छत्तीसगढ़ / दुर्ग
जर्जर सड़क बनी दुर्घटनाओं का कारण
आमजन और छात्र-छात्राएं परेशान, आवेदक पहुंचा जनदर्शन
दुर्ग। जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देशानुसार डिप्टी कलेक्टर उत्तम ध्रुव एवं हितेश पिस्दा ने साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम में पहुंचे जनसामान्य लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी। उन्होंने जनदर्शन में पहुंचे सभी लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और समुचित समाधान एवं निराकरण करने संबंधित विभागों को शीघ्र कार्यवाही कर आवश्यक पहल करने को कहा। जनदर्शन के दौरान नगर निगम, समाज कल्याण, खाद्य विभाग एवं जिला पंचायत के अधिकारी उपस्थित थे। जनदर्शन में अवैध कब्जा, आवासीय पट्टा, प्रधानमंत्री आवास, भूमि सीमांकन कराने, आर्थिक सहायता राशि दिलाने सहित विभिन्न मांगों एवं समस्याओं से संबंधित आज 80 आवेदन प्राप्त हुए।
शिवपारा वार्ड क्रमांक 38 के निवासी ने अपने क्षेत्र में व्याप्त अतिक्रमण को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि वार्डवासी द्वारा उनके निवास मकान के सामने अतिक्रमण कर “भैसांपुर चबूतरा“ का निर्माण कर लिया गया है, जहां नियमित रूप से पशु बलि जैसी गतिविधियाँ की जाती हैं। इस चबूतरे के कारण आम रास्ता बाधित हो रहा है, जिससे स्थानीय नागरिकों को आवागमन में भारी असुविधा हो रही है। संकरी सड़क और धार्मिक गतिविधियों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होने की आशंका बनी रहती है। आवेदक ने भैसांपुर चबूतरे को हटाकर किसी अन्य स्थान पर स्थापित करने के लिए आवेदन दिया। इस पर डिप्टी कलेक्टर ने आयुक्त नगर निगम दुर्ग को परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने को कहा।
राजीव नगर वार्ड 04 के वार्डवासियों ने बारिश में डुबान से राहत दिलाने आवेदन दिया। राजीव नगर वार्ड क्रमांक 04 के वार्डवासियों ने बताया कि बारिश में जलभराव की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय रहवासियों ने बताया कि क्षेत्र की तीन प्रमुख नालियाँ वार्ड 02 (शिव नगर), वार्ड 04 (राजीव नगर), और वार्ड 03 (मठपारा) की निकासी का पानी नया आंगनबाड़ी केंद्र के पास स्थित एक संकीर्ण नाली में मिलती हैं। यह नाली मोहल्ले की महिला के घर के बगल से होकर गुजरती है, महज 3 फीट चौड़ी है, जबकि इससे जुड़ने वाली नालियां इससे कहीं अधिक चौड़ी हैं। इस पर डिप्टी कलेक्टर ने आयुक्त नगर निगम दुर्ग को परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने को कहा।
वार्ड क्रमांक 58 के पूर्व पार्षद ने सड़क जीर्णोद्धार के लिए आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि उरला क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 57 एवं 58 में पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा बनाई गई सड़क, जो चंडी चौक से होकर नदी रोड होते हुए उरला तक जाती है। बनरंग होटल से बजरंग पारा तक की सड़के अत्यंत खराब है। यह सड़क इतनी क्षतिग्रस्त हो चुकी है कि प्रतिदिन दोपहिया वाहन चालक फिसलकर गिर रहे हैं। कभी भी गंभीर दुर्घटना हो सकती है। यह मार्ग न केवल क्षेत्रीय नागरिकों के लिए, बल्कि उरला हाई स्कूल के छात्र-छात्राओं के लिए भी मुख्य रास्ता है। छात्राएं आए दिन इस जर्जर सड़क से स्कूल आना-जाना करते हैं, जिससे उनकी सुरक्षा को खतरा बना रहता है। रात के समय इस मार्ग से बेलौदी, मालूद और आसपास के गांवों के हजारों राहगीर आवागमन करते हैं। खराब सड़क और अंधेरे के कारण इस रास्ते पर चलना बहुत मुश्किल होता है। इस पर डिप्टी कलेक्टर ने पीडब्ल्यूडी को निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने को कहा।
स्तंभशाला का बोरिगारका में शुभारंभ
दुर्ग। देशभर में प्रारंभिक बाल शिक्षा को मजबूती देने वाले निपुण भारत मिशन की चौथी वर्षगांठ के अवसर पर स्टारलाइट फाउंडेशन, जो वर्ष 2020 से बाल शिक्षा के क्षेत्र में कार्यरत एक प्रतिष्ठित गैर-सरकारी संस्था है, ने विगत दिन जिले के शासकीय प्राथमिक विद्यालय, बोरिगारका में अपनी पहली ‘स्तंभशाला’ का शुभारंभ किया। यह पहल ग्रामीण भारत में गुणवत्तापूर्ण और मूलभूत शिक्षा को बच्चों तक सुलभ कराने की दिशा में एक मील का पत्थर मानी जा रही है।
‘
