छत्तीसगढ़ / सूरजपुर

अमृत सरोवर से आजीविका की राह, मत्स्यपालन से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहीं समूह की महिलाएं

 सेवा संकल्प अभियान के तहत महिला स्व-सहायता समूह को मिला जाल एवं आइस बॉक्स

सूरजपुर/02 अक्टूबर 2026

विकासखंड भैयाथान के ग्राम पंचायत कुरुवा में आयोजित सेवा सेतु शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चंद्रमणि पैकरा के मुख्य आतिथ्य में  शिविर आयोजित किया गया। इस अवसर पर जनपद पंचायत सूरजपुर की अध्यक्ष श्रीमती स्वाति सिंह, कृषि स्थायी समिति के सभापति श्री यशवंत प्रताप सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। शिविर में विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं विभागीय गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीणों और हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।
              इस दौरान समूह की तीन महिला सदस्यों को मत्स्य जाल एवं आइस बॉक्स प्रदान किया गया। जहां अमृत सरोवर तालाब ग्रामीण महिलाओं के लिए आजीविका का अवसर बन रहा है। ग्राम पंचायत हर्राटीकरा में तालाब को 10 वर्षीय लीज पर लेकर मत्स्यपालन कर रहे महिला स्व-सहायता समूह को सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मत्स्य सामग्री प्रदान की गई। इस सहायता से महिलाओं को मत्स्यपालन गतिविधियों के संचालन और अपनी आजीविका को सुदृढ़ बनाने में मदद मिलेगी।
प्रदान किए गए जाल से समूह को मछली पकड़ने में सुविधा होगी, साथ ही आइस बॉक्स मछलियों को सुरक्षित रखने तथा बाजार तक परिवहन में उपयोगी होगा। इससे मछलियों की गुणवत्ता बनाए रखने और बेहतर विक्रय के माध्यम से समूह की आय बढ़ाने में सहायता मिलेगी।
            अमृत सरोवर का मत्स्यपालन के लिए उपयोग जल संसाधनों के सदुपयोग के साथ ग्रामीण महिलाओं को रोजगार से जोड़ रहा है। सेवा संकल्प अभियान के तहत मिली यह सहायता समूह की महिलाओं के उद्यम को आगे बढ़ाने और उन्हें आर्थिक आत्मनिर्भरता की ओर प्रोत्साहित करने का प्रयास है।

Leave Your Comment

Click to reload image