छत्तीसगढ़ / दुर्ग

नेहरू आर्ट गैलरी में हिमांशु वर्मा की छायाचित्र प्रदर्शनी 6 अगस्त से

 भिलाई  । भिलाई इस्पात संयंत्र के जनसंपर्क विभाग द्वारा संचालित नेहरू आर्ट गैलरी, इंदिरा प्लेस, सिविक सेंटर में युवा छायाकार हिमांशु वर्मा की तीन दिवसीय एकल छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। प्रदर्शनी का शुभारंभ 6 अगस्त को मुख्य महाप्रबंधक (परियोजनाएँ) उन्मेष भारद्वाज के मुख्य आतिथ्य में किया जाएगा।
 
यह प्रदर्शनी 6 से 8 अगस्त तक प्रतिदिन सायं 5:30 बजे से रात्रि 8:30 बजे तक आम दर्शकों के लिए खुली रहेगी। प्रदर्शनी में हिमांशु वर्मा द्वारा सृजित नवीनतम छायाचित्र प्रदर्शित किए जाएंगे, जो प्रकृति, प्रकाश, एकांत एवं दैनिक जीवन के सहज किंतु अर्थपूर्ण क्षणों को कलात्मक दृष्टि से प्रस्तुत करते हैं।


अपनी विशिष्ट मिनिमलिस्ट शैली के लिए पहचाने जाने वाले हिमांशु वर्मा अपने छायाचित्रों के माध्यम से साधारण प्रतीत होने वाले दृश्यों में निहित असाधारण सौंदर्य को उजागर करते हैं। प्रकाश और छाया के संतुलित संयोजन, सूक्ष्म भावों तथा क्षणभंगुर दृश्यों को संवेदनशीलता के साथ चित्रित कर वे दर्शकों को ठहरकर जीवन की बारीकियों को अनुभव करने के लिए प्रेरित करते हैं।

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

हिमांशु वर्मा वर्ष 2019 में नेहरू आर्ट गैलरी में आयोजित संयुक्त छायाचित्र प्रदर्शनी में अपनी सहभागिता दर्ज करा चुके हैं। उनकी छायाचित्र श्रृंखला का चयन प्रख्यात फोटोग्राफर विनीत वोहरा की प्रतिष्ठित मास्टरक्लास के टॉप पोर्टफोलियो में किया गया है। उनके कार्य विभिन्न ऑनलाइन फोटोग्राफी मंचों पर भी प्रदर्शित हो चुके हैं। इसके अतिरिक्त उन्होंने छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के साथ फोटोग्राफी परियोजना में भी सहयोग किया है। उनके छायाचित्र अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनों में प्रदर्शित हो चुके हैं तथा कई प्रतिष्ठित समूह प्रदर्शनों के लिए भी चयनित किए गए हैं।

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के जनसंपर्क विभाग ने कला प्रेमियों, छायाचित्र प्रेमियों एवं आम नागरिकों से इस प्रदर्शनी का अवलोकन कर भिलाई के उभरते हुए छायाकार हिमांशु वर्मा की सृजनात्मक अभिव्यक्तियों का आनंद लेने का आग्रह किया है।

 

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image