छत्तीसगढ़ / सरगुजा
महतारी वंदन योजना के क्रियान्वयन हेतु कलेक्टर ने ली आकस्मिक बैठक, 5 फरवरी से होगा आवेदन पंजीयन शुरू
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सुपरवाइजर और परियोजना अधिकारियों को दिया जरूरी प्रशिक्षण, आंगनबाड़ी और शहरी वार्डों में मिलेंगे फॉर्म
फॉर्म से लेकर स्वीकृति तक सम्पूर्ण प्रक्रिया निःशुल्क, प्रथम चरण में 20 फरवरी तक लिए जायेंगे आवेदन, आगे भी जारी रहेगी योजना
हितग्राहियों के लिए योजना संबंधी जानकारी और समस्याओं के निराकरण हेतु 24x7 कंट्रोल रूम गठित
अंबिकापुर : कलेक्टर श्री विलास भोस्कर की अध्यक्षता में रविवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में शासन की महत्वाकांक्षी योजना महतारी वंदन योजना के क्रियान्वयन हेतु बैठक आयोजित की गई। इससे पूर्व योजना के क्रियान्वयन के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सुपरवाइजर और परियोजना अधिकारियों को योजना और उनके उत्तरदायित्वों की विस्तृत जानकारी देते हुए जरूरी प्रशिक्षण भी दिया गया।
उल्लेखनीय है कि राज्य शासन द्वारा महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रदेश में महतारी वंदन योजना 1 मार्च 2024 से लागू की जाएगी। 5 फरवरी 2024 को ऑनलाईन व ऑफलाईन आवेदन का पंजीयन प्रारंभ होगा। प्रथम चरण में 20 फरवरी तक आवेदन लिए जा रहे हैं। इसके आगे भी योजना जारी रहेगी और आवेदन की प्रक्रिया जारी रहेगी। योजनांतर्गत पात्र महिला को प्रतिमाह 1000 रूपए का भुगतान उनके स्वयं के आधार लिंक डीबीटी आधारित बैंक खाते में किया जाएगा।
बैठक में कलेक्टर श्री भोस्कर ने कहा कि शहरी क्षेत्र में प्रभारी नगर निगम आयुक्त और ग्रामीण क्षेत्रों में एसडीएम व सीईओ जनपद पंचायत, महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी के साथ समन्वय स्थापित करते हुए योजना का बेहतर क्रियान्वयन जिले में सुनिश्चित करें। इसके लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, ग्राम पंचायत सचिव और पर्यवेक्षक आवेदन लेने से लेकर ऑनलाइन पंजीयन की कार्यवाही सुनिश्चित करेंगे। इस कार्य में परियोजना अधिकारी भी सहयोग करेंगे। उन्होंने नगर निगम आयुक्त, सीईओ जनपद पंचायत और सीएमओ नगर पालिका परिषद को निर्देशित किया है कि योजना से संबंधित समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों को योजना के क्रियान्वयन और अनुश्रवण से संबंधित प्रशिक्षण अनिवार्य रूप से दिलाना सुनिश्चित करें। जिले में योजना के क्रियान्वयन हेतु शासन के निर्देशानुसार आवश्यक समितियों का गठन भी कर लिया गया है। इसमें जिला स्तरीय, जनपद पंचायत, नगर निगम और नगर पालिका परिषद स्तरीय समिति का गठन किया गया है। योजना का लाभ लेने हेतु आवश्यक दस्तावेजों को उपलब्ध कराने कलेक्टर ने सीईओ जनपद को सचिवों की बैठक लेकर प्रशिक्षण देने निर्देशित किया है। आवेदन फॉर्म ग्राम पंचायत, आंगनबाड़ी केंद्र, वार्ड कार्यालय सहित परियोजना कार्यालय में भी उपलब्ध रहेंगे।
हितग्राहियों के लिए योजना संबंधी जानकारी और समस्याओं के निराकरण हेतु 24x7 कंट्रोल रूम गठित
जिले में महतारी वंदन योजना के क्रियान्वयन तथा हितग्राहियों के समस्याओं के निराकरण हेतु जिला कार्यालय महिला एवं बाल विकास विभाग में 24x7 संचालित कंट्रोल रूम का गठन किया गया है। कंट्रोल रूम का नंबर 881746775 है जिसपर जानकारी हेतु संपर्क किया जा सकता है। कंट्रोल रूम में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है जिसमें प्रातः 08 बजे से दोपहर 02 बजे तक कंप्यूटर ऑपरेटर सबीना खातून, दोपहर 02 बजे से रात 08 बजे तक सहायक ग्रेड 02 कमल किशोर तिर्की और रात 08 बजे से प्रातः 08 बजे तक सहायक ग्रेड 03 करन किशोर की ड्यूटी लगाई गई है।
