बिहार में गंगा नदी में नाव पलटने से 13 बच्चों की मौत
हाजीपुर। बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार रात गंगा नदी में एक दर्दनाक नाव हादसे में कम से कम 13 बच्चों की डूबने से मौत हो गई। सभी मृतक बच्चों की उम्र 15 वर्ष या उससे कम बताई जा रही है। नाव में सवार बच्चे बगल के गांव में आयोजित एक भोज कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे, तभी बीच नदी में यह हादसा हो गया।
हादसे के बाद बचाव अभियान चलाकर सात लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एनएमसीएच) और पटना रेफर किया गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, रामपुर श्यामचंद पंचायत के भगतान टोला में माता महारानी स्थान के पास सिंहेश्वर राय के घर श्राद्ध का भोज था। उसी में शामिल होने के लिए लगभग 15 से 20 बच्चे एक छोटी निजी नाव में सवार होकर जा रहे थे।