छत्तीसगढ़ / गरियाबंद

अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के तहत आवेदन आमंत्रित

 पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को कक्षा 12वीं तक मिलेगी निःशुल्क आवासीय शिक्षा

गरियाबंद जिले के लिए 5 सीटें निर्धारित, 3 जुलाई तक कर सकते हैं आवेदन

गरियाबंद, 24 जून 2026

छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए संचालित अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना के अंतर्गत कक्षा 6वीं में प्रवेश लेने वाले पात्र विद्यार्थियों को प्रदेश के चयनित निजी आवासीय विद्यालयों में कक्षा 12वीं तक निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जाएगी।
जिला श्रम पदाधिकारी सुश्री जयंती बसंल ने बताया कि गरियाबंद जिले को इस योजना के तहत 5 सीटों का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। इच्छुक पंजीकृत निर्माण श्रमिक अपने बच्चों के लिए 3 जुलाई 2026 तक विभागीय वेब पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन श्रमेव जयते मोबाइल एप अथवा श्रम संसाधन केंद्र नगर पंचायत फिंगेश्वर, जनपद पंचायत छुरा, मैनपुर, देवभोग तथा जिला गरियाबंद स्थित श्रम संसाधन केंद्र के कक्ष क्रमांक 01 में आवश्यक दस्तावेजों सहित जमा कर सकते हैं। योजना का लाभ ऐसे पंजीकृत निर्माण श्रमिकों की प्रथम दो संतानों को मिलेगा, जिनका श्रमिक पंजीयन कम से कम एक वर्ष पूर्व का हो तथा जो वर्तमान शैक्षणिक सत्र में कक्षा 6वीं में प्रवेश ले रहे हों। विद्यार्थियों का चयन मेरिट के आधार पर किया जाएगा।
आवेदन के लिए श्रम पंजीयन कार्ड, बच्चे का आधार कार्ड, मूल निवास प्रमाण पत्र, पूर्व वर्ष की अंकसूची, वर्तमान कक्षा अध्ययनरत प्रमाण पत्र, स्थानांतरण प्रमाण पत्र तथा स्व-घोषणा पत्र आवश्यक हैं। चयनित विद्यार्थियों को कक्षा 6वीं से 12वीं तक प्रदेश के उत्कृष्ट आवासीय विद्यालयों में पूरी तरह निःशुल्क शिक्षा, आवास एवं अन्य शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह एवं सचिव गिरीश रामटेके के निर्देशानुसार संचालित इस महत्वाकांक्षी योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए पात्र निर्माण श्रमिकों से समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की गई है।

Leave Your Comment

Click to reload image