छत्तीसगढ़ / खैरागढ़-छुईखदान-गंडई

रैम्प योजना अंतर्गत उद्यमिता विकास कार्यक्रम का समापन, प्रतिभागियों को मिला प्रशिक्षण एवं प्रमाण पत्र

 15 प्रतिभागियों का उद्यम पोर्टल में पंजीयन, युवाओं को स्वरोजगार के लिए किया प्रेरित

खैरागढ़, 20 मई 2026

जिले में उद्यमिता को बढ़ावा देने तथा युवाओं, महिला समूहों एवं नए उद्यमियों को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रैम्प योजना अंतर्गत आयोजित उद्यमिता विकास कार्यक्रम (EDP LEAP बैच-7) का सफल समापन शासकीय कन्या शाला, खैरागढ़ में हुआ। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 5 मई से 18 मई 2026 तक आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय एवं राज्य शासन की उद्यमिता प्रोत्साहन पहलों के तहत किया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को व्यवसाय स्थापना, प्रबंधन, सरकारी योजनाओं तथा MSME क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की विस्तृत जानकारी दी गई।

मास्टर ट्रेनर पारुल पाण्डेय द्वारा प्रतिभागियों को उद्यमिता की अवधारणा, उद्यमियों के प्रकार, स्थानीय संसाधनों पर आधारित व्यावसायिक अवसरों की पहचान, कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण, वनोपज (एमएफपी/एनटीएफपी), हथकरघा एवं हस्तशिल्प, धातु निर्माण, पर्यटन एवं सेवा क्षेत्र आधारित MSME इकाइयों के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही जिलेवार ODOP (वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट) अवसरों एवं व्यवहारिक व्यवसायिक विचारों की पहचान पर भी विस्तार से जानकारी साझा की गई।

प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया तथा उनके प्रश्नों का समाधान भी किया। कार्यक्रम में जिलेभर से 30 इच्छुक प्रतिभागियों, नए उद्यमियों, स्वयं सहायता समूह सदस्यों एवं स्टार्टअप प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिभागियों के साथ उद्योग रणनीति पर सामूहिक चर्चा आयोजित की गई तथा फीडबैक फॉर्म भी भरवाए गए। साथ ही 1 दिवसीय जिला स्तरीय संवेदीकरण कार्यशाला, क्षेत्र विशिष्ट प्रशिक्षण कार्यशाला एवं एडवांस प्रशिक्षण कार्यशाला में शामिल प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

इस दौरान कुल 15 प्रतिभागियों का उद्यम पोर्टल में पंजीयन भी कराया गया। प्रतिभागियों ने कार्यक्रम को उपयोगी, प्रेरणादायक एवं स्वरोजगार के लिए मार्गदर्शक बताया।

समापन अवसर पर मास्टर ट्रेनर रोहित शर्मा ने प्रतिभागियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं विभागीय मार्गदर्शन की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन एवं क्रियान्वयन मास्टर ट्रेनर पारुल पाण्डेय द्वारा किया गया, जबकि डिविजनल समन्वयक के रूप में तुषार साहू उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में चॉइस कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समापन अवसर पर संस्था द्वारा सभी प्रतिभागियों, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र खैरागढ़ के महाप्रबंधक के. बघेल, सहायक प्रबंधक अर्जुन साहू तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग एवं मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया गया।

Leave Your Comment

Click to reload image