छत्तीसगढ़ / रायपुर

सेवा की कहानी: बेटी के जन्म की खुशी के साथ मिला आर्थिक सहारा

 मातृ वंदना योजना बनी बृजकुमारी के परिवार का संबल

रायपुर, अक्टूबर 2026

मातृत्व के सुखद अवसर पर परिवार को आर्थिक संबल मिले तो खुशी और बढ़ जाती है। रायगढ़ जिले के बृजकुमारी यादव के परिवार के लिए मातृ वंदना योजना ऐसी ही मदद लेकर आई। योजना के तहत उन्हें पहले बच्चे के जन्म पर 5 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिली। वहीं दूसरे बच्चे के रूप में बेटी की जन्म होने पर उन्हें 6 हजार रुपये की सहायता का लाभ मिला।

बेहतर स्वास्थ्य देखभाल और पोषण के लिए दी जाती है योजना के तहत राशि

बृजकुमारी बताती हैं कि बच्चों के जन्म के समय परिवार की जरूरतें बढ़ जाती हैं। ऐसे समय में सरकार की ओर से मिली आर्थिक सहायता काफी उपयोगी रही। योजना के माध्यम से मिली राशि से उन्हें परिवार की जरूरतों को पूरा करने में मदद मिली। वह कहती हैं कि मातृ वंदना योजना जैसी सहायता से महिलाओं और परिवारों को कठिन समय में आर्थिक सहारा मिलता है। अपने अनुभव साझा करते हुए बृजकुमारी ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि इस योजना का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य देखभाल और पोषण सुनिश्चित करना है। योजना के मुख्य लाभ पहले बच्चे के लिए 5 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दो किस्तों में दी जाती है। दूसरे बच्चे के लिए (यदि वह बालिका हो) 6 हजार रुपये की सहायता एकमुश्त दी जाती है।

योजना का लाभ के लिए निर्धारित पात्रता जरूरी

विभागीय अधिकारियों ने बताया कि पात्र महिलाएं अंतिम मासिक धर्म की तारीख के 570 दिनों के भीतर आवेदन कर सकती हैं। लाभार्थी का नाम आंगनबाड़ी केंद्र में दर्ज होना चाहिए। पंजीकरण के लिए गरीबी रेखा का राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, श्रम कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, या अनुसूचित जाति/जनजाति का प्रमाण पत्र होना अनिवार्य है। इसके अलावा, एक बैंक खाता जो आधार से लिंक हो, होना भी जरूरी है। इच्छुक और पात्र महिलाएं अपने नजदीकी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सुपरवाइजर या परियोजना अधिकारी से संपर्क करके इस योजना का लाभ उठा सकती हैं।

Leave Your Comment

Click to reload image