छत्तीसगढ़ / सारंगढ़-बिलाईगढ़
मुख्यमंत्री सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले को देंगे 186 करोड़ के विकास एवं निर्माण कार्यों की सौगात
सारंगढ़ में निर्मित 33/11 केव्ही उपकेन्द्र का होगा लोकार्पण
रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 11 अगस्त सोमवार को सारंगढ़ के शासकीय महाविद्यालय मैदान में आयोजित कार्यक्रम में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले को 186 करोड़ रूपए के विकास एवं निर्माण कार्यो की सौगात देंगे, जिसमें 90 करोड़ की लागत वाले कार्यों का भूमिपूजन तथा 96 करोड़ की लागत से हुए विकास एवं निर्माण कार्यों का लोकार्पण शामिल है।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री द्वय अरूण साव, विजय शर्मा, मंत्री केदार कश्यप, ओपी चौधरी, टंकराम वर्मा, सांसद रायगढ़ राधेश्याम राठिया, सांसद जांजगीर-चांपा श्रीमती कमलेश जांगड़े, सांसद राज्यसभा देवेन्द्र प्रताप सिंह, विधायक सारंगढ़ श्रीमती उत्तरी गणपत जांगड़े, विधायक बिलाईगढ़ श्रीमती कविता प्राण लहरे, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय, उपाध्यक्ष जिला पंचायत अजय जवाहर नायक विशिष्ट अतिथि होंगे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सारंगढ़ कलेक्टोरेट परिसर में 1.85 करोड़ रूपए की लागत से निर्मित 33/11 केव्ही विद्युत उपकेन्द्र, 13.51 करोड़ की लागत से निर्मित चन्द्रपुर सरिया कंचनपुर सड़क मार्ग, 17.48 करोड़ की लागत से बरमकेला से कटंगीपाली सड़क उन्नयन, सारंगढ़ अंचल के 22 ग्रामों में 14.55 करोड़ की लागत से निर्मित कार्यों, 23.92 करोड़ की लागत से बरमकेला के 33 गांव तथा 23.16 करोड़ की लागत से बिलाईगढ़ क्षेत्र के 15 गांवों में जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्मित कार्यों का लोकार्पण करेंगे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जिला चिकित्सा सारंगढ़ में 41.64 लाख रूपए की राशि से निर्मित होने वाले 20 बिस्तर वाले अतिरिक्त वार्ड, प्रतीक्षा कक्ष एवं दवा वितरण कक्ष निर्माण का भूमिपूजन करेंगे। मुख्यमंत्री इस अवसर पर जिला खनिज न्यास संस्थान मद से 4.73 करोड़ की लागत वाले 48 निर्माण कार्यों सहित 7.12 करोड़ की लागत से बनने वाली बोरिदा से ठेंगागुड़ी तोरा सड़क, 5.70 करोड़ की लागत वाली नवघट्टा से पीहरा सड़क, 3 करोड़ की लागत वाली दुलुमपुर से गोबरसिंघा सड़क, 3.63 करोड़ की लागत से बनने वाली बोंदा से नवघट्टा सड़क, 9 करोड़ की लागत वाली सांकरा से राबो सड़क, 3.15 करोड़ की लागत वाली बोंदा से भीखमपुरा सड़क, 3.42 करोड़ की लागत वाली रैबो से आमाबोराई सड़क, 2.38 करोड़ की लागत वाली सारंगढ़ मेनरोड से डूमरसिंघा सड़क, 4.66 करोड़ से बरमकेला में निर्मित होने वाले महाविद्यालय भवन, 74.59 लाख की लागत से निर्मित होने वाले जिला पशुधन कार्यालय भवन, 1.20 करोड़ की लागत से उपजेल सारंगढ़ में 2 मंजिला बैरक निर्माण, 1.59 करोड़ की लागत से सारंगढ़ में गोदाम निर्माण, 19.30 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाली हसौद सरसींवा सराईपाली सड़क निर्माण, 5.73 करोड़ की लागत वाले कोसमुण्डा पहुंचमार्ग, 2.07 करोड़ की लागत वाले तौलीडीह साल्हेओना मार्ग तथा 89.14 लाख रूपए की लागत वाले खपरापाली से लांधिया पहुंचमार्ग का भूमिपूजन करेंगे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ग्राम गौरवपथ योजना अंतर्गत 67.98 लाख रूपए की लागत से धरसा रोड में सहीस मोहल्ला से गौठान तक सीसी रोड एवं नाली निर्माण, 1.02 करोड़ की लागत से हाईस्कूल से गुड़ीपारा तक सीसी सड़क एवं नाली निर्माण, 68.35 लाख रूपए की लागत से मेनरोड से दूध डेयरी तक सीसी सड़क एवं नाली निर्माण, 48.34 लाख रूपए की लागत से पोरथधाम तक सीसी सड़क सह नाली निर्माण कार्य की आधारशीला रखेंगे। मुख्यमंत्री इस मौके पर मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत 3.55 करोड़ की लागत से बांजीपाली से केनाभाठा तक सड़क, 1.17 करोड़ रूपए की लागत से कलमा बैराज से बरगांव सड़क निर्माण कार्य तथा पीएमश्री योजनातंर्गत 1.47 करोड़ रूपए की लागत से सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले के विभिन्न स्कूलों में अतिरिक्त कक्षों, बोरवेल और वाटर हार्वेस्टिंग कार्यों का भी भूमिपूजन करेंगे।
मुआवजे की मांग ले कर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे मलुहा के किसान
