छत्तीसगढ़ / दुर्ग

ताश खेलते पकड़े गए निगम के तीन कर्मचारी निलंबित

 भिलाईनगर । नगर पालिक निगम भिलाई के मुख्य कार्यालय परिसर में ड्यूटी के दौरान ताश-पत्ती खेलते पाए जाने पर निगम आयुक्त ने तीन कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई कार्यस्थल पर अनुशासनहीनता और शासकीय कार्य में लापरवाही के मामले में की गई।

जानकारी के अनुसार, 21 जुलाई को तीनों कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया था। कर्मचारियों ने 22 जुलाई को अपना जवाब प्रस्तुत किया, लेकिन आयुक्त ने उसे असंतोषजनक मानते हुए निलंबन का आदेश जारी कर दिया।

आरोप है कि कार्यालीन समय में निगम के मुख्य कार्यालय परिसर स्थित तहसील कार्यालय के सामने तीनों कर्मचारी अपने शासकीय दायित्वों का निर्वहन करने के बजाय ताश-पत्ती खेलते हुए पाए गए। निगम प्रशासन ने इसे सरकारी सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन मानते हुए कहा कि इस तरह की हरकत से नगर निगम की छवि धूमिल हुई है और आम नागरिकों के बीच गलत संदेश गया है।

निलंबित कर्मचारियों में विकास सिंह (सहायक राजस्व निरीक्षक), डहर सिंह बंजारे (सफाई कामगार) और अशोक यादव (भृत्य) शामिल हैं। आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि में तीनों का मुख्यालय जोन-4, शिवाजी नगर रहेगा। इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन-निर्वाह भत्ते की पात्रता रहेगी।

नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय कार्य के दौरान अनुशासनहीनता और कर्तव्य के प्रति लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image