छत्तीसगढ़ / मोहला मानपुर चौकी

जिले की महत्वपूर्ण पहल : 104 ग्राम पंचायतें टीबी मुक्त घोषित, उत्कृष्ट पंचायतों को मिला सम्मान

 मोहला । जिले को टीबी मुक्त बनाने की दिशा में जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज जिला अस्पताल मोहला में टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्राम पंचायत स्तर पर टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाना, संभावित मरीजों की समय पर पहचान एवं जांच सुनिश्चित करना तथा उपचार के माध्यम से टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को प्राप्त करना रहा।

टीबी उन्मूलन अभियान को ग्राम स्तर तक प्रभावी बनाने के लिए प्रत्येक ब्लॉक में अधिकारियों की टीम गठित की गई है। इन टीमों को ग्राम पंचायतों की प्रगति की निगरानी करने तथा आवश्यक सहयोग प्रदान करने की जिम्मेदारी दी गई है। इसका उद्देश्य प्रत्येक ग्राम पंचायत में टीबी नियंत्रण एवं उन्मूलन से संबंधित गतिविधियों को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाना है।

कार्यक्रम में अध्यक्ष जिला पंचायत नम्रता सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। जिला प्रशासन की ओर से अपर कलेक्टर मिथिलेश डोंडे, संयुक्त कलेक्टर समीर गर्ग एवं डिप्टी कलेक्टर रजक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, मितानिनों एवं एनसीसी विद्यार्थियों ने भी सक्रिय सहभागिता रही।

टीबी उन्मूलन की दिशा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्राम पंचायत हुए  सम्मानित

 
 
 
 

वर्ष 2025 में जिले की 104 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त ग्राम पंचायत घोषित किया गया है। इस उपलब्धि के अवसर पर जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों से पहुंचे सरपंचों एवं जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम में सहभागिता की। टीबी उन्मूलन की दिशा में उत्कृष्ट कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों को सम्मानित करते हुए उन्हें टीबी मुक्त ग्राम पंचायत प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

टीबी उन्मूलन के लिए सरपंचों ने ली सामूहिक शपथ

 

कार्यक्रम में उपस्थित सभी सरपंचों एवं जनप्रतिनिधियों को जिले को टीबी मुक्त बनाने के लिए सामूहिक रूप से शपथ दिलाई गई। सरपंचों ने अपने-अपने ग्राम पंचायतों में टीबी के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने, संभावित मरीजों की पहचान एवं जांच सुनिश्चित करने तथा उपचाररत मरीजों को नियमित रूप से उपचार पूरा करने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

 
 
 
 

Leave Your Comment

Click to reload image