बिलाईगढ़ । अपर सोनिया जलाशय के डुबान क्षेत्र में भूमि जाने के बाद पिछले 24 वर्षों से मुआवजे की प्रतीक्षा कर रहे मलुहा के 6 किसान एक बार फिर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन पर बैठ गए हैं। यह धरना बिलाईगढ़ नगर पंचायत के इंदिरा मार्केट में भीम रेजिमेंट के नेतृत्व में शुरू हुआ।
किसानों का कहना है कि वे मुख्यमंत्री से लेकर कलेक्टर, एसडीएम और तहसीलदार तक सैकड़ों आवेदन दे चुके हैं, लेकिन हर बार उन्हें केवल आश्वासन और “तारीख पर तारीख” ही मिली। मुआवजा न मिलने पर उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों के हक के दावों के बावजूद जमीनी स्तर पर न्याय नहीं दे रही है।
किसान मनीष चेलक ने साफ कहा, “जब तक हमें मुआवजा नहीं मिलेगा, हम धरने से नहीं उठेंगे।” प्रदर्शन के पहले दिन स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुँचा और एक बार फिर आश्वासन दिया, लेकिन किसान अब आश्वासन से आगे ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
बहरहाल, अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या 24 साल से लंबित यह मुआवजा मामला इस बार किसानों को उनका हक दिला पाएगा या फिर यह धरना भी केवल वादों तक सिमटकर रह जाएगा।
पार्षद के वाहन की टक्कर से मासूम की मौत, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
बिलाईगढ़ । बिलाईगढ़ नगर पंचायत के पार्षद धनीराम देवांगन एक सड़क दुर्घटना के मामले में विवादों में घिर गए हैं। आरोप है कि उनके वाहन की टक्कर से एक नाबालिग बच्ची की मौत हो गई। बच्ची को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दुर्घटना के बाद पीड़ित परिजनों ने मीडिया के सामने आकर पार्षद पर गंभीर लापरवाही और राजनीतिक प्रभाव के दुरुपयोग के आरोप लगाए। परिजनों का कहना है कि हादसे के बाद पार्षद ने बच्ची को अस्पताल पहुंचाने के बजाय खुद को बचाने की कोशिश शुरू कर दी। उनके सहयोगी इलाज के नाम पर तरह-तरह के बहाने बनाते रहे और मौके की गंभीरता को नजरअंदाज किया गया।
पीड़ित परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि जब बच्ची की मौत की पुष्टि हो गई, तो पार्षद पक्ष की ओर से समझौते के लिए पैसों का लालच भी दिया गया। परिजनों ने साफ तौर पर कहा कि मामला रफा-दफा करने की कोशिश की जा रही थी।
घटना में शामिल वाहन को पुलिस थाने लाया गया है, लेकिन अब तक आरोपी पार्षद की गिरफ्तारी नहीं हुई है, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बच्ची के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस ने आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
फोर लेन निर्माण पर विरोध तेज, सरसिंवा-भटगांव में बायपास की उठी मांग
नागरिकों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, अनदेखी पर होगा नगर बंद और आंदोलन
बिलाईगढ़ । कुम्हारी से सारंगढ़ तक प्रस्तावित राष्ट्रीय राजमार्ग 130-B के तहत फोर लेन सड़क निर्माण को लेकर सरसिंवा और भटगांव नगर में स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने विरोध जताया है। उनका कहना है कि प्रस्तावित सड़क नगर के बीचोंबीच निकलने से हजारों लोगों का जीवन और कारोबार प्रभावित होगा।
सरसिंवा में ज्ञापन, भटगांव में हस्ताक्षर अभियान
सरसिंवा नगर पंचायत के नागरिकों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर बायपास मार्ग की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि नगर के मुख्य मार्ग पर करीब 150 मकान और 150 से अधिक दुकानें हैं। यदि फोर लेन निर्माण इसी मार्ग से होता है तो लोगों को उजड़ना पड़ेगा और स्थानीय व्यापार पूरी तरह चौपट हो जाएगा।
इसी मांग को लेकर भटगांव में भी नागरिकों ने हस्ताक्षर अभियान शुरू किया है। लोगों ने स्पष्ट कहा कि फोर लेन सड़क नगर के बाहर से निकाली जाए, ताकि जन-जीवन और कारोबार प्रभावित न हो।
आंदोलन की चेतावनी
सरसिंवा और भटगांव के नागरिकों ने शासन-प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो नगर बंद और लोकतांत्रिक प्रदर्शन जैसे कदम उठाए जाएंगे।
प्रशासन के लिए अग्निपरीक्षा
स्थानीय प्रशासन अब दोराहे पर खड़ा है—या तो जनभावनाओं का सम्मान करते हुए बायपास का विकल्प तैयार करे, या फिर बढ़ते जनआक्रोश का सामना करने को तैयार रहे।
