छत्तीसगढ़ / सुकमा

छिन्दगढ़ में “सेवा सेतु“ शिविर : सीधे आमजन तक पहुँचीं शासकीय योजनाएं, जोशुआ को मिला व्हीलचेयर

 सुकमा । जिला प्रशासन द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत छिन्दगढ़ में विकासखंडस्तरीय “सेवा सेतु“ शिविर का आयोजन किया गया। कलेक्टर अमित कुमार के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में आयोजित शिविर का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को एक ही छत के नीचे विभिन्न शासकीय योजनाओं और सेवाओं का त्वरित व पारदर्शी लाभ पहुँचाना रहा। शिविर में सुबह से ही ग्रामीणों में भारी उत्साह देखा गया और बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं के समाधान एवं योजनाओं के लाभ हेतु पहुँचे।

शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष काउंटर लगाकर ग्रामीणों की निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच की गई और आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया। इसके साथ ही नवीन आयुष्मान कार्ड बनाने के साथ वितरण भी किया गया। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने शिविर में ही खुद का बीपी और शुगर जांच कराया। इसके साथ ही खाद्य विभाग द्वारा राशन कार्ड, राजस्व विभाग द्वारा जाति प्रमाण पत्र, जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्र, श्रम विभाग द्वारा ई-श्रम कार्ड वितरण तथा आधार अपडेशन जैसी कई महत्वपूर्ण नागरिक सेवाएँ मौके पर ही उपलब्ध कराई गईं। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत स्वीकृति आदेश व आवास पूर्णता की चाबियां सौंपी गईं तथा व्यक्तिगत शौचालय स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए।

जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को गति देते हुए कृषि विभाग की ओर से जैविक कीटनाशक व रोगनाशक दवाइयों का वितरण और मत्स्य विभाग द्वारा संबंधित हितग्राहियों को आवश्यक सामग्री प्रदान की गई। शिक्षा विभाग ने भी संवेदनशीलता का परिचय देते हुए दिव्यांग बच्चों को आवश्यक सहायक उपकरण-जैसे दृष्टिबाधित छात्र को टॉक बैक मोबाइल फोन, श्रवण बाधित छात्रा को श्रवण यंत्र तथा जरूरतमंद को व्हील चेयर का वितरण कर संबल प्रदान किया।

 

इस गरिमामयी अवसर पर जिला पंचायत सदस्य हुंगाराम मरकाम, एसडीएम सुमीत ध्रुव, तहसीलदार अम्बर गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने संयुक्त रूप से हितग्राहियों को सामग्री व प्रमाणपत्र वितरित किए तथा ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

Leave Your Comment

Click to reload image