अक्षत हत्याकांड : आरोपी के बयान ने पुलिस को उलझाया, अब होगा नार्को टेस्ट
सरगुजा । अक्षत अग्रवाल हत्याकांड के आरोपी संजीव मंडल उर्फ भानू बंगाली के बयान ने पुलिस को उलझन में डाल दिया है। हत्या के आरोपी संजीव मंडल का दावा है कि मृतक अक्षत ने खुद ही अपनी हत्या की सुपारी उसे दी थी। पुलिस और मृतक के परिजन इस बयान को सहजता से स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं। संजीव लगातार अपने बयान को दोहरा रहा है, जिससे पुलिस को शक है कि इस घटना के पीछे कोई और बड़ा रहस्य छिपा हो सकता है।
इस संदेह को दूर करने और मामले की सच्चाई जानने के लिए पुलिस ने संजीव का नार्को टेस्ट, ब्रेन मेपिंग और लाई डिटेक्टर टेस्ट कराने का निर्णय लिया है। अंबिकापुर कोर्ट ने इन परीक्षणों के लिए आवश्यक अनुमति प्रदान कर दी है। उल्लेखनीय है कि इन परीक्षणों के लिए आरोपी की सहमति आवश्यक होती है, और संजीव मंडल ने इन परीक्षणों के लिए अपनी सहमति दे दी है।
आपको बता दें कि 21 अगस्त को अंबिकापुर के व्यवसायी अंबिका स्टील के संचालक के बेटे अक्षत अग्रवाल का शव उनके वाहन में मिला था। पुलिस ने हत्या के आरोपी के रूप में संजीव मंडल को गिरफ्तार किया, जिसने हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार, रक़म और जेवर भी पुलिस को बरामद कराया। लेकिन हत्या का कारण और संजीव का बयान पुलिस और परिजनों के लिए अभी भी रहस्य बना हुआ है।
अब संजीव के नार्को टेस्ट रायपुर में और ब्रेन मेपिंग तथा लाई डिटेक्टर टेस्ट गांधीनगर में कराए जाएंगे। पुलिस इन परीक्षणों के माध्यम से इस हाई प्रोफाइल मामले की असली वजह का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
8 जुलाई को अंबिकापुर में प्लेसमेंट कैंप
अम्बिकापुर । जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंन्द्र, अम्बिकापुर के द्वारा 8 जुलाई को प्रातः 11 बजे से सायं 5 बजे तक प्लेसमेंट कैम्प का आयोजन किया गया है।
इसकी जानकारी देते हुए जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि प्लेसमेंट कैंप में निजी नियोजक एस.बी.आई. लाईफ इंश्योरेन्स कम्पनी लिमिटेड के एजेन्सी मैंनेजर श्री नीरज कुमार उपस्थित रहेंगें जिसके अन्तर्गत लाईफ मित्र के 55 पदों पर भर्ती की जानी है। इसमें योग्यता न्यूनतम स्नातक उत्तीर्ण, संभावित वेतन 15 हजार से 30 हजार रूपये निर्धारित है, प्लेसमेंट कैम्प पूर्णतः निःशुल्क है। नियुक्ति की शर्तों के लिए नियोजक स्वयं जिम्मेदार होंगे, कार्यालय की भूमिका इस पूरी प्रक्रिया में सिर्फ सुविधाप्रदाता के रूप में होगी।
आदिवासियों को शासकीय योजनाओं से लाभान्वित करना सबकी जिम्मेदारी : बोरा
प्रमुख सचिव ने सरगुजा सम्भाग अंतर्गत विभागीय योजनाओं पर की समीक्षा बैठक
