छत्तीसगढ़ / धमतरी
चनाबूट बेचकर किसान एक एकड़ से कमा रहे 36 से 38 हज़ार...
पानी की बचत के साथ खेती की लागत भी हो रही कम, किसानों को दोहरा फायदा
धमतरी । धमतरी जिले में फसल चक्र परिवर्तन से किसानों को होने वाला फायदा अब दिखने लगा है। गर्मी के धान के बदले दलहनी-तिलहनी और नगदी फसलों की खेती से किसानों को अब कम दिनों में ही दोहरा फायदा हो रहा है। किसानों की खेती की लागत भी कम हुई है, साथ ही भारी मात्रा में पानी की भी बचत हुई है। जिले के चना उत्पादक किसानों ने केवल चनाबूट बेचकर ही एक एकड़ फसल से 36-38 हज़ार रुपए तक का शुद्ध मुनाफा कमाया है।
चनाबूट को किसान हाईवे के किनारे दुकान लगाकर, स्थानीय बाज़ार और मंडी में थोक और चिल्लर रूप में बेचकर अच्छा फायदा ले रहे है। मगरलोड विकासखंड के कुंडेल गाँव के किसान रामनाथ ने दो-सवा दो महीने में ही लगभग 84 हज़ार रुपए का चनाबूट बेचा है और इस पर खेती की काश्त आदि खर्चे निकाल कर एक एकड़ से 36-38 हज़ार रुपए तक मुनाफा कमाया है। जिले में इस बार लगभग साढ़े पंद्रह हज़ार हेक्टेयर में चने की फसल लगी है। चार से पाँच हज़ार हेक्टेयर की फसल को किसानों ने चनाबूट के रूप में 40 रूपये किलो के दाम पर बेचा है और अच्छा फ़ायदा लिया है। धमतरी विकासखण्ड के खरतुली गाँव में रहने वाले चैतुराम ने तीन एकड़ में चने की फसल लगाई और चनाबूट के रूप में 38 रुपये प्रति किलो की दर से बेचकर एक लाख 16 हज़ार रुपये से अधिक का लाभ कमाया।
ख़ुद रामनाथ बताते है कि उनके पास दो एकड़ खेत है, जिसमें खरीफ के दौरान धान की फसल लगाई गई थी। इसके बाद कृषि विभाग और जिला प्रशासन की समझाईश और मदद से उन्होंने ढेड़ एकड़ रकबे में रबी मौसम में धान के बदले चना की खेती की। रामनाथ ने बताया कि 70-80 दिन में ही चने में फल आ गया और उसे जड़ से उखाड़ कर चनाबूट के रूप में हाइवे के किनारे दुकान के साथ मंडी और लोकल बाज़ार में 35-40 रुपए किलो के भाव से बेच दिया। उन्होंने बताया कि डेढ़ एकड़ रकबे में दो हज़ार 100 किलो चनाबूट हुआ जिसको 40 रुपए किलो के भाव से बेचने पर 84 हज़ार रुपए मिले। रामनाथ ने बताया कि इस राशि से फसल की काश्त लागत लगभग तीस हज़ार रुपए घटा देने पर उन्हें शुद्ध रूप में 54 हज़ार रुपए का मुनाफा हुआ है। चनाबूट की मिठास बसंत के मौसम में लोगों को बहुत भाती है साथ ही इसमें मिलने वाले 9 प्रतिशत प्रोटीन, 10 प्रतिशत फाइबर और प्रचुर मात्रा में कैल्शियम, मैग्नीशियम तथा फ़ास्फोरस इसे पौष्टिक भी बनाते है। रामनाथ बताते है कि अब खेत भी 70-80 दिन में ही खाली हो गया है और तीसरी फसल लेने के लिए तैयार करने का भी पर्याप्त समय मिल रहा है। रामनाथ इस बार उड़द-मूंग को तीसरी फसल के रूप में लगाने की योजना बना रहे है। चना की खेती करने वाले खरतूली के किसान चैतुराम ने बताया की तीन एकड़ में लगे चना बूट को 38 रुपये किलो के भाव से बेचकर एक लाख 76 हजार रुपए से अधिक का व्यवसाय किया और लागत घटाकर एक लाख 16 हज़ार रुपए का शुद्ध मुनाफा कमाया।
कृषि विशेषज्ञ भी रामनाथ और चैतुराम की खेती के तरीके और फायदे का समर्थन करते है। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार गर्मी के धान की फसल के लिए प्रति हेक्टे्यर एक करोड़ 20 लाख लीटर पानी की जरूरत होती है, वहीं चना की फसल के लिए केवल 40 लाख लीटर पानी लगता है। ऐसे में चना की खेती से प्रति हेक्टेयर 80 लाख लीटर पानी की बचत हो जाती है। कृषि विशेषज्ञ यह भी मानते है कि धान के बदले चने की खेती से सिंचाई के पानी, खाद, निंदाई-गुड़ाई, कटाई, रोग-व्याधि और दवाई आदि पर होने वाले खर्चो पर भी 40-45 हज़ार रुपए बच जाते है जिसका सीधा फायदा किसानों को ही होता है। इसके अलावा चने की जड़ों में मिलने वाले राइजोबियम