छत्तीसगढ़ / बीजापुर

बीजापुर के विद्यार्थियों की सपनों की उड़ान, आईआईटी भिलाई और स्टील प्लांट में जानेंगे तकनीक और नवाचार की दुनिया

बीजापुर । जिले के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ व्यावहारिक ज्ञान, आधुनिक तकनीक और उच्च शिक्षा के नए अवसरों से परिचित कराने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा अभिनव पहल की गई है। 

इसी कड़ी में स्वामी आत्मानंद हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों के 20 विद्यार्थियों को चार दिवसीय एजुकेशन एक्सपोजर विजिट के अंतर्गत भिलाई के लिए रवाना किया गया। कलेक्टर विश्वदीप ने विद्यार्थियों के दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शैक्षणिक भ्रमण का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

इस शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थी देश के प्रतिष्ठित तकनीकी शिक्षण संस्थान भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) भिलाई तथा भिलाई स्टील प्लांट का भ्रमण करेंगे। यहां उन्हें औद्योगिक विकास, आधुनिक मशीनों, वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी नवाचार और उच्च शिक्षा की संभावनाओं को नजदीक से समझने का अवसर मिलेगा।

भिलाई स्टील प्लांट में जानेंगे इस्पात उत्पादन और आधुनिक औद्योगिक तकनीक- भ्रमण के दौरान विद्यार्थी भिलाई स्टील प्लांट में इस्पात उत्पादन की विभिन्न प्रक्रियाओं, अत्याधुनिक मशीनों, औद्योगिक तकनीक और संयंत्र की कार्यप्रणाली से परिचित होंगे। उन्हें कच्चे माल से इस्पात निर्माण तक की प्रक्रिया तथा इसमें विज्ञान, इंजीनियरिंग, आधुनिक तकनीक और कुशल मानव संसाधन की भूमिका को समझने का अवसर मिलेगा। यह अनुभव विद्यार्थियों को विज्ञान एवं तकनीक के व्यावहारिक उपयोग से परिचित कराने के साथ औद्योगिक क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार और करियर की संभावनाओं के प्रति जागरूक करेगा। साथ ही विद्यार्थियों में तकनीकी विषयों के प्रति रुचि विकसित होगी और भविष्य में अपनी अभिरुचि एवं क्षमता के अनुरूप करियर चयन करने में सहायता मिलेगी।

 
 
 
 
 
 

आईआईटी भिलाई में उच्च शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार की दुनिया से होंगे रूबरू- भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान भिलाई के भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा, इंजीनियरिंग, वैज्ञानिक अनुसंधान, नवाचार और आधुनिक शैक्षणिक वातावरण को करीब से देखने एवं समझने का अवसर मिलेगा। इस दौरान विद्यार्थी उच्च शिक्षा के विभिन्न क्षेत्रों, तकनीकी संस्थानों में अध्ययन की संभावनाओं तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में करियर निर्माण के अवसरों के बारे में जानकारी प्राप्त करेंगे। इस पहल का उद्देश्य विशेष रूप से दूरस्थ एवं आदिवासी अंचल के विद्यार्थियों में उच्च शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना, उनमें आत्मविश्वास विकसित करना तथा बड़े शैक्षणिक संस्थानों में अध्ययन करने के लिए प्रेरित करना है। यह भ्रमण विद्यार्थियों की जिज्ञासा, रचनात्मक सोच और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

 
 
 
 
 
 

कलेक्टर विश्वदीप ने विद्यार्थियों से किया संवाद, बड़े सपने देखने और आगे बढ़ने के लिए किया प्रेरित- विद्यार्थियों को रवाना करने से पूर्व कलेक्टर विश्वदीप, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत नम्रता चौबे एवं जिला शिक्षा अधिकारी राजेश पांडे ने विद्यार्थियों और उनके साथ जा रहे शिक्षकों से संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों को भ्रमण के दौरान मिलने वाले अनुभवों को गंभीरता से समझने, नई जानकारियां अर्जित करने तथा अपने शैक्षणिक जीवन में उनका सकारात्मक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर विश्वदीप ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और क्षमता पर विश्वास रखते हुए उच्च लक्ष्य निर्धारित करने तथा निरंतर मेहनत और लगन से आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। 

उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों को कक्षा की सीमाओं से बाहर निकलकर वास्तविक दुनिया को समझने का अवसर प्रदान करते हैं। इससे उनकी सोच व्यापक होती है और भविष्य की संभावनाओं के प्रति नई दृष्टि विकसित होती है। सीईओ जिला पंचायत नम्रता चौबे एवं जिला शिक्षा अधिकारी राजेश पांडे ने भी विद्यार्थियों को इस अवसर का भरपूर लाभ उठाने, नई तकनीकों को समझने तथा प्राप्त अनुभवों को अन्य विद्यार्थियों के साथ साझा करने के लिए प्रेरित किया। सभी अधिकारियों ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को सुखद, सुरक्षित और ज्ञानवर्धक शैक्षणिक भ्रमण की शुभकामनाएं दीं।

 
 
 
 
 
 

 

नए बीजापुर के विद्यार्थियों को मिल रहा बड़े सपने साकार करने का अवसर- जिला प्रशासन की यह पहल बीजापुर जिले में शिक्षा के क्षेत्र में बढ़ते अवसरों और सकारात्मक बदलाव का प्रतीक है। चार दिवसीय एजुकेशन एक्सपोजर विजिट के माध्यम से विद्यार्थियों को देश के प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थान और प्रमुख औद्योगिक प्रतिष्ठान की कार्यप्रणाली समझने का अवसर मिलेगा। यह अनुभव उन्हें भविष्य में इंजीनियरिंग, विज्ञान, अनुसंधान एवं तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा। शिक्षा के साथ अनुभव और नवाचार को जोड़ने की यह पहल बीजापुर के विद्यार्थियों के सपनों को नई दिशा देने तथा उन्हें उच्च शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर करने में महत्वपूर्ण साबित होगी।

 

Leave Your Comment

Click to reload image