छत्तीसगढ़ / राजनांदगांव
इंदामारा में मातृ मृत्यु के कारणों की जांच की गई
मातृ मृत्यु के संभावित कारणों को कम कर मातृ मृत्यु में कमी लाने के लिए दिए गए निर्देश
राजनांदगांव । कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे के निर्देशों के परिपालन में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक संदीप ताम्रकार के नेतृत्व में जिला एवं विकासखंड स्तरीय टीम द्वारा राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम इंदामारा में मातृ मृत्यु के कारणों की जांच की गई, ताकि मातृ मृत्यु के संभावित कारणों को कम कर मातृ मृत्यु में कमी लायी जा सके।
उल्लेखनीय है कि राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम इंदामारा में मातृ मृत्यु की घटना सामने आने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा परिवारजनों से मिलकर इस संबंध में जानकारी ली। परिवारजनों ने बताया कि श्रीमती गंगेश्वरी साहू एपेक्स अस्पताल राजनांदगांव में नर्सिंग का कार्य करती थी। वहीं उनका गर्भावस्था से संबंधित जांच भी कराया जा रहा था। गर्भावस्था के दौरान सभी प्रकार की जांच समय पर हुई एवं हीमोग्लोबीन भी अच्छा था। 7 अप्रैल को छाती में दर्द की समस्या के कारण निजी चिकित्सालय में भर्ती किया गया, जहां से प्राथमिक उपचार पश्चात् इन्हें एम्स हॉस्पिटल रायपुर रेफर किया गया। एम्स हॉस्पिटल में 8 अप्रैल 2025 को सिजेरियन ऑपरेशन द्वारा 1.5 किलो की बच्ची का जन्म हुआ। कम वजन होने के कारण बच्ची को आईसीयू में भर्ती कर इलाज किया गया। प्रसव पश्चात माता के शरीर में अंदरूनी समस्या होने के कारण आईसीयू में भर्ती कर डायलिसिस एवं रक्ताधान भी किया गया, किंतु 13 अप्रैल को महिला की मृत्यु हो गई। टीम में जिला सलाहकार डॉ. स्नेहा जैन, बीईटीओ श्रीमती अमृता जैन, ग्रामीण चिकित्सा सहायक आनंद बंसोड, सुपरवाइजर, एएनएम एवं आर.एच.ओ. उपस्थित शामिल थे।
एक साल में 835 प्रकरण, 5528 लीटर अवैध शराब जब्त, 776 आरोपी गिरफ्तार
वित्तीय वर्ष 2024-25 में 290 करोड़ रूपए का मिला राजस्व
राजनांदगांव । आबकारी विभाग ने वित्तीय वर्ष 2024-25 में अवैध शराब के विक्रेताओं एवं परिवहनकर्ताओं के विरूद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए राजनांदगांव जिले में 835 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में 5528 लीटर अवैध शराब जब्त की गई गई है। वहीं 776 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा 26 वाहन भी जब्त किए गए हैं, जिनका उपयोग अवैध परिवहन में किया जा रहा था।
पिछले साल की तुलना में इस साल 34.88 प्रतिशत ज्यादा राजस्व-
वित्तीय वर्ष 2023-24 में विभाग ने 215 करोड़ रूपए का राजस्व अर्जित किया था, जबकि वित्तीय वर्ष 2024-25 में 290 करोड़ रूपए की वसूली हो चुकी है। यानी पिछले साल की तुलना में इस साल 34.88 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
शराब माफियाओं पर लगातार कार्रवाई-
जिले में होटल ढाबों की नियमित जांच एवं अवैध शराब विक्रय के खिलाफ लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। शहरी और ग्रामीण इलाकों में टीमों को सक्रिय रखा गया है। जहां से भी सूचना मिल रही है, वहां कार्रवाई की जा रही है। विभाग का मकसद न सिर्फ राजस्व बढ़ाना है, बल्कि समाज में अवैध शराब से जुड़ी समस्याओं पर लगाम लगाना भी है।
जनता से सहयोग की अपील –
सहायक आयुक्त आबकारी द्वारा आम लोगों से भी अपील की गई है कि यदि कहीं अवैध शराब बिक्री या निर्माण की जानकारी हो तो आबकारी विभाग को सूचित करें। गुप्त रूप से दी गई सूचना पर भी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
मोर दुआर-साय सरकार महाभियान, सर्वेक्षण 30 तक
