देश-विदेश
आप की ही बनेगी सरकार या खत्म होगा भाजपा का वनवास
नई दिल्ली। किसके हाथ सत्ता की चाबी लगेगी, यह कल (8 फरवरी) को दोपहर तक तय हो जाएगा। किस पार्टी को क्या मिलेगा और किसे कितना नुकसान हुआ और दावे कितने सटीक बैठे, सब पता चल जाएगा। एग्जिट पोल्स का निचोड़ भी सामने आ गया है। अब तक के सबसे मुश्किल माने जा रहे चुनाव में इस बार आम आदमी पार्टी की अग्निपरीक्षा है, वहीं भाजपा के 27 साल के वनवास पर से भी पर्दा उठेगा। कांग्रेस को भी सांत्वना पुरस्कार मिलने की उम्मीद जगी है। लिहाजा सभी पार्टियों की धड़कने बढ़ी हुई हैं और समीक्षा का दौर खत्म ही नहीं हो रहा है।
वोटिंग प्रतिशत को देखते हुए रणनीतिकार फिलहाल कुछ भी कहने की स्थिति में नहीं दिखाई दे रहे हैं, क्योंकि पिछले दो चुनाव की तुलना में वोट प्रतिशत कम रहा है। दिल्ली चुनाव के डेटा के अनुसार, 60.54 प्रतिशत ही वोट पड़े हैं। इससे पहले 2008 में इतनी कम वोटिंग हुई थी, तब 57.8 पर्सेंट वोटर बूथ तक पहुंचे थे। 2015 में वोटिंग करीब 67 प्रतिशत हुई थी, तो आप ने 67 सीटों के प्रचंड बहुमत से सत्ता में वापसी की थी। 2020 के विधानसभा चुनाव में 62.59 प्रतिशत वोट पड़े। इसमें भी आप का जादू बरकरार रहा और 70 में से 62 सीटों के प्रचंड बहुमत से तीसरी बार सरकार बनी।
कांग्रेस नेता वेणुगोपाल को मिला पहला ई अहमद मेमोरियल राष्ट्रीय ननमा पुरस्कार
कन्नूर। एआईसीसी के संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल को फासीवाद के खिलाफ लड़ाई और कांग्रेस को पुनर्जीवित करने में उनके योगदान के लिए पहले ई अहमद मेमोरियल राष्ट्रीय ननमा पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है, इसकी घोषणा गुरुवार को की गई।
यह पुरस्कार इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) कन्नूर जिला समिति के तत्वावधान में कार्यरत ई अहमद फाउंडेशन द्वारा स्थापित किया गया है।
फाउंडेशन के महासचिव अब्दुल करीम ने कहा कि यह पुरस्कार राजनेताओं को संविधान की देखभाल में उनकी भूमिका के लिए प्रदान किया जाएगा।
जयशंकर और ग्रीस के विदेश मंत्री ने की बातचीत
नई दिल्ली। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भारत दौरे पर आए ग्रीस के विदेश मंत्री जॉर्ज गेरापेत्रिटिस के साथ गुरुवार को बातचीत की। इस दौरान उन्होंने भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारा (आईएमईईसी) और भारत-भूमध्यसागरीय संपर्क पर चर्चा की।
एक्स पर एक पोस्ट में, विदेश मंत्री जयशंकर ने कहा कि दोनों पक्षों ने शिपिंग, व्यापार और निवेश, कनेक्टिविटी, गतिशीलता, एआई और सांस्कृतिक संबंधों पर भी ध्यान केंद्रित किया।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में अपने मित्र ग्रीस के विदेश मंत्री जॉर्ज गेरापेत्रिटिस से मिलकर खुशी हुई। उनसे शिपिंग, व्यापार और निवेश, कनेक्टिविटी, गतिशीलता, एआई और सांस्कृतिक संबंधों पर ध्यान केंद्रित करते हुए हमारे बहुआयामी संबंधों को आगे बढ़ाने पर बहुत उपयोगी बातचीत हुई। साथ ही आईएमईसी और भारत-भूमध्यसागरीय संपर्क पर भी चर्चा हुई, जो हमारे संबंधों के अगले चरण का एक प्रमुख फोकस होगा। इस क्षेत्र में हाल के विकास पर उनका दृष्टिकोण सराहनीय है। 2025-26 के लिए यूएनएससी की गैर-स्थायी सदस्यता के लिए ग्रीस को भारत के पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया।