स्तंभशाला एक विशेष रूप से डिज़ाइन की गई कक्षा है, जो कक्षा 1 से 3 तक के बच्चों की फाउंडेशनल लिट्रसी एंड न्यूमेरसी (एफएलएन) की क्षमताओं को विकसित करने के उद्देश्य से तैयार की गई है। इस कक्षा को आधुनिक तकनीकी और शिक्षण उपकरणों से सुसज्जित किया गया है: स्मार्ट एलईडी टीवी के माध्यम से बच्चों को ऑडियो-विजुअल माध्यम से पढ़ाई कराई जाएगी। रिच प्रिंट स्टडी मैटेरियल, चार्ट्स, चित्रात्मक पुस्तकों और कार्यपुस्तिकाओं से बच्चों की पढ़ाई को रोचक और प्रभावशाली बनाया गया है। फन लर्निंग एक्टिविटी किट और शैक्षिक खिलौनों के माध्यम से बच्चों को खेल-खेल में सीखने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इस भव्य कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नंदलाल चौधरी (संयुक्त संचालक, महिला एवं बाल विकास विभाग, छत्तीसगढ़) एवं विशिष्ट अतिथि श्रीमती श्रद्धा साहू (सभापति, जिला पंचायत, दुर्ग), जनपद उपाध्यक्ष राकेश हिरवानी, ग्राम सरपंच चुम्मन यादव संकुल प्रिंसिपल जांगड़े ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। उनके साथ शिक्षा विभाग के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामवासी, शिक्षक और स्कूली विद्यार्थी भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि चौधरी ने कहा कि “स्तंभशाला जैसी पहल देश की बुनियादी शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में निर्णायक भूमिका निभा सकती हैं। यह समय की आवश्यकता है कि हम बच्चों को उनकी प्रारंभिक शिक्षा में सशक्त बनाएं। निपुण भारत मिशन का उद्देश्य भी यही है कि 2026 तक हर बच्चा कक्षा 3 के अंत तक पढ़ने, लिखने और बुनियादी गणितीय कौशल में निपुण हो।” संस्था के अध्यक्ष प्रतीक ठाकरे ने बताया कि बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेषज्ञों की सहायता से एक विशेष पाठ्यक्रम भी तैयार किया गया है। यह पाठ्यक्रम बच्चों की सीखने की क्षमता, रुचि और सीखने की गति के अनुरूप अनुकूलित है। उन्होंने आगे कहा कि “हमारा उद्देश्य शिक्षा को बोझ नहीं, बल्कि एक आनंदमयी अनुभव बनाना है। स्तंभशाला के माध्यम से हम बच्चों के अंदर सीखने की जिज्ञासा जगाने का प्रयास कर रहे हैं। यह हमारी पहली कक्षा है, और आने वाले महीनों में हम अन्य स्कूलों में भी इस मॉडल को लागू करेंगे।"
टीम सदस्य अनुराग शर्मा ने बताया कि संस्था पिछले 2.5 वर्षों से ग्रामीण क्षेत्रों में बाल शिक्षा पर विशेष ध्यान दे रही है, और अब वह दुर्ग जिले के साथ-साथ पूरे छत्तीसगढ़ में अपने प्रयासों का विस्तार करने की योजना बना रही है। कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय के कक्षा 1 से 5 तक के मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए, जिसमें देशभक्ति गीत, कविता पाठ और समूह नृत्य प्रमुख रहे। यह आयोजन बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने और उनके उज्जवल भविष्य की ओर प्रेरित करने का एक सराहनीय प्रयास रहा।
निपुण भारत मिशन: देश की नींव को मज़बूत करने की पहल
भारत सरकार द्वारा 5 जुलाई 2021 को शुरू किया गया निपुण भारत (नेशनल इनिशिएटिव फॉर प्रोफ़िशिएन्सी इन रीडिंग विथ अंडरस्टैंडिंग एंड न्यूमेरसी) एक प्रमुख शैक्षिक अभियान है, जिसका लक्ष्य है:
वर्ष 2026 तक सभी कक्षा 3 के बच्चों को मूलभूत साक्षरता और संख्यात्मक ज्ञान में निपुण बनाना।
प्रत्येक राज्य में ‘निपुण लक्ष्य’ निर्धारित कर, राज्यों को सहयोग और मार्गदर्शन प्रदान करना।
शिक्षकों को प्रशिक्षित कर फाउंडेशन लर्निंग को सुदृढ़ बनाना।
छत्तीसगढ़ सरकार भी इस दिशा में विशेष प्रयास कर रही है। प्रदेश के प्राथमिक विद्यालयों में 2024 की रिपोर्ट के अनुसार, अभी भी लगभग 45% बच्चे कक्षा 3 में अपनी उम्रानुकूल पढ़ाई में पिछड़ रहे हैं, जिसे सुधारने की दिशा में स्तंभशाला जैसे कदम अत्यंत प्रभावशाली सिद्ध हो सकते हैं। इस आयोजन में ग्रामवासियों, स्कूल प्रबंधन समिति, अभिभावकों और स्थानीय शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। ग्रामीणों ने इसे बच्चों के भविष्य के लिए एक सकारात्मक बदलाव बताया। मुख्य अतिथियों ने स्टारलाइट फाउंडेशन को इस अद्वितीय पहल के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा कि यदि ऐसे प्रयास सामूहिक रूप से होते रहें, तो निकट भविष्य में भारत की शिक्षा प्रणाली में जमीनी बदलाव निश्चित होंगे। इस उपलक्ष्य पर शाला के हेड मास्टर आर. के. नोरके ने बताया कि स्तंभशाला केवल एक कक्षा नहीं, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में एक सोच, एक आंदोलन है, जो देश के नौनिहालों को सशक्त बनाने की दिशा में उठाया गया एक सुनियोजित और समर्पित कदम है।
भिलाई स्टील प्लांट में फिर गिरी गैलरी, टला बड़ा हादसा, डैमेज कंट्रोल में जुटा प्रशासन