अब देखना यह होगा कि सरकार और प्रशासन इस संवेदनशील मुद्दे पर कैसे प्रतिक्रिया देती है, या लोगों को एक बड़े जन आंदोलन की ओर कदम बढ़ाना पड़ेगा।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ में तंबाकू नियंत्रण को लेकर सख्त कार्रवाई
सारंगढ़ बिलाईगढ़ । राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम अंतर्गत कलेक्टर डॉ संजय कन्नौजे के निर्देशानुसार डॉ एफ आर निराला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के मार्गदर्शन और पुलिस अधीक्षक आंजनेय वार्ष्णेय के सहयोग से कोटपा अधिनियम 2003 के तहत सख्त कार्रवाई की गई।
धारा 4, धारा 6 ए और 6 बी के तहत 49 चालान काट कर चालान राशि 8750 जमा किया गया। इसी प्रकार बिलाईगढ़ ब्लॉक में 15 चालान काट कर 2400 रूपये जमा किए गए।
जिले में सभी ब्लॉक में प्रवर्तन दल के द्वारा जिले के विभिन्न पान ठेलो और शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज के दायरे में छापा मारकर चलानी कार्यवाही किया गया। धूम्रपान निषेध हेतु कोटपा अधिनियम 2003 के नियमों के उलंघन करने वाले व्यक्तियों पर जुर्माना लगाया गया।
तंबाकू उत्पाद से संबंधित विज्ञापनों को ग्रामों व शहरों से हटवाया गया। 18 वर्ष से कम आयु के व्यक्तियों के द्वारा क्रय- विक्रय सहित उपभोग करने पर कार्यवाही किया गया।
प्रवर्तन दल में डॉ. इन्दु सोनवानी जिला नोडल अधिकारी राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम, डॉ दिव्या जोशी, नॉमिली तिवारी, डॉ प्रकाश कुर्रे, डॉ शिवांश पटेल, डॉ सीमा जगत, डॉ लोकेश कुमार,संतोष टंडन, सचिन टंडन, गजेन्द्र देवांगन, आकाश सिदार,अंबिका ध्रुव, धनसाय कुर्रे, आरक्षक मुकेश चंद्रा, मोहनमति, सतेंद्र बर्मन उपस्थित थे।
धारासिव के पनखत्ती तालाब में मिला अज्ञात भ्रूण, इलाके में सनसनी
बिलाईगढ़ । थाना क्षेत्र के धारासिव गांव में उस वक्त सनसनी फैल गई जब गांव के पनखत्ती तालाब में एक अज्ञात भ्रूण तैरता हुआ मिला। इस दर्दनाक और शर्मनाक घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत बिलाईगढ़ थाना पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तालाब में मिला भ्रूण पूरी तरह विकसित था, उसके आंख, कान, हाथ-पैर पूरी तरह बन चुके थे, जिससे यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह कई महीने का इंसानी भ्रूण हो सकता है। इस अमानवीय कृत्य को लेकर ग्रामीणों में गहरा आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों ने इसे "मानवता को शर्मसार करने वाला" और "घृणित अपराध" बताते हुए तत्काल जांच की मांग की है।
पुलिस ने भ्रूण को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज और संभावित संदेहियों की जानकारी जुटाने का काम शुरू कर दिया है। फिलहाल यह साफ नहीं हो सका है कि भ्रूण को किसने और क्यों तालाब में फेंका।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह घटना न सिर्फ कानूनन अपराध है, बल्कि समाज की गिरती सोच का दुखद उदाहरण भी है। कई सामाजिक संगठनों ने भी इस मामले पर कड़ी निंदा करते हुए दोषियों को जल्द पकड़ने की मांग की है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द खुलासा करने का भरोसा दिलाया है।
3 अगस्त रविवार को होगा प्रयोगशाला सहायक परीक्षा
परीक्षा में आधी बांह के कपड़े पहनने की अनुमति
सारंगढ़ बिलाईगढ़ । छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल रायपुर के वेबसाइट में 3 अगस्त रविवार को आयोजित होने वाले प्रयोगशाला सहायक परीक्षा का प्रवेश पत्र अपलोड किया जा चुका है। व्यापम की यह परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 1.15 बजे तक निर्धारित है। सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले में 09 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, इसमें 3358 अभ्यर्थी शामिल होंगे। वेबसाइट व्यापमसीजी डॉट सीजीस्टेट डॉट जीओवी डॉट इन https://vyapamcg.cgstate.gov.in है।
परीक्षा केंद्र में प्रवेश पूर्व परीक्षार्थी की होगी जांच :
परीक्षा केन्द्र में प्रवेश के पूर्व अभ्यर्थियों के हैण्डहेल्ड मेटल डिटेक्टर से तथा हाथों से तलाशी, फ्रिस्किंग किया जाएगा। प्रत्येक परीक्षा केन्द्र में आबंटित एक पुरुष एवं एक महिला पुलिस कर्मी से यह फ्रिस्किंग कार्य किया जाना है। महिला अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग महिला पुलिस कर्मी से ही कराया जाना है। व्यापम के निर्देशों का पालन ना करने पर अभ्यर्थी को परीक्षा देने से वंचित किया जायेगा। परीक्षा में अनुचित साधनों का प्रयोग करने पर कठोर कार्यवाही की जाएगी तथा अभ्यर्थिता समाप्त की जाएगी।