ग्रीस के विदेश मंत्रालय के अनुसार, विस्तारित वार्ता के दौरान, विदेश मंत्री जॉर्ज गेरापेत्रिटिस और विदेश मंत्री जयशंकर ने व्यापार, शिपिंग और निवेश पर ध्यान देने के साथ द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की। दोनों ने यूएनएससी में ग्रीस के कार्यकाल के दौरान निकट सहयोग का वादा किया।
14 वर्षीय छात्रा के यौन उत्पीड़न के आरोप में शिक्षक गिरफ्तार
ठाणे। नाबालिग ने पहले तो इसे बर्दाश्त किया लेकिन जब नायर ने अपनी हरकतें बंद नहीं कीं तो उसने अपनी मां को आपबीती सुनाई। इसके बाद पीड़िता की मां ने बृहस्पतिवार को पुलिस से संपर्क किया। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक अंग्रेजी माध्यम स्कूल के शिक्षक को 14 वर्षीय छात्रा का यौन उत्पीड़न करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने बताया कि बदलापुर इलाके के एक स्कूल में पढ़ाने वाला आरोपी नवीन रामचंद्र नायर (42) पिछले साल अक्टूबर से किशोरी को कथित तौर पर परेशान कर रहा था। अधिकारी ने प्राथमिकी के हवाले से बताया कि नायर ने कथित तौर पर लड़की को परीक्षा देते समय, डांस क्लास में और एक कार्यक्रम के लिए पोशाक वितरण के दौरान अनुचित तरीके से छुआ और भद्दी टिप्पणियां कीं। नाबालिग ने पहले तो इसे बर्दाश्त किया लेकिन जब नायर ने अपनी हरकतें बंद नहीं कीं तो उसने अपनी मां को आपबीती सुनाई।
इसके बाद पीड़िता की मां ने बृहस्पतिवार को पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नायर को गिरफ्तार कर लिया। शिक्षक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। जिला बाल कल्याण अधिकारी रामकृष्ण रेड्डी ने कहा कि अधिकारियों ने सुनिश्चित किया कि शिक्षक के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जाए।
मयूर विहार के स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी
नई दिल्ली। दिल्ली के एक प्रमुख कॉलेज और एक स्कूल को शुक्रवार को बम की धमकी वाला ईमेल मिला, जिसके बाद पुलिस ने परिसर की तलाशी के लिए बम निरोधक इकाइयों और श्वान दस्तों को तैनात किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। धमकी भरे ईमेल दिल्ली विश्वविद्यालय के सेंट स्टीफेंस कॉलेज और मयूर विहार के एल्कॉन इंटरनेशनल स्कूल को भेजे गए थे।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘सुबह सात बजकर 42 मिनट पर सेंट स्टीफेंस कॉलेज को ईमेल के जरिए बम की धमकी मिली। हमारे बम निरोधक और श्वान दस्ते पूरे परिसर की जांच कर रहे हैं।’’ पूर्वी दिल्ली जिले के एक अधिकारी ने कहा कि मयूर विहार फेज-1 में एल्कॉन इंटरनेशनल स्कूल के अधिकारियों ने सुबह करीब छह बजकर 40 मिनट पर पुलिस को सूचित किया कि उन्हें परिसर में बम होने के बारे में एक ईमेल मिला है। अधिकारी ने कहा कि कई टीम परिसर की जांच कर रही हैं।
ट्रक की चपेट में आने से सेना के एक जवान की मौत
नई दिल्ली। बेकाबू हुए ट्रक की चपेट में आकर सेना के जवान मोहम्मद इरफान अली (31) की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि अली सेना के बम निरोधक दस्ते में तैनात थे और घटना के वक्त वह छावनी के गेट पर ड्यूटी कर रहे थे। बाराबंकी शहर में रेलवे स्टेशन के पास एक ट्रक का ब्रेक फेल हो जाने से उसकी चपेट में आकर सेना के एक जवान की मौत हो गई।