बैक्टीरिया वायुमंडल की नाइट्रोजन गैस की फिक्स करके सीधे पौधे और जमींन को देते है जिससे खेत की उर्वरा शक्ति बढ़ती है, जमीन की सेहत सुधरती है और आगे की फसलों के लिए रासायनिक खादों की खपत कम होती है। चना की फसल धान की तुलना में कम अवधि में ही पक जाती है जिससे खेत जल्दी खाली हो जाता है और तीसरी फसल लगाने के लिए किसानों को तैयारी का पर्याप्त समय भी मिल जाता है। कृषि विशेषज्ञों का यह भी मानना है कि चने की फसल से ग्लोबल वार्मिंग बढ़ाने वाली मिथेन, कार्बन डाइऑक्साइड जैसी गैसों का उत्सर्जन भी कम होता है।
नगरी में लोगों ने की जमकर वोटिंग, सेहरा बांधकर दूल्हे ने किया मतदान
नगरी । छत्तीसगढ़ के नगरी में पंच, सरपंच, जनपद और जिला पंचायत सदस्य के लिए मतदाताओं ने जमकर वोटिंग की। इसी कड़ी में एक युवा मतदाता दूल्हा राजा बनकर बारात जाने से पहले मतदान केंद्र पहुंचा। बारात जाने से पहले दूल्हा मतदान केन्द्र पहुंचा और अपना मतदान किया।
जिला पंचायत सदस्य के लिए 3 सीट, जनपद पंचायत सदस्य हेतु 25 सीट और 102 ग्राम पंचायतों में मतदाता सुबह से ही लाइन में लगकर मतदान देने के लिए कतार में लगे रहे।
इस चुनाव में नए मतदाताओ सहित युवा, बुजुर्ग एवं महिलाओ ने बढ़ चढ़कर उत्साह के साथ मतदान किया। वही नगरी ब्लाक के ग्राम पंचायत उमरगांव मे एक युवा मतदाता का विवाह था जो बारात जाने से पहले सेहरा बांध कर दूल्हा राजा के रुप में अपने परिजन के साथ मतदान केंद्र पहुंचा और गांव की विकास के एक अच्छे लीडर चुनने के लिए अपना मतदान किया। बता दे कि जब दूल्हा मतदान केंद्र पहुंचा तो उस वक्त आकषर्क का केन्द्र बना रहा।
मतदाताओं के लिए की गई थी चाय- नाश्ते की व्यवस्था
इस चुनाव में मतदान केंद्र से100 मीटर दूरी पर ग्राम पंचायत के सरपंच पद के प्रत्याशी सहित जनपद एवं जिला पंचायत सदस्य के प्रत्याशियों ने विभिन्न जगहों पर स्टॉल लगाकर लोगो के लिए चाय, पानी एवं नाश्ते की व्यवस्था कर मतदाताओं को आकर्षित किया। मतदान केंद्र से 100 मीटर के पहले लोगों में काफी भीड़ देखा गया जहा पर एक त्यौहार जैसा माहौल रहा।
मतदान केंद्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन के द्वारा पुलिस जवान तैनात रखा गया था। चुनाव शांतिपूर्ण रहा क्षेत्र में कहीं भी किसी प्रकार का विवाद की स्थिति एवं अप्रिय घटना की जानकारी नहीं मिली। मतदान करने के बाद समर्थक अपने अपने प्रत्याशियों के परिणाम प्राप्त करने के लिए शाम तक बैठे थे।
धमतरी के 10 में से 8 सीटों पर भाजपा ने लहराया जीत का परचम
नगरी। जिला पंचायत चुनाव में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 में से 8 सीटों पर जीत दर्ज की है। जिला पंचायत धमतरी में भाजपा की सरकार बनना तय दिख रही है। उसी प्रकार कुरूद जनपद पंचायत की 25 सीटों में से 22 में, धमतरी जनपद पंचायत की 25 में से 18 और मगरलोड जनपद पंचायत की 23 में से 15 सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों ने विजय प्राप्त की।
भाजपा जिला चुनाव कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार, भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 1 से पूजा सिन्हा, जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 2 से कुलेश्वरी गायकवाड़, जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 3 से गौकरण साहू, जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 5 धनेश्वरी साहू, जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 7 से मोनिका देवांगन, जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 8 से मीना साहू, जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 9 से टीकाराम कंवर, जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 