राजनांदगांव । प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण अंतर्गत वर्ष 2016-17 से वर्ष 2023 तक राजनांदगांव जिले में स्वीकृत 27442 आवासों में से 27081 आवास पूर्ण हो चुके है तथा शेष 361 आवास प्रगतिरत है। इसी प्रकार वर्ष 2024-25 में 29584 आवास स्वीकृति कर लिया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण अंतर्गत आवासों के लिए जारी पहली और दूसरी किश्त के आधार पर निर्माण कार्य प्रगति पर 7318 आवास पूर्ण हो चुके हंै। भारत सरकार ग्रामीण विकास मंत्रालय ग्राम विकास विभाग द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के क्रियान्वयन में वर्ष 2024-25 से 2028-29 तक वृद्धि किये जाने का निर्णय लिया गया है। इसके अंतर्गत प्रदेश स्थायी प्रतीक्षा सूची एवं आवास प्लस सूची में छुटे हुए पात्र ग्रामीण परिवारों की पहचान कर लाभांवित के लिए सर्वेक्षण का कार्य किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 17 सितम्बर 2024 को आवास प्लस 2.0 मोबाईल एप्लीकेशन का शुभारंभ किया गया था। भारत सरकार द्वारा 30 अप्रैल 2025 तक सर्वेक्षण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। अब तक राजनांदगांव जिले में 11 हजार 145 सेल्फ सर्वे एवं प्रगणक द्वारा 62 हजार 565 कुल 73 हजार 710 परिवारों का सर्वेक्षण किया जा चुका है। ग्राम पंचायतों में सर्वे करने हेतु ग्राम पंचायत सचिव, रोजगार सहायक एवं आवास मित्र को प्रगणक बनाया गया है। प्रगणकों द्वारा आवास प्लस 2.0 मोबाईल एप्लीकेशन के माध्यम से सर्वेक्षण का कार्य किया जा रहा है। यदि कोई पात्र परिवार सर्वेक्षण में छुट गया हो तो प्रगणकों से संपर्क कर 30 अप्रैल 2025 से पहले अपना नाम सर्वेक्षण में सम्मिलित करा सकते है। इसके साथ ही हितग्राही स्वयं भी अपना सर्वेक्षण स्मार्ट फोन के माध्यम से कर सकते है। इसके लिए प्ले स्टोर में जाकर फेस ऑथेंटिकेशन साहित आवास प्लस के अपडेट लेटेस्ट वर्जन 2.0 के वेबसाईट pmayg-nic@infoapp-html एवं आधार फेस आरडी अपलोड कर सकते है। जिसके लिए पात्र परिवार का आधार कार्ड एवं जॉब कार्ड सहित अन्य जानकारी अपलोड करके कर सकते है। इसमें किसी भी प्रकार के तकनीकी समस्या तथा सर्वे कराने हेतु संबंधित जनपद पंचायत के आवास के कर्मचारी ग्राम पंचायत के सचिव, आवास मित्र, रोजगार सहायक से संपर्क कर सकते है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के आव्हान पर प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण अंतर्गत छुटे हुए शत-प्रतिशत पात्र हितग्राहियों को आवास प्लस 2.0 में शामिल करने हेतु चलाए जा रहे मोर दुआर साय सरकार अभियान में जिले के जनप्रतिनिधि उत्साह से शामिल होकर पात्र हितग्राहियों का आवास प्लस 2.0 एप्लीकेशन के माध्यम से सर्वेक्षण कर रहे है। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण से वंचित पात्र परिवारों के चिन्हांकन कर सर्वेक्षण में शामिल करके तथा कोई भी पात्र परिवार सर्वेक्षण में नहीं छुटे इसके लिए प्रशासनिक अमलों के साथ जनप्रतिनिधि जुटे हुए है। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण अंतर्गत पात्रता की शर्ते पूरा करने वाले पात्र परिवारों को ही लाभान्वित किया जाएगा। मोर आवास मोर अधिकार अंतर्गत मोर दुआर-साय सरकार महाभियान विशेष सर्वेक्षण पखवाड़ा में सर्वेक्षण करने का अंतिम तिथि 30 अप्रैल 2025 है।
लोहार समाज देश के विकास में अपनी भागीदारी और योगदान निभा रहा : डॉ. रमन सिंह
– विधानसभा अध्यक्ष ने लोहार समाज के सामाजिक भवन निर्माण के लिए 10 लाख रूपए देने की घोषणा की
राजनांदगांव । विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह राजनांदगांव शहर के मोहारा मंडई मेला स्थल पर आयोजित विश्वकर्मा जयंती उत्सव एवं युवक-युवती परिचय सम्मलेन के जिला स्तरीय वार्षिक सहासम्मेलन में शामिल हुए। उन्होंने लोहार समाज के सामाजिक भवन निर्माण के लिए 10 लाख रूपए देने की घोषणा की। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने सभी को भगवान विश्वकर्मा जयंती की हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि झेरिया लोहार विश्वकर्मा समाज मेहनतकश एवं परिश्रमी समाज है। वैदिक काल से आज तक देश की सामाजिक संरचना में इस समाज का महत्व एवं योगदान रहा है। पौनीपसारी का कार्य करते हुए लोहार सामाज गांव-गांव के विकास के साथ ही अस्त्र-शस्त्र के निर्माण का कार्य कर रहे हंै तथा तकनीकी दृष्टिकोण से सक्षम समाज है। भगवान विश्वकर्मा की अद्भुत सृजनशीलता से उन्होंने मानव जीवन को रास्ता दिखाया तथा कला परिश्रम के माध्यम से विश्व का सृजन किया। लोहार समाज देश के विकास में अपनी भागीदारी और योगदान निभा रहा है। सरकार द्वारा विकास के दृष्टिकोण से अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं को पहुंचाने के लिए कार्य किए जा रहे हंै। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत पारंपरिक शिल्पकारों और कारीगरों की सहायता के लिए प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना पहले चरण मेें 1 लाख रूपए व दूसरे चरण में 2 लाख रूपए तक की सहायता राशि मात्र 5 प्रतिशत ब्याज पर दी जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार सभी समाज को साथ लेते हुए समग्र विकास के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों से 3100 रूपए प्रति क्विंटल की दर और प्रति एकड़ 21 क्विंटल के मान से धान की खरीदी की जा रही है। वहीं 70 लाख बहनों के खातों में महतारी वंदन योजना के तहत प्रतिमाह 1000 रूपए की राशि प्रदान की जा रही है। वहीं बच्चों की पढ़ाई के लिए विभिन्न तरह की योजनाएं चलाई जा रही है।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि लोहार समाज एक अद्भुत समाज है, जहां समाज के बुजुर्ग मार्गदर्शन दे रहे हैं और लंबित मामलों का निर्णय समाज में बैठकर समस्या को सुलझाने के लिए कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवक-युवती परिचय सम्मेलन के बाद सामूहिक विवाह का निर्णय भी ले। जो समाज शिक्षित एवं संस्कारित होता है, वह आगे बढ़ता है। उन्होंने कहा कि प्रफुल्ल विश्वकर्मा को छत्तीसगढ़ लौह शिल्पकार विकास बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। सरकार लोहार समाज के लिए नई सोच के साथ कार्य करेगी। इस अवसर पर छन्नी, झेझरी, औजार निर्माण कार्य कर अपनी आजीविका चलाने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को प्रदेश अध्यक्ष लोहारा विश्वकर्मा समाज धनीराम विश्वकर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष लोहार विश्वकर्मा समाज बाबूलाल विश्वकर्मा, जिला अध्यक्ष लोहार विश्वकर्मा समाज राधेलाल विश्वकर्मा ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर समाज सेवी कोमल सिंह राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव, रविन्द्र वैष्णव, पार्षद आलोक श्रोती, प्रखर गुप्ता, नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, एसडीएम राजनांदगांव खेमलाल वर्मा सहित समाज के लोग एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
दिग्विजय कॉलेज जनभागीदारी समिति के सदस्यों की घोषणा
राजनांदगांव । दिग्विजय कॉलेज, राजनांदगांव में जनभागीदारी समिति के सदस्यों की घोषणा की गई है। जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष अतुल रायजादा ने जानकारी देते हुए बताया कि समिति के गठन की सभी औपचारिकताएँ पूर्ण कर ली गई थीं और अब समिति की औपचारिक घोषणा कर दी गई है।
अध्यक्ष ने बताया कि समिति का गठन सभी नियमों और दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया गया है। नई समिति के गठन के बाद कॉलेज में विभिन्न विकास कार्यों और शैक्षणिक गतिविधियों को गति देने की योजना बनाई गई है।श्री अतुल रायजादा जी (अध्यक्ष),श्री आर. एस. नायक,श्री सुनील अग्रवाल,श्री सुरेन्द्र पाल सिंग भाटिया,श्रीमती अनिता जैन,श्री राजकुमार बाफना,श्री मनीष शर्मा,श्री नरेश पटेल ,श्री प्रशांत (गोलू) गुप्ता,श्री सुमित सिंग भाटिया,श्री नंदकिशोर भूतड़ा,श्री चंदन रूचंदानी,श्री आकाश गुप्ता,श्री आशीष डोगरें,श्री रमेश चन्द्राकर,श्री सौरभ साहू,श्री अशोकादित्य श्रीवास्तव,श्री शरद सिन्हा ,श्री सुमित अजमानी,श्री प्रतीक अग्रवाल,श्री आशीष जैन,श्री आदित्य पराते,श्री संतोष साहू,श्री अंकित बालाजी श्रीवास्तव,श्री कमलेश (गोलू) सूर्यवंशी,श्री चिन्टू सोनकर ,श्री विजय शर्मा,श्रीमती शालू वर्मा,श्री आशुतोष सिंह,श्री मुकेश शर्मा,श्री आशुतोष शर्मा,श्री अंकित सिंह चौहान,श्री अमितेश झा,श्री कमलेश प्रजापति,श्री संदीप भट्टाचार्य,श्री साहिल गोलछा,श्री ईशान शर्मा,श्री समीर श्रीवास्तव,श्रीमती आभा श्रीवास्तव (पत्रकार)उल्लेखनीय है कि जनभागीदारी समिति कॉलेज के संचालन और विकास कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। नई समिति से कॉलेज में नयी ऊर्जा और सक्रियता आने की उम्मीद जताई जा रही है।
मां कर्मा के आशीर्वाद से साहू समाज कर रहा तरक्की : डॉ. रमन सिंह
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने ग्राम धीरी में भक्त मां कर्मा जयंती समारोह एवं मूर्ति स्थापना कार्यक्रम में हुए शामिल
राजनांदगांव । विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम धीरी में आयोजित भक्त मां कर्मा जयंती समारोह एवं मूर्ति स्थापना कार्यक्रम में शामिल हुए। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने सबसे पहले मां कर्मा भवन धीरी में भव्य भक्त मां कर्मा की प्रतिमा की पूजा-अर्चना की। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सिंह ने सभी को मां कर्मा जयंती की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने डॉ. रमन सिंह ने मां कर्मा भवन के बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए 5 लाख रूपए घोषणा की। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने ग्राम धीरी प्रवास के दौरान शासकीय हाई स्कूल धीरी में 6 लाख 96 हजार रूपए की लागत से निर्मित अतिरिक्त कम्प्यूटर कक्ष भवन का लोकार्पण किया।
विधानसभा अध्यक्ष ने डॉ. रमन सिंह ने कहा कि मां कर्मा की साधना, उपासना और भक्ति देखकर भगवान श्री कृष्ण स्वयं उनके पास पहुंचकर खिचड़ी का प्रसाद ग्रहण किया। मां कर्मा के आशीर्वाद से साहू समाज तरक्की कर रहा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सरकार बनते ही किसानों से 31 रूपए में धान खरीदी, प्रति एकड़ 21 क्ंिवटल धान खरीदी, 70 लाख महिलाओं के लिए महतारी वंदन योजना चल रही है। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना हिन्दुस्तान की सबसे बड़ी योजना है। इसके साथ-साथ प्रदेश में सड़क, पुलिया, स्कूल जैसे विकास के कार्य किए जा रहे हैं। ग्राम धीरी में बन रहे पुल को शीघ्र शुरू करने की बात कही, इसके साथ ही ग्राम में अवैध कब्जा और अतिक्रमण को हटाने के लिए अधिकारियों को निर्देशित करने की बात कही।
कार्यक्रम को जिला साहू समाज के अध्यक्ष भागवत साहू और संरक्षक साहू समाज कल्याण साहू ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर समाज सेवी कोमल सिंह राजपूत, अध्यक्ष जनपद पंचायत श्रीमती प्रतिमा चंद्राकर, सरपंच जगदीश लहरे, अध्यक्ष साहू समाज घनश्याम साहू, मंडल अध्यक्ष खिलेश्वर साहू, मनोज साहू, डॉ. मोहित साहू एवं साहू समाज के पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।
राजनांदगांव कलेक्टर द्वारा कार्यालय में मुलाकात हेतु समय निर्धारित
राजनांदगांव । कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे से जिलेवासी अब निर्धारित दिवसों एवं समय में कलेक्टोरेट कार्यालय में मुलाकात कर सकेंगे। अपनी समस्याओं एवं आवश्यक कार्यों के लिए प्रत्येक सोमवार, मंगलवार एवं गुरूवार को प्रात: 10 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक कलेक्टर से भेंट कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, जनदर्शन कार्यक्रम प्रत्येक मंगलवार को प्रात: 11 बजे से आयोजित किया जाएगा, जो जनदर्शन की समाप्ति तक चलेगा। कलेक्टर डॉ. भुरे बुधवार एवं शुक्रवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा करेंगे, इसलिए इन दिनों वे कलेक्टोरेट में उपस्थित नहीं रहेंगे। कलेक्टर की अनुपस्थिति में अतिरिक्त कलेक्टर कार्यालय में उपलब्ध रहेंगे, जिससे आवश्यक कार्यों में कोई बाधा न आए।
दी ई-रिक्शा सहायता योजना से महिलाएं आर्थिक एवं स्वावलंबन की दिशा में बनेंगी आत्मनिर्भर : डॉ. रमन सिंह
– विधानसभा अध्यक्ष ने दीदी ई-रिक्शा सहायता योजना अंतर्गत 9 महिला हितग्राहियों को प्रदान किया ई-रिक्शा
राजनांदगांव । विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने आज स्पीकर हाऊस राजनांदगांव में दीदी ई-रिक्शा सहायता योजना अंतर्गत 9 महिला हितग्राहियों को ई-रिक्शा प्रदान किया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने सभी हितग्राहियों को ई-रिक्शा मिलने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि महिलाओं को सक्षम बनाने के लिए दीदी ई-रिक्शा सहायता योजना श्रम विभाग की महत्वपूर्ण योजना है। इस योजना के तहत महिलाओं को आर्थिक और स्वावलंबन की दिशा में आत्मनिर्भर बनने के लिए ई-रिक्शा प्रदान किया गया है। दीदी ई-रिक्शा सहायता योजना के तहत प्रत्येक महिला हितग्राहियों को 1 लाख रूपए की सब्सिडी प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि ई-रिक्शा से अब महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त बनेंगी और अपने परिवार की सभी जरूरतों पूरा कर पाएंगी। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने हितग्राहियों से चर्चा की और परिवार में मदद करने कहा। उल्लेखनीय है कि विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने जिले के ग्राम केसला निवासी गीता यादव, ग्राम पदुमतरा निवासी ललिता, ग्राम धर्मापुर निवासी गायत्री बाई, ग्राम अछोली निवासी नीलम ओझा, ग्राम भंवरमरा निवासी रजनी गुप्ता, रामकृष्ण वार्ड निवासी वर्षा रानी, तिलक वार्ड निवासी किरण बाई, मोतीपुर वार्ड निवासी अनुपा देवांगन, शंकरपुर वार्ड निवासी पुष्पलता देवांगन को ई-रिक्शा प्रदान किया।
