*सेवा-संकल्प की रोशनी से जगमगाया मुंगेली, ‘आशीर्वाद का दीया’ से अभियान का शुभारंभ*
मुंगेली |
2026-09-18 15:40:11
*सेवा-संकल्प की रोशनी से जगमगाया मुंगेली, ‘आशीर्वाद का दीया’ से अभियान का शुभारंभ*
*जनकल्याण को समर्पित है प्रधानमंत्री मोदी का 25 वर्षों का कार्यकाल अविस्मरणीय - केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू*
मुंगेली - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर जिले में सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत जिला मुख्यालय स्थित पुराना बस स्टैंड के कमेटी हॉल में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू शामिल हुए। मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर अमृत विकास तोपनो, अपर कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पांडेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय, जनपद पंचायत अध्यक्ष रामकमल सिंह परिहार, जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी, पूर्व सांसद लखनलाल साहू, नगर पालिका उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा सहित शीलू साहू, शैलेश पाठक, गिरीश शुक्ला, एल्डरमैन एवं पार्षदगण उपस्थित रहे।
*गरीब, वंचित और मातृशक्ति के कल्याण को प्राथमिकता*
मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर देशभर में सेवा संकल्प अभियान के रूप में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ‘आशीर्वाद का दीया’ के माध्यम से जनभागीदारी का भाव व्यक्त किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकास की अवधारणा को गरीब और वंचित वर्ग के कल्याण से जोड़ने का कार्य किया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को पक्के आवास, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों को आर्थिक सहायता, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के माध्यम से खाद्यान्न की व्यवस्था, घर-घर शौचालय के माध्यम से माताओं-बहनों के सम्मान और स्वच्छता को बढ़ावा देने तथा सौर ऊर्जा के माध्यम से बिजली की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किए गए हैं।
मंत्री श्री साहू ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री पद की शपथ लेते हुए नरेंद्र मोदी ने सरकार को गरीबों, वंचितों और माताओं-बहनों के कल्याण के लिए समर्पित करने की बात कही थी और उसी दिशा में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी जा रही हैं।
*सेवा और संकल्प की भावना को आगे बढ़ाया*
मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने और जन्मदिवस के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान एवं ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के माध्यम से देशभर में सेवा और जनभागीदारी की भावना को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों को आर्थिक सहायता दी जा रही है तथा आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र परिवारों को उपचार की सुविधा मिल रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विचारों और सेवा की भावना को आगे बढ़ाते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित करना इस अभियान का उद्देश्य है।
*जिले में 05 लाख से अधिक दीये किए गए प्रज्ज्वलित*
कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने अभियान के संबंध में पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले के सभी विकासखंडों के साथ ग्राम एवं वार्ड स्तर पर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। अभियान के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘सपनों का भारत’ विषय पर ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिता, नमो सेवा सप्ताह, ‘आंगन का उत्सव’ के अंतर्गत आंगनबाड़ी सम्मान एवं मातृत्व सम्मान, विकसित भारत से संबंधित गतिविधियां, सेवा ज्योति यात्रा, ‘जल जन-जन’, ‘सेवा मेरा योगदान’ सहित विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता, रंगोली प्रतियोगिता एवं जन सेवक महाकुंभ जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय समारोह में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया तथा जिले के विभिन्न शासकीय एवं निजी भवनों सहित सार्वजनिक स्थलों पर 5 लाख से अधिक दीये प्रज्ज्वलित किए जा रहे हैं।
जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी ने सेवा संकल्प अभियान एवं ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के लिए जिलेवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से सेवा, समर्पण और जनभागीदारी की भावना को मजबूत किया जा रहा है। कार्यक्रम का संचालन श्री अशोक सोनी ने किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।