10 से अनिता ध्रुव निर्वाचित हुई हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस ने कहा कि, पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर के मार्गदर्शन और कुशल नेतृत्व में धमतरी के नवनिर्वाचित महापौर रामू रोहरा, पूर्व विधायक इंदर चोपड़ा, रंजना साहू, पिंकी शिवराज शाह, श्रवण मरकाम के कुशल रणनीति का परिणाम रहा है। इस जीत में सबसे बड़ी भूमिका कार्यकर्ताओं की है और जनता के स्नेह की है। भाजपा की सरकार धमतरी जिला पंचायत, जनपद पंचायत कुरूद, जनपद पंचायत धमतरी और जनपद पंचायत मगरलोड में पूर्ण बहुमत से बनने जा रही है। उन्होंने ने कहा कि, यह जीत भाजपा के सभी कर्मठ, जुझारू और जोशीले कार्यकर्ताओं की है। सभी कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण का परिणाम है। पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर जनसंपर्क किया। पार्टी की विचारधारा, मोदी की गारंटी, और राज्य की विष्णुदेव सरकार के विकास योजनाओं को जनता तक पहुंचाया, जिसका नतीजा ऐतिहासिक जीत के रूप में सामने आया है।
35 वें यातायात सड़क सुरक्षा माह का समापन
पूरे महीने में यातायात जागरूकता के अनेक कार्यक्रम हुए
धमतरी । सड़क परिवहन राजमार्ग मंत्रालय, नई दिल्ली के निर्देशानुसार राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का आयोजन किया गया। सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा को सार्थक बनाने के उद्देश्य से जिले में पुलिस अधीक्षक धमतरी आंजनेय वार्ष्णेय के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणीशंकर चन्द्रा के मार्गदर्शन में 1 से 31 जनवरी तक सड़क सुरक्षा माह मनाया गया। इस दौरान एक माह से लगातार हेलमेट जागरूकता रैली, जन जागरूकता रैली, स्कूल, कलेजो, शिक्षण संस्थाओं, व्यवसायिक संस्था में यातायात शिक्षा कार्यशाला का आयोजन समाजसेवी संस्था, एनसीसी, स्काऊट-गाईड के माध्यम से वाहन चालकों को चौक-चौराहों में समझाईश दी गई। हेलमेट, सीटबेल्ट पहनने वालों को गुलाब फूल देकर सम्मानित किया गया। साथ ही नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यातायात नियमो के प्रति आमजनों को जागरूक किया गया।
इसके अलावा वाहन चालको का स्वास्थ्य एंव नेत्र परीक्षण शिविर, यातायात रथ के माध्यम से हाट- बाजार, पर्यटन स्थल, ग्रामों में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया,। दुर्घटना से बचाव हेतु सायकल, दोपहिया, चारपहिया वाहनो में रेडियम रिफ्लेक्टर टेप और व्यवसायिक वाहन चालको का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। चौक-चौराहो, मुख्य मार्ग में अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही, स्कूली बच्चो को यातायात नियमो के प्रति जागरूक करने स्लोगन, चित्रकला, प्रतियोगिता, नगर निगम के सहयोग से आवारा मवेशियों की धरपकड़, स्कूल बसों की चेकिंग, शराब सेवन कर वाहन चलाने वाले वाहन चालको की चेकिंग की गई।
इसके साथ ही एनसीसी कैडेट्स को यातायात का प्रशिक्षण देकर आम जनता को यातायात नियमों का पालन कराने प्रेक्टिस कराया गया। यातायात पुलिस, सामाजिक संस्थाओं, स्कूली छात्र-छात्राओ, एनसीसी कैडेट्स, नगर निगम के सहयोग से आयोजित कार्यकम में 44 हजार 128 आमजन, छात्र-छात्राएँ, वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया। सड़क सुरक्षा माह को सफल बनाने में यातायात पुलिस के अलावा रेडक्रास सोसायटी, लायनेंस क्लब, नेहरू युवा केन्द्र धमतरी, रक्तदान सेवा समिति, फ्रीडम एकेडेमी, एमआर कम्प्यूटर, स्कूल-कालेज के विद्यार्थी, एनसीसी, स्काउड गाईड, नगर निगम धमतरी, स्वास्थ्य विभाग, हाईवे पेट्रोलिंग इत्यादि ने अपनी सहभागिता दी।