श्रम विभाग अंतर्गत छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल अंतर्गत निर्माणी महिला श्रमिकों के स्वरोजगार एवं अपनी परिवार की आय में वृद्धि को बढ़ाने हेतु दीदी ई-रिक्शा सहायता योजना संचालित की जा रही है। महिला हितग्राहियों द्वारा ई-रिक्शा चलाकर प्रतिदिन 400 रूपए से 600 रूपए तक की आमदनी प्राप्त कर रही है। इस तरह माह में 12 हजार रूपए से 18 हजार रूपए तक की आमदनी हो रही है। परिवार की आय में वृद्धि से परिवार की आर्थिक स्थिति में मदद मिल रही है। जिससे महिलाएं घर का खर्च एवं बैंक की किस्त की राशि भी आसानी से जमा कर लेती है। आमदनी अच्छी होने से घर की आर्थिक स्थिति में सुधार होता है। जिले में दीदी ई-रिक्शा सहायता योजना अंतर्गत अब तक जिले में 263 महिला हितग्राही लाभान्वित हुए है। साथ ही मुख्यमंत्री ई-रिक्शा सहायता योजना अंतर्गत अब तक 272 महिला व पुरूष हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया है। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष योगेश दत्त मिश्रा, समाजसेवी कोमल सिंह राजपूत, रमेश पटेल, कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे, कलेक्टर संजय अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग, वनमंडलाधिकारी आयुष जैन, नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, एसडीएम राजनांदगांव खेमलाल वर्मा श्रमपदाधिकारी संजय सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं हितग्राही उपस्थित थे।
वाणिज्य विषय के प्रति बच्चों में रूचि बढ़ाने कार्यशाला
राजनांदगांव । शिक्षा विभाग द्वारा स्कूली बच्चों में वाणिज्य विषय के प्रति बच्चों में रूचि बढ़ाने एवं प्रतियोगी परीक्षाओं में वाणिज्य विषय की भूमिका सहित अन्य वाणिज्य से जुड़े विषयों पर जिले के सभी वाणिज्य संकाय के व्याख्याताओं के लिए डॉ. बल्देव प्रसाद मिश्र शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बसंतपुर राजनांदगांव के ऑडिटोरियम में कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी प्रवास सिंह बघेल ने बताया कि जिले में बच्चों द्वारा लिया जाने वाला दूसरा सबसे महत्वपूर्ण विषय वाणिज्य संकाय है। राज्य व जिले में प्रावीण्य सूची में स्थान पाने वाले ज्यादातर बच्चे कॉमर्स संकाय से होते हैं। जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि स्कूली शिक्षा के बाद बच्चों को आगे की पढ़ाई, वाणिज्य विषय से संबंधित प्रतियोगी परीक्षाएं एवं वाणिज्य विषय में कैरियर ऑप्शंन के बारे में आवश्यक मार्गदर्शन देने की आवश्यकता है। उन्होंने बच्चों को वाणिज्य विषय को लेकर रूचि बढ़ाने तथा रूचिकर तरीके से बच्चों को वाणिज्य विषय की जानकारी देने कहा। जिला शिक्षा अधिकारी ने अधिक से अधिक बच्चों को व्यवसायिक शिक्षा के प्रति रूचि बढ़ाने, जीवन में वाणिज्य विषय की उपयोगिता के संबंध में जानकारी तथा आवश्यक मार्गदर्शन देने कहा। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में बच्चों एवं शिक्षकों में नकारात्मकता हावी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने वाणिज्य विषय के शिक्षकों को विषय से संबंधित नवीन जानकारी से अपडेट रहने के निर्देश दिए, ताकि बच्चों को विषय की बारीकियों की जानकारी दी जा सकें।
कार्यक्रम में काउंसलर्स राकेश ठाकुर एवं राकेश शर्मा द्वारा वाणिज्य विषय के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वित्तीय क्षेत्र में वाणिज्य संकाय के बच्चे बेहतर और अच्छा भविष्य बना सकते है। उन्होंने बताया कि देश में जीएसटी काउंसिल के रूप में वित्तीय संस्थाएं प्रारंभ की गई है, जिसमें बड़े पैमाने पर कमर्शियल बैकग्राउंड वाले बच्चों की आवश्यकता है। इस दौरान उन्होंने स्टॉक मार्केट के क्षेत्र में बेहतर कैरियर के बारे में बताया। कार्यशाला में व्याख्याताओं ने अपने विचार व्यक्त किए तथा उनकी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया। कार्यशाला में सहायक संचालक शिक्षा आदित्य खरे, डीएमसी समग्र शिक्षा सतीश ब्योहरे, एपीसी समग्र शिक्षा मनोज मरकाम, बीईओ डोंगरगढ़ विरेंद्र कौर गरचा, बीईओ छुरिया प्रशांत चितवरकर एवं एबीईओ राजनांदगांव शैलेंद्र रूसिया सहित बड़ी संख्या में वाणिज्य संकाय के व्याख्याता उपस्थित थे।