भिलाई: भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) में सोमवार दोपहर एक बार फिर सुरक्षा मानकों पर सवाल उठाने वाली घटना सामने आई। दोपहर करीब 1:20 बजे कोल हैंडलिंग प्लांट की गैलरी नंबर-38 अचानक गिर गई। यह गैलरी कोल टावर नंबर-3 से जुड़ी हुई थी, जिसके माध्यम से बैटरियों तक कोयले की आपूर्ति होती है। गैलरी के ढह जाने से फिलहाल कोयला आपूर्ति प्रक्रिया पर असर पड़ा है, हालांकि संयंत्र प्रशासन स्थिति को नियंत्रित करने में जुटा है।
प्लांट को आर्थिक रूप से भारी क्षति
सौभाग्य से इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन संयंत्र को तकनीकी और आर्थिक रूप से भारी क्षति उठानी पड़ी है। कोल सप्लाई में व्यवधान आने से उत्पादन प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। गौरतलब है कि भिलाई इस्पात संयंत्र में गैलरी गिरने की यह कोई पहली घटना नहीं है।
इससे पहले भी कई बार इस प्रकार की घटनाएं घट चुकी हैं, जिनमें संयंत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे थे। पूर्व में 2022 में गैलरी के एक हिस्से में दरारें आई थीं, और 2023 में प्लेट मिल में भी एक गैलरी का हिस्सा गिर चुका है।
लगातार घटनाओं ने बढ़ाई टेंशन
लगातार हो रही ऐसी घटनाएं यह संकेत देती हैं कि संयंत्र में संरचनात्मक सुरक्षा और समय पर मेंटेनेंस की ओर समुचित ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इससे न केवल संयंत्र के संसाधनों को नुकसान हो रहा है, बल्कि कर्मचारियों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ती जा रही है। अब देखने वाली बात होगी कि प्रबंधन इस बार इस गंभीर घटना से क्या सबक लेता है और भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए क्या ठोस कदम उठाता है।
आज हमारे शहर में हरियाली की सबसे अधिक जरूरत: महापौर अल्का बाघमार
दुर्ग । नगर पालिक निगम सीमा क्षेत्र अंतर्गत आज सुबह श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जन्म जयंती के अवसर पर वार्ड क्रमांक 60 पटरी पार में दुर्ग शहर के प्रथम नागरिक महापौर श्रीमती अलका बाघमार के नेतृत्व में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में महापौर और अन्य जनप्रतिनिधियों सहित वार्ड के नागरिको ने मिलकर पौधे लगाए, जिससे पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
महापौर श्रीमती बाघमार ने कहा कि वृक्षा रोपण कार्यक्रम श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था, जो एक प्रसिद्ध शिक्षाविद और भारतीय जनसंघ के संस्थापक थे। इस अवसर पर, महापौर ने सभी नागरिकों से पर्यावरण की रक्षा के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की। पटरी पार में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के योगदान को याद करने का एक महत्वपूर्ण अवसर था। महापौर श्रीमती अलका बाघमार ने कहा,आज हमारे शहर में हरियाली की सबसे अधिक जरूरत सभी अपने घर के आस पास पौधा अवश्य लगाए।
बता दे कि महापौर श्रीमती अलका बाघमार के नेतृत्व में पीपल, बरगद, बादम नीम एवं सिंदूर के पौधे रोपे गए। इस अवसर पर पूर्व महापौर श्रीमती चंद्रिका चन्द्राकर,अरुण सिंह, सुरुचि उमरे,युवराज कुंजाम,पटरीपार मण्डल अध्यक्ष मनमोहन शर्मा,जयश्री राजपूत,प्रमोद पाटिल ,रेवती कुटेल,सुधा सिंह,संतोष बलराम प्रीतम रमेश अनूप प्रशांत,मौसमी ताम्रकार,अंजू तिवारी यश चंद्राकर सहित नागरिकगण मौजूद रहें।
बारिश में मैदानी स्वास्थ्य अमला रहेगा तैनात
भिलाई । वर्षा ऋतु में मौसमी बीमारियों को लेकर मैदानी स्वास्थ्य अमले की भूमिका को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को महत्वपूर्ण बैठक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई-3 में हुई। जिसमें दवाओं से लेकर आवश्यक सामग्री, भर्ती मरीज करने, बेड की स्थिति और उपकरणों की जानकारी के मौजूदा स्थिति की समीक्षा की गई। इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मनोज दानी ने सभी से वर्षा ऋतु में हल्का ताजा भोजन करने और बासी भोजन से बचने कहा।
उन्होंने बताया कि सभी शासकीय अस्पतालों में सभी प्रकार की दवा ओर उपकरणों सहित जीवन रक्षक दवाएं उपलब्ध है, इसके लिए जागरूक रहना चाहिए सर्तक रहना ओर नीम हकीम से इलाज कराने से बचना चाहिए। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ भुनेश्वर कठौतिया ने बताया कि वायरल फीवर, टाइफाइड, डेंगू और उल्टी दस्त के प्रकरणों में बढ़ोतरी मिल सकती हैं इसलिए पानी उबालकर ठंडा होने पर उपयोग करें।
