टेड़ेसरा से पटेवा मार्ग चौड़ीकरण के लिए भूमि संबंधी प्रतिबंध शिथिल
राजनांदगांव । कलेक्टर जितेन्द्र यादव द्वारा लोक निर्माण विभाग संभाग राजनांदगांव से प्राप्त प्रस्ताव के आधार पर राजनांदगांव विकासखंड अंतर्गत टेड़ेसरा से मुड़ीपार-घुमका-कलडबरी-पटेवा मार्ग के चौड़ीकरण एवं निर्माण कार्य से प्रभावित ग्रामों की भूमि के अंतरण, बटांकन, व्यपवर्तन तथा क्रय-विक्रय पर लगाए गए प्रतिबंध को शिथिल कर दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि बजट में शामिल टेड़ेसरा से मुड़ीपार-घुमका-कलडबरी-पटेवा मार्ग के चौड़ीकरण एवं निर्माण कार्य के लिए ग्राम टेड़ेसरा, फुलझर, नवागांव, मुड़ीपार, बघेरा, परसबोड़, कलडबरी, बरबसपुर, हरडुवा, घुमका, दर्रा पटेवा एवं रेंगाकठेरा की भूमि के अंतरण, बटांकन, व्यपवर्तन तथा क्रय-विक्रय पर प्रतिबंध लगाया गया था। प्राप्त प्रस्ताव के अनुसार संबंधित भूमि पर किसी अन्य परियोजना के तहत प्रतिबंध लागू नहीं होने की स्थिति में उक्त प्रतिबंध को शिथिल करने का निर्णय लिया गया है।