रोपवे गिरने की घटना : जांच के लिए की जिला स्तरीय समिति गठित
– कलेक्टर को समिति सात दिवस के भीतर जांच प्रतिवेदन एवं रिपोर्ट करेंगी प्रस्तुत
राजनांदगांव । कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने 25 अप्रैल 2025 को मां बम्लेश्वरी मंदिर परिसर डोंगरगढ़ में संचालित रोपवे गिरने की घटित घटना में तकनीकी पहलुओं पर जांच के लिए जिला स्तरीय समिति का गठन किया है। समिति में कार्यपालन अभियंता छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल मर्यादित संभाग डोंगरगढ़ एनके साहू, कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग विद्युत एवं यांत्रिकी संभाग दुर्ग आरएल गायकवाड़ तथा प्रभारी अनुविभागीय अधिकारी लोक निर्माण विभाग विद्युत एवं यांत्रिकी संभाग दुर्ग पंचराम ठाकुर शामिल है। कलेक्टर ने समिति को सात दिवस के भीतर घटना स्थल का निरीक्षण करते हुए एवं तकनीकी पहलुओं पर जांच संपन्न करते हुए विस्तृत जांच प्रतिवेदन एवं रिपोर्ट तैयार कर प्रस्तुत करने कहा है।
आतंकवाद के प्रायोजक पाकिस्तान को जड़- मूल से समाप्त कर देना ही समय की जरूरत है -राजेश गुप्ता अग्रहरि
राजनांदगांव - शिक्षा एवं सांस्कृतिक प्रकोष्ठ भाजपा के जिला प्रभारी युवा नेता राजेश गुप्ता अग्रहरि ने पुलवामा में हुए आतंकवादी हमले से निर्दोष लोगों की जान जाने से आहत होकर कहा कि अब समय आ गया है ,, न रहेगा बांस ,, न बजेगी बंशी की तर्ज पर आतंकवाद के प्रायोजक पाकिस्तान को जड़- मुल से खत्म कर ही दिया जाए।
श्री अग्रहरि ने आगे कहा कि बहुत पहले देश के प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री ने कहा था कि पाकिस्तान को उनकी औकात दिखाने के लिए सिर्फ सिंधु नदी के पानी को रोक देने की जरूरत है,, बिन पानी मछली की तरह तड़प - तड़प कर मर जाएंगे, यह कार्य वोट बैंक की लालच में कांग्रेस की पिछली सरकारों द्वारा नहीं किया जा सका था। इस ब्रह्मास्त्र का प्रयोग देश के जांबाज प्रधानमंत्री मोदी जी ने कर दिखाया है।
श्री अग्रहरि ने कहा कि लोगों ने बहुत ढोल पीट लिए कि आतंकवाद का कोई धर्म नहीं होता, पहलगाम में धर्म पूछ - पुछ कर निर्दोष हिदुओं को मौत के घाट उतारने वाले एक धर्म विशेष के आतंकवादियो द्वारा कलमा पढ़ने कहे जाने से पता चल गया कि आतंकवाद का धर्म होता है, और ज्यादातर इस तरह के कायराना हरकत करने वाले लोग एक धर्म विशेष के ही होते हैं। इन धर्म विशेष के आतंकवादियों को वित्त पोषण से लेकर आधुनिक हथियार मुहैया कराने व पालन पोषण करने वाला जग - जाहिर नाम पाकिस्तान है। अतः हमारे निर्दोष हिंदू भाइयों को धर्म के नाम पर गोलियों से भून कर हत्या कर देने वाले आतंकियों के आका पाकिस्तान की जड़ो में मत चूको चौहान की तरह मठा डाल ही दिया जाना चाहिए। कंगाल हो चुके पाकिस्तान के ताबूत में अब आख़िर कील ठोकने की जरूरत है। जिसके बाद वह कभी सिर उठा कर देखने के लायक नहीं रहेगा।
डोंगरगढ़ रोपवे हादसा: मंदिर दर्शन से लौटते वक्त टूटा ट्रॉली का हिस्सा, बड़ा हादसा टला...
डोंगरगढ़ । मां बम्लेश्वरी मंदिर दर्शन से लौटते वक्त डोंगरगढ़ रोपवे का एक हिस्सा टूट गया, जिससे बड़ा हादसा होते-होते टल गया। इस हादसे में छत्तीसगढ़ के पूर्व गृहमंत्री और भाजपा नेता रामसेवक पैकरा बाल-बाल बच गए, जबकि भाजपा नेता भरत वर्मा को गंभीर चोटें आई हैं।
हादसा शुक्रवार को उस समय हुआ जब पैकरा समेत छह लोग रोपवे की एक ट्रॉली में सवार होकर नीचे लौट रहे थे। ट्रॉली में भरत वर्मा, दया सिंह, मनोज अग्रवाल समेत कुल 6 लोग मौजूद थे। हादसे में भरत वर्मा के हाथ में गंभीर चोट आई है, जिन्हें तुरंत राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है।
मेंटेनेंस में लापरवाही बनी हादसे की वजह
प्राथमिक जांच में हादसे की वजह रोपवे मेंटेनेंस में लापरवाही मानी जा रही है। स्थानीय प्रशासन और टेक्निकल टीम जांच में जुटी है।
बड़ा सवाल: क्या रोपवे संचालन में सुरक्षा मानकों का हो रहा पालन?
