छत्तीसगढ़ / राजनांदगांव

सेवा संकल्प अभियान के तहत मेरे सपनों का भारत चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उकेरे विकसित भारत के सपने

 राजनांदगांव । सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत विद्यार्थियों की रचनात्मकता, कल्पनाशीलता तथा विकसित भारत के प्रति उनके विचारों को अभिव्यक्ति देने के उद्देश्य से जिले में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 18 सितम्बर को जिले के 1234 से अधिक शासकीय, अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त विद्यालयों में मेरे सपनों का भारत विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए चित्रों एवं पेंटिंग के माध्यम से भारत की विकास यात्रा और विकसित भारत को लेकर अपने सपनों एवं कल्पनाओं को साकार किया।

चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को देश की पिछले 25 वर्षों की विकास यात्रा एवं उपलब्धियों तथा विकसित भारत की संकल्पना से जुड़े विषयों पर अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति प्रस्तुत करने का अवसर मिला। विद्यार्थियों ने रंगों और कल्पनाओं के माध्यम से अपने सपनों के भारत की तस्वीर उकेरी। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों में देश के विकास, नवाचार, आत्मनिर्भरता तथा भविष्य के भारत को लेकर सोच विकसित करने का प्रयास किया गया।

19 सितम्बर को विद्यालयों में प्रदर्शित किए जाएंगे विद्यार्थियों के चित्र

विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए चित्रों एवं पेंटिंग की प्रदर्शनी 19 सितम्बर को सभी विद्यालयों में आयोजित की जाएगी। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों द्वारा तैयार चित्रों के माध्यम से देश की विकास यात्रा और विकसित भारत को लेकर उनके विचारों एवं सपनों को प्रदर्शित किया जाएगा। इस अवसर पर विद्यार्थियों के पालकों, शाला प्रबंधन समिति (एसएमसी), शाला प्रबंधन एवं विकास समिति (एसएमडीसी) के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों तथा स्व-सहायता समूहों के सदस्यों को आमंत्रित किया जाएगा। प्रदर्शनी का उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने के साथ ही विद्यालय और समुदाय के बीच सहभागिता को बढ़ावा देना है।

भाषण प्रतियोगिता एवं न्योता भोज का भी होगा आयोजन

सेवा संकल्प अभियान के तहत 19 सितम्बर को विद्यालय स्तर पर च्मेरे सपनों का भारतज् विषय पर विद्यार्थियों के लिए भाषण प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से विद्यार्थी विकसित भारत की संकल्पना, देश की उपलब्धियों तथा भविष्य के भारत को लेकर अपने विचार व्यक्त करेंगे। साथ ही विद्यालयों में यथासंभव न्योता भोज का आयोजन भी किया जाएगा। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में रचनात्मकता, देश के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण तथा विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका को लेकर जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image