देश-विदेश

सियोल का अस्तित्व मिट जाएगा... उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग ने दी परमाणु हमले की धमकी, क्या नए युद्ध की आहट?

प्योंगयांग: उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन ने दक्षिण कोरिया के खिलाफ परमाणु हथियारों का इस्तेमाल कर उसे खत्म करने की धमकी दी है। उत्तर कोरिया के सरकारी मीडिया ने यह जानकारी दी है। इसके पहले दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ने चेतावनी दी थी कि अगर उत्तर कोरिया ने परमाणु हथियारों का इस्तेमाल किया तो वह अपने शासन का अंत देखेगा। दोनों कट्टर दुश्मन देशों के बीच यह उग्र बयानबाजी उत्तर कोरिया के नेता किम की यूरेनिययम संवर्धन सुविधा का दौरा करने के कुछ ही सप्ताह बाद आई है।

परमाणु हथियारों की धमकी

उत्तर कोरिया की सरकारी न्यूज एजेंसी KCNA के अनुसार, बुधवार को देश के पश्चिमी हिस्से में एक सैन्य अड्डे का दौरा करते हुए किम ने कहा कि अगर दक्षिण कोरिया उत्तर की संप्रभुता का अतिक्रमण करता है, तो प्योंगयांग बिना किसी संकोच के पूरी ताकत से हमला करेगा, जिसमें परमाणु हथियार भी शामिल है।

दक्षिण कोरिया का अस्तित्व खत्म हो जाएगा

किम ने आगे कहा, 'अगर ऐसी स्थिति आती है तो सियोल और कोरिया गणराज्य का स्थायी अस्तित्व असंभव हो जाएगा।' इस साल कोरियाई प्रायद्वीप के दोनों देशों के बीच दुश्मनी बढ़ती जा रही है। उत्तर कोरिया ने अपने परमाणु उत्पादन के प्रयासों को तेज कर दिया है और रूस के साथ संबंधों को मजबूत किया है। इसी साल जून में रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने 24 साल बाद उत्तर कोरिया का दौरा किया था। किम की टिप्पणी दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति यूं सुक येओल को सीधा जवाब है। मंगलवार को उत्तर कोरिया के सशस्त्र सेना दिवस की परेड के दौरान सियोल ने शक्तिशाली बैलिस्टिक मिसाइल और अन्य हथियारों का प्रदर्शन किया था। 1953 में कोरियाई युद्ध के बाद से ही उत्तर कोरिया और दक्षिण कोरिया के बीच कोई संपर्क नहीं है।

दक्षिण कोरिया से पुरानी दुश्मनी

1953 का कोरियाई युद्ध भी युद्धविराम के साथ रुका था और इसमें शांति संधि नहीं हुई थी। इसका मतलब है कि तकनीकी रूप से दोनों देश अभी भी युद्ध में हैं। उत्तर कोरिया ने अपने मुख्य लक्ष्य में दक्षिण कोरिया का एकीकरण करने को शामिल किया था। हालांकि, इस साल की शुरुआत में किम ने घोषणा की कि अब उनका देश एकीकरण के लक्ष्य का पीछा नहीं करेगा। उन्होंने दक्षिण कोरिया को 'मुख्य दुश्मन' बताया और एकीकरण के प्रतीक एक स्मारक को ध्वस्त कर दिया था।

Leave Your Comment

Click to reload image