ISI की बड़ी आतंकी साजिश नाकाम, 2.8 किलो IED के साथ गोल्डी ढिल्लों के दो गुर्गे गिरफ्तार
चंडीगढ़ पंजाब । पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस फिरोजपुर यूनिट ने बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया है। पुलिस ने 2.8 किलो IED के साथ गैंगस्टर-आतंकी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोल्डी ढिल्लों के दो गुर्गे को गिरफ्तार किया है। पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने रविवार को अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल पर इस कार्रवाई की जानकारी दी।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान जग्गा सिंह और मनजिंदर सिंह के रूप में हुई है। ये दोनों जर्मनी में बैठे गैंगस्टर-आतंकी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोल्डी ढिल्लों के करीबी माने जा रहे हैं। गोल्डी ढिल्लों, कुख्यात अपराधी गोल्डी बरार और लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से भी जुड़ा हुआ है। पुलिस के अनुसार, यह मॉड्यूल पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के इशारे पर पंजाब में अशांति फैलाने की साजिश रच रहा था।
पुलिस ने मोहाली के स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (SSOC) थाने में विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है। पुलिस अन्य साथियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई की सराहना की है और कहा कि इससे पंजाब में शांति और सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है। पंजाब पुलिस की यह कार्रवाई आतंकवाद और संगठित अपराध के खिलाफ उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।