शहर कोतवाली प्रभारी आलोक मणि त्रिपाठी ने शुक्रवार को बताया कि बाराबंकी जंक्शन रेलवे स्टेशन के पास स्थित बीडीसी छावनी कैंप्स गेट के निकट बृहस्पतिवार शाम सेना के एक ट्रक का ब्रेक फेल हो गया। इससे बेकाबू हुए ट्रक की चपेट में आकर सेना के जवान मोहम्मद इरफान अली (31) की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि अली सेना के बम निरोधक दस्ते में तैनात थे और घटना के वक्त वह छावनी के गेट पर ड्यूटी कर रहे थे। त्रिपाठी ने बताया कि अली सहारनपुर से थे, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
पांच वर्षाें के बाद नीतिगत दरों में 0.25 प्रतिशत की कटौती
मुंबई। भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति ने लगभग पाँच वर्षों में पहली बार रेपो दर में 25 आधार अंकों की कटौती करने और मौद्रिक रुख को ‘तटस्थ’ रखने का शुक्रवार को निर्णय लिया जिससे होम लोन, कार लोन और अन्य लोन के सस्ते होने की उम्मीद जगी है।
लगातार ग्यारहवीं बैठक में बेंचमार्क रेपो दर को 6.5 प्रतिशत पर अपरिवर्तित रखने के बाद केंद्रीय बैंक ने आर्थिक विकास की गति कम होने और मुद्रास्फीति के अपने 4 प्रतिशत लक्ष्य के करीब पहुँचने के संकेतों के बारे में बढ़ती चिंताओं के बीच दरों में कटौती की। रिजर्व बैंक ने लगभग पाँच वर्षों में पहली बार बेंचमार्क दरों में कटौती की। इससे पहले कोरोना के दौरान मई 2020 में रेपो दर में 40 आधार अंकों की कटौती करके इसे 4 प्रतिशत किया गया था।
रिजर्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने मौद्रिक नीति समिति की चालू वित्त वर्ष की मौद्रिक नीति की छठी और अंतिम तीन दिवसीय द्विमासिक बैठक में लिए गये निर्णयों की जानकारी देते हुये कहा कि मुद्रास्फीति लक्ष्य के अनुरूप है। समिति ने सर्वसम्मति से दरों में कटौती करने और रुख को बनाए रखने का निर्णय लिया।
उन्होंने कहीा कि बढ़ती वैश्विक अनिश्चितता के बीच समिति ने सर्वसम्मति से बेंचमार्क नीति दरों में 25 आधार अंकों की कटौती करके इसे 6.50 प्रतिशत से 6.25 प्रतिशत करने का निर्णय लिया।
उन्होंने कहा कि अगले वित्त वर्ष के लिए वास्तविक सकल घरेलू उत्पाद की वृद्धि 6.7 प्रतिशत रहने की उम्मीद है जिसमें पहली तिमाही 6.7 प्रतिशत, दूसरी तिमाही 7 प्रतिशत, तथा तीसरी और चौथी तिमाही 6.5 प्रतिशत रहेगी।
उन्होंने कहा कि चालू वित्त वर्ष में खुदरा महंगाई के 4.4 प्रतिशत रहने की उम्मीद है जिसमें चौथी तिमाही में इसके 4.4 प्रतिशत रहने की संभावना है। अगले वित्त वर्ष में खुदरा महंगाई के 4.2 प्रतिशत पर रहने का अनुमान जताते हुये उन्होंने कहा कि खुदरा महंगाई पहली तिमाही में 4.5 प्रतिशत, दूसरी तिमाही में 4.0 प्रतिशत, तीसरी तिमाही 3.8 प्रतिशत और चाैथी तिमाही में 4.2 प्रतिशत रह सकती है।
मुडा केस में सिद्धारमैया को राहत, CBI जांच की मांग वाली याचिका खारिज
कर्नाटक। मुडा मामले में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को बड़ी राहत मिली है। दरअसल, कर्नाटक हाईकोर्ट ने मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण एजेंसी (सीबीआई) से कराए जाने की मांग वाली याचिका खारिज कर दी है। याचिका स्नेहमयी कृष्णा की ओर से लगाई गई थी।
कोर्ट ने कहा कि रिकॉर्ड में लाए गए दस्तावेजों से ऐसी बिल्कुल भी प्रतीत नहीं होता है कि लोकायुक्त की ओर से की जा रही जांच में कोई लापरवाही बरती जा रही है। जांच में पक्षपात, एकतरफा या गलत दिशा में जाने के भी कोई सबूत नहीं हैं। ऐसे में मामले को सीबीआई को सौंपने का कोई औचित्य नहीं है। इसलिए याचिका खारिज की जाती है। मामले की जांच लोकायुक्त जारी रखेगा।
