छत्तीसगढ़ / राजनांदगांव

सूरज की किरणों ने बदली खेमचंद के घर की तस्वीर, बिजली बिल हुआ शून्य और खाते में जमा हुए 12 हजार रूपए

 राजनांदगांव । जब घर की छत पर सूरज की किरणें पड़ती हैं, तो अब ग्राम मुरमुंदा के सरपंच खेमचंद सोरी के लिए यह सिर्फ रोशनी नहीं, बल्कि बचत और आत्मनिर्भरता का संदेश लेकर आती हैं। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत घर की छत पर लगाए गए 3 किलोवाट के सोलर प्लांट ने उनके परिवार की बिजली संबंधी जरूरतों को आसान कर दिया है। अब जहां पहले हर माह बिजली बिल आने का इंतजार रहता था, वहीं सौर ऊर्जा अपनाने के बाद उनका बिजली बिल शून्य आ रहा है।

डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत मुरमुंदा निवासी खेमचंद सोरी ने करीब 6 माह पहले अपने घर में 3 किलोवाट क्षमता का सोलर प्लांट स्थापित कराया। वे बताते हैं कि उनके घर में प्रतिदिन करीब 3 से 4 यूनिट बिजली की खपत होती है, जबकि सोलर पैनल से प्रतिदिन लगभग 20 से 22 यूनिट बिजली का उत्पादन हो रहा है। जरूरत से अधिक उत्पादित बिजली में से करीब 16 से 18 यूनिट प्रतिदिन ग्रिड में जमा हो रही है। सौर ऊर्जा के उत्पादन और खपत की जानकारी सोरी अपने मोबाइल एप के माध्यम से नियमित रूप से देखते हैं। इस व्यवस्था से उन्हें बिजली खर्च में राहत तो मिली ही है, साथ ही अतिरिक्त बिजली ग्रिड में भेजने से उनके खाते में अब तक करीब 12 हजार रूपए की राशि जमा हो चुकी है।

 

Leave Your Comment

Click to reload image