अवैध शराब-गांजा बिक्री का विरोध करने पर शिक्षक पर हमला, एफआईआर दर्ज
अण्डा।
ग्राम चंदखुरी में अवैध शराब और गांजा बिक्री का विरोध करना एक शिक्षक को भारी पड़ गया। क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ आवाज उठाने वाले शिक्षक नरसिंग बारले पर कथित रूप से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार, 17 जुलाई की शाम करीब 5 बजे शिक्षक नरसिंग बारले स्कूल से मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे चंदखुरी के राम मंदिर स्थित पुराने बाजार चौक के पास पहुंचे, वहां मौजूद वासु बारले और यीशु निर्मलकर ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि दोनों ने शराब पीने के लिए पैसे मांगे। शिक्षक द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए हमला कर दिया।
एफआईआर के मुताबिक, आरोपियों ने ईंट के टुकड़े से शिक्षक के सिर पर वार किया। बीच-बचाव के दौरान नुकीली वस्तु से नाक के पास भी हमला किया गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और खून बहने लगा। घटना के दौरान रमेश देशमुख, डोमन सिन्हा, धन बघेल और संजय बघेल मौके पर मौजूद थे और उन्होंने पूरी घटना देखी।
घटना के बाद शिक्षक ने अपने परिजनों को जानकारी दी और पत्नी तथा भाई के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब और गांजा की बिक्री हो रही है, जिसके कारण असामाजिक तत्व आए दिन हुड़दंग और गाली-गलौज करते हैं। उन्होंने इस अवैध कारोबार को बंद कराने के लिए जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत भी की थी।
शिक्षक का कहना है कि इसी विरोध से नाराज होकर आरोपियों ने उन पर हमला किया। घटना के बाद ग्रामीणों में भी आक्रोश है। ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षेत्र में अवैध शराब और गांजा कारोबार पर सख्त कार्रवाई करने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है