समापन कार्यक्रम की मुख्य अतिथि कलेक्टर नम्रता गांधी ने कहा कि सड़क सुरक्षा माह का उद्देश्य आम जनता को सड़क सुरक्षा के महत्व को बताकर जागरूक करना है। हम अपने रोजमर्रा के जीवन में सड़क सुरक्षा को अपनाते हुए दुर्घटना से बच सकते है, जिस प्रकार हम घर से तैयार होकर निकलते है, उसी प्रकार हमें वाहन चलाने के दौरान सीटबेल्ट, हेलमेट का उपयोग अवश्य करना चाहिए। साथ ही सीट के पीछे बैठे लोगों को भी हेलमेट सीटबेल्ट पहनना चाहिये, शराब सेवन कर वाहन नही चलाना चाहिए, मोटरसायकल में मस्ती-मजाक, स्टंट करते हुए नही चलना चाहिए। उन्होंने यातायात नियमों का पालन करने अपील भी की। पुलिस अधीक्षक आंजनेय वार्ष्णेय ने सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों को अपनाने की अपील की, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाकर अपने व दूसरों के जीवन को बचाया जा सके। सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की मदद करने वाले गुडसेमेरिटन को कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा मोमेंटो, गमला, प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समापन समारोह में आयुक्त, नगर निगम धमतरी श्रीमती प्रिया गोयल, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पवन कुमार प्रेमी, समाज सेवी संस्था रक्तदान सेवा समिति अध्यक्ष शिवा प्रधान, फीजिकल फ्रीडम सेंटर से लोकेश साहू, एमआर कम्प्यूटर्स से सेवक साहू, लायनेस क्लब से श्रीमती जानकी गुप्ता, नेहरू युवा केन्द्र से भूपेन्द्र मानिकपुरी, स्वास्थ्य विभाग से डॉ० गुरुशरण साहू एवं टीम, अतिक्रमण दस्ता, काउ कैचर टीम, संदीप सोनकर, मंच संचालक सुरेश कुमार साहू व्याख्याता, एनसीसी कैडेट्स, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया कर्मी एवं यातायात स्टॉफ उपस्थित थें।
मतदाताओं को जागरूक करने वार्डों में किया जा रहा ईव्हीएम का प्रदर्शन
धमतरी । नगरीय निकाय निर्वाचन 2025 के तहत आगामी 11 फरवरी को जिले के नगरनिगम धमतरी सहित पांचों नगर पंचायतों में मतदाताओं द्वारा महापौर, अध्यक्ष और पार्षदों के लिए वोट डाला जाएगा। नगरीय निकायों में मतदाताओं को ईव्हीएम के माध्यम से मतदान करने की प्रक्रिया से अवगत कराने और उन्हें मतदान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से वार्डों में एक फरवरी से ईव्हीएम का प्रदर्शन किया जा रहा है। आज नगरनिगम धमतरी के श्यामाप्रसाद मुखर्जी वार्ड, औद्योगिक वार्ड, चमेली चौक स्थित पुत्री शाला और दानीटोला वार्ड में ईव्हीएम का प्रदर्शन किया गया।
ईव्हीएम के संबंध में जानकारी देते हुए उपस्थित अधिकारी, कर्मचारियों ने बताया कि नगरीय निकाय निर्वाचन में ईव्हीएम के माध्यम से वोट डाले जाएंगे, जिसमें कंट्रोल यूनिट और बैलेट यूनिट होगा। बैलेट यूनिट में ऊपरी हिस्से में महापौर और अध्यक्ष का सफेद रंग से प्रदर्शित होगा और नीचे पार्षद का गुलाबी रंग प्रदर्शित होगा। मतदाता महापौर, अध्यक्ष अथवा पार्षद में किसी को भी पहले अपना वोट दे सकता है। पहली बार ईव्हीएम का बटन दबाने पर छोटी बीप और दूसरी बार बटन दबाने पर लम्बी बीप की आवाज आएगी, तभी मतदान पूरा माना जाएगा। इसके साथ ही जिस वार्ड में पार्षद प्रत्याशियों की संख्या अधिक होगी, वहां एक अतिरिक्त बैलेट यूनिट मशीन लगाई जाएगी।
04 फरवरी को यहां होगा ईव्हीएम का प्रदर्शन-
04 फरवरी को गोकुलपुर वार्ड स्थित सत्संग भवन, सदर दक्षिण वार्ड स्थित रानी बगीचा रंगमंच, बांसपारा वार्ड में नंदी चौक और पोस्ट ऑफिस वार्ड में साई मंदिर के पास ईव्हीएम का प्रदर्शन किया जाएगा।
पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति हेतु ऑनलाईन आवेदन 17 तक
