छत्तीसगढ़ / दुर्ग

दिव्यांगजन छात्रवृत्ति योजना अब पूरी तरह ऑनलाइन, 30 सितंबर तक करना होगा आवेदन

 दुर्ग । राज्य सरकार की दिव्यांगजन छात्रवृत्ति योजना को अब पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया गया है। समाज कल्याण संचालनालय, छत्तीसगढ़ द्वारा योजना को भारत सरकार के नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (एनएसपी) पर ऑनबोर्ड कर दिया गया है। अब दिव्यांग विद्यार्थियों को आवेदन से लेकर छात्रवृत्ति की राशि प्राप्त करने तक की संपूर्ण प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से पूरी करनी होगी।

योजना के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों के बैंक खातों में छात्रवृत्ति की राशि सीधे डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से जमा की जाएगी। समाज कल्याण के उपसंचालक ए.पी. गौतम से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिव्यांगजन छात्रवृत्ति योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन 07 जुलाई 2026 से प्रारंभ हो चुकी हैं। पात्र छात्र-छात्राएं 30 सितंबर 2026 तक नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

प्राप्त आवेदनों का सत्यापन दो चरणों में किया जाएगा। प्रथम चरण में संबंधित विद्यालय अथवा शिक्षण संस्था द्वारा आवेदनों की जांच एवं सत्यापन किया जाएगा, जिसकी अंतिम तिथि 15 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। इसके पश्चात द्वितीय चरण में जिला समाज कल्याण कार्यालय द्वारा आवेदनों का परीक्षण एवं सत्यापन किया जाएगा। इस चरण के सत्यापन की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर 2026 निर्धारित है।

दोनों स्तरों पर सत्यापन की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद पात्र पाए गए विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा तथा छात्रवृत्ति की राशि सीधे उनके बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से अंतरित की जाएगी।

 

Leave Your Comment

Click to reload image