख्यमंत्री की ओर से स्वीकृत किया गया है। उप मुख्यमंत्री द्वारा घुमका नगर पंचायत की सोच के अनुरूप सुंदर शहर और नगर की परिकल्पना के तहत समग्र विकास के लिए कार्य किया जा रहा है। डोंगरगढ़ विधायक श्रीमती हर्षिता स्वामी बघेल ने सभी नवदम्पत्तियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह शासन की महत्वपूर्ण योजना है। इससे गरीब एवं जरूरतमंदों को मदद मिल रही है। उल्लेखनीय है कि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना अंतर्गत 20 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। जिसमें से 1 बौद्ध एवं शेष हिन्दू रीति-रिवाज से विवाह संपन्न हुआ। उपहार स्वरूप जोड़े को 35 हजार रूपए का चेक प्रदान किया गया। वर-वधु के कपड़े, श्रृंगार सामग्री, चांदी का मंगल सूत्र प्रदान किया गया। हंसी-खुशी के माहौल में विवाह संपन्न हुआ। इस अवसर पर तेलघानी बोर्ड के अध्यक्ष जितेन्द्र साहू, समाज सेवी कोमल सिंह राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव, रविन्द्र वैष्णव, सौरभ कोठारी, आकाश चोपड़ा, श्रीमती देव कुमारी साहू, एसडीएम खेमलाल वर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्रीमती गुरूप्रीत कौर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।
सुशासन तिहार में संवेदनशीलतापूर्वक करें आवेदनों का निराकरण : कलेक्टर
आवेदनों के निराकरण में गति लाने के दिए निर्देश
राजनांदगांव। कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में सुशासन तिहार अंतर्गत प्राप्त आवेदनों की गहन समीक्षा की। उन्होंने आवेदनों के निराकरण में गति लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री भुरे ने कहा कि सुशासन तिहार शासन की महत्वपूर्ण पहल है। जनमानस से जुड़े आवेदनों के समाधान के लिए संवेदनशीलतापूर्वक कार्य करें। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार अंतर्गत प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, वृद्धावस्था पेंशन, आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, पीडीएस दुकान, राशन कार्ड, भूमि पट्टा, विद्युतीकरण सहित विभिन्न मुद्दों से संबंधित आवेदन आए हैं, इनका गुणवत्तापूर्ण समाधान करें। उन्होंने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बंद पड़े हैण्डपंप की मरम्मत करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि ग्रीष्मकाल को देखते हुए पेयजल की आपूर्ति के लिए मोंगरा बैराज से 1000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। अवैध रूप से कोई भी पानी नहीं ले यह सुनिश्चित करने के अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने इसके लिए अधिकारियों को निरीक्षण करने के लिए कहा। कलेक्टर ने कहा कि बारिश के दिनों में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में विद्युत की सतत आपूर्ति होती रहे तथा इसके अनुरूप संधारण एवं रख-रखाव करने की आवश्यकता है। उन्होंने सभी एसडीएम को बारिश के पहले नगरीय निकायों में साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने कहा कि जिले में भू-जल स्तर में आई कमी के दृष्टिगत मिशन जल रक्षा को आगे बढ़ाना है। कृषि, उद्यानिकी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी सहित अन्य सभी संबंधित विभाग जनसहभागिता से जल संरक्षण की दिशा में बेहतरीन कार्य करें। कलेक्टर ने कहा कि नगरीय निकाय में विशेष कर शहर में पौधरोपण के लिए स्थानों का चिन्हांकन करें। उन्होंने शहरों में फलदार एवं छायादार पौधे लगाने के लिए कहा। उन्होंने जिले में बारिश के मौसम में पौधरोपण करने के लिए तैयारी करने हेतु आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 10 मई को लोक अदालत में मनरेगा, पेंशन, राशन कार्ड सहित विभिन्न मुद्दों पर समाधान के लिए सभी विभाग आवश्यक जानकारी दें। कलेक्टर ने ग्रामीण क्षेत्रों में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणाधीन आवास के कार्यों में प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा, किसान क्रेडिट कार्ड के संबंध में जानकारी ली। जिला पंचायत सीईओ सुश्री सुरूचि सिंह ने कहा कि सुशासन तिहार अंतर्गत निराकरण के बाद पावती जरूर लें। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के निर्माणधीन कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के लिए कहा। पौधरोपण के कार्य जसहभागिता से सभी को करना है। इस अवसर पर वनमंडलाधिकारी आयुष जैन, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, एसडीएम राजनांदगांव खेमलाल वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
हेमशंकर जेठमल साहू 'डॉक्टर ऑफ सोशल सर्विस' की उपाधि से सम्मानित
राजनांदगांव । छुरिया क्षेत्र के समाजसेवी हेमशंकर जेठमल साहू को सामाजिक सेवा में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए "डॉक्टर ऑफ सोशल सर्विस" की उपाधि से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें एक राष्ट्रीय स्तर के सामाजिक संगठन द्वारा प्रदान किया गया।
साहू वर्षों से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और युवा विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने पिछड़े और जरूरतमंद समुदायों के लिए कई योजनाएं और अभियान चलाकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया है।
उनके प्रमुख कार्यों में ग्रामीण स्कूलों में पुस्तक वितरण, स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन, महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता प्रशिक्षण कार्यक्रम, और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण हेतु जनजागरूकता अभियान शामिल हैं। साहू का मानना है कि समाज की असली प्रगति तभी संभव है जब अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचे।
उनकी इस उपलब्धि पर जिले भर के सामाजिक कार्यकर्ताओं, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने बधाई दी है। लोगों ने उन्हें आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया है।