परीक्षा केंद्र में प्रवेश पूर्व सावधानियां
परीक्षार्थी हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश करेंगे। पैर में चप्पल पहन कर जाएं। कान में किसी भी प्रकार का आभूषण वर्जित है। परीक्षा कक्ष में किसी प्रकार का संचार उपकरण, इलेक्ट्रिानिक उपकरण, इलेक्ट्रानिक घडी, पर्स, पाऊच, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी आदि ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित है।
परीक्षा केंद्र में निर्धारित समय पर पहुंचना होगा
परीक्षार्थी, परीक्षा प्रारंभ होने के कम से कम 2 घंटा पूर्व परीक्षा केन्द्र में पहुंचे ताकि उनका फ्रिस्किंग एवं सत्यापन किया जा सके। परीक्षा प्रारंभ होने के पहले आधा घंटा में एवं परीक्षा समाप्ति के आखिरी आधा घंटा में परीक्षा केन्द्र से बाहर जाना वर्जित है।
ओरिजनल पहचान पत्र से मिलेगा परीक्षा केंद्र में प्रवेश
प्रवेश पत्र के सभी पेज का प्रिंट आउट ले और पेज के केवल एक तरफ प्रिंट करें, क्योंकि प्रत्येक परीक्षा हेतु व्यापम की प्रति परीक्षा केंद्र में जमा हो जाएगी। परीक्षार्थी को परीक्षा हेतु प्रवेश पत्र के साथ पहचान पत्र के रूप में मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, पेन कार्ड, आधार कार्ड जिसमें अभ्यर्थी का फोटो हो, का एक मूल पहचान पत्र परीक्षा दिवस में परीक्षा केंद्र में लाना अनिवार्य होगा। मूल पहचान पत्र प्रस्तुत नहीं करने पर परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जायेगा जिसके लिए अभ्यर्थी स्वयं जिम्मेदार होंगे। यदि इंटरनेट से प्राप्त प्रवेश पत्र पर फोटो नहीं आता है, तो अभ्यर्थी अपने साथ दो रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो ले कर परीक्षा केंद्र में जाए।परीक्षार्थी परीक्षा कक्षा में केवल काले या नीले बाल पॉइंट पेन को ही उत्तर अंकित करने हेतु उपयोग में लाये। चयन और प्रवेश के समय प्रवेश पत्र मांगा जाता है, अतः इसे सुरक्षित रखें। व्यापम द्वारा दोबारा प्रवेश पत्र जारी नहीं किया जाएगा।
उद्योग एवं बैंकर्स कनेक्ट कार्यक्रम में उद्यमियों और बैंकों के बीच हुआ सीधा संवाद
सारंगढ़ बिलाईगढ़ । बैंकर्स एवं जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के सहयोग मे रैंप योजना (राइजिंग एंड एक्सलेरिटिंग एमएसएमई परफार्मेंस) के अंतर्गत होटल श्रीओम बस स्टैंड के पास सारंगढ़ में "उद्योग एवं बैंकर्स कनेक्ट कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यशाला में जिले के कई सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमियों (एमएसएमई), महिला उद्यमियों के प्रतिनिधियों, पीएम सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना व प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना स्व सहायता समूह, एफपीओ और स्टार्टअप्स ने भाग लिया। कार्यक्रम में जिले के प्रमुख बैंकों जैसे भारतीय स्टेट बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक, छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक सहित अन्य बैंकों के अधिकारियों ने भाग लेकर उपस्थित उद्यमियों को विभिन्न वित्तीय योजनाओं, ऋण सुविधाओं, मुद्रा योजना और छत्तीसगढ़ टीएमएसई के लाभों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों को बैंक अधिकारियों के साथ प्रत्यक्ष संवाद का अवसर मिला। उपस्थित उद्यमियों ने अपने व्यापार से जुड़ी समस्याओं को साझा किया, जिन पर बैंक अधिकारियों ने समाधान और मार्गदर्शन प्रदान किया। मौके पर ही कई ऋण प्रस्तावों पर कार्यवाही प्रारंभ की गई।
कलम नारायण ध्रुव जिला व्यापार एवं
उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रम एमएसएमई सेक्टर को सशक्त करने की दिशा में अहम भूमिका निभाते हैं और भविष्य में ऐसे और भी संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने सभी बैंकों और उपस्थित उद्यमियों को धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर संबंधित अग्रणी बैंक एसबीआई के जिला प्रबंधक सुरेश दमके, विभागों के अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि, औद्योगिक संगठन एवं स्थानीय उद्यमी सहित महेंद्र अग्रवाल उपस्थित रहे।
सड़कों पर गौवंश का डेरा: हादसों में बढ़ोतरी, प्रशासन की चुप्पी पर उठे सवाल...
