लीगल एड क्लीनिक बना ग्रामीणों का सहारा, कानून के साथ आधार एवं अन्य दस्तावेजों की समस्याएं भी सुनीं
कोंडागांव, सितम्बर 2026
ग्रामीणों को उनके अधिकारों और शासकीय सेवाओं का लाभ दिलाने के साथ उनकी विधिक एवं दस्तावेज संबंधी समस्याओं के निराकरण की दिशा में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आज दिनांक 10 सितंबर 2026 को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोण्डागांव श्री खिलावन राम रिगरी के मार्गदर्शन में 60 दिवसीय मेगा ड्राइव नालसा योजना 2026 के तहत ग्राम पंचायत तोतर में स्थापित लीगल एड क्लीनिक में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सुश्री गायत्री साय ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को विस्तारपूर्वक सुना। इस दौरान ग्रामीणों ने विभिन्न कानूनी समस्याओं के साथ आधार कार्ड, पहचान संबंधी दस्तावेज, आवश्यक प्रमाण-पत्र एवं अन्य दस्तावेजों से जुड़ी परेशानियों की भी जानकारी दी। सचिव ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से समझते हुए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया तथा संबंधित विषयों में उपलब्ध सहायता एवं समाधान की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि कई बार जानकारी के अभाव में ग्रामीण शासन की योजनाओं और अपने अधिकारों का लाभ नहीं ले पाते। लीगल एड क्लीनिक ऐसे लोगों के लिए महत्वपूर्ण माध्यम है, जहां उन्हें विधिक सलाह के साथ आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा सकता है।
शिविर में ग्रामीणों को निःशुल्क विधिक सहायता, कानूनी सलाह एवं विभिन्न विधिक सेवाओं की जानकारी देते हुए जागरूक किया गया। साथ ही ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए लीगल एड क्लीनिक से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया। इस पहल से गांव स्तर पर न्याय, अधिकार और जरूरी दस्तावेजों से संबंधित समस्याओं के समाधान की राह आसान होने की उम्मीद है।
इस कार्यक्रम में श्री रामकुमार कुंजाम नोडल अधिकारी,प्रतिधारक अधिवक्ता श्री सुरेंद्र भट्ट ,पुलिस विभाग, ग्राम पंचायत तोतर के सरपंच श्रीमती संतोषी सोरी, सचिव सुनीता मरापी व अधिकार मित्र रंजन कुमार बैध, लोकेश कुमार यादव, संदीप कुमार सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे।