छत्तीसगढ़ / मनेन्द्रगढ़ – चिरिमिरी – भरतपुर

जोलगी में आंगन मिलन से खिला खुशियों का आंगन, पोषण और स्वास्थ्य के संदेश के साथ हुआ सामुदायिक संवाद

 सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा ग्राम पंचायत जोलगी के आंगनवाड़ी केंद्र छपराटोला, जोलगी एवं तरतोरा में ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों, महिलाओं, ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत जोलगी की सरपंच श्रीमती शकुन्तला, मुख्य अतिथि रजवनिया बैगा, किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष जगदीश प्रसाद भुर्तिया, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष चन्द्रप्रताप भुर्तिया, भुनेश्वर सिंह, युवा मोर्चा मंत्री विजय बहादुर बैगा, स्वास्थ्य विभाग की श्रीमती अगरबती टोप्पो, शिक्षकगण तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता मीना सिंह एवं सुषमा भुर्तिया सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों एवं महिलाओं से संवाद कर पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं मातृ-शिशु देखभाल से संबंधित जानकारी दी गई। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं आशा दीदियों के योगदान को सम्मानित किया गया। गर्भवती महिलाओं को ‘अन्न दान महादान’ पहल के तहत भोजन कराया गया तथा स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता में चयनित बच्चों के पालकों को सुपोषण टोकरी प्रदान की गई। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों से संवाद कर महिलाओं को सम्मानित किया गया।
सरपंच द्वारा खिलौना दान योजना के तहत बच्चों को स्लेट वितरित की गई। ‘हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा’ अभियान के तहत पौधरोपण तथा पौष्टिक थाली का प्रदर्शन किया गया। महिलाओं के लिए व्यंजन प्रतियोगिता एवं कुर्सी दौड़ सहित विभिन्न खेल आयोजित किए गए तथा विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम ने ग्रामीणों को स्वास्थ्य, पोषण और शासन की योजनाओं के प्रति जागरूक करने के साथ सामुदायिक सहभागिता को भी मजबूत किया।

Leave Your Comment

Click to reload image