Rajesh Khanna को लेकर Amitabh Bachchan से अजीब सवाल पूछते थे लोग, कहा- उनकी वजह से मैं...
नई दिल्ली। हिंदी सिनेमा में राजेश खन्ना जैसा स्टारडम शायद ही किसी ने देखा होगा। समय बदला, फिल्म इंडस्ट्री में कई नए सुपरस्टार्स का जन्म हुआ, लेकिन काका को लेकर फैंस में जो दीवानगी थी, उसे कोई छू भी नहीं पाया। 'आराधना' एक्टर ने एक दशक से ज्यादा इंडस्ट्री पर राज किया और अमिताभ बच्चन से लेकर जितेंद्र, धर्मेंद्र और दिलीप कुमार सहित कई बड़े स्टार्स को पीछे छोड़ दिया।
सबको स्टारडम में पीछे छोड़ने वाले राजेश खन्ना का चार्म तब फीका पड़ने लगा, जब अमिताभ बच्चन एक्शन में आए और उन्होंने काका की छोड़ी फिल्मों 'दीवार' और 'जंजीर' का ऑफर लेने में थोड़ी भी देर नहीं की। यहां से बिग बी ने अपने करियर में ऐसी उड़ान भरी कि दोबारा पलटकर पीछे नहीं देखा और बन गए सदी के महानायक। सुपरस्टारडम हासिल करने वाले अमिताभ बच्चन ने राजेश खन्ना की 1971 में रिलीज फिल्म 'आनंद' में काम किया था। बिग बी ने कुछ सालों पहले एक इंटरव्यू में बताया था कि राजेश खन्ना की वजह से उन्होंने क्या महसूस किया और तो और काका को याद करते हुए शहंशाह ने ये भी बताया था कि लोग उनसे किस तरह के सवाल पूछते थे।
राजेश खन्ना की वजह से मिली अमिताभ बच्चन को पहचान?
1990 में अमिताभ बच्चन ने एक मैगजीन को दिए गए इंटरव्यू में राजेश खन्ना के साथ ऋषिकेश मुखर्जी की फिल्म 'आनंद' में काम करने का अनुभव शेयर किया था। सदी के महानायक ने कहा था कि, "जब ऋषि दा ने मुझसे 'आनंद' में राजेश खन्ना के साथ काम करने के लिए कहा तो वह मेरे लिए वह किसी सपने का सच होना था"।
बिग बी ने उस समय को याद करते हुए बताया कि उनसे लोग राजेश खन्ना से जुड़े कैसे अजीबोगरीब सवाल करते थे। उन्होंने कहा,
"किसी के लिए इतनी ज्यादा दीवानगी हिंदी सिनेमा के इतिहास में हमने पहली बार देखी थी। मुझे फेम सिर्फ इसलिए मिला, क्योंकि मैं राजेश खन्ना के साथ काम कर रहा था। लोग मेरे पास आते थे और मुझसे पूछते थे कि वह (Rajesh Khanna) दिखते कैसे हैं? वह क्या करते हैं? इसलिए मैं बहुत ज्यादा इम्पोर्टेंट बन गया था और इसके लिए मैं उनका शुक्रगुजार हूं। मेरे मन में काका के हमेशा वह सम्मान रहेगा"।
ऋषिकेश मुखर्जी के पीछे पड़ गए थे राजेश खन्ना
अनु कपूर ने अपने शो 'सुहाना सफर विद अनु कपूर' में ये बताया था कि 'आनंद' ऋषिकेश मुखर्जी की बहुत ही कम बजट की एक छोटी फिल्म थी। इस फिल्म में वह राज कपूर को लेना चाहते थे। हालांकि, वहां बात नहीं बन पाई, तो उन्होंने फिल्म के लिए धर्मेंद्र और किशोर कुमार को भी अप्रोच किया, लेकिन ये फिल्म करना राजेश खन्ना की किस्मत में था।
निर्देशक ऋषिकेश मुखर्जी राजेश खन्ना के सुपरस्टारडम को देखते हुए उनके पास 'आनंद' की स्क्रिप्ट लेकर जाने में हिचकिचा रहे थे, लेकिन जब काका ने ये स्क्रिप्ट पढ़ी तो वह कम बजट की इस फिल्म में काम करने के लिए अपनी फीस भी आधी करने के लिए तैयार हो गए थे। उन्होंने जैसे-तैसे ऋषिकेश मुखर्जी को मनाकर 'आनंद' में काम किया और बाकी फिल्म की सफलता का तो हिंदी सिनेमा का इतिहास भी गवाह है।