डोंगरगढ़ का रोपवे धार्मिक और पर्यटन दृष्टि से बेहद अहम है, जहां रोजाना सैकड़ों श्रद्धालु आते हैं। ऐसे में इस तरह की घटना ने प्रबंधन की कार्यशैली और सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है और प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
5 अप्रैल से 15 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश
राजनांदगांव । स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा वर्तमान में प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी एवं लू के कारण छात्रों के स्वास्थ्य पर पडऩे वाले प्रतिकूल प्रभाव की आशंका को दृष्टिगत रखते हुए शासकीय, अनुदान प्राप्त, गैर अनुदान प्राप्त शालाओं हेतु घोषित ग्रीष्मकालीन अवकाश में आंशिक संशोधन करते हुए 25 अप्रैल से 15 जून 2025 तक ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किया गया है।
3.60 बल्क लीटर मध्यप्रदेश निर्मित विदेशी मदिरा गोवा जप्त
आबकारी विभाग की कार्रवाई
राजनांदगांव । कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब विक्रेताओं, परिवहनकर्ताओं एवं कोचियों के विरूद्ध लगातार धर-पकड़ अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई की जा रही है। सहायक आयुक्त आबकारी यदुनंदन राठौर ने बताया कि आबकारी उप निरीक्षक वृत्त डोंगरगढ़ अनिल सिंह, आबकारी मुख्य आरक्षक लाल सिंह राजपूत व भोजराज उइके के दल द्वारा डोंगरगढ़ के पलांदूर मोहारा क्षेत्र में देवानंद वर्मा के कब्जे से 3.600 बल्क लीटर मध्यप्रदेश निर्मित विदेशी मदिरा गोवा जप्त किया गया। आबकारी अधिनियम की धारा के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जमानत पर छोड़ा गया।
इसी प्रकार आबकारी उप निरीक्षक वृत्त राजनांदगांव ग्रामीण तुलेश्वरी देवांगन एवं मुख्य आरक्षक मिलाप मण्डावी, किशोरी कोर्राम, दीपक सिन्हा के दल ने पथरा नवागांव नाला के पास अज्ञात 10 बल्क लीटर हाथ भ_ी कच्ची शराब, लगभग 50 किलोग्राम महुआ लाहन एवं निर्माण सामग्री आबकारी अधिनियम की धारा के तहत जप्त किया गया। अवैध मदिरा विक्रय की रोकथाम हेतु होटल ढाबों एवं मदिरा दुकानों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। सहायक आयुक्त आबकारी द्वारा सभी वृत्त प्रभारियों को होटल ढाबों की नियमित जांच और अवैध मदिरा विक्रय के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिये गये है।
राष्ट्रीय स्तरीय कौशल विकास कार्यशाला में शामिल होने 4 शिक्षकों का चयन
राजनांदगांव। भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्था पूणे (महाराष्ट्र) में 27 अप्रैल से 2 मई 2025 तक आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय 5 दिवसीय कौशल विकास कार्यशाला में शामिल होने के लिए जिले के 4 शिक्षकों का चयन हुआ है। जिसमें पीएमश्री आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय डोंगरगांव के व्याख्याता संदीप कुमार वर्मा, पीएमश्री आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय डोंगरगढ़ की पूजा भार्गव, पीएमश्री आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय छुरिया के निखिलेश जामुलकर, पीएमश्री सर्वेश्वरदास आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय राजनांदगांव से लेखा साहू शामिल है। पीएमश्री के राज्य सहायक नोडल अधिकारी आशीष गौतम के नेतृत्व में 132 व्याख्याताओं की टीम 25 अप्रैल 2025 को कार्यशाला में शामिल होने पूर्ण रवाना होंगे। कार्यशाला में भागीदारी के लिए न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि यह विद्यालय, जिले एवं प्रदेश के लिए भी सम्मान की बात है। जिले के व्याख्याता राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा एवं समर्पण के बल पर शिक्षा जगत में उल्लेखनीय योगदान दे रहे हैं। पीएमश्री के राज्य सहायक नोडल अधिकारी श्री आशीष गौतम के नेतृत्व में 132 व्याख्याताओं की टीम 25 अप्रैल 2025 को पूणे में आयोजित कार्यशाला के लिए रवाना होगी।
उल्लेखनीय है कि कार्यशाला देशभर के चुने हुए विज्ञान शिक्षकों के लिए आयोजित की गई है। जिसका उद्देश्य शिक्षकों के वैज्ञानिक दृष्टिकोण को और अधिक सशक्त बनाना, शिक्षण विधियों में नवाचार लाना, विद्यार्थियों में वैज्ञानिक चेतना को प्रोत्साहित करने के लिए उन्हें नवीनतम शैक्षणिक तकनीकों से अवगत कराना है। कार्यशाला के दौरान देश के प्रख्यात वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं और विषय विशेषज्ञों द्वारा विज्ञान की विविध शाखाओं भौतिकी, रसायन, जीव विज्ञान, गणित एवं भू विज्ञान पर गहन संवाद विशेषज्ञ व्याख्यान प्रायोगिक गतिविधियां और समूह कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। प्रतिभागियों को न केवल विज्ञान विषयों की जटिल अवधारणाओं को सरल रूप में समझने की रणनीतियां सीखने का अवसर मिलेगा, बल्कि उन्हें अनुसंधान कार्यों की आधुनिक प्रविधियों से भी रूबरू कराया जाएगा।