धमतरी । छत्तीसगढ़ में संचालित सभी शासकीय, अशासकीय महाविद्यालय, विश्वविद्यालय, इंजीनियरिंग कॉलेज, मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, आईटीआई, पॉलीटेक्निक में अध्ययनरत अनुसूचित जाति, जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के ऐसे विद्यार्थी, जो आदिवासी विकास विभाग द्वारा संचालित पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति की पात्रता रखते हैं, उनसे शिक्षा सत्र 2024-25 हेतु पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के पंजीयन, स्वीकृति एवं वितरण के लिए वेबसाईट https://postmatric-scholarship.cg.nic.in/ पर ऑनलाईन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग ने बताया कि विद्यार्थी द्वारा ऑनलाईन आवेदन हेतु (नवीन/नवीनीकरण) 01 फरवरी 2025 से 17 फरवरी 2025 तक, ड्रॉफ्ट प्रपोजल लॉक करने की तिथि 01 फरवरी 2025 से 28 फरवरी 2025 तक और सेंक्शन ऑर्डर लॉक करने के लिए 01 फरवरी 2025 से 20 मार्च 2025 तक तिथि निर्धारित की गई है। सहायक आयुक्त ने यह भी बताया कि निर्धारित तिथि तक कार्यवाही पूर्ण नहीं करने पर यदि संबंधित संस्थाओं के विद्यार्थी छात्रवृत्ति से वंचित रह जाते हैं, तो इसके लिए संस्था प्रमुख जिम्मेदार होंगे।
सेवानिवृत्त शासकीय सेवकों को कलेक्टर ने किया पेंशन प्राधिकार पत्र का वितरण
धमतरी । कलेक्टर नम्रता गांधी ने 31 जनवरी 2025 को सेवानिवृत्त हुए जिले के 8 शासकीय सेवकों को गत दिनों पेंशन प्राधिकार पत्र का वितरण किया। इस अवसर पर कलेक्टर सुश्री गांधी ने सेवानिवृत्त हुए सभी अधिकारी, कर्मचारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और स्वस्थ रहने की कामना की। सेवानिवृत्त हुए शासकीय सेवकों में व्याख्याता शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल राजेन्द्र कुमार मीनपाल, डॉ.शोभाराम देवांगन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धमतरी कमलेश कुमार साहू, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल घोटगांव लोकनाथ देव, पशु चिकित्सा विभाग के सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी सुकदेव राम नेताम, प्रधानपाठक माध्यमिक शाला नगरी ज्योतिकांत साहू, माध्यमिक शाला धमतरी भूषण लाल सोनबेर, स्थल सहायक विद्युत यांत्रिकी, भारी संयंत्र, संभाग रूद्री ढेलूराम साहू और जल संसाधन विभाग बांध क्रमांक-02 के चौकीदार अंगद कुमार वर्मा शामिल हैं।
व्यय मॉनिटरिंग नियंत्रण कक्ष स्थापित
कलेक्टर ने नोडल अधिकारी नियुक्त कर किया सेल का गठन
धमतरी । नगरीय निकाय निर्वाचन 2025 के व्यय संबंधी शिकायतों की निगरानी के लिए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नम्रता गांधी के निर्देश पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिला पंचायत धमतरी में व्यय मॉनिटरिंग नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है, जिसका हेल्पलाईन नंबर 07722-232560 है। उन्होंने प्राप्त शिकायतों की प्रस्तुति के लिए ग्रामीण यांत्रिकी विभाग के लोखाधिकारी श्री सुकमन नेताम को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। सहयोग के लिए सेल का गठन भी किया गया है, जिसमें चार पालियों में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
जारी आदेश के तहत सुबह 6 से दोपहर 12 बजे तक सहायक ग्रेड 3 दिनेश साहू, डाटा एंट्री ऑपरेटर दिनेश साहू, दोपहर 12 से शाम छः बजे तक डाटा एंट्री ऑपरेटर मंजू सोनी, लेखापाल सह डाटा एंट्री ऑपरेटर कुमारी उषा सिन्हा, शाम 6 से रात 12 बजे तक डाटा एंट्री ऑपरेटर रोशन गंजीर, भूषण देवांगन और रात 12 से सुबह 6 बजे तक लेखापाल दीपक सोनी और सामाजिक अंकेक्षक डी.के.विश्वकर्मा की ड्यूटी लगाई गई है।
धमतरी में कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी विजय गोलछा का नामांकन निरस्त...
