प्रदेश साहू युवा प्रकोष्ठ में पीयूष प्रदेश संगठन सचिव व कुलेश्वर को महामंत्री मिली जिम्मेदारी
लोरमी - प्रदेश साहू संघ के अध्यक्ष नीरेंद्र साहू की अनुशंसा पर प्रदेश साहू युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक शशिकांत साहू ने अपनी टीम का विस्तार करते हुए लोरमी निवासी एवं समाज के सक्रिय युवा कार्यकर्ता पीयूष साहू को प्रदेश साहू युवा प्रकोष्ठ का प्रदेश संगठन सचिव और लोरमी जनपद के पूर्व सभापति कुलेश्वर साहू को प्रदेश महामंत्री नियुक्त किया है। उल्लेखनीय है कि पीयूष साहू लंबे समय से साहू समाज के संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। इससे पूर्व वे तहसील साहू युवा प्रकोष्ठ लोरमी के उपाध्यक्ष, कार्यकारी अध्यक्ष, बिलासपुर संभाग संयुक्त सचिव तथा संभाग कोषाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं। तो वहीं कुलेश्वर साहू तहसील साहू संघ युवा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष रह चुके है। दोनों की सक्रियता, संगठन के प्रति समर्पण एवं कार्यकुशलता को देखते हुए यह नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं युवा साथियों ने दोनों की नियुक्ति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दी हैं तथा विश्वास जताया है कि उनके नेतृत्व में प्रदेश साहू युवा प्रकोष्ठ और अधिक सशक्त एवं सक्रिय होगा।