मनोरंजन

'उनकी सोच क्या है?', हिट फिल्म Marco देख भड़का डायरेक्टर, ऑडियंस की मानसिकता पर उठाया बड़ा सवाल

नई दिल्ली। 2024 की हिट फिल्म रही मार्को (Marco) इन दिनों चर्चा में है। यह फिल्म एक एक्शन थ्रिलर है जिसमें खूब वॉयलेंस है। तारीफों के साथ इसे आलोचना भी मिल रही है। सिनेमा जगत में अक्सर सुर्खियों में रहने वाले निर्माता और निर्देशक वी.सी. अभिलाष ने हाल ही में मार्को की आलोचना की है और फिल्म की टीम को खरी-खोटी सुनाई है।

उन्नी मुकुंदन स्टारर मार्को की सफलता और ऑडियंस की पसंद पर वी.सी अभिलाष ने सवाल उठाया है। यही नहीं, उन्होंने इस फिल्म को भारतीय सिनेमा का ‘अंधेरा अध्याय’ करार दिया और सवाल उठाया कि आखिर दर्शकों और फिल्म की टीम की मानसिकता क्या है, जो इस तरह की फिल्म को सपोर्ट करती है।

मार्को को बताया काला अध्याय

अभिलाष ने मार्को को थिएटर में देखी थी, लेकिन वह सिर्फ पहला पार्ट ही देख पाए थे। उन्हें एक दोस्त ने यह फिल्म देखने के लिए कहा था। जब अभिलाष ने यह मूवी देखी तो वह लोगों की मानसिकता के बारे में लिखने से खुद को रोक नहीं पाए। हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, उन्होंने फेसबुक पर एक पोस्ट लिखते हुए कहा, "आजकल के सिनेमा का स्तर देखकर लगता है कि भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में कई बार कुछ फिल्में हमारी संस्कृति और समाज के लिए हानिकारक होती हैं। मार्को जैसी फिल्म जो मनोरंजन से ज्यादा भ्रम और नकारात्मकता फैलाती है, इसे सफल मानना भारतीय सिनेमा के लिए एक काला अध्याय साबित होगा।"

दर्शकों की सोच पर उठाया सवाल

अभिलाष ने आगे कहा, "मैं हैरान हूं कि इस फिल्म (मार्को) को दर्शकों ने क्यों पसंद किया? क्या हमारी मानसिकता इतनी बदल चुकी है कि हम ऐसे कंटेंट को खुले दिल से स्वीकार कर रहे हैं? और फिल्म की टीम जो इस तरह के प्रोजेक्ट्स पर काम कर रही है, उनकी सोच क्या है? क्या वे सिर्फ पैसे के पीछे भाग रहे हैं या वाकई में कला के नाम पर कुछ नया पेश करने की कोशिश कर रहे हैं?" सोशल मीडिया पर कई लोग उनकी बात पर सहमति जताते हुए नजर आए।

मार्को का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन

मालूम हो कि हनीफ अडेनी निर्देशित मलयालम एक्शन थ्रिलर मार्को ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर करीब 60 करोड़ का कारोबार किया था, जबकि वर्ल्डवाइड इसने 115 करोड़ रुपये के आसपास कलेक्शन कर लिया था। यह 2024 की हिट फिल्मों में शुमार हो गई थी।

Leave Your Comment

Click to reload image