छत्तीसगढ़ / राजनांदगांव

मनीष को मिला आत्मनिर्भरता का अवसर

 राजनांदगांव । मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना युवाओं को उनकी रूचि और योग्यता के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण प्रदान कर रोजगार से जोडऩे में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के तहत प्रशिक्षण प्राप्त कर राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम पटपर के  मनीष कुमार ने अपने लिए रोजगार का अवसर हासिल किया है। आज वे टीवीएस कंपनी बैंगलोर में इलेक्ट्रिकल टेक्नीशियन के रूप में कार्य करते हुए प्रतिमाह 21 हजार रूपए की आय अर्जित कर रहे हैं।  मनीष कुमार ने प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के सेवाकाल एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित सेवा संकल्प को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवाओं को कौशल और रोजगार के अवसर प्रदान करने वाली योजनाएं देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे प्रयासों से युवा आत्मनिर्भर बनकर विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान देंगे।

     मनीष कुमार ने बताया कि उन्होंने कक्षा 12वीं तक शिक्षा प्राप्त की है। वे आगे रोजगार प्राप्त कर आत्मनिर्भर बनना चाहते थे। इसी दौरान उन्हें मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के तहत लाइवलीहुड कॉलेज में इलेक्ट्रिकल टेक्नीशियन का प्रशिक्षण दिए जाने की जानकारी मिली। प्रशिक्षण के माध्यम से रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिलने की जानकारी मिलने पर प्रशिक्षण के लिए आवेदन किया। उन्होंने प्रशिक्षण के लिए चयनित होने के बाद नियमित रूप से प्रशिक्षण में भाग लिया और 378 घंटे का इलेक्ट्रिकल टेक्नीशियन प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया। प्रशिक्षण के बाद परीक्षा भी उत्तीर्ण की। इसके पश्चात उन्हें टीवीएस कंपनी बैंगलोर में रोजगार का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के माध्यम से युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है। जिससे उन्हें अपने पैरों पर खड़े होने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने युवाओं को प्रशिक्षण उपलब्ध कराने, रोजगार से जोडऩे तथा समय-समय पर आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image