बिलाईगढ़ । बिलाईगढ़ क्षेत्र में गौवंश की उपेक्षा और प्रशासनिक लापरवाही ने अब गंभीर रूप ले लिया है। सड़कों और पुल-पुलियों को अपना बसेरा बना चुके गौवंश न केवल खुद खतरे में हैं, बल्कि आम नागरिकों के लिए भी दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं।
आवारा गौवंश का सड़क पर डेरा
इलाके में गौवंश के लिए न तो समुचित आश्रय स्थल है, न ही उनके संरक्षण की कोई ठोस व्यवस्था। ऐसे में ये बेजुबान जानवर अब सड़क पर चल रहे वाहनों के बीच आ-जा रहे हैं, जिससे छोटे-बड़े वाहन चालकों को हर दिन जान का जोखिम उठाना पड़ रहा है।
दुर्घटनाओं में लगातार इजाफा
बीते कुछ दिनों में गौवंशों की चपेट में आकर कई बाइक और स्कूटर सवार घायल हो चुके हैं, वहीं कई गायें दुर्घटनाओं में गंभीर रूप से घायल होकर बिना उपचार के तड़प-तड़पकर दम तोड़ रही हैं। सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि घायलों को समय पर न तो चिकित्सकीय सहायता मिलती है और न ही प्रशासनिक हस्तक्षेप होता है।
'गौभक्तों' की चुप्पी पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों में अब उन तथाकथित 'गौभक्तों' के प्रति भी रोष बढ़ रहा है, जो मंचों पर गौसेवा के दावे करते हैं, लेकिन ज़मीनी हालात में नज़र नहीं आते। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि वाकई गौ सेवा का भाव है तो अब समय है कि सड़कों पर तड़पते इन बेजुबानों के लिए स्थायी समाधान खोजा जाए।
समुचित आश्रय की मांग
ग्रामीणों और समाजसेवियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द गोशाला या अस्थायी शेड की व्यवस्था, घायल गायों के उपचार की सुविधा, और सड़कों से हटाने के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग की है। साथ ही हादसों से बचने के लिए रात में रोशनी की उचित व्यवस्था और चेतावनी बोर्ड लगाए जाने की भी जरूरत बताई गई है।
प्रशासन की अगली चाल पर टिकी निगाहें
फिलहाल, स्थानीय प्रशासन की चुप्पी और निष्क्रियता को लेकर जन आक्रोश बढ़ रहा है। अब निगाहें इस पर टिकी हैं कि प्रशासन गौवंश की सुरक्षा और सड़क सुरक्षा को लेकर क्या ठोस कदम उठाता है। यदि जल्द कोई पहल नहीं हुई, तो स्थिति और भी भयावह हो सकती है।
यह मुद्दा अब केवल पशु कल्याण का नहीं, बल्कि सार्वजनिक सुरक्षा और प्रशासनिक जिम्मेदारी का भी है।
सारंगढ़ में 1 अगस्त को "वित्तीय सहायता, लोन, बैंकिंग" टॉपिक पर होगा कार्यशाला
सारंगढ़ बिलाईगढ़ । जिले के निवासियों के छोटे बड़े बिजनेस की कल्पना को साकार करने के लिए जिला व्यापारी एवं उद्योग केंद्र सारंगढ़ बिलाईगढ़ के द्वारा उद्योग बैंकर्स संवाद का एक दिवसीय कार्यशाला श्रीओम होटल सारंगढ़ में 1 अगस्त को किया जाएगा।
कार्यशाला में बिजनेस के लिए विभिन्न बैंकों द्वारा ऋण योजनाओं की जानकारी, एमएसएमई इकाइयों से संबंधित वित्तीय समस्याओं का समाधान, क्रेडिट लिंक योजनाओं (सीजीटीएमएसई, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन आदि) की जानकारी उद्यमियों और बैंकर्स के मध्य प्रत्यक्ष संवाद, महिला उद्यमियों एवं स्वसहायता समूह को मार्गदर्शन विशेष रूप से दिया जाएगा।
सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) इकाइयों, महिला उद्यमी और स्व सहायता समूह के साथ-साथ कारीगरों (नाई, धोबी, दर्जी, झाड़ू चटाई निर्माता, हथोड़ा व टूलकिट निर्माता, खिलौना निर्माता, राजमिस्त्री, मोची, मूर्तिकार, शिल्पकार आदि) को रैंप योजना (एमएसएमई प्रदर्शन को बढ़ाना और तेज करना) के तहत बैंक ऋण, सरकारी योजनाओं एवं वित्तीय सहायता से जोड़ना, इस कार्यशाला का उद्देश्य है।
जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक कमल नारायण ध्रुव ने जिले के सभी इच्छुक उद्यमियों एवं लाभार्थियों, स्व सहायता समूह आदि को इस निशुल्क कार्यशाला में भाग लेने के लिए आग्रह किया है। अधिक जानकारी के लिए महाप्रबंधक के मोबाइल नंबर 8319370847 एवं सहायक प्रबंधक मोबाइल नंबर 9926122801 पर संपर्क कर सकते हैं।
कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने बालक छात्रावास का आकस्मिक निरीक्षण किया
सारंगढ़ बिलाईगढ़। कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने मंगलवार को शाम 7 बजे प्री मैट्रिक अनुसूचित जाति बालक छात्रावास पवनी का आकस्मिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्रावास में रह रहे कक्षा 9वीं के एक छात्र से कहा कि अब तक पढ़ाई को कॉपी में लिखे क्यों नहीं हो। वहीं दूसरे छात्रों से पढ़ाई, भोजन और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा किया।
कलेक्टर डॉ कन्नौजे ने विशेष रूप से गणित विषय पर छात्रों से संवाद किया और उनकी नोटबुक की जांच की। एक छात्र की गणित की कॉपी देखकर उन्होंने उसकी सुंदर हैंडराइटिंग की सराहना भी की। साथ ही, अंग्रेजी की नोटबुक और पढ़ाई की गुणवत्ता को लेकर भी जानकारी ली।
मध्यान्ह भोजन योजना की स्थिति जानने के लिए भी कलेक्टर ने छात्रों से सीधे पूछताछ की और उनकी संतुष्टि का आकलन किया।
