छत्तीसगढ़ / सुकमा

बाढ़ में फंसी जिंदगी, प्रशासन बना सहारा: रेस्क्यू कर मरीज को पहुंचाया अस्पताल

 बाढ़ के बीच उम्मीद की नाव: प्रशासन की तत्परता से मरीज को मिली नई जिंदगी

बाढ़ और कठिन परिस्थितियों के बीच जिला प्रशासन की त्वरित संवेदनशीलता और राहत दल की तत्पर कार्रवाई ने एक मरीज को समय पर उपचार दिलाकर उसकी जान बचाने में अहम भूमिका निभाई। आंध्रप्रदेश के कुड़मति निवासी 50 वर्षीय के. रामलू, पिता लिंग्या, ओडिशा से बस में सवार होकर आंध्रप्रदेश जा रहे थे। इसी दौरान उन्हें तेज बुखार, सिरदर्द, सांस लेने में तकलीफ और बीपी की शिकायत हुई। बाढ़ के कारण रास्ता बाधित होने और मरीज के फंस जाने की सूचना पर परिजनों ने स्थानीय सचिव के माध्यम से पुलिस जवानों को जानकारी दी। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन की बाढ़ एवं राहत आपदा टीम ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
   मुश्किल हालात में राहत और स्वास्थ्य टीम ने मिलकर मानवता की मिसाल पेश की। एसडीआरएफ एवं राहत दल ने तत्काल बोट की मदद से इंजरम से मरीज को सुरक्षित नाला पार कराया। दूसरी ओर स्वास्थ्य विभाग की टीम एम्बुलेंस के साथ पहले से मुस्तैद रही और मरीज को तत्काल कोंटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों की टीम ने समय पर उपचार शुरू किया, जिसके बाद मरीज की स्थिति में सुधार हुआ। बाढ़ जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में प्रशासन द्वारा लिए गए त्वरित निर्णय और विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयास ने यह सुनिश्चित किया कि संकट में फंसे व्यक्ति तक मदद समय पर पहुंचे। यह घटना बताती है कि आपदा की घड़ी में प्रशासन की तत्परता और संवेदनशीलता किसी के लिए जीवन की नई उम्मीद बन सकती है।
   स्वास्थ्य में सुधार के बाद भावुक श्री के. रामलू ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि यदि समय पर सहायता नहीं मिलती तो स्थिति बेहद कठिन हो सकती थी। इस मानवीय रेस्क्यू अभियान में डिप्टी कलेक्टर सुश्री निधि प्रधान, जनपद सीईओ श्री गौतम गहिर, टीआई श्री शिवानंद तिवारी, ैक्त्थ् की टीम तथा स्वास्थ्य विभाग के एम्बुलेंस चालक श्री मुख्तियार खान का विशेष सहयोग रहा। बाढ़ के बीच प्रशासन की यह तत्पर पहल न केवल एक मरीज को सुरक्षित अस्पताल तक पहुंचाने की कहानी है, बल्कि यह भरोसा भी मजबूत करती है कि मुश्किल की घड़ी में जिला प्रशासन नागरिकों की सुरक्षा और जीवन रक्षा के लिए हर संभव प्रयास के साथ खड़ा है।

Leave Your Comment

Click to reload image