ताजा भोजन करें बासी भोजन से उपयोग से बचें। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई-3 के चिकित्सा अधिकारी डॉ शिखर अग्रवाल ने सभी लोगों से अपील की कि अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखना चाहिए। पानी में अनावश्यक न भीगें, फल सब्जियां को धोकर पकाएं, किसी भी खुले में बिकने वाले सामान में मक्खियां और अन्य कीट बैठते हैं, जिससे रोग हो सकता है। सभी स्वास्थ्य केंद्र में डेंगू मलेरिया की निशुल्क जांच की सुविधा उपलब्ध है।
शहरी स्वास्थ्य कार्यक्रम चरोदा भिलाई 3 के बीईईटीओ सैय्यद असलम ने बताया कि वर्षा ऋतु में जल जनित रोग टाइफाइड, बुखार, वायरल फीवर, उल्टी दस्त, डेंगू ओर विभिन्न संक्रमण रोग का प्रसारण होता है। लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना चाहिए। फील्ड के स्वास्थ्य कर्मचारियों के पास वर्षा जनित रोगों की दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। बैठक में सभी बुखार की जांच किट और डेंगू-मलेरिया की आवश्यकता की जानकारी ली गई।
बेटे-बहू की मौत पर सड़क में बिखलते परिजन, ट्रक ने कुचला
भिलाई । फोरलेन पर रात 10 बजे सड़क हादसे में नव दंपति की दर्दनाक मौत हो गई स्कूटी पर सवार नव दंपति अपनी मौसी के घर से निकालकर कोहका अपने घर जा रहे थे की दुर्ग की ओर जाने वाले ओवर ब्रिज नाला के समीप पावर हाउस ओवर ब्रिज के पास आईटीआई के पहले रायपुर से दुर्ग की ओर जा रही है ट्रक ने स्कूटी सवार को पीछे से ठोकर मार कर कुचल दिया और भाग खड़ा हुआ।
कोहका निवासी मुकेश कुर्रे 28 साल एवं उसकी धर्मपत्नी कमलेश्वरी कुरें 26 साल की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई नवदम्पत्ति की 2 महीने पहले ही विवाह हुआ था घटनास्थल खुर्सीपार थाना क्षेत्र का बताया जाता है।
हटरी बाजार में पुलिस की रेड, 10 जुआरी गिरफ्तार
दुर्ग । जिले में अवैध कारोबार पर लगाम कसते हुए पुलिस ने सटोरियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। दो अलग-अलग जगहों पर कार्रवाई में 13 लोगों को सट्टा पट्टी के साथ गिरफ्तार न्यायालय में पेश किया गया है। दुर्ग एसपी विजय अग्रवाल ने निर्देश पर जिले में अवैध कारोबार, गुंडा बदमाश और असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है । इसी क्रम में सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेलने और खिलाने वालो के खिलाफ अभियान छेड़ कर यह कार्रवाई की गई।
थाना कोतवाली प्रभारी ममता अली शर्मा ने बताया कि 4 जुलाई को जामा मस्जिद के पीछे हटरी बाजार दुर्ग में घेराबंदी कर सट्टा पट्टी लिखते व खिलवाते हुए कुल 10 आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पोलसायपारा दुर्ग में भी पहुंचकर घेराबंदी की गई जहां रेड कार्यवाही के दौरान सट्टा खेलने वाले मौके से भाग गये तथा मौके पर 3 आरोपी को सट्टा खिलाते हुए पकड़ा गया। आरोपियों के खिलाफ दोनों जगहों पर कार्रवाई करते हैं। 21 हजार रुपए नगद और मोबाइल बरामद कर जुआ एक्ट के कई धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर न्यायालय पेश किया गया है।
मो. नसीर उम्र 53 साल पता हटरी बाजार दुर्ग
मो. हनीफ उम्र 62 साल पता पांच बिल्डिंग दुर्ग
सुरेश साहू उम्र 45 साल पता पटेल चौक दुर्ग
शफी अख्तर उम्र 55 साल पता हटरी बाजार दुर्ग
गौतम यादव उम्र 60 साल पता डिपरापारा दुर्ग
सुनील राव उम्र 47 साल पता तकियापारा दुर्ग
संजीव सोनी उम्र 40 साल पता इंदिरा कॉलोनी दुर्ग
शशि सेंदरे उम्र 50 साल पता पोटिया रोड दुर्ग
नाज बेगम उम्र 56 साल पता लुचकीपारा दुर्ग
ज्योति राव उम्र 40 साल तकियापारा दुर्ग
खिलेश्वर यादव 20 साल किन कसारीडीह दुर्ग
फिरोज अली उम्र 45 साल साकिन तकियापारा दुर्ग
मोह. जहीर उम्र 23 साल साकिन पोलसायपारा दुर्ग
भारतीय मजदूर संघ का स्थापना दिवस 23 को
भिलाई । भारतीय मजदूर संघ जिला दुर्ग द्वारा श्रमिकों के सम्मान में आगामी 23 जुलाई को अम्बेडकर भवन बैकुण्ठ धाम में दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे के बीच स्थापना दिवस एवं विशाल श्रमिक सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। यह वर्ष भारतीय मजदूर संघ के स्वर्णिम 70 वां वर्ष है। इस कार्यक्रम की रूप रेखा बनाने और इसके तैयारी को लेकर भारतीय मजदूर संघ और उसकी स्वायत्तशासी कर्मचारी महासंघ सहित सभी इसके 17 हो शाखा के अध्यक्षों और उनके पदाधिकारियों व सदस्यें ने बैठक आयोजित की।