मैसूर शहरी विकास प्राधिकरण या मुडा कर्नाटक की एक राज्य स्तरीय विकास एजेंसी है, जिसका गठन मई 1988 में किया गया था। मुडा का काम शहरी विकास को बढ़ावा देना, गुणवत्तापूर्ण शहरी बुनियादी ढांचे को उपलब्ध कराना, किफायती आवास उपलब्ध कराना, आवास आदि का निर्माण करना है।
कथित मुडा भूमि घोटाला क्या है?
मुडा शहरी विकास के दौरान अपनी जमीन खोने वाले लोगों के लिए एक योजना लेकर आई थी। 50:50 नाम की इस योजना में जमीन खोने वाले लोग विकसित भूमि के 50% के हकदार होते थे। यह योजना 2009 में पहली बार लागू की गई थी। जिसे 2020 में उस वक्त की भाजपा सरकार ने बंद कर दिया।
सरकार द्वारा योजना को बंद करने के बाद भी मुडा ने 50:50 योजना के तहत जमीनों का अधिग्रहण और आवंटन जारी रखा। सारा विवाद इसी से जुड़ा है। आरोप है कि मुख्यमंत्री सिद्धारमैया की पत्नी पार्वती को इसी के तहत लाभ पहुंचाया गया।
प्रयागराज पहुंचे गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल
प्रयागराज। महाकुंभ 2025 में अब तक लगभग 40 करोड़ के करीब श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान किया है। 13 जनवरी को पौष पूर्णिमा के स्नान से महाकुंभ का आगाज हुआ था।
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल प्रयागराज पहुंचे हैं। आज सीएम महाकुंभ में त्रिवेणी संगम पर पवित्र स्नान करेंगे।
10 दिनों के लिए पश्चिम बंगाल पहुंचे RSS प्रमुख मोहन भागवत
नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत के संगठनात्मक कार्य के लिए 10 दिवसीय दौरे पर पश्चिम बंगाल पहुंचे हैं। यह 5 फरवरी को आरएसएस पश्चिम बंगाल इकाई द्वारा सूचित किया गया था। आरएसएस बंगाल के महासचिव जिष्णु बसु द्वारा आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में कहा गया कि मोहन भागवत संघ कार्यकर्ताओं और प्रचारकों के साथ कई दौर की चर्चा करने वाले हैं। यात्रा कार्यक्रम के अनुसार, भागवत 6 फरवरी को कोलकाता पहुंचें। इसके बाद 7 फरवरी से 10 फरवरी तक वह कोलकाता में केशव भवन में रहेंगे और संघ कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ संघ सदस्यों से मुलाकात करेंगे।
11 और 12 फरवरी को वह कोलकाता के अखिल भारतीय टोली बैठक में संघ के केंद्रीय नेतृत्व के साथ अहम बैठक करेंगे। फिर 13 फरवरी को वह मध्य बंगाल, बर्दवान के लिए रवाना होंगे। 14 फरवरी को भागवत एक नए संघ कार्यालय का उद्घाटन करेंगे और 1 फरवरी को बर्दवान के तलित में साई कॉम्प्लेक्स में सभी संघ कार्यकर्ताओं के लिए एक बैठक करेंगे।
बसु ने कहा कि हमारे आरएसएस परिवार के पसंदीदा व्यक्ति, मित्र, दार्शनिक और मार्गदर्शक मोहन भागवत सभी क्षेत्रीय सदस्यों से मिलने के लिए यहां आएंगे। भागवत की बैठक परिचालन सफलता और आरएसएस की सदस्यता बढ़ाने पर केंद्रित होगी। यह सवाल करते हुए कि क्या संगठन के 100वें वर्ष में और 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले भागवत की पश्चिम बंगाल यात्रा का कोई राजनीतिक मकसद था, आरएसएस के वरिष्ठ सदस्यों ने कहा कि यह यात्रा पूरी तरह से संगठनात्मक उद्देश्यों के लिए थी।
महाकुंभ में भारी भीड़ को देखते हुए सभी स्कूलों की कक्षाएं ऑनलाइन संचालित होंगी