निरीक्षण के समय छात्रावास अधीक्षक अनुपस्थित पाए गए। छात्रावास की क्षमता 50 बिस्तरों की है, लेकिन निरीक्षण के दौरान केवल 16 बच्चे ही उपस्थित मिले। बताया गया कि कुछ छात्र छुट्टी में अपने घर चले गए हैं। इस दौरान बिलाईगढ़ एसडीएम वर्षा बंसल, डिप्टी कलेक्टर अनिकेत साहू, पटवारी जीवनलाल साहू और राजस्व निरीक्षक भी उपस्थित थे।
किसान स्वयं कर सकते हैं एग्रीस्टेक पोर्टल में फॉर्मर पंजीयन
सारंगढ़ बिलाईगढ़ । किसान अपना पंजीयन एग्रीस्टेक पोर्टल में स्वयं कर सकता है। पंजीयन करने के लिए स्मार्ट फोन या कम्प्यूटर सेट, आधार नंबर लिंक मोबाईल, आधार कार्ड, भूमि का खसरा बी-1 की आवश्यकता होगी।
कम्प्यूटर से पंजीयन करने के लिए वेबसाईट सीजी एफ आर डॉट एग्रिस्टेक डॉट जीओवी डॉट इन पर जाना होगा। मोबाईल से पंजीयन करने के लिए गूगल प्ले स्टोर से फॉर्मर रजिस्ट्री सीजी एप डाऊनलोड करना होगा। साईट या एप पर जाकर पेज में नीचे क्रिएट न्यू यूजर अकाउंट पर जाये, अपना आधार नंबर बाक्स में भरें, आधार ओटीपी से आधार नंबर वेरीफाई करें, आपकी डिटेल अपने आप आ जायेगी, पेज में सबसे नीचे जाएं, मोबाईल नंबर भरें, ओटीपी से मोबाईल नंबर वेरीफाई करें, अपना स्वयं का पासवर्ड बनाये।
अब वापस लॉगिन पेज पर जाकर अपने मोबाईल व पासवर्ड से लॉगिन करें, लॉगिन करने पर आपकी डिटेल पेज पर दिखाई देगी व रजिस्टर पर क्लिक करें, पोर्टल आपसे पूछेगा की आप मोबाईल नंबर बदलना चाहते है? नहीं कर आगे बढ़े। किसान को अपनी डिटेल हिन्दी में भरना होगा (या गुगल ट्रांसलेट से कर सकते है)। आपके विवरण को अंग्रेजी से मिलाकर प्रतिशत में कितना मिल रहा है, बताएगा ध्यान में रखे जानकारी 80 प्रतिशत से ज्यादा मिले। इसी प्रकार आपका पता, जिला, अनुभाग, आदि भरें, अब रजिस्ट्रेशन जमीन की जानकारी में आगे जाये।
जमीन में मालिक या किरायेदार पूछेगा आपको कृषि और लैंड ओवनिंग का दो विकल्प दिखाई देगा दोनों को सेलेक्ट करें। फैच लैंड डिटेल पर क्लिक करें।
सर्वे नंबर पर मूल खसरा नंबर एवं सर्वे नंबर पर भरें जो संख्या हो उसे भरें, जैसे-110/5 है तो पहले खाने में 110 एवं दूसरे खाने में 5 भरें। अपना नाम किसान की सूची में सलेक्ट करें, पहचानकर्ता के नाम को मिलान कर सबमिट करें। किसान के नाम जितनी भूमि है, सब दिखाई देगी फिर भी बी-1 से मिलाकर उन खसरा का चयन करें जो आपकी है। अब वेरीफाई ऑल लैण्ड पर जो की लिस्ट में ऊपर है उसे क्लिक करें। बाक्स में सहमति के लिए चेकबाक्स में क्लिक करें, ई साईन का विकल्प खुलने पर ई साईन ओटीपी के माध्यम से पूर्ण करें।
ई साईन होने के लिए आधार की साईट पर जो अपने आप खुलेगी आधार नंबर डालकर ओटीपी के माध्यम से ई साईन करें। ई-साईन करने पर आपका रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूर्ण होकर नामांकन नंबर मिलेगा। यदि आपके द्वारा 80 प्रतिशत से अधिक मिलान हो रहा है तो यह स्वचलित प्रक्रिया के तहत 48 घंटे में आपकी फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण हो जायेगी और यदि 80 प्रतिशत से कम मिलान है तो पटवारी और तहसीलदार द्वारा वेरीफिकेशन पूर्ण होने पर आईडी जारी होगी।
सलिहाघाट पुल बना हादसों का अड्डा: गड्ढे और निकले सरिए दे रहे मौत को न्योता
स्थानीयों ने उठाई मरम्मत की मांग, प्रशासनिक लापरवाही पर जताई नाराजगी
बिलाईगढ़। बिलाईगढ़ विधानसभा क्षेत्र के सलिहाघाट में करोड़ों की लागत से बने पुल की हालत इन दिनों बेहद खस्ता हो चुकी है। पुल में जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं और सरिए-छड़ें बाहर निकलकर राहगीरों के लिए जानलेवा खतरा बन चुकी हैं। इस पुल से गुजरने वाले स्थानीय लोगों और यात्रियों में रोष है और वे जल्द से जल्द पुल की मरम्मत की मांग कर रहे हैं।
सरकारी दावों की खुली पोल
करीब 1 किलोमीटर लंबे सलिहाघाट सेतु-पुल का निर्माण ब्रिज-सेतु योजना के तहत किया गया था, जिसे बिलासपुर डिवीजन ने बनवाया था। लेकिन आज यह पुल सरकारी दावों की हकीकत उजागर कर रहा है। पुल की रेलिंग जर्जर हो चुकी है और कई जगहों पर सरिए पूरी तरह बाहर आ गए हैं। सड़क पर बने गहरे गड्ढे न सिर्फ दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं, बल्कि दोपहिया वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो सकते हैं।
'दिखावटी मरम्मत', स्थायी हल नहीं
स्थानीय लोगों ने बताया कि समय-समय पर पुल की मरम्मत होती है लेकिन सिर्फ दिखावे के लिए। कुछ ही दिनों में सीमेंट उखड़ने लगता है और पुल फिर से पहले जैसी हालत में आ जाता है। लोगों का आरोप है कि ठेकेदार और विभाग मरम्मत के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति कर रहे हैं।
प्रशासनिक अनदेखी पर गुस्सा
पुल के इस जर्जर हालात को लेकर जनता का गुस्सा प्रशासन और संबंधित विभाग पर फूटा है। लोगों ने कहा कि बार-बार शिकायतों के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इस पुल से रोजाना सैकड़ों की संख्या में वाहन गुजरते हैं, और किसी बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
क्या सुध लेगा प्रशासन?