इस दौरान बीएमएस के शाखा स्वायत्तशासी कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष शरद दुबे ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम में 5 हजार से अधिक मजदूर शामिल होंगे जिसमें कुम्हारी से लेकर रसमड़ा व दुर्ग-भिलाई के बडी संख्या में श्रमिक इस कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इस कार्यक्रम में प्रदेश के श्रममंत्री लखनलाल देवांगन एवं दुर्ग लोकसभा के सांसद विजय बघेल के अलावा अन्य कई प्रमुख हस्तियां अतिथि के रूप में शामिल होंगे। श्री दुबे ने आगे बताया कि बीएमएस चाहता है कि श्रमिकों की समस्याएं दूर हो।
औद्यौगिक क्षेत्र के मजदूरों के हितों के लिए पीएफ कार्यालय भिलाई में खोला जाये। शरद दुबे ने आगे बताया कि दुर्ग जिले में जहां कुल बीएमएस की कुल 17 शाखाएं है वही पूरे देश में 70 शाखाएं है। श्रमिकों की हित के लिए दिल्ली में भी बड़ा आयोजन होने जा रहा है जिसमें आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत सहित देश की कई हस्तियां शामिल होंगे। इन्होंने आगे बताया कि इस सम्मेलन में आज जो श्रमिकों से 8 घंटा के बजाय 12 घंटा काम लिया जा रहा है, उसको कम करने की मांग अपने राष्ट्रीय पदाधिकारियों से करेंगे। इसके साथ ही दैनिक वेतन आयोग गठन करने, तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों को कलेक्टर दर पर वेतन देने की मांग केन्द्र और राज्य सरकार से की जायेगी।
उन्होंने आगे बताया कि महिलाओं का सम्मान हो, केन्द्र और राज्य सरकार की जो योजनाएं है, उसका पूरा लाभ महिलाओं को भी मिले। इसके अलावा श्रमिकों के बच्चो जो शिक्षा के क्षेत्र में टॉप कर रहे है उनको विदेश जाकर वहां पढाई करने का अवसर केन्द्र सरकार दे ताके वे भी टॉप लेबल के इंजीनियर व डॉक्टर बन सके। इस बैठक में बीएमएस के देवेन्द्र चन्द्राकर, हरिशंकर चतुर्वेदी, अनिल कुमार सिंह, विष्णु चंदाकर , वसुंधरा चौरे, मिथलेश विश्वकर्मा, दालेश्वर साहू सहित बडी संख्या में मजदूर साथी उपस्थित रहेंगे।
जैन साध्वी श्री प्रियदर्शना श्रीजी प्रियदा का आज होगा दुर्ग में मंगलमय प्रवेश
दुर्ग । जैन साध्वी श्री प्रियदर्शना श्री जी प्रियदा अपने साध्वी समुदाय के साथ कल प्रात: रेलवे स्टेशन रोड स्थित डालचंद संदीप कुमार सुराणा के निवास से प्रात: 8 बजे श्रावक श्राविकाओं की विशेष उपस्थिति में जय आनंद मधुकर रतन भवन बांधा तालाब दुर्ग में मंगलमय प्रवेश करेंगे।
साध्वी विचक्षणा श्रीजी सुकृति श्रीजी साध्वी स प्रज्ञपति श्री जी भी उनके साथ मंगलमय प्रवेश करेंगे। रेलवे स्टेशन रोड स्थित श्री डालचंद जी सुराणा के निवास स्थान में अरिहंत एवं तीर्थंकर परमात्मा की स्तुति पुचछीसुणम एवं भक्तांबर स्त्रोत के अनुष्ठान के पश्चात वहां से बिहार यात्रा प्रारंभ होगी। प्रात: 9:20 बजे जय आनंद मधुकर रतन भवन में श्रावकों की आज्ञा लेकर प्रवेश होगा।
उप पंजीयक कार्यालय उद्योग भवन में हुआ स्थानांतरित
दुर्ग । दुर्ग के उप पंजीयक कार्यालय में मॉडल ऑफिस का निर्माण कार्य शुरू होने के कारण इस कार्यालय को अस्थायी रूप से सी.एस.आई.डी.सी. परिसर के प्रथम तल उद्योग भवन जी.ई. रोड दुर्ग में स्थानांतरित किया गया है। जिला पंजीयक सुश्री प्रियंका श्रीरंगे ने बताया कि जिला पंजीयक कार्यालय एवं नकल सर्च पुराने भवन में ही संचालित होगा। मॉडल ऑफिस के निर्माण होने तक पंजीयन कार्यालय दुर्ग का संचालन नवीन भवन सी.एस.आई.डी.सी. परिसर के प्रथम तल (उद्योग भवन ) जी.ई. रोड दुर्ग में किया जाएगा।
शिक्षा विभाग ने बीएसपी स्कूलों के मेधावी छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित
भिलाई । भिलाई इस्पात संयंत्र के शिक्षा विभाग द्वारा संचालित विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा आठवीं के मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन शनिवार 5 जुलाई को भिलाई विद्यालय, सेक्टर-2 के सभागार में किया गया। इस गरिमामय अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक टीए एवं सीएसआर उत्पल दत्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि महाप्रबंधक शिक्षा श्रीमती शिखा दुबे विशिष्ट अतिथि रहीं। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, तत्पश्चात श्री सतीश मिश्रा एवं श्री शैलेन्द्र भोई के निर्देशन में भिलाई विद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत ने कार्यक्रम को सांस्कृतिक गरिमा प्रदान की। अतिथियों का स्वागत मेधावी छात्र-छात्राओं द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया।
पूर्व विधायक भजन सिंह निरंकारी की पुण्यतिथि पर दी गई श्रद्धांजलि