महाकुंभ नगर। आदेश के मुताबिक, सभी छात्रों की ऑनलाइन कक्षाएं जारी रहेंगी और सभी अध्यापक समय के अनुसार विद्यालय पहुंचकर वर्तमान में जारी प्रयोगात्मक परीक्षा और गृह परीक्षा निर्धारित समय के अनुसार संपादित कराएंगे। महाकुंभ में माघ पूर्णिमा से पहले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए, प्रयागराज में समस्त बोर्ड के सभी माध्यमिक स्कूलों की कक्षाएं शुक्रवार (सात फरवरी) से 12 फरवरी (माघ पूर्णिमा) तक ऑनलाइन तरीके से संचालित होंगी।
अधिकारियों ने यह जानकारी दी। प्रयागराज जिलाधिकारी की ओर जिला विद्यालय निरीक्षक को जारी आदेश के मुताबिक, विद्यार्थियों के आवागमन में असुविधा और छात्र हित में सात फरवरी से 12 फरवरी तक समस्त बोर्ड के माध्यमिक विद्यालयों की कक्षाएं ऑनलाइन तरीके से संचालित होंगी।
आदेश के मुताबिक, सभी छात्रों की ऑनलाइन कक्षाएं जारी रहेंगी और सभी अध्यापक समय के अनुसार विद्यालय पहुंचकर वर्तमान में जारी प्रयोगात्मक परीक्षा और गृह परीक्षा निर्धारित समय के अनुसार संपादित कराएंगे। बृहस्पतिवार को शाम आठ बजे तक 77.20 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने गंगा और संगम में स्नान किया और 13 जनवरी से अब तक महाकुंभ में करीब 40 करोड़ श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं।
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का परीक्षण पूरा
नई दिल्ली। सोलह डिब्बे वाली पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन सेट को अब वाणिज्यिक परिचालन के लिए रिसर्च डिजाइन्स एंड स्टैंडर्ड ऑर्गेनाइजेशन (आरडीएसओ) के प्रमाणीकरण और आयुक्त, रेलवे सुरक्षा की मंजूरी की आवश्यकता है। रेलवे बोर्ड ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। इसने बताया कि ट्रेन ने 15 जनवरी को लंबी दूरी का परीक्षण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया था। बोर्ड ने एक बयान में कहा, “भारत की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के परिचालन से पहले आरडीएसओ परीक्षण के विश्लेषण के बाद अंतिम प्रमाण पत्र जारी करेगा।” इसमें कहा गया है, रेलवे सुरक्षा आयुक्त ट्रेन का उसकी अधिकतम गति पर मूल्यांकन करेंगे।
बोर्ड के अनुसार, विश्वस्तरीय, हाई-स्पीड स्लीपर ट्रेन का सपना अब वास्तविकता बन गया है, क्योंकि 16-डिब्बे वाली पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन सेट ने 15 जनवरी को मुंबई-अहमदाबाद खंड में 540 किलोमीटर की दूरी के लिए आरडीएसओ द्वारा परीक्षण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। बयान में कहा गया, “एकीकृत कोच फैक्ट्री (चेन्नई) ने 17 दिसंबर 2024 को भारत के पहले वंदे भारत स्लीपर ट्रेन सेट का निर्माण पूरा कर लिया।
अमेरिका के बाद इजरायल का संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद से अलग होने का ऐलान
यरूशलम। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद (यूएनएचआरसी) से अमेरिका के हटने की घोषणा के बाद इजरायल ने कहा कि वह इस फैसले में वाशिंगटन के साथ है।
इजरायली विदेश मंत्री गिदोन सा'आर ने बुधवार को ट्रंप के फैसले के प्रति यहूदी राष्ट्र का समर्थन व्यक्त किया। उन्होंने ने बुधवार को एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "इजरायल राष्ट्रपति ट्रंप के संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद में भाग नहीं लेने के फैसले का स्वागत करता है। इजरायल इस मुद्दे पर संयुक्त राज्य अमेरिका के साथ है और यूएनएचआरसी में शामिल नहीं होगा।
इजरायली मंत्री ने यूएनएचआरसी पर मध्य पूर्व में 'एकमात्र लोकतंत्र [इजरायल],' को जुनूनी रूप से बदनाम करने वाला बताया। उन्होंने कहा, "इस निकाय ने मानवाधिकारों को बढ़ावा देने के बजाय एक लोकतांत्रिक देश पर हमला करने और यहूदी-विरोधी भावना को बढ़ावा देने पर ध्यान केंद्रित किया।
गिदोन सा'आर ने कहा, इजरायल के खिलाफ 100 से अधिक निंदा प्रस्ताव पारित किए गए हैं, जो परिषद में अब तक पारित सभी प्रस्तावों का 20 प्रतिशत से अधिक है। यह संख्या ईरान, क्यूबा, उत्तर कोरिया और वेनेजुएला के खिलाफ पारित प्रस्तावों से भी अधिक है। इजरायल अब इस भेदभाव को बर्दाश्त नहीं करेगा!
इजरायल के विदेश मंत्री की यह घोषणा इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू की अमेरिका यात्रा के दौरान आई है। इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने यूएनएचआरसी और संयुक्त राष्ट्र राहत एवं कार्य एजेंसी (यूएनआरडब्ल्यूए) से अमेरिका के अलग होने की घोषणा की, जिसकी हमास के साथ कथित संबंधों के आरोपों को लेकर काफी आलोचना हुई थी।
ट्रंप ने मंगलवार (स्थानीय समय) को वाशिंगटन डीसी में इजरायल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू के साथ एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यह घोषणा की।
ट्रेन की चपेट में आने से मां-बेटे सहित 3 की मौत
मुंगेर जिले में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया. जिले के भागलपुर-जमालपुर रेलखंड के ऋषिकुंड हॉल्ट पर गया-हावड़ा एक्सप्रेस की चपेट में आने से मां-बेटे सहित 3 लोगों की मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक हादसा उस वक्त हुआ, जब सभी लोग देवघर-जमालपुर ट्रेन पकड़ने के लिए ऋषिकुंड जा रहे थे.
मृतकों की हुई पहचान
सूचना मिलने के बाद परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और इसकी सूचना पुलिस को दी गई. मृतकों की पहचान राम रुचि देवी, उनका बेटा अमित और ऊषा देवी के रूप में हुई है. तीनों बरियारपुर थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं.
परिवार में छाया मातम
सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया. पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है. घटना के बाद घर में मातम पसरा है. मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
उपमुखिया पर अपराधियों ने की अंधाधुंध फायरिंग, हुई दर्दनाक मौत
गया जिले में अपराधियों ने उपमुखिया की गोली मारकर हत्या कर दी. यह घटना बेलागंज थाना क्षेत्र के चिरैला पंचायत की है. उपमुखिया महेश मिश्रा, जिन्हें अपराधियों ने चुड़ीहारा बिगहा के पास गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया.
घटना बुधवार की रात करीब 11 बजे की है. बेलागंज थानाध्यक्ष अरविंद किशोर ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है. पुलिस इस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है.
मौके पर हुई मौत
मिली जानकारी के अनुसार उपमुखिया किसी निमंत्रण से अपने गांव चुड़ीहारा बिगहा लौट रहे थे, तभी पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई.
‘कंपनी चला रही है जन सुराज पार्टी’, JDU ने खोला प्रशांत किशोर का पोल, खुद के फाउंडेशन को चंदा देने के अलावा PK पर लगाया ये गंभीर आरोप
पटना. जदयू प्रदेश प्रवक्ता नीरज कुमार ने जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर पर जमकर निशाना साधा है. नीरज कुमार ने आज गुरुवार (6 फरवरी) को पटना में मीडिया कर्मियों से बात करते हुए कहा कि, सच छुपेगा कब तक? पोस्टर जारी करते हुए कहा कि लोकतंत्र की आड़ में कंपनी राज स्वीकार नहीं किया जाएगा. उन्होंने सवाल किया कि, जन सुराज दिख रहा है, सिर्फ धन का राज, गांधी के नाम पर धोखा बिहार नहीं देगा यह मौका, जन स्वराज या निजी स्वार्थ.
जदयू का प्रशांत किशोर पर बड़ा खुलासा
नीरज कुमार ने प्रशांत किशोर पर हमला बोलते हुए कहा कि, प्रशांत किशोर के खुलासा का यह पहला पार्ट है. 8 अगस्त 2022 को पार्टी का रजिस्ट्रेशन के लिए अप्लाई किया. 28 अगस्त 2023 को जन स्वराज की स्थापना हुई है. अजीत सिंह, पिता स्वर्गीय रमेश सिंह यह कोषाध्यक्ष थे. प्रशांत किशोर की पार्टी अजीत सिंह के नाम का उपयोग कर पार्टी का रजिस्ट्रेशन किया है. प्रशांत किशोर यह बताएं कि अजीत सिंह आखिर अभी कहां है?
नीरज कुमार ने पीके पर लगाया गंभीर आरोप
नीरज कुमार ने कहा कि, पीके ने 2 अक्टूबर 2024 को पार्टी की घोषणा करने की बात कहते हुए कहा था कि जनता जन सुराज पार्टी का फंडिंग करने वाला कंपनी है. जॉय ऑफ गिविंग ग्लोबल फाउंडेशन ट्रस्ट जन सुराज को फंड देता है. उन्होंने कहा कि, इस कंपनी का ऑफिस बेंगलुरु में है. जॉय ऑफ गिविंग ग्लोबल फाउंडेशन ट्रस्ट को फंड कौन दे रहा है? इसका कोई हिसाब नहीं है. जॉय ऑफ़ गिविंग ग्लोबल फाउंडेशन ट्रस्ट दे रहा है, उसका पूरा डिटेल जारी जल्द करेंगे.
‘पीके ने अपने ही फाउंडेशन को दिया डोनेशन’
जदयू प्रवक्ता ने कहा कि, साल 2023 से 2024 में जॉय ऑफ़ लिविंग फाउंडेशन ट्रस्ट को 48 करोड़ रुपए डोनेशन मिला. सबसे ज्यादा फंड राम सेतु इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी ने दिया है. प्रशांत किशोर की पार्टी और जॉय ऑफ गिविंग ग्लोबल फाउंडेशन का क्या संबंध है. प्रशांत किशोर ने अपने ही फाउंडेशन को 50 लाख डोनेशन क्यों दिया?
नीरज कुमार ने कहा कि, 72 घंटे के लिए समय दिया जा रहा है, सवालों का जवाब देने के लिए. चैरिटी टेबल ट्रस्ट के माध्यम से राजनीतिक पार्टी का सहयोग करना कंपनी एक्ट 1 का उल्लंघन हैं. 9 फरवरी तक प्रशांत किशोर अगर नहीं बोलते हैं तो मैं खुलासा करूंगा.
पटना एयरपोर्ट पर यात्रियों का हंगामा, CISF जवान ने कराया सबको शांत
पटना: राजधानी पटना से असम के गुवाहाटी जाने वाली स्पाइस जेट की विमान संख्या sg 3453 को आज रद्द कर दिया गया. एयरपोर्ट में प्रवेश पाए यात्रियों को जब यह पता चला, तो यात्रियों ने जमकर हंगामा किया और विमान कंपनी से वैकल्पिक व्यवस्था कर उन्हें गुवाहाटी पहुंचाने की मांग करते नजर आए.