छत्तीसगढ़ / बिलासपुर

हल्की आंधी में घंटों गुल हो रही बिजली, विद्युत मंडल की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल



बिलासपुर। शहर में हल्की आंधी-तूफान आते ही बिजली व्यवस्था चरमरा जाती है। कई इलाकों में घंटों बिजली गुल रहने से आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि विद्युत मंडल द्वारा व्यवस्था सुधारने के बजाय केवल खानापूर्ति की जा रही है।

बिजली बिल की वसूली में विभाग की सक्रियता तो दिखाई देती है, लेकिन जब उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्या होती है, तो शिकायतों के समाधान में काफी समय लग जाता है। दिन-दिन भर बिजली बंद रहने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी मौके पर नजर नहीं आते।

बिजली समस्या को लेकर परेशान नागरिक जब विद्युत कार्यालय का चक्कर लगाते हैं, तो उन्हें भी संतोषजनक जवाब नहीं मिल पाता। आखिर बिजली कब आएगी और समस्या क्या है, इसकी स्पष्ट जानकारी देने के लिए भी अधिकारी तैयार नहीं दिखाई देते।

शहरवासियों का कहना है कि बिलासपुर को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने के दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही नजर आ रही है। हल्की आंधी में घंटों बिजली गुल होना और सड़कों पर जलभराव जैसी समस्याएं शहर की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं।

नागरिकों का कहना है कि यदि विद्युत व्यवस्था को मजबूत नहीं किया गया और शिकायतों का समय पर समाधान नहीं हुआ, तो बिलासपुर स्मार्ट सिटी बनने के बजाय बुनियादी सुविधाओं के लिए भी संघर्ष करने वाले शहर के रूप में पीछे जाता दिखाई देगा। अब देखना होगा कि विद्युत विभाग के जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या को गंभीरता से लेते हैं या फिर व्यवस्था इसी तरह खानापूर्ति के भरोसे चलती रहेगी।

Leave Your Comment

Click to reload image