धमतरी। धमतरी निगम में कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी विजय गोलछा का नामांकन निरस्त हो गया है। अपर कलेक्टर इंदिरा देवरानी ने बताया कि महापौर के लिए 14 अभ्यर्थियों ने नाम निर्देशन प्रस्तुत किया था, समीक्षा के बाद 12 अभ्यर्थियों का नाम निर्देशन स्वीकृत हुए है। एक अभ्यर्थी विजय गोलछा कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में अपना नाम निर्देशन पत्र भरा था जिनका नामांकन अब तक विचाराधीन था।
बता दें कि धमतरी में कांग्रेस ने पार्टी जिला महामंत्री विजय गोलछा पर भरोसा जताकर उन्हें मैदान में उतारा था। वहीं भाजपा ने प्रदेश महामंत्री जगदीश रामू रोहरा को प्रत्याशी बनाया है। रामू रोहरा के अभिकर्ता ने कांग्रेस पार्टी के अधिकृत मेयर प्रत्याशी विजय गोलछा के फॉर्म पर आपत्ति जताई थी। उनका कहना था कि उनके फॉर्म में निगम में ठेकेदार के रूप में काम करने का जिक्र है। नियम के मुताबिक कोई अगर नगर निगम का प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से लाभार्थी है, वो महापौर का चुनाव लड़ने के योग्य नहीं माना जाता है। चुनाव आयोग ने उनकी आपत्ति पर जांच की तो सही पाया, जिसके बाद उनका नामांकन निरस्त कर दिया गया।
कांग्रेस पार्टी के अधिकृत मेयर प्रत्याशी का नामांकन निरस्त होने को लेकर धमतरी विधायक ओंकार साहू ने कहा कि मामले को लेकर हमारी पार्टी हाईकोर्ट जाएगी। बता दें कि धमतरी नगर निगम में महापौर के लिए कुल 19 लोगों ने फॉर्म खरीदे थे, जिसमें से 14 लोगों ने फॉर्म जमा किए है। विजय गोलछा सहित दो फॉर्म रिजेक्ट हुआ है, जबकि 12 स्वीकृत किए गए हैं।
जिला पंचायत के अधिकारी-कर्मचारियों ने शहीदों को दी श्रद्धांजली
धमतरी। जिला पंचायत धमतरी में भारत के स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों की स्मृति में अधिकारी, कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजली दी। ज्ञात हो कि इस दिन के महत्व को प्रसारित करने हेतु भारत के स्वतंत्रता में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की भूमिका तथा राष्ट्रीय एकता का स्मरण करते हुए राष्ट्रपिता महात्मा गांधी सहित देश के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर जिला पंचायत के उपसंचालक नकुल वर्मा, लेखाधिकारी चंदन कुमार टंडन, चेतन सिंह ध्रुव, श्रीमती कीर्ति मोहन सहायक परियोजना अधिकारी, सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
देशी शराब के साथ दो युवक गिरफ्तार
धमतरी। 73 पौवा देशी शराब के साथ दो लड़के गिरफ्तार हुए है। थाना कुरूद को कल मुखबिर से सूचना मिली की दो व्यक्ति एक काला कलर स्प्लेण्डर मो०सा० क्र० CG 05 R 8541 में सीट के उपर बीच में नीला कलर की थैला में अवैध रूप से शराब रखकर कुरूद भट्टी से निकलकर नारी रोड की ओर जा रहे है। जिस सूचना पर हमराह स्टॉफ के भरदा मोड कुरूद के पास जाकर घेराबंदी कर एक काला कलर स्प्लेण्डर मो०सा० क्र० CG 05 R 8541 में दो व्यक्ति को पकडकर उनका नाम पता पूछने पर अपना अपना प्रेमनारायण साहू पिता राजेश साहू उम्र 18 वर्ष, भुनेश्वर मारकंडेय पिता विश्वामित्र मारकंडेय उम्र 18 वर्ष दोनो मेडरका का रहने वाले बताये, मो०सा० के सीट के बीच में रखे नीला कलर थैला, जिसमें अंग्रेजी से सिगनेचर लिखा हुआ की तलाशी लेने पर थैला के अंदर 73 पौवा देशी मसाला शराब सीलबंद हालत में मिला,आरोपीगण को उक्त मो०सा०को मुकेश चंद्राकर होना बताये जाने पर आरोपी प्रेमनारायण साहू एवं भुनेश्वर मारकंडे के कब्जे से 73 पौवा देशी मसाला शराब कुल 13.140 लीटर कीमती 8030/- रूपये एवं हिरो स्प्लेण्डर मो०सा० क्र० CG 05 R 8541 कीमती 40,000/- रूपये कुल 48030/- रूपये को समक्ष गवाहों के जप्त कर आरोपीगण के विरूद्ध थाना कुरुद में अप० क्र०-32/25 धारा 34 (2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी प्रेमनारायण साहू पिता राजेश साहू एवं मुनेश्वर उर्फ भुनु मारकण्डेय पिता विश्वामित्र मारकण्डेय साकिन मेडरका थाना कुरूद को विधिवत् गिरफ्तार न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। आरोपी नाम प्रेमनारायण साहू पिता राजेश साहू उम्र 18 वर्ष 11 माह 02 माह, साकिन मेडरका थाना कुरूद,जिला धमतरी (छ.ग.) मुनेश्वर उर्फ भुनु मारकण्डेय पिता विश्वमित्र मारकण्डेय उम्र 18 वर्ष 02 माह साकिन मेडरका थाना कुरूद जिला धमतरी (छ.ग.)।
