मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना के लिए 30 अक्टूबर तक करें आवेदन
आईआईटी, एम्स, आईआईएम सहित राष्ट्रीय स्तर के उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
दंतेवाड़ा, अक्टूबर 2026
मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना शिक्षण सत्र 2026-27 के अंतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य के प्रतिभावान अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना के तहत राष्ट्रीय स्तर के उच्च व्यावसायिक शिक्षण संस्थानों में प्रवेश प्राप्त करने वाले पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ प्रदान किया जाएगा। इसके लिए इच्छुक विद्यार्थी अपने गृह जिले के सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास कार्यालय में निर्धारित प्रारूप में 30 अक्टूबर 2026 तक ऑफलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं।
कार्यालय आयुक्त, आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास, इंद्रावती भवन, नवा रायपुर द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, योजना में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), भारतीय प्रबंध संस्थान (आईआईएम), राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (एनएलयू) सहित भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय स्तर के घोषित अन्य व्यावसायिक पाठ्यक्रम संचालित करने वाले शैक्षणिक संस्थानों में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थी शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त, राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के माध्यम से शासकीय संस्थानों में एमबीबीएस तथा संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई) के माध्यम से शासकीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) एवं भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईआईटी) में बीटेक पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थी भी योजना के पात्र होंगे।
इस योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए विद्यार्थी का छत्तीसगढ़ राज्य का मूल निवासी होना तथा राज्य की अधिसूचित अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति अथवा अन्य पिछड़ा वर्ग की सूची में शामिल होना आवश्यक है। साथ ही, संबंधित संस्थान में चयनित होने का प्रमाण-पत्र एवं प्रवेश के लिए संस्था द्वारा जारी सूचना-पत्र होना अनिवार्य है। योजना के अंतर्गत विद्यार्थी के पालक की वार्षिक आय 2 लाख 50 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। शासकीय सेवकों के आश्रित इस योजना के पात्र नहीं होंगे, हालांकि चतुर्थ श्रेणी शासकीय कर्मचारियों के बच्चे योजना का लाभ प्राप्त कर सकेंगे। योजना से संबंधित आवेदन प्रारूप प्राप्त करने, आवेदन भरने तथा छात्रवृत्ति राशि सहित अन्य जानकारी के लिए इच्छुक विद्यार्थी कार्यालय सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास, दंतेवाड़ा से संपर्क कर सकते हैं। पात्र विद्यार्थी निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें।