बुजुर्गों की सेहत का जतन, हर गुरुवार सियान जतन क्लीनिक में देखभाल
सूरजपुर । जीवन के हर पड़ाव पर सेहत का साथ बना रहे और बुजुर्गों को घर के नजदीक उपचार मिले इसी भावना को सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सियान जतन क्लीनिक साकार कर रहा है।
छत्तीसगढ़ शासन की इस पहल के तहत जिले की सभी आयुष संस्थाओं में प्रत्येक गुरुवार को निःशुल्क पंजीयन, चिकित्सकीय परामर्श, उपचार एवं औषधि वितरण किया जा रहा है।योजना के तहत बुजुर्गों को सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा उनकी सेहत की देखभाल के उद्देश्य से जिले की सभी आयुष संस्थाओं में प्रत्येक गुरुवार को सियान जतन क्लीनिक का संचालन किया जा रहा है। इस विशेष पहल के माध्यम से 60 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों को आयुष चिकित्सा सेवाओं का लाभ प्रदान किया जाता है।
बढ़ती उम्र के साथ स्वास्थ्य की नियमित देखभाल और समय पर चिकित्सकीय परामर्श की आवश्यकता बढ़ जाती है। ऐसे में सियान जतन क्लीनिक वरिष्ठ नागरिकों को अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के लिए नजदीकी आयुष संस्था में परामर्श लेने का अवसर उपलब्ध करा रहा है। बुजुर्ग अपनी तकलीफों के संबंध में चिकित्सक से चर्चा कर स्वास्थ्य की देखभाल के लिए उचित मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं।सियान जतन क्लीनिक बुजुर्गों के प्रति संवेदनशीलता और उनकी स्वास्थ्य जरूरतों को प्राथमिकता देने की पहल है। इसके माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को आयुष चिकित्सा सेवाओं से जोड़ते हुए स्वस्थ जीवनचर्या अपनाने और नियमित स्वास्थ्य देखभाल के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
आयुष विभाग ने जिले के 60 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों से प्रत्येक गुरुवार को नजदीकी आयुष संस्था में संचालित सियान जतन क्लीनिक का लाभ लेने की अपील की गई है।