निकाय चुनाव: रिटर्निंग-सहायक रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्ति आदेश में संशोधन
धमतरी । नगरीय निकाय आम निर्वाचन के तहत कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी, स्थानीय निर्वाचन द्वारा जिले के नगरीय निकायों में रिटर्निंग एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर की नियुक्ति की गई है। जिले में पदस्थ राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों का स्थानांतरण होने की वजह से जिले में नियुक्त रिटर्निंग और सहायक रिटर्निंग ऑफिसर के आदेश में संशोधन करते हुए आदेश जारी किया गया है।
जारी संशोधित आदेश के तहत नगरपालिक निगम धमतरी के लिए अपर कलेक्टर इंदिरा देवहारी को रिटर्निंग अधिकारी और आयुक्त नगरनिगम धमतरी प्रिया गोयल, एसडीएम धमतरी पवन कुमार प्रेमी तथा तहसीलदार कुकरेल प्रेमु लाल साहू को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है। इसी तरह नगर पंचायत नगरी के रिटर्निंग अधिकारी एसडीएम नगरी रामकुमार कृपाल, सहायक रिटर्निंग ऑफिसर मुख्य नगरपालिका अधिकारी नगर पंचायत नगरी यशवंत वर्मा, नगर पंचायत मगरलोड के रिटर्निंग अधिकारी डिप्टी कलेक्टर बी.एस.मरकाम, सहायक रिटर्निंग अधिकारी सीएमओ मगरलोड अशोक चौहान, नगर पंचायत आमदी के रिटर्निंग अधिकारी अतिरिक्त तहसीलदार अखिलेश देशलहरे और सहायक रिटर्निंग अधिकारी सीएमओ आमदी भूपेश दीवान, नगर पंचायत भखारा के रिटर्निंग अधिकारी तहसीलदार भखारा भूपेश चन्द्राकर और सहायक रिटर्निंग अधिकारी सीएमओ भखारा संतोष विश्वकर्मा तथा नगर पंचायत कुरूद के रिटर्निंग ऑफिसर एसडीएम कुरूद बेरनदत्ता एक्का और सहायक रिटर्निंग ऑफिसर सीएमओ नगर पंचायत कुरूद महेन्द्र राज गुप्ता होंगे।
मानसिक स्वास्थ्य संबंधी प्रशिक्षण किया गया आयोजित
धमतरी । कलेक्टर नम्रता गांधी की अध्यक्षता में आज राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत जिला पंचायत धमतरी सभाकक्ष में मानसिक स्वास्थ्य संबंधी प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। उक्त प्रशिक्षण में जी.आर.सी.(जेन्डर रेसोर्स सेन्टर) के स्टेरिंग कंमिटी के मेम्बर, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग एवं पुलिस विभाग के अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित थे। प्रशिक्षण में मानसिक स्वास्थ्य के विभिन्न पहलुओ पर जानकारी दिया गया।
मानसिक स्वास्थ्य हमारे रोजमर्रा के अनुभवा का हिस्सा है। शारीरिक स्वास्थ्य की तरह, हम सभी के पास मानसिक स्वास्थ्य है। अच्छा मानसिक स्वास्थ्य हमारे जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बनाने में मदद कर सकता है। किशोरों में हो रहे मानसिक स्वास्थ्य में बदलाव को कैसे उनके पालक उसके भावनाओं को समझे एवं स्वीकार करें, शिक्षकों को बताया गया कि बच्चें को अपनी भावनाओ को कैसे नियंत्रित और अभिव्यक्त करते है जिसका हमारे मानसिक स्वास्थ्य पर प्रभाव पडता है।
बच्चों में होने वाले मानसिक समस्या को सुलझाना है भावनात्मक रूप से बच्चों में मानसिक स्वास्थ्य बिगडनें के बहुत से कारण होते है जैसें तुलना करना, डरना धमकाना, बहूत ज्यादा प्रेसर डालना साथ ही साथ बच्चो में मानसिक स्वास्थ्य संबंधी चिंताओ को समझना।
जैसेः- बुलइंग, हिंसा, आर्थिक परेशानी, शैक्षाणिक समस्याए, नशीले पदार्थ का उपयोग, परिवार का साथ छुट जाना, शारीरिक बिमारी इत्यादि विषयों को सुलझाना इन समस्त विषयों पर विस्तृत चर्चा किया गया। कलेक्टर ने बताया कि आजकल मानसिक समस्या प्रतिदिन बढ़ती ही जा रही है, इसे सहजता से न ले इसे भावनात्मकता से स्वीकारें और किस तरीके से इसको कम किया जायें इस पर जोर देने को कहा गया।
जिला स्तर पर स्थापित किया गया हेल्पडेस्क
धमतरी । बोर्ड परीक्षा आयोजन से उत्पन्न तनाव को दूर करने राज्य शासन द्वारा समय-समय पर पालक शिक्षक बैठक लिए जाने के लिए प्राथमिकता तय किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि आने वाले एक मार्च से कक्षा दसवीं एवं बारहवीं की बोर्ड परीक्षाएं आयोजित की जा रहीं हैं। बोर्ड परीक्षा के तनाव से मुक्त करने के लिए पालकों एवं विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए जिला स्तर पर हेल्पडस्क स्थापित किया गया है, जिसका नंबर 07722-230989 है।
इसके साथ ही जिला शिक्षा अधिकारी ने कार्यालय दिवसों में सुबह 10 से शाम 6 बजे तक जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय धमतरी में अधिकारियों की ड्यूटी लगाई है। इनमें सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक एपीसी श्री पंकज रावटे मो.नं. 90398-31428, दोपहर 12 से दोपहर 2 बजे तक श्री अतुल रणसिंह 87188-01753, दोपहर 2 से शाम 4 बजे तक श्री नंदकिशोर साहू 99774-13719 और शाम 4 से शाम 6 बजे तक श्री खेमेन्द्र कुमार साहू मो.नं. 91317-50230 की ड्यूटी लगाई है।
बड़ौदा आरसेटी में दिया जाएगा मुर्गी पालन का निःशुल्क प्रशिक्षण
धमतरी । बड़ौदा स्वरोजगार विकास संस्थान धमतरी द्वारा 10 दिवसीय निःशुल्क मुर्गी पालन प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए 18 से 45 साल तक की आयु के ग्रामीण बेरोजगार युवक, युवतियों से आगामी 20 जनवरी तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। निदेशक, बड़ौदा आरसेटी सुश्री अनिता टुडू ने बताया कि आवासीय सुविधायुक्त इस प्रशिक्षण के लिए 35 सीटें आरक्षित हैं। इसके लिए राशनकार्ड, आधार कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, शैक्षणिक प्रमाण पत्र और 5 पासपोर्ट साईज फोटो के साथ कम्पोजिट भवन के पीछे स्थित बड़ौदा स्वरोजगार विकास संस्थान में आवेदन जमा कर सकते हैं। इस संबंध मे अधिक जानकारी के लिए फोन नंबर 73899-43193 और 88394-68509 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न दक्षताओं की पहचान के लिए केस स्टडी, पोल्ट्री के स्कोप और महत्व, बैक यार्ड पोल्ट्री, वाणिज्यिक पोल्ट्री, नस्ल जैसे जापानी बटेर, बतख, तुर्क खेती, पोल्ट्री फार्मिंग की विभिन्न प्रणालियां-अंडे के उत्पादन के लिए, ब्रायलर और चिक उत्पादन के लिए हैचरी रीयरिंग टाइप सिस्टम, मल्टी टियर केज सिस्टम शेड के प्रकार और उनके निर्माण, पर्यावरण नियंत्रित शेड, शेड किटाणुरहित करना, पोल्ट्री उपकरण, उनका उपयोग और रखरखाव, पक्षियों का परिचय और प्रतिस्थापन इत्यादि की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही पोल्ट्री रोग-लक्षण, टीकाकरण और रोकथाम का सामान्य प्रबंधन, व्यवहार, स्वच्छता और शेड की स्वच्छता, सफाई, पोल्ट्री यूनिट, बैंकिंग, अग्रिम और जमा तथा मुर्गी पालन के लिए योजनाओं के बारे में भी बताया जाएगा।
गंगरेल पर्यटन स्थल में एकल प्लास्टिक पॉलिथीन का उपयोग प्रतिबंधित
धमतरी। कलेक्टर सुश्री नम्रता गांधी ने रविशंकर जलाशय गंगरेल पर्यटन स्थल में एकल यूज प्लास्टिक पॉलिथीन पर पूर्णतः प्रतिबंध लगाने कहा है। उन्होंने कहा कि पेपर बैग व दोना-पत्तल का उपयोग कर पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखा जाए। कलेक्टर सुश्री गांधी 16 जनवरी को रविशंकर जलाशय परियोजना गंगरेल में पर्यटन समिति की बैठक में उक्त बातें कहीं।
दो दिवसीय प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण में जिले के 73 वाहन चालक हुए शामिल
धमतरी । कलेक्टर एवं अध्यक्ष इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा धमतरी सुश्री नम्रता गांधी के मार्गदर्शन में 15 एवं 16 जनवरी को विभागीय वाहन चालकों का प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय के प्रशिक्षण हॉल में आयोजित किया गया।
इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.यू.एल.कौशिक, जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ.प्रिया कंवर सहित कुल 73 वाहन चालक उपस्थित रहे। इनमें पहले दिन 37 और दूसरे दिन के प्रशिक्षण में 36 वाहन चालकों ने प्रशिक्षण दिया। इस अवसर पर वाहन चालकों को फर्स्ट एड की प्री एवं पोस्ट टेस्ट भी लिया गया।
साथ ही सभी प्रकार के प्रारंभिक उपचार के बारे में बताते हुए प्रेक्टिकल कर ग्रुप वाईस चलित रूप से जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में प्रबंध समिति इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमेन श्रीमती प्राप्ति वासानी, वाईस चेयरमेन श्री शिवा प्रधान, संगठक श्री आकाशगिरी गोस्वामी, जिला प्रबंध समिति इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी एवं नेत्र सहायक अधिकारी डॉ.गुरूशरण साहू, श्री तोमेश्वर कुमार भण्डारी, श्री प्रदीप साहू उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के बाद सभी को प्राथमिक उपचार प्रमाण पत्र भी प्रदाय किया गया।