छत्तीसगढ़ / मनेन्द्रगढ़ – चिरिमिरी – भरतपुर

तपती धूप में भी जलसेवा का संकल्प कायम: दूरस्थ गांवों तक निर्बाध पेयजल पहुंचाने में जुटी पीएचई टीम

 एमसीबी : तपती धूप में भी जलसेवा का संकल्प कायम: दूरस्थ गांवों तक निर्बाध पेयजल पहुंचाने में जुटी पीएचई टीम

 
 
 
 एमसीबी /25 मई 2026
भीषण गर्मी, उमस और लगातार बढ़ते जल संकट के बीच लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की टीम ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ लगातार मैदान में डटी हुई है। विकासखंड भरतपुर के ग्राम थोरगी सहित दूरस्थ और संवेदनशील ग्रामीण इलाकों में विभाग द्वारा जल जीवन मिशन अंतर्गत संचालित योजनाओं की सतत मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक शुद्ध और सुरक्षित पेयजल की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।

सहायक अभियंता श्री जयंत कुमार चंदेल स्वयं लगातार ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर पेयजल योजनाओं की जमीनी स्थिति का निरीक्षण कर रहे हैं। भ्रमण के दौरान उन्होंने तकनीकी कर्मचारियों एवं हैंडपंप मैकेनिकों को खराब हैंडपंपों, पाइपलाइन संबंधी समस्याओं तथा पेयजल व्यवस्थाओं में आने वाली तकनीकी बाधाओं का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए। विभाग की टीम भीषण गर्मी और कठिन परिस्थितियों के बावजूद ग्रामीणों को पानी की समस्या से राहत दिलाने के लिए दिन-रात कार्य कर रही है।

जल जीवन मिशन के तहत संचालित योजनाओं के नियमित संचालन के साथ-साथ ग्रामीणों को जल संरक्षण के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है। लोगों से आवश्यकता न होने पर नल की टोटी बंद रखने, पानी का दुरुपयोग रोकने और जल बचाने की अपील की जा रही है। विभाग द्वारा यह संदेश भी दिया जा रहा है कि पानी केवल आज की आवश्यकता नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए अमूल्य संसाधन है, इसलिए इसका संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

भ्रमण के दौरान ग्राम जल एवं स्वच्छता समितियों के सदस्यों के साथ बैठक कर योजनाओं के सतत संचालन में जनभागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। ग्रामीणों को जल कर संग्रहण के महत्व से अवगत कराया गया ताकि योजनाओं का रखरखाव लंबे समय तक सुचारु रूप से जारी रखा जा सके। इसके साथ ही प्रत्येक घर के नल कनेक्शन के पास सोख्ता गड्ढा निर्माण को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए, जिससे जल संरक्षण के साथ स्वच्छता व्यवस्था को भी मजबूती मिल सके।

सहायक अभियंता श्री जयंत कुमार चंदेल ने कहा कि सीमित संसाधनों और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद विभाग का निरंतर प्रयास है कि क्षेत्र के किसी भी ग्रामीण को पेयजल संकट का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि शासन की मंशानुरूप हर घर तक स्वच्छ, सुरक्षित और नियमित पेयजल पहुंचाना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए पूरी टीम निरंतर समर्पण भाव से कार्य कर रही है।

Leave Your Comment

Click to reload image