छत्तीसगढ़ / मुंगेली

युवा नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण को सशक्त बनाने का प्रभावी मंच है "इंकलाब युवा संसद" : केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू

मुंगेली/ बिलासपुर -भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने बिलासपुर में जीवन संस्कार सेवा समिति द्वारा आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय युवा सम्मेलन "इंकलाब युवा संसद 2026" के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं से लोकतांत्रिक मूल्यों को आत्मसात करते हुए नेतृत्व क्षमता विकसित करने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

अपने संबोधन में श्री साहू ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में तार्किक चिंतन, प्रभावी अभिव्यक्ति, संवाद कौशल एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि दृढ़ संकल्प, सतत परिश्रम और समाजसेवा के प्रति समर्पण ही सफलता का वास्तविक आधार है।

समारोह के दौरान विभिन्न समितियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। श्री साहू ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए जीवन संस्कार सेवा समिति, एसईसीएल, अचीवर्स पब्लिक स्कूल, आयोजन समिति तथा सभी सहयोगियों के प्रयासों की सराहना की।

इसी क्रम में श्री साहू ने बिलासपुर स्थित जल संसाधन परिसर के सभा भवन में नारी शक्ति बिलासपुर (छत्तीसगढ़) द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने नारी शक्ति की संस्थापक अध्यक्ष एवं किशोर न्याय बोर्ड की सदस्य डॉ. उषा किरण वाजपेयी से भेंट कर विधि, समाजसेवा, महिला सशक्तिकरण एवं सांस्कृतिक क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।

इसके पश्चात श्री साहू शांति नगर, बिलासपुर में वंदे मातरम् मित्र मण्डल द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भी सम्मिलित हुए। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं उपस्थित नागरिकों से आत्मीय संवाद कर सामाजिक सहभागिता एवं जनसेवा के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता पर बल दिया।

Leave Your Comment

Click to reload image