समय-सीमा बैठक में सम्पूर्णता अभियान की गहन समीक्षा
निर्धारित समयावधि में सभी इंडिकेटर्स पूर्ण करने एवं पोर्टल एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश
कोंडागांव, 25 फरवरी 2026
जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्री अविनाश भोई द्वारा सम्पूर्णता अभियान की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में संबंधित विभागों के जिला अधिकारी, खंड स्तरीय अधिकारी एवं विभिन्न इंडिकेटर्स के प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने अभियान अंतर्गत निर्धारित सभी लक्ष्यों एवं संकेतकों की विभागवार समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि प्रत्येक विभाग दैनिक गतिविधियों के अनुरूप कार्य करते हुए सभी इंडिकेटर्स को निर्धारित समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता नियमित मॉनिटरिंग, मैदानी अमले की सक्रियता एवं विभागीय समन्वय पर निर्भर करती है, अतः सभी अधिकारी पूरी गंभीरता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें।
सीईओ जिला पंचायत ने भी निर्देश दिए कि जमीनी स्तर पर संचालित गतिविधियों की प्रतिदिन रिपोर्टिंग सुनिश्चित की जाए तथा की गई कार्यवाही की सम्पूर्ण और समयबद्ध एंट्री पोर्टल में अनिवार्य रूप से दर्ज की जाए, जिससे प्रगति की वास्तविक स्थिति स्पष्ट रूप से परिलक्षित हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब को गंभीरता से लिया जाएगा।
बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर शेष लक्ष्यों की पूर्ति हेतु विशेष अभियान चलाएं तथा प्रत्येक गतिविधि की फोटो, प्रगति विवरण एवं आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध कराएं।
अंत में कलेक्टर ने अधिकारियों से अपेक्षा की कि सम्पूर्णता अभियान को जन-जन तक पहुंचाते हुए जिले को निर्धारित सभी मानकों में उत्कृष्ट स्थान दिलाने हेतु सतत प्रयास जारी रखें।