गौरतलब है कि पुल की देखरेख और मरम्मत की जिम्मेदारी बिलासपुर डिवीजन की है। अब देखना यह होगा कि मीडिया में खबर आने के बाद विभाग और प्रशासन क्या कार्रवाई करता है। स्थानीयों की मांग है कि पुल की तत्काल मरम्मत की जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके और दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
फिलहाल, सलिहाघाट पुल की हालत 'मरम्मत नहीं तो दुर्घटना तय' जैसी बन चुकी है।
विश्व हेपेटाइटिस दिवस पर लगाया गया जांच शिविर
सारंगढ़ बिलाईगढ़ । विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय सारंगढ़ बिलाईगढ़ के मार्गदर्शन में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उलखर और सेक्टर गोडम के समस्त स्वास्थ्य कर्मचारियों द्वारा केपी हायर सेकेंडरी स्कूल बंधापाली में सिकलसेल, हिमोग्लोबिन और आंख का जांच शिविर का आयोजन किया गया।शिविर में जिन छात्रों का आयुष्मान कार्ड नहीं बना था उसे भी बनाया गया। शिविर में डॉक्टर एफ आर निराला सीएमएचओ सारंगढ़, ओमप्रकाश कुर्रे एसएमओ गोडम, अरुण नायक एसएमओ कनकवीरा, रोशन सचदेव डीपीसी सारंगढ़ एवं सेक्टर गोडम के सभी स्वास्थ्य कर्मचारी उपस्थित रहे। शिविर में डॉक्टर एफ आर निराला ने विश्व हेपेटाइटिस दिवस के मौके पर हेपेटाइटिस के बारे में छात्रों को जानकारी दिए। हेपेटाइटिस के अलावा आंख संबंधी जानकारी, टीबी, सिकलसेल व अन्य कई बीमारियों के बारे में जानकारी दिया गया। शिविर के दौरान जिला प्रशासन सारंगढ़ बिलाईगढ़ की ओर से प्रखर चंद्राकर (आईएएस, ओआईसी हेल्थ) एसडीएम सारंगढ़ का भी आगमन हुआ एवं उन्होंने जांच शिविर का अवलोकन किया। शिविर में 62 बच्चों का आयुष्मान कार्ड बनाया गया।136 छात्रों का हीमोग्लोबिन एवं सिकलसेल जांच, नेत्र जांच किया गया। कई छात्रों को आयरन एवं फोलिक एसिड का टैबलेट दिया गया व शरीर को स्वस्थ एवं निरोग कैसे रखें। इसके बारे में स्वास्थ्य कर्मचारियों द्वारा विस्तार से जानकारी दिया गया।
मेडिकल बोर्ड की बैठक स्थगित
सारंगढ़ बिलाईगढ़। जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में प्रत्येक बुधवार को दिव्यांग जनों के लिए आयोजित मेडिकल बोर्ड का 30 जुलाई बुधवार का आयोजन अपरिहार्य कारणों से स्थगित किया गया है। आगे क्रम में आगामी बुधवार 6 अगस्त को यह कैम्प जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में आयोजित किया जाएगा।
कलेक्टर ने सुलोनी हाईस्कूल में बच्चों को पढ़ाया अंग्रेजी और गणित
सारंगढ़ बिलाईगढ़। कलेक्टर डाॅ. संजय कन्नौजे ने सोमवार को दोपहर में सारंगढ़ विकासखंड के ग्राम पचपेड़ी, सुलोनी और उलखर स्थित स्कूलों का आकस्मिक निरीक्षण किया। पचपेड़ी के प्राथमिक शाला भवन और संकुल केन्द्र भवन का कलेक्टर ने निरीक्षण किया और बरसात में भवन की स्थिति का जायजा लेते हुए बच्चों की पढ़ाई का अवलोकन किया। इसी प्रकार हाईस्कूल सुलोनी में कलेक्टर ने कक्षाओं के संचालन का अवलोकन किया। कलेक्टर डाॅ. कन्नौजे ने कक्षा नवमीं में स्कूली बच्चों को काल (टेन्स) पढ़ाया। उन्होंने प्रेजेन्ट सिम्पल टेन्स में बच्चों को ‘‘मैं स्कूल जाता हूं’’ को विस्तार से समझाया। इसी प्रकार कक्षा दसवीं में बच्चों को गणित के सवाल कैसे हल किया जाता है, को ब्लैक बोर्ड में पढ़ाया।
कलेक्टर डाॅ. कन्नौजे के समक्ष उलखर के स्कूली बच्चों ने अपने शिक्षा का बखूबी प्रदर्शन किया
