जयपुर की खूबसूरती से प्रभावित हुए चीन के राजदूत शु फेइहोंग
जयपुर। भारत में चीन के राजदूत शु फेइहोंग ने जयपुर का दौरा कर शहर की खूबसूरती और सांस्कृतिक विरासत की सराहना की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि भारत की चमकदार संस्कृति और शानदार वास्तुकला उन्हें मंत्रमुग्ध कर देती है और जयपुर इसका बेहतरीन उदाहरण है। उनके इस दौरे को भारत-चीन के बीच पर्यटन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने की दिशा में सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
इधर, दोनों देशों के संबंधों में हाल ही में सीधी उड़ानों की बहाली से नई ऊर्जा आई है। 1 फरवरी से Air India ने शंघाई-नई दिल्ली सीधी उड़ान सेवा फिर शुरू की है। लगभग छह साल बाद शंघाई के पुडोंग अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से पहली उड़ान रवाना हुई, जिसमें 230 से अधिक यात्री सवार थे।
शंघाई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि बेहतर हवाई संपर्क व्यापार, पर्यटन और लोगों के बीच संपर्क को मजबूत करेगा। एयर इंडिया इस रूट पर सप्ताह में चार उड़ानें संचालित करेगी।