अम्बिकापुर। आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने मंगलवार को सरगुजा जिले के कलेक्टरेट सभाकक्ष में सरगुजा सम्भाग अंतर्गत विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक ली। बैठक में विभाग के प्रभारी आयुक्त संजय गौड़, सरगुजा कलेक्टर विलास भोसकर, कोरिया कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी, सरगुजा सीईओ जनपद पंचायत नूतन कुमार कंवर सहित सरगुजा सम्भाग के समस्त जिले से आए अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक में प्रमुख सचिव बोरा ने सभी अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सरगुजा सम्भाग आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र है, सभी अनुसूचित क्षेत्र के लिए कार्य कर रहे हैं। यहां के निवासियों को शासकीय योजनाओं से लाभान्वित कर सर्वांगीण विकास करना सभी की जिम्मेदारी है। इस दिशा में शासन की मंशानुरूप सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें। बैठक में बोरा ने कहा कि प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से विशेष पिछड़ी जनजातियों को शासकीय योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा, इसके क्रियान्वयन में गम्भीरता बरतें। उन्होंने कहा कि पीवीटीजी बसाहटों के सत्यापन का कार्य जल्द पूरा करें। उन्होंने त्वरित गतिविधियों के सेचुरेशन की जिलेवार जानकारी ली। स्वीकृत एवं संचालित गतिविधियों की समीक्षा करते हुए पक्के घर, सम्पर्क सड़कों, जलापूर्ति, आंगनबाड़ी संचालन व निर्माण, विद्युतीकरण सहित अन्य विषयों पर चर्चा की गई।
वन अधिकार पत्र की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि वन अधिकार पत्र के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, पीडीएस जैसे कई योजनाओं का लाभ मिल सकता है। वनवासियों के आर्थिक, सामाजिक उत्थान के लिए महत्वपूर्ण है, इसलिए इसमें गम्भीरता बरतें। सभी जिले के कलेक्टर, वन विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के साथ बैठक कर प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कार्ययोजना बनाएं। इसके साथ ही फौती नामांतरण की स्थिति, वन अधिकार पत्रों के डिजिटलाइजेशन की प्रगति, सामुदायिक वन संसाधन प्रबंधन समितियों का गठन के सम्बन्ध में जिलेवार चर्चा की गई।
बैठक में सरगुजा संभाग अंतर्गत छात्रावास-आश्रमों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली गई। उन्होंने यहां स्वीकृत प्रवेशित सीटों की संख्या, छात्रावास-आश्रम के भवन मरम्मत कार्यों, निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बच्चों के लिए सभी आवश्यकताएं सुदृढ़ हो, यह सुनिश्चित करें। इस दौरान उन्होंने विद्यालयों के बोर्ड परीक्षा परिणामों की जानकारी ली तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की ओर विशेष ध्यान देने निर्देशित किया। इसके साथ ही उन्होंने शैक्षणिक पदों के स्वीकृत, भरे एवं रिक्त पदों की भी जानकारी ली। बैठक में आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग के कार्यों के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी ली गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
10 पहाड़ी कोरवा हितग्राहियों को मिली पूर्ण हुए आवास की चाबी
प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने प्रधानमंत्री जनमन योजनांतर्गत पीएम आवास के तहत जिले के 10 पहाड़ी कोरवा हितग्राहियों को पूर्ण आवास की प्रतीकात्मक चाबियां एवं आवास पूर्णता प्रमाण पत्र के साथ शॉल, श्रीफल भेंट किया तथा उन्हें शुभकामनाएं दीं। इसमें अम्बिकापुर विकासखण्ड के ग्राम मानिप्रकाशपुर के कलव राम, चमर साय, ठिररा, ललव राम एवं नान्हू राम तथा बतौली विकासखण्ड के ग्राम सलिहाडीह के मगधा, राजनाथ एवं ग्राम बासांझाल के कमल साय, श्रीमती फतनी, एवं श्रीमती बुधनी को चाबी प्रदान की गई है।