पोषण मार्गदर्शिका पर प्रशिक्षण का आयोजन
राजनांदगांव । मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुरूचि सिंह की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभाकक्ष में पोषण मार्गदर्शिका पर प्रशिक्षण एवं आवश्यक जानकारी देने हेतु बैठक सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिला पंचायत सीईओ सुरूचि सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न विभागों के समन्वय से ग्रामीण महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य तथा पोषण पर विस्तृत जानकारी देने के लिए पोषण मार्गदर्शिका तैयार किया गया है। उन्होंने सामुदायिक संवर्गों, अधिकारी व कर्मचारियों को पोषण मार्गदर्शिका का समुचित उपयोग कर जिले अंतर्गत ग्रामीण गर्भवती महिलाओं, नवविवाहित महिलाओं, माताओं तथा बच्चों के सुपोषण के संबंध में जानकारी लेते हुए सुपोषण हेतु चलाये जा रहे अभियान एवं कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सीईओ जिला पंचायत ने एनआरएलएम तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को पोषण मार्गदर्शिका के सभी अध्यायों पर आवश्यक जानकारी सह प्रशिक्षण प्रदान करने कहा। उन्होंने पोषण मार्गदर्शिका का उपयोग ग्रामीण क्षेत्रों में स्वसहायता समूहों तथा ग्राम संगठनों की बैठक एवं पालक व परिवार चौपाल में वाचन कर जानकारी प्रदान करते हुए जागरूक करने के लिए निर्देशित किया।
बैठक सह कार्यशाला में न्यूट्रिशन अधिकारी महेंद्र प्रजापति द्वारा विस्तारपूर्वक महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य, खान-पान तथा पोषण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदाय की गई। इस दौरान जिला पंचायत राजनांदगांव द्वारा एनआरएलएम के सामुदायिक संवर्गों, आंगनबाड़ी पर्यवेक्षकों को पोषण मार्गदर्शिका का वितरण किया गया। बैठक सह कार्यशाला में जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास गुरप्रीत कौर, यूनिसेफ राज्य कार्यालय रायपुर के न्यूट्रिशन ऑफिसर (पोषण अधिकारी) महेंद्र प्रजापति, एनआरएलएम जिला पंचायत से जिला मिशन प्रबंधक पिनाकी डेसरकार, जिला कार्यक्रम प्रबंधक देवेंद्र सेन एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
संपर्क स्मार्ट टीवी डिवाइस के संचालन के लिए प्राथमिक शाला के शिक्षकों का कार्यशाला आयोजित
राजनांदगांव । जिले में संपर्क स्मार्ट टीवी डिवाईस के संचालन के संबंध में सभी विकासखंडों में प्राथमिक शाला के शिक्षकों के लिए कार्यशाला प्रारंभ किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी प्रवास सिंह बघेल के मार्गदर्शन में डोंगरगढ़ विकासखंड के शिक्षकों के लिए कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर डीएमसी सतीष ब्योहारे, एपीसी मनोज मरकाम, एपीसी आदर्श वासनिक, बीआरसी इनायत अली उपस्थित थे। कार्यशाला में संपर्क डिवाइस के बेहतर संचालन एवं बच्चों से सीधे जोडऩे के लिए और बच्चों की गुणवत्ता में वृद्धि के लिए क्या-क्या प्रयास इस डिवाइस के माध्यम से हो सकते हैं इस पर विस्तार से जानकारी दी। कार्यशाला में संपर्क टीवी डिवाइस के संचालन से लेकर उनकी रिपोर्टिंग, डिवाइस से लर्निंग आउटकम को कैसे प्राप्त कर सकते हैं, स्कूल के समय सारणी में संपर्क डिवाइस का शामिल करना, साथ ही इसको टीएलएम के रूप में कैसे इस्तेमाल कर सकते हैं एवं किस प्रकार के समय-समय पर अपडेट की आवश्यकता के संबंध में जानकारी दी गई। जिले के सभी प्राथमिक शालाओं में संपर्क टीवी डिवाइस का वितरण किया गया है।
राज्य शासन और जिला प्रशासन के प्रयासों से जिले के सभी प्राथमिक शालाओं के बच्चों को गुणवत्ता युक्त शिक्षा मिले इसके लिए स्कूलों में स्मार्ट टीवी एवं संपर्क टीवी डिवाइस जन सहयोग से प्रदान किया गया है। राज्य का यह पहला जिला है जहां शत-प्रतिशत स्कूलों में यह उपलब्धि सुनिश्चित की जा सकी है। इस अवसर पर संपर्क फाउंडेशन छत्तीसगढ़ के चिन्हित कोऑर्डिनेटर रागिनी मेहरा और उनकी टीम की उपस्थिति में संपर्क टीवी डिवाइस प्रारंभ किया गया।