भिलाई । वैशाली नगर विधान सभा के पूर्व विधायक एवं साडा अध्यक्ष स्वर्गीय भजन सिंह निरंकारी की दूसरी पुण्यतिथि 3 जुलाई पर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। सभा में उनके साथ राजनीतिक शुरुआत करने वाले से लेकर उनके साथियों ने उनके द्वारा शहर के विकास में योगदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि साडा के समय में बनी बटालियन के पास जल शोधक संयंत्र, नेहरू नगर, प्रियदर्शिनी नगर, सुपेला सब्जी मार्केट, सुपेला लालबहादुर शास्त्री चिकित्सालय, इंदिरा गांधी कॉलेज वैशाली नगर, शहर में फर्सीकरण कार्य, पट्टा वितरण कार्य, सुपेला का नेहरू भवन निर्माण से लेकर भिलाई 3 में विकास कार्य स्व निरंकारी की देन है ।
श्रद्धांजलि सभा में निरंकारी के पुत्र निगम के एमआईसी मेंबर संदीप निरंकारी ने उनके कार्यों को स्मरण करते हुए कहा कि मेरे पापा जो आज हमारे बीच नहीं है परंतु उनके बताए हुए मार्ग हम सभी को प्रेरणा के साथ मार्ग दिखाते रहेगा। वे जीवन भर चार जिम्मेदारी को एक साथ निभाते रहे परिवारिक, व्यावसायिक, राजनीतिक और आध्यात्मिक इन सभी कार्य को वे पूरे सम्मान के साथ करते रहे अंतिम समय तक वे समय के पाबंद रहे ।
श्रद्धांजलि सभा में भिलाई नगर निगम के महापौर नीरज पाल, भिलाई जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर, सभापति गिरवर बंटी साहू, समाज सेवी संजय ओझा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव धर्मेंद्र यादव, मनीष बंछोर, समाज सेवी सुभाष साव, संजय ओझा, ब्लॉक अध्यक्ष नंदकुमार कश्यप, प्रमोद प्रभाकर, वरिष्ठ कांग्रेस नेता वाय के सिंह, सतपाल सिंह, सेवा दल के वरिष्ठ महामंत्री जेआर साहू, महेश जायसवाल आदि उपस्थित थे।
'अल मदद' ने लिया गरीब बच्चियों की तालीम का जिम्मा
भिलाई । मुस्लिम महिलाओं के गैर सरकारी संगठन अल मदद एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसाइटी ने गरीब बेटियों की उच्च शिक्षा का जिम्मा लिया है।
अंजुमन हुसैनिया कमेटी की तरफ से सड़क- 20, जोन-1, खुर्सीपार में जारी आयोजनों में औरतों के लिए महफिले मिलाद शरीफ रखी गई थी। इस दौरान 8 वीं, 10 वी और 12 वीं में प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण बेटियों के सम्मान के दौरान सोसाइटी के प्रतिनिधि विशेष रूप से आमंत्रित किए गए। प्रतिभावान बेटियों का सम्मान करते हुए सोसाइटी की अध्यक्ष अंजुम अली ने कहा कि इन बेटियों में किसी को भी आर्थिक वजह से उच्च शिक्षा में बाधा आएगी तो उनकी संस्था पढ़ाई का खर्च उठाएगी। उन्होंने अंजुमन हुसैनिया के सदर हुसैन अली अशरफी का आभार जताते हुए कहा कि उनकी संस्था खुर्सीपार जैसे क्षेत्र की जरूरतमंद बच्चियों की तालीम पर पूरा ध्यान देगी। इस दौरान सोसाइटी की ओर से सचिव कौसर खान, सहसचिव-कैसर इकबाल, लीना तजमीन, कोषाध्यक्ष शाहीन खान तथा संरक्षक आयशा आलम, शमशुन्निसा, कमर सुल्ताना, एसएम शेख, आलिमा गुल निशा, और रख्शंदा अंजुम सहित तमाम लोग मौजूद थे।
भिलाई में मुहर्रम की तैयारियां जोरों पर, 6 को निकलेगा यौमे आशूरा का मुख्य जुलूस
भिलाई । कर्बला के शहीदों की याद में भिलाई शहर में मुहर्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। शहर के अलग-अलग इलाकों में ताजिया निर्माण, अखाड़ों की रिहर्सल, मजलिसें और लंगर के आयोजन पूरे जोश और श्रद्धा के साथ जारी हैं। मुख्य जुलूस 10 मुहर्रम यानी रविवार 6 जुलाई को दोपहर 2 बजे पावर हाउस चौक से निकलेगा।
आज रात निकलेगा नवमी का ताजिया जुलूस
5 जुलाई की रात करीब 10 बजे सभी इमामबाड़ों से ताजिया, अखाड़ा व अलम सवारी लेकर जुलूस निकलेगा, जो पावर हाउस चौक पहुंचेगा। वहां अखाड़ा प्रदर्शन के बाद सभी ताजिए और अखाड़े अपने-अपने चौकों पर वापस लौट जाएंगे।
6 जुलाई को यौमे आशूरा का मुख्य आयोजन
यौमे आशूरा पर रविवार को दोपहर 2 बजे शहर के सभी चौकों से ताजिए, अखाड़े, अलम और सवारियाँ लंगर और शर्बत के साथ रवाना होंगी, जो पावर हाउस चौक पर एकत्र होंगी। इस मौके पर ढोल-ताशे, सबील, नजऱ और नियाज के साथ मातम और जुलूस निकाला जाएगा।
कर्बला के शहीदों का बयान जारी
जामा मस्जिद, सेक्टर-6 में मौलाना नैयर अशरफ अशरफी (किछौछा शरीफ) ने शहीद-ए-कर्बला हज़रत इमाम हुसैन की कुर्बानी पर बयान किया।
4 जुलाई को हाफिज इकबाल अंजुम अशरफी ने तकरीर की, जबकि 5 जुलाई को भी मजलिस जारी रहेगी।
मस्जिद ट्रस्ट के सदर मिर्जा आसिम बेग ने अकीदतमंदों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।
खानकाह भोलइया में परचम कुशाई
बीरेभाठ स्थित खानकाह (भोलइया आश्रम) में 7 मुहर्रम को परचम कुशाई की रस्म अदा की गई और निशान शरीफ नसब किया गया। वहां नियाज और शर्बत सबील भी वितरित की गई।
रोजेदारों के लिए इफ्तार का आयोजन
जामा मस्जिद सेक्टर-6 में 10 मुहर्रम यानि 6 जुलाई को यौमे आशूरा के रोजे रखने वाले रोजेदारों के लिए शाम को विशेष इफ्तार का इंतजाम किया गया है। मिर्जा आसिम बेग ने रोजेदारों से इफ्तार में शामिल होने की अपील की है।
हुडको मस्जिद पहुंचे आलमगीर अशरफ
किछौछा शरीफ से आए मौलाना सैयद आलमगीर अशरफ अशरफी ने 3 जुलाई की शाम हुडको स्थित हजरत बिलाल मस्जिद में नमाज और तकरीर पेश की। मस्जिद कमेटी द्वारा उनका गुलपोशी कर स्वागत किया गया।
मुहर्रम के मौके पर भिलाई शहर श्रद्धा, अनुशासन और अखलाकी भाईचारे के साथ कर्बला के शहीदों को याद कर रहा है। प्रशासनिक स्तर पर भी जुलूस के लिए आवश्यक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की जा रही है।
शिक्षक के अपहरण मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग। राजनांदगांव निवासी शिक्षक दीपक देशलहरे के अपहरण और मारपीट के मामले में पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए सभी 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना 3 जुलाई की दोपहर बोरी थाना क्षेत्र स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पुरदा में हुई थी, जहां शिक्षण समय के दौरान स्कूल में घुसकर आरोपियों ने शिक्षक से मारपीट की और जबरदस्ती कार में बैठाकर अपहरण कर लिया।
घटना का विवरण
प्रार्थिया सुनीता देशलहरे (उम्र 32 वर्ष, निवासी लिटिया) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 3 जुलाई 2025 को दोपहर करीब 1:30 बजे उसके भाई दीपक देशलहरे ने कॉल कर बताया कि
लालबाग (राजनांदगांव) निवासी खरिमन दास बंजारे, सुमित कुमार बंजारे, गोकुल निर्मलकर और सावित्री बंजारे स्कूल में घुस आए
सभी ने हाथ-मुक्के से मारपीट की
जबरन कार क्रमांक CG 04 KD 9009 में डालकर उसे अपने साथ ले गए
दीपक की मोटरसाइकिल CG 07 LK 2169 को भी बलपूर्वक छीन लिया
आरोपियों द्वारा पहले दिए गए पैसे का ब्याज समेत अवैध रूप से अधिक रकम की मांग की जा रही थी
???? त्वरित कार्रवाई
रिपोर्ट दर्ज होते ही थाना बोरी पुलिस ने
अपराध क्रमांक 83/2025
धारा 140, 308(5), 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज कर त्वरित जांच शुरू की
आरोपी खरिमन दास बंजारे, सुमित बंजारे, गोकुल निर्मलकर के कब्जे से दीपक देशलहरे को सुरक्षित मुक्त कराया गया
घटना में प्रयुक्त वाहन कार और बाइक को जब्त किया गया
चौथी आरोपी सावित्री बंजारे को बाजार चौक, बोरी से गिरफ्तार किया गया
गिरफ्तार आरोपी
खरिमन दास बंजारे (उम्र 55 वर्ष)
सुमित कुमार बंजारे (उम्र 35 वर्ष)
गोकुल निर्मलकर (उम्र 57 वर्ष)
सावित्री बंजारे (उम्र 52 वर्ष), सभी निवासी लालबाग, जिला राजनांदगांव
न्यायिक रिमांड पर भेजे गए
सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस की टीम रही सराहनीय
इस सराहनीय कार्रवाई में
निरीक्षक अनिल कुमार पटेल (थाना प्रभारी बोरी)
प्रधान आरक्षक योगेश पचौरी
आरक्षक ऋषि बंछोर, ऋतुराज सिंह और चंद्रशेखर यादव
की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कोई भी कानून अपने हाथ में लेगा तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सड़क दुर्घटना में बुजुर्ग की मौत
दुर्ग। जिले में मॉर्निंग वॉक पर निकले एक बुजुर्ग की सड़क हादसे में मौत हो गई। गया नगर से 5 जुलाई की सुबह रतनचंद संचेती (75 साल) रोज की तरह अपने घर से मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। स्कूटी से निकलकर वे गंजपारा से पटेल चौक की ओर जा रहे थे।
तभी पिकअप ने इनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में मौके पर ही उनकी मौत हो गई। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने शव को मर्चुरी में रखकर जांच शुरू कर दी है। मृतक चाय पत्ती और अगरबत्ती का व्यापारी था। गया नगर में उनकी दुकान थी।
छोटा हाथी टाटा एस (CG 07 BQ 3909) के ड्राइवर घटना के बाद गाड़ी लेकर भाग गया। पुलिस अब इस हादसे की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि हादसे की वजह का पता लगाया जा सके।
सड़क दुर्घटनाएं न हो, इस हेतु हम सभी सजग रहे : बघेल
संयुक्त सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सड़क दुर्घटनाएं रोकने की गई रायशुमारी
दुर्ग । जिला कार्यालय के सभा कक्ष में आज संयुक्त सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। सांसद विजय बघेल की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा, ललित चन्द्राकर एवं गजेन्द्र यादव तथा कलेक्टर अभिजीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल भी सम्मिलित हुए। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं के कारणों और उसके रोकथाम के उपायों पर रायशुमारी की गई।
बैठक को सम्बोधित करते हुए सांसद विजय बघेल ने कहा कि सड़क दुर्घटनाएं और असमय मौत को रोकने हेतु कारगर पहल करना समिति का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में यातायात के संसाधन बढ़ने के साथ हमें सजगता के साथ ट्रैफिक नियमों का जनता से पालन करवाना जरूरी हो गया है। यातायात नियमों की उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई होना चाहिए, लेकिन यह ध्यान रखा जाए कार्रवाई के नाम पर आम जनता परेशान न हो। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग में दुर्घटनाएं रोकने सभी आवश्यक पहल किया जाए। समयबद्ध ढंग से एक-एक करके अनावश्यक डिवाइडर को बंद करायी जाए। सांसद श्री बघेल ने आश्वस्त किया कि सड़क सुरक्षा और दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु जिला एवं पुलिस प्रशासन के कार्यों को यहां के जनप्रतिनिधिगण हर संभव सहयोग करेंगे।
बैठक में एजेंडावार क्रमशः नेशनल हाइवे 53 में सर्विस रोड व मुख्य मार्ग के बीच सड़क बेरियर लगाने जाने, अतिक्रमण हटाने, रोड मार्किंग व समुचित प्रकाश व्यवस्था। ज्योति कटिंग/जनता कटिंग को बंद कर रेल नगर चरोदा कटिंग को खोलने, मार्केट एरिया व व्यवसायिक संस्थानों के सामने रोड को व्हाईट पट्टी से मार्किंग। शहर के प्रमुख चौक-चौराहे पर लेफ्ट टर्न बनाने, दुर्घटना में घायलों की प्राथमिक उपचार हेतु एम्बुलेंस की व्यवस्था। स्कूल के सामने संकेत बोर्ड, चेतावनी बोर्ड, साईन बोर्ड, नो पार्किंग एवं अन्य आवश्यक बोर्ड लगाने। राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे संचालित शराब दुकानों को अन्य जगह स्थांनांतरित करने। नो एन्ट्री जोन, गुरूद्वारा तिराहा से दुर्ग शहर की ओर एवं अंजोरा बायपास से पुलगांव दुर्ग शहर की ओर भारी मालवाहकों के प्रवेश को प्रतिबंधित करने।
बस स्टैण्ड, सुलभ शौचालय के पीछे एरीकेशन विभाग के रिक्त भूमि पर पार्किंग स्पेस तैयार कराने। राजेन्द्र पार्क चौक, ग्रीन चौक एवं पुलगांव चौक से जेल तिराहा तक मीडियम साइज डिवाइडर बनाने। झरोखा बोगदा पुलिया से डी-मार्ट एवं आरोग्यम हॉस्पिटल से बोगदा पुलिया तक सड़क मार्ग की दोनों ओर सर्विस रोड का निर्माण। उतई पाटन एवं पाटन मोतीपुर अमलेश्वर, पुलगांव अण्डा रोड में रात्रि के समय समुचित प्रकाश की व्यवस्था। रेल चौक (ग्लोब चौक) में सिग्नल की स्थापना, खुर्सीपार रोलिंग मिल गेट से सिरसाकला चौक तक बीएसपी बाउण्ड्रीवॉल के किनारे-किनारे राष्ट्रीय राजमार्ग के पैरलर सड़क निर्माण। दुर्ग भिलाई शहरी क्षेत्र के प्रमुख चौक-चौराहों पर सुगम यातायात संचालन हेतु ट्रैफिक बूथ निर्माण और सड़क सुरक्षा मितान का चिन्हांकन व सहायता राशि के संबंध में चर्चा की गई।
बैठक में विधायक गजेन्द्र यादव, ललित चन्द्राकर और डोमन लाल कोर्सेवाड़ा ने भी जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु अपने महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किये। अधिकारियों ने सड़क सुरक्षा के संबंध में सौपे गये विभागीय कार्यों के अद्यतन प्रगति के संबंध में समिति को अवगत कराया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात सुश्री ऋचा मिश्रा ने पी.पी.पी. के माध्यम से वर्ष 2023-24 एवं माह जनवरी से जून 2025 तक सड़क दुर्घटनाओं की माहवार तुलनात्मक जानकारी प्रस्तुत की। इसी प्रकार जनवरी से जून 2025 तक की मार्गवार, समयवार एवं थानेवार जानकारी प्रस्तुत की गई। उन्होंने मोटर व्हीकल एक्ट के प्रमुख धाराओं में चालानी कार्रवाई, ग्रे स्पॉट व ब्लैक स्पॉट, अधोसंरचना सुधार, सड़क बेरियर, राष्ट्रीय राजमार्ग में प्रमुख चौक-चौराहों पर रम्बल्ड स्ट्रिक, ई-रिक्शा एवं ऑटो चालकों के लिए रूट तथा स्टैण्ड व्यवस्था की ओर समिति का ध्यान आकृष्ट किया। बैठक में एडीएम विरेन्द्र सिंह, जिला पंचायत के सीईओ बी.के. दुबे, नगर निगम भिलाई के आयुक्त राजीव पाण्डेय, नगर निगम दुर्ग के आयुक्त सुमीत अग्रवाल, नगर निगम रिसाली की आयुक्त श्रीमती मोनिका वर्मा, एसडीएम महेश राजपूत एवं हितेश पिस्दा सहित पुलिस एवं समस्त विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।