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उलखर में सभी शिक्षकों से परिचय प्राप्त करने के बाद कलेक्टर ने पढ़ाई के बारे में छात्र-छात्राओं से जानकारी लिए। कलेक्टर ने प्राचार्य और शिक्षकों को कहा कि स्कूली बच्चों को सामान्य कोर्स की शिक्षा के अलावा नैतिक शिक्षा भी दें ताकि उन्हें जीवन में आवश्यक ज्ञान स्कूल से प्राप्त हो। जैसे-सड़क सुरक्षा सप्ताह, स्वच्छता, पर्यावरण, लैंगिक उत्पीड़न। इस दौरान कलेक्टर डाॅ. कन्नौजे द्वारा कक्षा बारहवीं के छात्र सुमीत से सड़क सुरक्षा, बारहवीं की बायो की छात्रा से लीवर क्या काम करता है और कक्षा दसवीं की छात्रा से स्वच्छता के संबंध में जानकारी पूछने पर, सभी के समक्ष स्कूली बच्चों ने बखूबी जवाब दिए। कलेक्टर ने सभी बच्चों को इस वर्ष अच्छे अंकों के साथ परीक्षा में उत्तीर्ण करने के लिए अच्छे से पढ़ाई करने के लिए कहा, वहीं शिक्षकों और प्राचार्य को कहा कि इस स्कूल में सभी विषय के शिक्षक हैं। कोई कमी नहीं है। इसलिए स्कूल का प्रतिशत अच्छा आना चाहिए। कलेक्टर के दौरे के समय उलखर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा विश्व हेपेटाइटिस दिवस के बारे में स्कूली बच्चों को जानकारी देने के लिए एकत्र किया गया था और कलेक्टर डाॅ. कन्नौजे के जाने के बाद स्कूली बच्चों को विस्तार से लिवर के देखभाल सहित हेपेटाइटिस बीमारी की रोकथाम आदि के संबंध में विस्तार से समझाया गया।
कलेक्टर ने प्री मैट्रिक अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास उलखर का किया निरीक्षण
कलेक्टर ने शासकीय प्री मैट्रिक अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास उलखर का आकस्मिक निरीक्षण किया। वहां अधीक्षिका के साथ परिसर सहित कक्षों का निरीक्षण कर खिड़की में जाली और पर्दा लगाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने इस दौरान दाखिल कर चुके बच्चों की संख्या 22 होने पर 50 दाखिला करने के लिए अधीक्षिका को निर्देशित किए। इसी प्रकार शौचालय में दरवाजा या अन्य किसी भी प्रकार के मरम्मत के लिए सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग के माध्यम से प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि बच्चों को छात्रावास में नियमित रूप से रहने के लिए प्रोत्साहित करने अधीक्षिका को निर्देशित किया। कलेक्टर ने रजिस्टर चेक करते हुए कहा कि कोई बालिका यदि छात्रावास से अपने घर रवानगी करती है, तो जाने का कारण रजिस्टर में अंकित होना चाहिए साथ ही अधीक्षिका को भी जानकारी होना चाहिए। कलेक्टर ने किसी बालिका के तबियत खराब होने पर उसका इलाज सरकारी अस्पताल में तुरंत कराने के लिए निर्देशित किया। दौरे में अपर कलेक्टर प्रकाश सर्वे उपस्थित थे।
डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार के लिए 31 तक आवेदन
वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी के माध्यम से किसानों को आवेदन जमा कराना होगा
सारंगढ़-बिलाईगढ़ । छत्तीसगढ़ शासन द्वारा कृषि विभाग द्वारा वर्ष 2025 के डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार हेतु योग्य कृषकों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। पुरस्कार हेतु इच्छुक कृषक आवेदन पत्र उप संचालक कृषि जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के कार्यालय रानीसागर सारंगढ़ से निःशुल्क प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन निर्धारित प्रारूप में पूर्ण रूप से भरकर संबंधित विकासखण्ड के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी के माध्यम से जमा कराना होगा। पुरस्कार से संबंधित विस्तृत जानकारी कृषि विभाग की वेबसाइट एग्रीपोर्टल डॉट सीजी डॉट एनआईसी डॉट इन पर उपलब्ध है। चयन प्रक्रिया के लिए आवेदन उप संचालक कृषि कार्यालय में अंतिम तिथि के पूर्व जमा किया जाना है। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2025 निर्धारित की गई है। अंतिम तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा। इस संबंध में संचालनालय कृषि, छत्तीसगढ़ रायपुर द्वारा जानकारी दी गई है कि पुरस्कार चयन प्रक्रिया निर्धारित नियमों व अधिसूचनाओं के तहत की जाएगी।